फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: हादसों में तीन की मौत, देह व्यापार और हुक्का बार चलाने में दोनों भाइयों को जेल; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Fri, 08 Aug 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी में विभिन्न हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फूलपुर थाना क्षेत्र में गेस्ट हाउस में देह व्यापार और हुक्का बार चलाने के आरोपी दो सगे भाइयों को जेल भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य आरोपी...
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: तेलंगाना की न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के आरोपी को बनारस में सोनारपुरा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को बनारस पहुंची तेलंगाना पुलिस ने भेलूपुर थाने के साथ संयुक्त कार्रवाई में आरोपी बबलू (29) को पकड़ा। आदिलाबाद के मंचेरियल की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।

विज्ञापन




सिगरा में रास्ता बंद करने के विरोध में महिलाओं का धरना प्रदर्शन
सिगरा थाना क्षेत्र के वसुंधरा गेट नंबर 2 के बगल रास्ता बंद करने को लेकर विरोध प्रदर्शन हो गया। बड़ी संख्या में आईं महिलाओं ने निजी रेलवे ठेकेदार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। मांग रखा कि वर्षों से चल रहा रास्ता बंद न हो। आरोप लगाया कि एक कंपनी इस सार्वजनिक मार्ग को बंद कराना चाहती है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को भविष्य में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। महिलाओं नेवरिष्ठ मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। 

मानसिक अस्पताल में भर्ती महिला की मौत
66 साल की मुनिया उर्फ साविया को 29 मार्च 2025 को टकटकपुर के मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। केयर टेकर भोला के बताया कि गुरुवार सुबह वह सो रही थीं। काफी देर तक नहीं उठीं तो उन्हें जगाने की कोशिश की गई। प्रभारी शैलेंद्र पांडेय को सूचना दी गई। उन्हें सारनाथ सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक राहुल यादव ने बताया कि वृद्धा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

ट्रेन से कटकर महिला की मौत
लोहता के भट्ठी गांव की यादव बस्ती में सुनीता यादव (36) की गुरुवार रात दो बजे ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सुबह पति शिवकुमार ने देखा तो सुनीता घर में नहीं थी। आसपास के लोग के साथ उसे खोजते हुए रेलवे लाइन के पास पहुंचे तो वहां सुनीता मृत मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुनीता की शादी 2001 में हुई थी। मायका मिर्जापुर जिले के गांव सिसिया नारायनपुर में है। सुनीता के दो बच्चे हैं। सुनीता ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

युवक ने जहर खाकर दी जान
कोतवाली थाना क्षेत्र के सोराकुआं इलाके में डेढ़ किलो सोने के सूद के तकादे से तंग आकर 35 साल के बंगाली आभूषण कारीगर ने जहरीला पदार्थ खाकर जान ने दी। बुधवार रात शुभम सामंत उर्फ बिट्टू संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।

मां रेखा ने तहरीर देकर सराफा व्यापारी और परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मां का कहना है कि आत्महत्या से ठीक पहले ब्रम्हा घाट निवासी सूदखोर संतोष सेठ अपने बेटे, बेटी, पत्नी और मामा समेत आठ लोगों के साथ घर में घुसा और चौथी मंजिल पर बेटे के साथ मारपीट की। 

औड़िहार से सारनाथ तक 31 अक्तूबर तक चलेगी डेमू विशेष ट्रेन
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व में चलाई जा रही 05163/05164 औंड़िहार-सारनाथ-औंड़िहार डेमू विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार किया गया है। इस गाड़ी का संचालन 6 अगस्त से 31 अक्टूबर तक औड़िहार से सारनाथ तक किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 05163 औंड़िहार-सारनाथ डेमू विशेष गाड़ी हर दिन औड़िहार से 12.35 बजे प्रस्थान कर सिधौना रामपुर से 12.43 बजे, रजवारी से 12.53 बजे,कादीपुर से 13.04 बजे छूटकर सारनाथ 13.20 बजे पहुंचेगी। वापसी में 05164 सारनाथ-औड़िहार डेमू विशेष गाड़ी सारनाथ से 13.50 बजे प्रस्थान कर, कादीपुर 14.02 बजे, रजवारी से 14.10 बजे, सिधौना रामपुर से 14.17 बजे छूटकर औड़िहार 14.35 बजे पहुंचेगी।

शहर में नए वेंडिंग जोन के लिए शुरू हुआ सर्वे
शहर में बेहतर यातायात के साथ वेंडिंग जोन के लिए गुरुवार से सर्वे शुरू किया गया है। इसमें नगर निगम, पुलिस, यातायात विभाग और फेरी पटरी ठेला व्यवसायी समिति के सदस्य हैं। जो आठों जोन में नए वेंडिंग जोन के लिए सर्वे कर रहे हैं। सर्वे के बाद स्थान तय हो जाएंगे कि कहां पर वेंडिंग जोन होंगे। इसके बाद कारोबार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर भेलूपुर, कोतवाली, आदमपुर, दशाश्वमेध, रामनगर, सारनाथ, मांडवी, वरुणा पार जोन में अधिकारियों ने कई इलाकों का निरीक्षण किया। सभी जोनल अधिकारी अपनी रिपोर्ट देंगे। जिसका मिलान यातायात विभाग और पुलिस विभाग की रिपोर्ट से किया जाएगा।

इसके अलावा फेरी पटरी वालों की भी राय लेकर इन वेंडिंग जोन को फाइनल किया जाएगा। टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक के बाद इन वेंडिंग जोनों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पहले 63 वेंडिंग जोन थे। जिन्हें यातायात विभाग ने जाम का हवाला देकर खत्म कर दिया है। इनमें से केवल 10 स्थान ही फाइनल हैं। अब नए सिरे से सर्वे शुरू किया गया है जल्द ही शहर की सूची सामने आएगी।

सावन में अब तक पकड़े गए 500 बंदर
सावन में नगर निगम की ओर से बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा शहर भर से अब तक 500 बंदरों को पकड़ा गया है। बंदरों को चंदौली में चकिया के जंगलों में छोड़ा गया है। शहर के 100 वार्डों में 25 हजार बंदर हैं। पहले विशेष अवसरों पर इन्हें पकड़ा जाता था। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर रोज टीम रवाना होती है। स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर के हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत आने पर बंदरों को पकड़ा जाता है। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि मंदिर के अलावा सार्वजनिक स्थानों, पार्कों से बंदरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाने के बाद खाने-पीने का सामान रखा जाता है। 

घर से भटके बालक को पिता से मिलवाया
घर से भटके नाबालिग को सिंधौरा पुलिस ने परिजनों से मिलवाया। मानसिक रूप से अस्वस्थ अमन कुमार (14) गुरुवार दोपहर अचानक घर से निकल गया था। फिर रास्ता भटककर सहमलपुर गांव में जा पहुंचा। लोगों ने नाम पता पूछा तो कुछ बता नहीं पाया। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। सिंधौरा पुलिस बालक को थाने लेकर आई। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि काफी प्रयास के बाद बालक का गांव पता चला तो पिता को बुलाकर उसे सौंप दिया गया।

फर्जी ट्रस्ट डीड मामले में पुलिस की अंतिम रिपोर्ट खारिज
चौक में मकान का फर्जी ट्रस्ट डीड बनवाकर कब्जा करने के मामले में कोर्ट ने पुलिस की अंतिम रिपोर्ट खारिज कर दी। पीड़िता ने कोर्ट में पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि विवेचकों ने फर्जी तरीके से बनाए गए ट्रस्ट डीड पर उसका या उसके भाई का पक्ष नहीं लिया। न ही मामले की पुष्टि की गई।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने चौक की प्रभा चोपड़ा की ओर से दाखिल प्रोटेस्ट प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद पुलिस की रिपोर्ट खारिज कर दी। वादिनी प्रभा चोपड़ा ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया कि वो मकान ट्रस्ट का नहीं बल्कि उसके पिता के नाम पर है। ये भी कहा कि ट्रस्ट का डीड 2017 में बना था, जबकि उसे ये बात 2018 में पता चली। 

देह व्यापार और हुक्का बार चलाने में दोनों भाइयों को जेल, गेस्ट हाउस सील
फूलपुर थाना क्षेत्र में गेस्ट हाउस में देह व्यापार और हुक्का बार में छापा मारने के मामले में गिरफ्तार दो सगे भाइयों संचालक सर्वेश सिंह और मैनेजर अर्जुन सिंह को पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया है। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बैंक खाता सीज करने के साथ उसके कमाई से बनी संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा।

बाबतपुर के सगुनहा इलाके गेल्ट हाउस में देह व्यापार और हुक्का बार चल रहा था। बुधवार देर शाम एसओजी 2 की टीम ने छापा मारकर 6 युवकों और 4 युवतियों को आपत्तिजनक सामग्री के साथ पकड़ा था। बाद में सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया, लेकिन सर्वेश सिंह और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

मजदूर-मिस्त्री न होने से प्रभावित हो रहे रिपेयरिंग के कार्य
मजदूर मिस्त्री के अभाव में वार्डों में रिपेयरिंग के छोटे-छोटे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दो साल से कवायद की जा रही है। पार्षदों ने सदन और कार्यकारिणी की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया था। पार्षद अमरदेव यादव ने कहा कि एक वार्ड में एक मिस्त्री और दो मजदूर के होने से रिपेयरिंग में आसानी से हो जाती है। कई बार कोई नाली टूटी होती है। कोई एक पत्थर टूटा होता है। यही नहीं गली पिट खराब होती है। सड़कें धंस जाती हैं। 

इस प्रकार की समस्याओं का समाधान तत्काल हो तो बेहतर होगा। जल्द ही मामले को सदन और कार्यकारिणी में उठाया जाएगा। अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। राजेश यादव चल्लू ने कहा कि मजदूर और मिस्त्री न होने से वार्ड की स्थिति खराब हो जाती है। दस रुपये के काम के लिए एक हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। 15 अगस्त के बाद होने वाली सदन की बैठक में मामले को उठाया जाएगा।

चाय पी रही आंध्रप्रदेश की महिला से गोदौलिया पर चेन स्नेचिंग
आंध्रप्रदेश से आई एक महिला भक्त के साथ गोदौलिया चौराहे पर चाय पीते समय चेन स्नेचिंग हो गई। जबकि चौराहे पर ही पुलिस चौकी है। मारुति नगर, चंपापेट वैशाली नगर आंध्रप्रदेश की मंछिकंटी मंगम्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ काशी दर्शन करने आई थीं।

काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद वह गोदौलिया चौराहे पर जंगमबाड़ी जाने वाले रास्ते पर एक शोरूम के पास चाय पी रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने लॉकेट के साथ गले से चेन छीन ली और भाग निकला। थाना प्रभारी दशाश्वमेध विजय कुमार शुक्ल ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान कर ली गई है। तीन टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। 

बंद मकान से सोने का हार, घरेलू सामान चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के ऊंदी जैपार निवासी गीतांजलि सिंह के घर में चोरी हो गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह लोग मुंबई में रहते हैं। गांव में मकान बंद है और सात अगस्त को चोरी हो गई है। गांव के ही एक व्यक्ति ने सूचना दी। बताया कि एक सोने का हार, एक स्टेबलाइजर, इन्वर्टर, तीन गैस सिलिंडर, दो गैस चूल्हा व बर्तन सेट और घरेलू सामान चोरी हो गया।

उन्होंने गांव के ही एक युवक पर चोरी का आरोप लगाया है। कहा कि वह लोग जब मुंबई गए थे तो मकान की देखरेख के लिए गांव के ही एक व्यक्ति को चाबी दी थी। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित ने परिवार के ही लड़के को चाबी दी थी। एक महीने पहले वह लड़का कहीं चला गया, सामान गायब है। इस मामले में जांच की जा रही है।

प्लास्टिक मुक्त धाम के लिए दुकानदारों को दी बांस की टोकरी
श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्लास्टिक मुक्त अभियान गुरुवार को चलाया गया। इसके तहत मंदिर न्यास की ओर से परिसर के दुकानदारों को पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल प्लास्टिक सामग्रियों का विकल्प उपलब्ध कराने के लिए बांस की टोकरी और स्टील के लोटे बांटे गए। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ क्षेत्रीय पार्षद कनकलता तिवारी और सभासदों ने मंदिर के इस अभियान का स्वागत करते हुए फूल माला विक्रेताओं से सहयोग की अपेक्षा की।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण और एसडीएम शंभू शरण भी अभियान के दौरान मौजूद रहे। न्यास परिषद की दिसंबर 2024 में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में ही 11 अगस्त से मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक जैसे दूध पात्र, फूलों की माला की टोकरी या प्लास्टिक लोटा ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ धाम की स्वच्छता को भी बनाए रखना है। 

पूर्व थल सेना अधिकारी को जान से मारने की धमकी
जंसा थाना क्षेत्र के खिल्लुपुर गांव के रहने वाले और पूर्व थल सेना अधिकारी शिवजतन को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस को बताया कि 2 अगस्त को उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से धमकी दी गई। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र दिया। सहायक पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी जंसा अनिल कुमार को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

मंदिर के दरवाजे को वेल्डिंग कर किया बंद, लोगों में गुस्सा
जंसा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में अमिलहा डीह मंदिर के दरवाजे को कुछ लोगों ने वेल्डिंग कर बंद कर दिया। इससे स्थानीय लोगों में गुस्सा है। कुछ लोगों ने पुलिस को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अमिलहा डीह कल्याण समिति के वकील पटेल ने बताया कि जब दरवाजे को बंद करने का कारण पूछा तो आरोपियों ने गालीगलौज की। उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौका मुआयना किया और लौट आई। मंदिर के अध्यक्ष ने जंसा पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। जिस की जमीन में मंदिर बना है, वह अपना मालिकाना हक बता रहा है। दोनों पक्षों से बात की जा रही है। 

वीडीए ने सात बीघे की दो अवैध प्लॉटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से गुरुवार को नगवां वार्ड में सात बीघे की दो अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। बेटावर प्राथमिक स्कूल के पास सुमन तिवारी ने बिना लेआउट स्वीकृत कराए चार बीघे में अवैध प्लॉटिंग की थी, जिसे वीडीए ने ध्वस्त कराया। इसी प्रकार कुरुहुआ में अजय मिश्र और नागेंद्र ने बिना लेआउट स्वीकृत कराए तीन बीघे में अवैध प्लॉटिंग की थी, जिसे ध्वस्त कराया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई।

पति समेत 5 लोगों पर गर्भपात कराने और दहेज उत्पीड़न का केस
कैंट थाना क्षेत्र की अलंकृता मिश्रा ने पति कुणाल पांडेय और ससुराल के अन्य पांच सदस्यों के खिलाफ गर्भपात कराने, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। अलंकृता ने बताया कि उनकी शादी मार्च 2024 में हुई थी, तब से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। शादी में पिता ने 35 लाख रुपये का सामान व नकद दिया था। इसके बाद भी ससुराल वाले 23 लाख रुपये और एक चारपहिया की मांग कर रहे थे।

मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी गई और उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे गर्भवती होने के बाद जबरदस्ती पेय पदार्थ पिलाकर गर्भपात कराया गया। पुलिस ने बताया कि पति, सास चंद्रिका पांडेय, ससुर श्रीनारायण पांडेय, ननद नंदिता पांडेय, जेठानी विनीता पांडेय और देवर पुलकित पाठक पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पति, सास, ननद और नंदोई पर दर्ज कराया केस
कैंट थाना क्षेत्र के नमीरा ने गुरुवार को पति एसएम आमिगीर, सास इश्फार जमीला, ननद जैनब और ननदोई अजहर पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। नमीरा ने बताया कि उनका निकाह 9 जून 2019 को प्रयागराज के एसएम आमिगीर से हुआ था। 

आरोप है कि कुछ समय बाद ही उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट और गालीगलौज की जाने लगी। ससुराल वाले 20 लाख की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसे बंद कमरे में बच्चों सहित पीटा और हत्या की धमकी दी। आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से भी संबंध थे। विरोध करने पर लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर डराया और धमकाया। 

11 जनवरी 2024 को उसके पास रखी नकदी, जेवर और मोबाइल छीनकर घर से बाहर निकाल दिया। वहां से थाने पहुंची और बनारस लौट आई। इसके बाद भी सुसराल वाले धमका रहे हैं। हारकर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। कैंट थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

ऑनलाइन एप से जुआ खेलते चार गिरफ्तार
चितईपुर में पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलते चार लोगों को गिरफ्तार किया। भिखारीपुर पोखरा परिसर के मंदिर के पास से ऑनलाइन भाग्य लक्ष्मी एप से लोग जुआ खेल रहे थे। इनके कब्जे से 6190 रुपये और तीन मोबाइल भी बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि विकास कुमार, रोहनिया के अजय साहनी, अशरफी नगर के विकास कुमार और भिखारीपुर के बबलू गोड़ को गिरफ्तार किया गया है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

अर्द्धनारिश्वर स्वरूप में देवगुरु का हुआ शृंगार, भजनों की अमृतवर्षा
श्रावण मास के अंतिम गुरुवार को बृहस्पति भगवान का हिम और अर्धनारीश्वर स्वरूप में शृंगार हुआ। गुरु बृहस्पति और अर्द्धनारिश्वर रूप में पालने पर सपरिवार विराजमान झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। मंदिर परिसर में फव्वारे के साथ सवा सौ बर्फ की सिल्लियां सजाई गई थीं। महंत अजय गिरि के आचार्यत्व में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने देवगुरु बृहस्पति का पंचामृत स्नान कराया। स्वर्ण मुखौटा, छत्र चांदी के अष्टधातु के साथ बाबा को पालने पर विराजमान कराया। 

मुख्य द्वार को अशोक और कामिनी पत्तियों के अलावा रंग-बिरंगे कपड़े एवं विद्युत झालरों से पूरे मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई थी। मंगला आरती के बाद से रात तक दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। भजन संध्या में बाहर से आए कलाकारों ने प्रभु दरबार में हाजिरी लगाई। संतोष गिरि और अभिषेक गिरि ने रुद्राभिषेक कराया। रात में एक बजे शयन आरती हुई और भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ।

बास्केटबाॅल, संत अतुलानंद अंतिम चार में पहुंचे
प्रयागराज के नैनी स्थित शकुन विद्या निकेतन में सीबीएसई क्लस्टर-5 बास्केटबाल प्रतियोगिता खेली जा रही है। इसके अंडर-19 बालिका वर्ग में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने अंतिम चार में जगह बना ली लिया है। प्रतियोगिता के चौथे दिन खेले गए अंडर-19 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डीपीएस की टीम ने सेठ एमआर जयपुरिया वाराणसी को 33-26 से हारा दिया। इससे पूर्व मुकाबले में संत अतुलानंद वाराणसी की टीम ने श्रीराम पब्लिक पब्लिक स्कूल को 25-14 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। 

काशी विद्यापीठ में स्नातक आवेदन पत्र में चार दिन अपलोड कर सकेंगे अंकपत्र
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने फाॅर्म में इंटर परीक्षा में मिले नंबर और उससे जुड़े अंक पत्र को अपलोड नहीं किया है, उनको चार दिन का मौका दिया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि प्रवेश समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद ऐसे अभ्यर्थी 8 से 11 अगस्त तक प्रवेश आवेदन पत्र को अपडेट कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अर्हकारी परीक्षा के अंक अपडेट करने के साथ ही अंक पत्र अपलोड करने के अलावा कोई अन्य संशोधन नहीं किया जाएगा। 

असम के राज्यपाल पहुंचे रामनगर, मां मंशा देवी मंदिर में की पूजा
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने गुरुवार को रामनगर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले उन्होंने मां मंशा देवी के दरबार में दर्शन-पूजन किया। उसके बाद रामपुर स्थित अपने आवास पर रुद्राभिषेक किया। इसके बाद वह रामपुर के पार्षद लल्लन सोनकर के आवास पर पहुंचे।

पार्षद पिछले दिनों एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उसके बाद पत्रकार मनोज श्रीवास्तव के शास्त्री चौक स्थित आवास पहुंचे और बीते दिनों उनके बड़े भाई स्वतंत्र श्रीवास्तव के हुए निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, शैलेंद्र किशोर पांडेय, प्रीति सिंह, जितेंद्र पांडेय, राजकुमार सिंह आदि मौजूद रहे। 

IIT BHU - फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू में ऑनलाइन कार्ड गेम की सत्यता पर अध्ययन
ऑनलाइन कार्ड गेम्स में आने वाले रैंडम संख्या में कोई फ्रॉड नहीं होता। आईआईटी बीएचयू में कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष प्रो. भास्कर बिस्वास और उनके छात्रों की टीम ने ऑनलाइन स्किल गेम की सत्यता और डेटा की जांच लेकर अध्ययन किया, जिसमें सांख्यिकीय निष्पक्षता की पुष्टि की गई है। रियल गेम प्ले डेटा का उपयोग करके कार्ड शफलिंग एल्गोरिदम की तकनीक को सिद्ध किया है। 

गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में प्रो. बिस्वास ने बताया कि इन गेम में इस्तेमाल किए जाने वाले रैंडम नंबर जनरेटर्स अचानक से ही मिलते हैं। ये पहले से तय नहीं होते। इस दौरान कंप्यूटर सेंटर के प्रो. राजीव श्रीवास्तव और गेम्सक्राफ्ट के हेड स्ट्रेटजिक इनिशिएटिव सुमंत सेनगुप्ता के साथ बातचीत में प्रो. विश्वास ने कहा ये रिजल्ट उच्च स्तर की सांख्यिकीय सुसंगतता को दिखाते हैं।

सपा का भेलूपुर जोनल कार्यालय पर प्रदर्शन
सीर गोवर्धनपुर में जल निकासी की समस्या से परेशान समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी ने गुरुवार को भेलूपुर जोनल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नेतृत्व कर अमन यादव ने कहा कि क्षेत्र में लगातार जलभराव की समस्या है। कई बार पत्र देकर समस्या के बारे में बताया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आज काम शुरू नहीं कराया गया तो कल फिर धरना होगा। सूचना पर पहुंचे संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद्र ने तत्काल पंप लगाने, मलबा गिराने के निर्देश जेई को दिए। आश्वासन दिया कि कार्य आज से ही शुरू होगा। प्रदर्शन में शीला देवी, गीता, रेशमा देवी, नीतू, धर्मराज, करण, शांता प्रसाद शामिल रहे। 

बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सपा ने बांटी राहत सामग्री
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सपा का राहत अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। कोनिया में सपा के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई। इस कार्य में सुरेश यादव, मेवा पहलवान, महेंद्र सिंह, दीपक विश्वकर्मा, ऋषि यादव आदि शामिल रहे। उधर, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर के नेतृत्व में नगवां, अस्सी, सामनेघाट में राहत सामग्री बांटी गई।

350 लोगों को समाजवादी राहत किट बांटी गई। इस दौरान महिला सभा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियांशु यादव, वरुण सिंह, उमाकांत सिंह पटेल, सचिन यादव आदि शामिल रहे। उधर, श्रीश्री गीता सोसाइटी की ओर से बाढ़ पीड़ितों को 250 राहत सामग्री के पैकेट का वितरण किया गया। सेवा कार्य का आयोजन अध्यक्ष स्वामी त्रिगुनातीतानंद पुरी महाराज के सानिध्य में हुआ। 

महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति बने प्रो. शिवशंकर मिश्र
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र एवं श्री लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली में शोध विभाग के प्रो. शिवशंकर मिश्र को महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय का कुलगुरु (कुलपति) नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रो. मिश्र को चार वर्षों के लिए नियुक्त किया है। नियुक्ति की सूचना प्राप्त होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रो. शिवशंकर मिश्र इस संस्था से अध्ययन किए यह अत्यंत हर्ष का विषय है। वह न्याय शास्त्र के साथ ही अन्य शास्त्रों के प्रकांड विद्वान हैं।

बीएचयू में जीवंत हुईं कला-इतिहास के पहले प्रोफेसर की 75 वर्षों की यादें
बीएचयू में कला-इतिहास के पहले प्रोफेसर की 75 वर्षों की यादें जीवंत हुईं। कला इतिहास विभाग की स्थापना का 75वां वर्ष और आचार्य वासुदेव शरण अग्रवाल की 121वीं जयंती मनाई गई। विभाग के पहले आचार्य इतिहासकार एवं भारतीय कला और संस्कृति के मर्मज्ञ प्रो. वासुदेव शरण अग्रवाल स्मृति व्याख्यान का आयोजन किया गया। उनकी 75 वर्षों की यात्रा और उसकी अकादमिक उत्कृष्टता पर बात की गई। मूर्तिकला विशेषज्ञ प्रो. मारुति नंदन प्रसाद तिवारी ने प्रो. वासुदेव शरण अग्रवाल का भारतीय कला और संस्कृति में अप्रतिम योगदानविषय पर संवाद किया।

डाक विभाग के सर्वर में समस्या पर अजय राय ने उठाए सवाल
रक्षाबंधन के पहले डाक विभाग में सर्वर डाउन होने और पार्सलों की रजिस्ट्री सेवा में आ रही समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सवाल उठाए हैं। कहा कि क्या रक्षाबंधन के समय ऐसा निर्णय लेना उचित है, जब देश भर में 10 करोड़ बहनें अपने भाइयों को रजिस्ट्री से राखी भेजती हैं। 9 अगस्त को रक्षा बंधन है और एक अगस्त से भारतीय डाकघर में रजिस्ट्री सेवा बंद है। डाक विभाग ने इसका कारण सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी बताया है, जिसे ठीक करने में समय लगेगा। 

अजय राय ने कहा कि रजिस्ट्री से राखी भेजने का खर्च 22 महज रुपये होता है, जो आम लोगों के लिए किफायती है। सेवा बंद होने से लोग कूरियर का सहारा लेने को मजबूर हैं, जिसका औसत खर्च 200 रुपए है। इससे डाक विभाग को बड़ा राजस्व घाटा हाेगा और निजी कंपनियों को दस हजार करोड़ का मुनाफा हो सकता है। अजय राय ने आरोप लगाया कि कूरियर कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए सॉफ्टवेयर को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया है। मामले की जांच होनी चाहिए।

बूथ स्तर पर पीडीए के लोगों को जोड़ने का काम करें: दिलीप डे
महानगर समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक गुरुवार को भेलूपुर स्थित महानगर कार्यालय में हुई। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि तीनों विधानसभा में संगठन को मजबूत करने के लिए वार्डों में बैठक करें। बूथ स्तर पर पीडीए के लोगों को जोड़ने का कार्य करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के लोग पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। बाढ़ पीडितों की मदद के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। डाॅ. बहादुर सिंह ने कहा कि जन समस्याओं के लिए जो आवाज उठा रहा है, उन पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि छात्र सभा की ओर से प्रदेशव्यापी पीडीए पाठशाला का आयोजन इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वर्तमान सरकार नहीं चाहती कि पीडीए परिवार के लोग शिक्षित हो। बैठक में अजय चौधरी, अजहर अली सिद्दीकी, गोविंद सिंह पटेल, अमन यादव, जाहिद नासिर आदि मौजूद रहे।

निफ्ट खादी को देगा नया लुक, तैयार करेगा आधुनिक परिधान
निफ्ट खादी के उत्पादों को नया लुक देगा। इससे अब परंपरागत के साथ आधुनिक परिधान भी बनेंगे। बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन किया जाएगा। अगले महीने से खादी के तीन उत्पादन केंद्रों के कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू होगी। खादी ग्रामोेद्योग आयोग के मंडलीय कार्यालय के निदेशक नितेश धवन ने बताया कि निफ्ट दिल्ली के साथ बैठक हो चुकी है। अब उनकी टीम 11 से 13 अगस्त तक यहां रहेगी। खादी बनारस, गाजीपुर और सोनभद्र के उत्पादन केंद्र का निरीक्षण कर कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेगी।

इसके बाद खादी के नए उत्पाद कैसे तैयार किए जाएं, इसकी कार्ययोजना तैयार करेगी। ताकि इसकी गुणवत्ता के साथ आधुनिक परिधान विकसित किए जा सके। कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक भी उपलब्ध कराएंगे, जिससे की वे नई डिजाइन तैयार कर सकें। फिलहाल खादी आश्रमों में कुर्ता, पायजामा, गमछा, शाॅल, चादर, गद्दों के खोल, दरी, शर्ट, सदरी, जैकेट तैयार होते हैं। 

इंडिपेंडेंस कप खेलने दिल्ली पहुंचे काशी के 24 खिलाड़ी
इंडिपेंडेंस कप कराटे प्रतियोगिता में खेलने के लिए काशी की 24 सदस्यीय टीम के खिलाड़ी गुरुवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे। इसमें मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के पांच राष्ट्रीय समेत काशी के कुल 24 खिलाड़ी शामिल हैं।

एकेडमी के सचिव किसलय मानव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी के खिलाड़ियों का दल गुरुवार की शाम दिल्ली के लिए निकला था। खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया गया था। इसमें काता और कुमिते वर्ग में खिलाड़ियों को अभ्यास कराया गया। यह प्रतियोगिता 7 से 10 अगस्त तक खेली जाएगी। टीम कोच ज्योति सिंह और आयुष मौर्या जबकि टीम मैनेजर संदीप हैं।

महिला आयोग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देगा प्रशिक्षण
जिले के 3900 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को चौपाल में महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी दी जाएगी। इन कार्यकर्ताओं को जिले के आठ ब्लॉकों में रोस्टर के आधार पर जागरूक किया जाएगा। उ. प्र. महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा बाढ़ समाप्त होने के बाद जन चौपालों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति प्रशिक्षण देंगी।

इसके अलावा वह महिलाओं के लिए शासन की योजनाओं की भी जानकारी देंगी। इसका उद्देश्य यह है कि किसी भी महिला को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उनका तत्काल इलाज हो सके। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि एक दिन में 250 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तेज हवा के साथ 40 मिलीमीटर बारिश, बीएचयू में टूटी डाली
दो दिन से मौसम के बदले मिजाज की वजह से लोग उमस से राहत महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को भी सुबह से लेकर रात तक तेज हवा के साथ रुक रुककर बारिश होती रही। बीएचयू कैंपस में एलबीएस हॉस्टल के पास पेड़ की डाली टूटकर गिर गई। मौसम विभाग ने 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की है। अगले दो दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।

मानसून के इस बार समय से दस्तक देने के बाद अच्छी बारिश देखने को मिली है। जुलाई के अंतिम महीने में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। अब एक बार फिर मानसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। दो दिन से शहर से लेकर गांव तक हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। 

गुरुवार को लंका, सामनेघाट, चांदपुर, लहुराबीर, महमूरगंज, गोदौलिया आदि इलाकों में हल्की से तेज बारिश होती रही। अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून के सक्रिय होने की वजह से दो दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

छात्राओं ने सैनिकों, पुलिसकर्मियों को भेजी हाथ से बनीं राखियां
जगतपुर पीजी कॉलेज में गुरुवार को राखी बनाओ कार्यशाला में छात्राओं को राखी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्राओं ने सैनिकों और पुलिसकर्मियों के लिए राखियां बनाईं। मुख्य अतिथि महिला सशक्तिकरण सेवा समिति की उपाध्यक्ष ममता सिंह और प्रबंधक शरद गोस्वामी ने छात्राओं के इस प्रयास को सराहा और इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह, प्रो. ज्योति मिश्रा, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. ज्योतिका श्रीवास्तव, डॉ. विनीता सिंह आदि मौजूद रहीं।

बैंक से ज्यादा पैसा निकालने वालों को सतर्क करने के लिए भरवाए जाए विशेष फॉर्म
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरेट कार्यालय में साइबर सेल और साइबर थाने की समीक्षा बैठक की। कहा कि बैंक से ज्यादा धन निकालने वाले लोगों से एक विशेष फार्म भरवाया जाए। उन्हें साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने संबंधी जानकारियां दी जाएंगी। अब साइबर अपराध की एफआईआर दर्ज कराने के लिए ठगी की रकम की कोई न्यूनतम सीमा नहीं है। 

कहा कि कॉल सेंटर, साइबर अपराधों की गहराई से जांच हो और संगठित गिरोह गैंग की जानकारी इकट्ठा कर कानूनी कार्रवाई की जाए। सिम कार्ड्स के संबंध में पॉइंट ऑफ परचेज की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाए। हर गुरुवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम थाना स्तर पर, स्कूलों, गांवों, सार्वजनिक स्थलों और सामाजिक संस्थानों में चलाए जाएंगे। पुलिस सॉफ्ट टारगेट को जागरूक करेगी। तथ्यों और ऑडियो-विजुअल से जागरूक किया जाएगा। 35 वर्ष से ज्यादा उम्र के नागरिकों को जनचौपाल लगाकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ट्रेनों में कचरा न फेंकने की अपील, एमआरएफ स्टाफ को सौंपने की दी सलाह
रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से वाराणसी रूट पर आने वाली ट्रेनों में यात्रियों से कचरा न फेंकने की अपील की जा रही है। यह कहा जा रहा है कि कचरा पटरियों पर न फेंके जाए बल्कि एमआरएफ स्टाफ को सौंपना चाहिए।

कैंट स्टेशन पर कचरा संग्रहण और प्रबंधन को लेकर जागरूकता के तहत पंफलेट भी वितरित किया गया। गाड़ी सं. 11061 पवन एक्सप्रेस ऑनबोर्ड स्टाफ से अपील की गई है कि वे पटरियों पर कचरा न फेंके, बल्कि उपलब्ध नंबर पर कॉल करके वाराणसी कैंट स्टेशन पर मौजूद एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) स्टाफ को अपना कचरा सौंपना चाहिए।

सीडीओ हिमांशु नागपाल। - फोटो : अमर उजाला
ई-लॉटरी से 32 किसानों का हुआ चयन, मिलेंगे कृषि यंत्र
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में कृषि यंत्रों के लिए ई-लॉटरी निकाली गई। आवेदन करने वाले 109 किसानों में 32 को कृषि उपकरण मिलेंगे। उनको 23 तरह के यंत्र दिए जाएंगे। कृषि विभाग से संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों/उपकरण व स्माल गोदाम आदि पर अनुदान के लिए ब्लॉकवार चयनित 109 किसानों की लॉटरी निकाली गई। 

उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि पिंडरा के एक किसान को सुपर सीडर, सेवापुरी और चोलापुर के एक-एक किसान को स्माल गोदाम, सेवापुरी के ही चार किसानों को तिरपाल दिए जाएंगे। जबकि विभिन्न यंत्रों के लिए आराजीलाइन के तीन, बड़ागांव के चार, चिरईगांव के चार, चोलापुर व हरहुआ के दो-दो, पिंडरा के पांच, सेवापुरी पांच को चयन हुआ।

उन्होंने बताया कि चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल पर उनके चयन होने पर मैसेज भेजा गया। किसान दर्शन पोर्टल पर कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग 27 जून से 12 जुलाई तक किए थे। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, उद्यान विभाग, लीड बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

20 मीटर पिस्टल और रायफल निशानेबाजी का समापन आज
सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क बरईपुर में आयोजित क्लस्टर निशानेबाजी का समापन शुक्रवार को होगा। गुरुवार को बालक और बालिका के तीन वर्ग अंडर-14, 17 और अंडर-19 में 20 मीटर पिस्टल और 10 रायफल की स्पर्धा हुई। प्रतियोगिता में यूपी, बिहार और झारखंड के तीन राज्यों के 530 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान यूपी निशानेबाजी एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट और सनबीम एकेडमी समूह के सचिव जगदीप मधोक, निदेशिका पूनम मधोक, रोहन मधोक, सलोनी मधोक, उपनिदेशक केके पंडा, डॉ. निशांत सिंह मौजूद रहे। 

काशी रुद्रा से खेलेंगे यशोवर्धन सिंह
काशी रुद्रा की टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में वाराणसी के स्टार क्रिकेटर यशोवर्धन सिंह भी खेलेंगे। सीजन एक की विजेता काशी रुद्रा ने सीजन तीन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पवितार को टीम के कप्तान करन शर्मा पांडेयपुर स्थित होटल में मीडिया से बातचीत की। बताया कि काशी रूद्रा टीम पहला और अंतिम मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलेगी। बताया कि काशी रूद्रा की पहला मुकाबला गोरखपुर लायंस से 18 अगस्त को शाम 3 बजे इकाना स्टेडियम में होगा। हैं। इस मौके पर शिवम मावी, उपेंद्र यादव, शिवा सिंह मौजूद थे।

किसानों प्राकृतिक खेती करें, फसल बीमा हों सुरक्षित: पूनम मौर्या
उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम एवं त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम तहत ब्लाक स्तरीय कृषक गोष्ठी गुरुवार को ग्राम पंचायत करौता हुई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने 160 किसानों से नई तकनीक से मक्के की खेती का विस्तार करने, प्राकृतिक खेती करने एवं फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इससे बाढ़ सहित प्राकृतिक आपदा आने के बाद भी किसानों को सुरक्षा मिलेगी।

सूरज यादव ने फसल बीमा के लाभ बताए। सुरेन्द्र ने मक्का एवं खरीफ में बोई गई फसलों में लगने वाले कीट नियंत्रण और खरपतवार संबंधित दवाओं और इस पर मिलने वाले 50 फीसदी अनुदान के बारे में जानकारी दी। पशु चिकित्सक डॉ. लवलेश ने पशु के टीकाकरण और पशुपालन योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी बालकेश्वर सिंह पटेल, राजीव श्रीवास्तव, सिद्धेश्वर सिंह, राहुल राज, अनामिका पटेल, प्रीति लता सिंह, रामनरेश, विनोद कुशवाहा आदि रहे।

स्वदेशी सामान ही खरीदने का लिया संकल्प
अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ के विरोध में काशी के व्यापारियों ने स्वदेशी सामानों का प्रयोग करने का संकल्प लिया। वाराणसी फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल, वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल, वंदे मातरम् व्यापार मंडल गोदौलिया के लोगों ने मलदहिया क्षेत्र में बैठक कर अमेरिकी सामानों के बहिष्कार का संकल्प किया। व्यापारियों ने एकमत होकर अमेरिकी टैरिफ का विरोध किया। 

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम विदेशी कंपनियों की निर्भरता समाप्त कर स्वदेशी अपनाएं। वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल के महामंत्री सोमनाथ विश्वकर्मा और वाराणसी फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि भारत अब किसी के सामने नहीं झुकेगा। व्यापारी अब स्वदेशी वस्तुओं का समर्थन करेंगे। बैठक में वंदे मातरम व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत जायसवाल, फर्नीचर व्यापार मंडल के महामंत्री रमेश यादव, दिलीप गुप्ता गुड्डू, मनीष मल्होत्रा, अजय जायसवाल बबलू, समेत कई लोग उपस्थित रहे।

चार दिवसीय क्रिकेट कार्यशाला का समापन आज
बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में चार दिवसीय राष्ट्रीय क्रिकेट कार्यशाला के अंतिम दिन क्रिकेट कोच अरुण भारद्वाज बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर खिलाड़ियों और कोच को खेल मैदान के बारे में बताएंगे। इसके बाद समापन समारोह आयाेजित होगा। तीसरे दिन आयोजित कार्यशाला में विभागाध्यक्ष प्रो. विक्रम सिंह, वंदना झा, राजीव झा मौजूद रहे। संचालन आयोजन सचिव डॉ. दीपक डोगरा, धन्यवाद ज्ञापन कार्यशाला संयोजक प्रो. बीसी कपरी ने दिया।

सीमा पर तैनात जवानों के लिए भेजी राखियां
स्वयं सहायता समूह की 11 महिलाओं ने देश की सुरक्षा में सीमा पर तैनात सेना के जवानों के लिए राखियां भेजी हैं। सोन चिरैया स्वयं सहायता समूह और गुलाबो माता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने राखियों का पैकेट डाक के माध्यम से देश के विभिन्न सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचाने के लिए पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार को सौंपा।पीएमजी ने कहा कि सभी राखियां सैनिकों के पास सुरक्षित पहुंचाई जाएंगी। प्रतिनिधियों में सीमा विश्वकर्मा, सुशीला शर्मा, कुसुम देवी, सरिता शामिल रहीं। 

सावन के प्रदोष पर त्रिवेणी के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक
श्रावण मास के अंतिम प्रदोष पर शिवभक्तों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। बाबा के धाम में प्रयागराज से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सबसे अधिक रही। प्रयागराज से आए शिवभक्तों ने बाबा विश्वनाथ को त्रिवेणी का जल अर्पित किया।

गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के बाद से ही दर्शन पूजन और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ और दोपहर तक अनवरत चलता रहा। सावन के सोमवार की तरह ही नौ बजे तक बैरिकेडिंग खाली हो गई थी लेकिन कतार चल रही थी। दोपहर के बाद हुई बरसात में भी श्रद्धालु बाबा के जलाभिषेक के लिए पहुंचते रहे। 

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों बांटी राहत सामग्री
महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को बाढ़ से प्रभावित चार क्षेत्रों में राहत सामग्री बांटी। इसमें डॉ. राजेश गुप्ता को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र, वकील अंसारी, अरुण सोनी और महेश सिंह को कैंट व आंशिक रोहनिया क्षेत्र, मयंक चौबे और कब्बन ने वरुणा पार उत्तरी विधानसभा और रमजान अली ने वरुणा इस पार उत्तरी विधानसभा में राहत सामग्री वितरण की।

राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान कैंट विधानसभा क्षेत्र में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता निष्ठा से बाढ़ पीड़ितों की सेवा में लगे हैं। जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक राहत और सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा। इस दौरान संजय प्रियदर्शी, अफरोज अंसारी, हसन मेहंदी कब्बन, वसीम अंसारी, चंचल शर्मा, नरसिंह वर्मा मौजूद रहे।

कजरी रे कजरी काली घटा छाए...
होप वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा गठित ग्रीन आर्मी की महिलाओं ने गुरुवार को तारापुर गांव में कजरी उत्सव मनाया। महिलाओं ने कजरी, लोकगीत और झूले का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने झूला लगाकर गीत गाया और अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखने का संकल्प लिया। उन्होंने सावन करे बारिश तू करीहअ मजूरी पिया..., कजरी रे कजरी काली घटा छाए... जैसे गीत गाए। इस मौके पर होप संस्था के संस्थापक रवि मिश्रा, सचिव दिव्यांशु उपाध्याय, ट्रस्टी संदीप गुप्ता, श्यामाकांत, विकास दीक्षित भी रहे।

मोटर जलने के कारण मिर्जामुराद में जलापूर्ति प्रभावित
मोटर जलने के कारण गौर ग्राम के ट्यूबवेल में तकनीकी खराबी के चलते दो दिन से जलापूर्ति प्रभावित है। लोगों को पेयजल के लिए दूरदराज के हैंडपंप पर भटकना पड़ रहा है। लोग वाहनों के सहारे पानी ढो रहे हैं। मिर्जामुराद बाजार, बंगलाचट्टी, रानेचट्टी, खालिसपुर के लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। क्षेत्र के अखिलेश सिंह गौतम, उपेंद्र सिंह पिंटू गौरव गुप्ता, रंजीत गुप्ता, अजित ने मोटर की मरम्मत की मांग की। जल निगम के सहायक अभियंता अभिमन्यु कुमार का कहना है कि जल्द ही मरम्मत कराकर आपूर्ति कराई जाएगी।
विज्ञापन

समावेशन शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
जिले के महिमापुर गांव में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दान्दुपुर शाखा के ओर से वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा अटल पेंशन योजना (एपीवाई) से 100 से अधिक लोगों को लाभ दिलाया गया। 

शिविर में लाभार्थियों का मौके पर ही खाता खोलकर बीमा एवं पेंशन योजनाओं में नामांकित किया गया।बैंक के अंचलीय प्रमुख धीरेंद्र जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 18 से 70 वर्ष के नागरिकों को मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख का दुर्घटना बीमा मिलता है। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष की आयु के लोगों को 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख का जीवन बीमा उपलब्ध कराया जाता है।

इसके अलावा उन्होंने अटल पेंशन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से लोग 1000 से 5000 तक की मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। जिसकी राशि उनकी निवेश की गई आयु एवं अंशदान पर निर्भर करती है। एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बताया कि जिले में अब तक 6 बीमा दावों का निस्तारण किया जा चुका है। जिनमें प्रत्येक नामिनी को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई है।

शिविर के दौरान लोगों को योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई और डिजिटल माध्यम से फॉर्म भरवाए गए। कार्यक्रम में यूनियन बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल और शाखा प्रबंधक रवि रंजन भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें