फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: 31 दिसंबर से पहले पूरा होगा रोपवे का काम, शाइन सिटी के मालिक समेत पांच पर एफआईआर

Tue, 09 Dec 2025 03:55 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में रोपवे स्टेशन के निर्माण का कार्य जल्द पूरा होगा। उधर, शाइन सिटी कंपनी के खिलाफ लगातार आ रही शिकायतों के बीच 26 लाख रुपये की ठगी में मालिक समेत पांच पर एफआईआर दर्ज हुई है। 
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वीडीए वीसी पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में रोपवे स्टेशन के निर्माण कार्य के संबंध में वेंडर्स के साथ समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि कैंट, रथयात्रा एवं विद्यापीठ में संचालित रोपवे स्टेशन के निर्माण कार्य को 31 दिसंबर 2025 से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए। कार्य की प्रगति को सुनिश्चित करने हेतु प्रतिदिन कार्य की प्रतिशत उपलब्धि की मॉनिटरिंग की जाए, जिससे समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित हो सके। निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

विज्ञापन


26 लाख की ठगी में शाइन सिटी के मालिक समेत पांच पर प्राथमिकी दर्ज
शाइन सिटी कंपनी के खिलाफ लगातार आ रही शिकायतों के बीच अब कोर्ट के आदेश पर 26 लाख रुपये की ठगी में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। कंपनी पर पूर्व में भी कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। अवलेशपुर निवासी रमन सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि कंपनी मालिक राशिद नसीम, आशिफ नसीम के अलावा ऐनुल रशीद, संजय सिंह और संतोष कुमार पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

आरोप है कि साल 2017 से 2020 के दौरान कंपनी से जुड़े लोगों ने विभिन्न योजनाओं में प्लॉट दिलाने का लालच देकर कई किस्तों में 26 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद प्रार्थी के नाम बुकिंग रसीदें और दो विक्रय विलेख भी जारी किया गया। कब्जा दिलाने की बात आई तो आरोपी टालमटोल करते रहे। मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि बताए गए किसी भी प्लॉट का अस्तित्व ही नहीं है। इस मामले में कई लोगों की पहले भी गिरफ्तारी हो चुकी है।
विज्ञापन


आईजीआरएस: गोमती जोन के सभी थाने प्रदेश में अव्वल
उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) की शिकायतों के निस्तारण में कमिश्नरेट गोमती जोन के सभी थानों को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। नवंबर 2025 की जारी रैंकिंग में मुख्यमंत्री कार्यालय के मूल्यांकन में पाया गया कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में कमिश्नरेट वाराणसी गोमती जोन के सभी थानों की कार्रवाई 100 प्रतिशत प्रभावी रही। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मार्गदर्शन में डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के लिए जोन के समस्त अधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आईजीआरएस सेल गठित किया गया है। सेल के कर्मियों द्वारा प्राप्त शिकायतें संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजी जाती हैं। थाना प्रभारी जांच कर समयानुसार उत्तर और आख्या ऑनलाइन भेजते हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस उपायुक्त कार्यालय, अपर पुलिस उपायुक्त कार्यालय, सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा व राजातालाब व सभी थानों की आईजीआरएस सेल में नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठा से शिकायतों का निष्पादन करते हैं।

किशोरी से शारीरिक शोषण के दोषी शिक्षक को दस साल की सजा
किशोरी से शारीरिक शोषण के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) विनोद कुमार की अदालत ने शिवपुर निवासी अभियुक्त मुकेश कुमार यादव को दोषी पाने पर दस साल की सजा और 50 हजार का अर्थदंड लगाया। पीड़िता की मां ने 2015 में शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आठ साल की बेटी शिवपुर थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ती थी। आरोप रहा कि 10 सितंबर को सुबह नौ बजे विद्यालय का मास्टर मुकेश कुमार यादव उसे बुलाकर पीछे कमरे में ले गया और अश्लील हरकत की। परिजनों ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। अभियोजन से छह गवाह पेश हुए।  

वीडीए के सदस्य ने पूर्व आईपीएस, पत्नी और अज्ञात पर दर्ज कराई प्राथमिकी
कफ सिरप कांड में छवि धूमिल करने और वैमनस्यता फैलाने के मामले में वीडीए के सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने पूर्व आईपीएस व आजाद अधिकारी सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर, पत्नी नूतन ठाकुर और अज्ञात के खिलाफ चौक थाने में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। बड़ी पियरी के अंबरीश सिंह भोला ने पुलिस को बताया कि अमिताभ ठाकुर ने एक्स हैंडल से 30 नवंबर को आपराधिक प्रकरण में संलिप्तता का आरोप लगाया। अमिताभ और नूतन ने छवि धूमिल करने का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया गया। अमिताभ ने पत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधि और एक मंत्री के खिलाफ भी बेबुनियाद आरोप लगाया है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि विवेचना एसआई संदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।  

प्रतिबंधित दवाओं की सूची जारी हो तो रुके अवैध कारोबार
प्रदेश के 1.30 लाख दवा व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाला ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स उत्तर प्रदेश (ओसीडीयूपी) और वाराणसी इकाई दवा विक्रेता समिति ने सिरप विवाद में पुलिस के छापे का विरोध किया है। पूरे मामले में पुलिस हस्तक्षेप पर आपत्ति जताई। शासन से नारकोटिक्स और साइकोट्रॉपिक सब्स्टेंस की आधिकारिक सूची उपलब्ध कराने की अपील की है। संगठन के महामंत्री सुधीर अग्रवाल का कहना है कि वाराणसी की सप्तसागर दवामंडी पूर्वांचल की सबसे बड़ी दवा बाजार में से एक है। यहां 15 जिलों के व्यापारी आते हैं। एक महीने में लगातार छापे और पुलिस कार्रवाई ने व्यापारियों में भय पैदा कर दिया है। कारोबार प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन नशीली या प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के खिलाफ है और सरकार द्वारा यदि प्रतिबंधित दवाओं की आधिकारिक सूची उपलब्ध करा दी जाए तो प्रदेशभर में उन दवाओं की बिक्री तुरंत बंद कर दी जाएगी।  

10 दवा कारोबारी ने कोर्ट में सरेंडर के लिए अर्जी दाखिल की
कफ सिरप कांड में फर्म से जुड़े दस कारोबारियों ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) की अदालत में सरेंडर की अनुमति के लिए अर्जी दाखिल की है। अदालत ने थाना कोतवाली से आरोपितों के खिलाफ लंबित धाराओं व वांछित स्थिति की विस्तृत आख्या मांगी है। अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी। अर्जी दाखिल करने वालों में नेपाली खपड़ा चौक निवासी तुषार अग्रवाल, पंचगंगा घाट निवासी नीरज सेठ, धूपचंडी निवासी ऋषभ यादव, खजुरी पांडेयपुर निवासी प्रतीक कुमार, तुलसीपुर भेलूपुर निवासी धर्मेंद्र अग्रवाल, चितईपुर निवासी विवेक कुमार खन्ना, काली महल चेतगंज निवासी अल्पेस पटेल, मलदहिया निवासी मुकेश कुमार यादव, नीचीबाग निवासी वीरेंद्र लाल वर्मा और संकट मोचन निवासी महेश खेतान शामिल हैं। 
 
खेत में घुसा मवेशी, दो पक्षों में मारपीट, एक घायल
कैंट थाना क्षेत्र के जदीद बाजार के खेत में मवेशी घुसने पर दो पक्षों में रविवार को मारपीट हो गई। इसमें एक घायल हुआ। पीड़ित गोविंद ने बताया कि आरोपी छेदी पटेल, गुड्डू पटेल, सोनू पटेल और रमेश पटेल पड़ोसी हैं, सभी ने मिलकर हमला किया। बीचबचाव करने वालों को आरोपियों ने धमकाया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

प्रेमी युगल ने खाया जहर, भर्ती

फूलपुर थाना क्षेत्र के दो गांव के रहने वाले प्रेमी युगल ने सोमवार को जहर खा लिया। दोनों को बाबतपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की गंभीर हालत को देख बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रेमी युगल हिंदू और मुस्लिम समुदाय से हैं। फूलपुर के कुआर निवासी लकी सोनकर (23) का बरही नेवादा (फूलपुर) निवासी रिया अंसारी (21) से प्रेमप्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। दोनों वाराणसी-जौनपुर फोरलेन पर रेस्टोरेंट में मिले और एक साथ जान देने की कसम ली और जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर रेस्टोरेंट मालिक ने परिजनों को सूचना दी। पहले लड़की की गंभीर हालत को देख ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। फिर दो घंटे बाद लड़के को भी रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज चल रहा है। लकी के भाई की शादी 7 दिसंबर को थी और सोमवार को उसके छोटी बहन की शादी थी। बरही नेवादा में मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले सेराज का परिवार भी परेशान दिखा।  

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर पांच लाख की धोखाधड़ी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के संकुलधारा, खोजवां निवासी शाश्वत अग्रवाल के साथ शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर पांच लाख की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि एक व्यक्ति के कहने पर निवेश किया था। उसने रकम को पांच गुना करने की बात कही थी। अब आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

युवक पर पंच से किया हमला
उगापुर गांव में सोमवार को मनबढ़ों ने एक युवक पर पंच से हमला कर दिया। पुलिस को तहरीर में अरविंद यादव (26) ने बताया कि वह दोस्त रामआशीष यादव के साथ कहीं जा रहा था। आरोप है कि गांव के ही संदीप यादव, अनिल राजभर, मुलायम यादव, मनीष यादव उर्फ बाला निवासी धौरहरा और दीपक यादव ने घेरकर पीटा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।  

महिला चिकित्सक ने उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाकर दर्ज कराई प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन कॉलोनी निवासी महिला चिकित्सक ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया और कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि पति अभिषेक राय का दिसंबर में निधन हो गया था। सास शकुंतला देवी और देवरानी प्रिया राय मानसिक उत्पीड़न कर रही हैं। दोनों बच्चों के साथ घर से 50 मीटर दूर एक स्थान पर रहकर क्लिनिक चला रही थीं। 28 नवंबर को सास, देवरानी, देवर अंबुज राय और नौकर रामगोपाल क्लिनिक पहुंचे और उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। कैंट पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एक दिसंबर को सोनल राय, अश्वनी राय, पवन राय सहित 20 अज्ञात लोग क्लिनिक में घुस आए और बच्चों को मारपीटा। विरोध करने पर तोड़फोड़ भी की। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही। 

21 किलो मांझा बरामद, एक गिरफ्तार

मंडुवाडीह क्षेत्र में चीन का मांझा बचे रहे ककरमत्ता निवासी सुनील प्रजापति को पुलिस ने पहाड़ी गेट मार्केट के पास से गिरफ्तार किया। जांच में दुकान में एक बोरी में रखा 21 किलो जानलेवा मांझा बरामद किया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। 

दक्षिण भारत से आए प्रतिनिधियों ने की गुड गवर्नेंस की तारीफ
काशी तमिल संगमम-4.0 में दक्षिण भारत से आए प्रतिनिधियों के समूह ने विकास समेत अन्य कामों को देखा, सराहा और गुड गवर्नेंस के लिए खुलकर सराहना की। उन्होंने विकास कार्यों, प्रशासनिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था की प्रशंसा की। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के भ्रमण के बाद प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए 10 में 10 नंबर दिए। सोमवार को प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में बड़े पैमाने पर सकारात्मक बदलाव हुए हैं, जो जमीन पर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। चेन्नई से पहली बार वाराणसी आईं मोनीसा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुड गवर्नेंस है। उन्होंने यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा के इंतजाम को देखकर प्रदेश के कानून व्यवस्था की तारीफ की। 

संतोष कुमार ने कहा कि उन्हें 10 में से 10 नंबर दिए जा सकते हैं। पुडुचेरी से आए आर्किटेक्ट पृथ्वीराज ने कहा कि सरकार ने काशी के हेरिटेज को रिवाइव करके बहुत अच्छे से संजो के रखा है। तिलकवदी ने कहा कि काशी की सड़कें पहले संकरी थीं, यातायात बहुत खराब था, गंदगी थी अब सभी कार्यों में काफी सुधार आया है। तमिलनाडु के विरुधुनगर के दीपक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, परिवहन, आवास और आयोजन स्थल पर किए गए इंतजाम अत्यंत प्रभावी और व्यवस्थित थे। उनका कहना था कि अनुशासन और सौहार्द का जो वातावरण देखने को मिला, वह यहां की गुड गवर्नेंस को दर्शाता है। 

बदमाशों ने लूटा मोबाइल, गुमशुदगी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र में खेमापुर थाना बड़ागांव निवासी अरविंद सिंह से रविवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल और रुपये लूट लिए। सोमवार को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। अरविंद ने साले दुर्गा सिंह को सूचना दी। दुर्गा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। दुर्गा सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाया कि असलहे के दम पर हुई लूट की घटना में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। चोलापुर थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच की जा रही है। जांच में लूट का मामला सामने नहीं आया है। 

एसओजी टीम पर हमला करने वाले दो गिरफ्तार, फॉरच्यूनर जब्त
देवरिया की एसओजी टीम पर हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने फरीदपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल फॉरच्यूनर को जब्त किया।। देवरिया कोतवाली थाने में सुनील यादव के खिलाफ एक युवती के अपहरण और साक्ष्य मिटाने की प्राथमिकी दर्ज है और हत्या की प्राथमिकी नेपाल में दर्ज है। देवरिया एसओजी टीम को सूचना मिली कि सुनील यादव, सारनाथ के बुद्धा सिटी कॉलोनी में है। आरोप है कि वहां मौजूद सहमलपुर थाना सिंधौरा निवासी सुशील यादव व छितौनी चौबेपुर निवासी गौतम यादव ने गिरफ्तारी का विरोध किया। एसओजी टीम के साथ हाथापाई की। टीम जब आरोपी सुनील यादव को साथ लेकर निकली तो दोनों ने फॉरच्यूनर से पीछा किया। थाना प्रभारी सारनाथ शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों प्रापर्टी डीलर हैं। आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।  
विज्ञापन

गलत दिशा में चलने पर चार पर प्राथमिकी दर्ज, 11 लाख का लगाया जुर्माना, 53 वाहन सीज

वाराणसी शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और गलत दिशा में वाहन चलाने की समस्या पर रोक लगाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सोमवार को सड़क पर उतरे। मंडुवाडीह चौराहे से ककरमत्ता ब्रिज तक निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था को जांचा। गलत दिशा में चलने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले चार वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 11 लाख रुपये समन शुल्क वसूला गया और 53 वाहनों को सीज किया गा। मंडुवाडीह चौराहे पर कई वाहन चालक शॉर्टकट लेने के लिए उल्टी दिशा मिले। 

इस पर पुलिस आयुक्त ने मातहतों को अभियान चलाकर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। रांग साइड चलने पर छह माह की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। पूरे जिले में एक सप्ताह का विशेष अभियान शुरू किया गया है। सबसे अधिक प्राथमिकी और चालान कैंट थाने ने किए, जबकि सबसे ज्यादा शमन शुल्क मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में वसूला गया। 

निरीक्षण में मंडुवाडीह से बनारस स्टेशन तक बैरिकेडिंग, यू-टर्न और डाइवर्जन की स्थिति भी जांची। ट्रैफिक इंस्पेक्टर को खुले बैरिकेडिंग को तुरंत बंद कराने को कहा। ज्यादातर वाहन रांग साइड में घुस जाते हैं। 

मंडुवाडीह चौराहे के पास पुल निर्माण के दौरान कराए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर नाराजगी जताई और ठेकेदार को तत्काल हटाने की चेतावनी दी। ककरमत्ता ब्रिज तक पैदल गश्त के दौरान सड़क और फुटपाथों पर अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें