फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: सामूहिक दुष्कर्म का केस, तीन को भेजा जेल, चिकन लेने गए युवकों को पीटा; पढ़ें अन्य खबरें

Fri, 10 Oct 2025 06:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में अदालत के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, भेलूपुर थाना क्षेत्र में कुछ युवकों को पीटकर घायल कर दिया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रात पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया। थाना क्षेत्र की एक युवती की कुछ वर्ष पूर्व एक फाइनेंस कंपनी के अभिकर्ता से मुलाकात हुई थी। गांव के ही होने के कारण युवती ने उनके कहने पर कंपनी में पांच लाख रुपये जमा कर दिए। 

विज्ञापन


पिछले साल पता चला कि कंपनी है ही नहीं, इस पर युवती ने अभिकर्ता से रुपये वापस मांगे। एक दिन अभिकर्ता ने युवती को एक पता बताया कि आकर रुपये ले जाओ। वहां पहुंचने पर पहले से पांच लोग थे। आरोप है कि उन लोगों ने पेय पदार्थ में नशीली दवा पिला दी। फिर पांचों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती थाने गई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद वह कोर्ट गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों सूजाबाद निवासी अंशुल केशरी, शिव केसरी व आदमपुर निवासी कृष्ण कुमार को जेल भेज दिया है। बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

विज्ञापन

पति की मौत के बाद ससुराली कर रहे उत्पीड़न, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी (ठाकुरपुर) गांव में पति की मौत के बाद एक महिला ने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता गुलाबी देवी पत्नी स्वर्गीय प्रेम कुमार विश्वकर्मा ने अपने देवर नीरज, धीरज, कुंदन, शुभम और अन्य परिजनों पर उत्पीड़न व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि पति के निधन के बाद से ही परिजन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उसकी संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर 25 अप्रैल को उसे जबरन खाना खिलाकर मारा-पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। 

21 अगस्त को घर लौटने पर आरोपियों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और 90 हजार रुपये की एफडी अपने नाम करने का दबाव बनाया। मना करने पर चाकू से धमकाया और मोबाइल फोन तोड़ दिया। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया की पीड़िता के लिखित शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हमला कर घायल करने वालों के खिलाफ केस दर्ज
लंका थाना पुलिस ने हमला कर घायल करने के मामले में केस दर्ज किया है। सामने घाट के अनिल कुमार मिश्र, प्रिंस और अशोक कुमार बीएचयू के पूर्व छात्र हैं। बुधवार रात अपने मित्र अनुराग तिवारी निवासी पयागपुर राजातालाब के यहां से तेरहवीं से लौट रहे थे। आरोप है कि नेशनल हाइवे 19 पर डाफी चौराहे से 200 मीटर पहले कुछ लड़के गालीगलौज करते हुए चलती बाइक पर ही हॉकी और बैट से मारने लगे।

बाइक से गिरने पर हमलावरों ने लहूलुहान कर दिया। हमले में अनिल मिश्र का सिर फट गया। छाती और हाथ में गंभीर चोट आई। प्रिंस मिश्र के सिर में दो जगह और हाथ में चोट आई है। अशोक कुमार के पीठ पर गंभीर चोट आई है। ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराने के बाद लंका थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शशांक सिंह, आयुष राय, विशाल यादव, आशुतोष, अनुराग कुमार और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

चिकन लेने गए युवकों के साथ मारपीट, मुकदमा दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गौरीगंज इलाके में सात अक्तूबर को चिकन लेने गए अंशु माली, पीयूष, किशन लाल के साथ मारपीट करने वाले फैजी, सैफी और समर सहित अज्ञात लोगों पर दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अगस्त कुंडा निवासी अंशु माली की तहरीर पर जान से मारने की नीयत से हमला करने गालीगलौज सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। 

आरोप है कि चिकन लेकर लौटते समय तिराहे पर मौजूद आरोपियों ने गाड़ी रोक कर धक्का दिया। सभी ने पंच व कड़े से वार कर जख्मी कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे दोस्तों की भी पिटाई की। थानाध्यक्ष भेलुपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर तीन को जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। 

घर से गई युवती, दो युवकों पर मुकदमा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती 7 अक्तूबर रात 11 बजे घर से बिना किसी को बताए चली गई। पिता ने तिवारीपुर गांव निवासी करन और दीपक के खिलाफ पुत्री को लापता करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लड़की की खोज की जा रही है। दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पति की मौत के बाद महिला को घर से निकाला, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधीपुर जोल्हा बजरडीहा निवासी राजलक्ष्मी के पति की तीन साल पहले मौत हो गई। उसकी दो छोटी बेटियां हैं। पति की मौत के बाद देवर विवेक कुमार भारती, सास ऊषा देवी, ननद पूजा भारती परेशान करने लगे। छह अक्तूबर को सभी ने उनकी पिटाई कर घर से निकाल दिया। सामान भी घर से बाहर फेंक दिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता को घर में प्रवेश दिलाया और ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि महिला को प्रताड़ित करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बहन पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाई को पीटा, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवरतनपुर बजरडीहा की महिला की तहरीर पर क्षेत्र के शुभम विश्वकर्मा, राजा यादव, कुनाल और एक अज्ञात पर गालीगलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य मामलों में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि 5 अक्तूबर की रात 12 बजे आरोपियों ने बेटी पर अभद्र टिप्पणी की। उनके बेटे ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी।

हमले की वजह से बेटे को चोट आई है। इसके बाद आरोपी घर पर ईंट पत्थर चलाने लगे। खिड़की में लगे कांच टूट गए। थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

16 नवंबर को बेटी की शादी, गहने और नकदी चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में बुधवार रात सोमारू पटेल के घर में चोरी हो गई। बेटी की शादी के लिए बनवाए गहने भी चोर ले गए। सूचना पर पुलिस अफसर फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सोमारू ने बताया कि बेटी की शादी 16 नवंबर को है। ढाई लाख नकद, तीन सोने की चेन, दो अंगूठी, मंगलसूत्र, कनफूल, चांदी की करधनी और तीन चांदी के पायल कमरे में बॉक्स में रखे थे। 

आधी रात के बाद चोर घर में घुसे। जिस कमरे में पत्नी सो रही थी। उस कमरे में ही चाबी रखी थी। चोर दूसरे कमरे का ताला खोलकर उसमें रखा बॉक्स उठा ले गए। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और थानाध्यक्ष निकिता सिंह पहुंचे। संजीव शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने खाली कराई दुकान
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर मझौली कोठी ट्रस्ट में एक दुकान की किरायेदारी का मुकदमा जिला न्यायालय में खारिज होने के बाद उच्च न्यायालय प्रयागराज में चल रहा था। उच्च न्यायालय से मुख्तारे आम कन्हैया त्रिपाठी के पक्ष में फैसला आया। किरायेदार अमन और उमाशंकर को कोर्ट ने दुकान खाली करने का निर्देश दिया था। 

गुरुवार को जिला न्यायालय के अमीन भानु शंकर राय, प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर दोनों दुकानों का सामान बाहर किया। साथ ही मझौली कोठी के मुख्तारे आम कन्हैया त्रिपाठी को कब्जा दिलवाया। थानाध्यक्ष भेलुपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दुकान खाली कराई गई है। 

कोचिंग पढ़ने जाते समय बेटी को छेड़ते हैं शोहदे
कैंट के भोजूवीर निवासी एक पिता ने मोहल्ले के रहने वाले एक युवक व उसके छह साथियों पर मुकदमा दर्ज कराया। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी जब कोचिंग व कालेज पढ़ने के लिए जाती है तो मोहल्ले के सोनू व अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका वीडियो बनाता है और छेड़छाड़ करता हैं। आरोप है कि मना करने के बावजूद उनके ऊपर कोई असर नहीं पड़ रहा है। कैंट पुलिस तहरीर के आधार पर सोनू व उसके सभी साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

महिला के घर से नकदी, जेवरात चोरी
घर से नकदी और जेवरात चोरी होने के मामले में महिला ने चोलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तेवर गांव की मंजू तिवारी ने पुलिस को बताया कि सात अक्तूबर को रात 10 बजे चोर घुसे। बॉक्स में रखे डेढ़ लाख नकद और जेवरात चोरी कर लिए। थाना प्रभारी चोलापुर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

व्यावसायिक अवैध निर्माण कराया बंद
वीडीए के सचिव डाॅ. वेद प्रकाश मिश्रा ने जोन-4 (वार्ड-नगवा) के एसएम प्लॉट संख्या-892, मौजा-डाफी, परगना-देहात अमानत का निरीक्षण किया। हिमांशु राय की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। वीडीए से तीन तल का व्यावसायिक सह आवासीय मानचित्र स्वीकृत कराया था। चारों तरफ सेटबैक को कवर कर व्यावसायिक/ होटल का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसे बंद कराते हुए सील किया गया है। जोनल अधिकारी संजीव कुमार और प्रवर्तन टीम के कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि अनधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई करें। 

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, त्योहारों पर गश्त बढ़ाए पुलिस, सभी आयोजनों पर सुरक्षा रहे चौकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आगामी दीपावली, धनतेरस, देव-दीपावली और छठ पूजा सहित सभी पर्वों के सुरक्षित और सुचारू आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने अफसरों से बात की। कानपुर और अयोध्या में हुई धमाके की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने पटाखा बाजार पर नजर बनाए रखने को कहा। कहा कि कहीं कोई अवैध तरीके से काम हो रहा तो कड़ी कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहारों का समय संवेदनशील होता है। अराजक तत्वों, उपद्रवियों और शोहदों को कड़े रूप से रोका जाए। सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई जाए, फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में भय सुनिश्चित किया जाए। ट्रैफिक, विद्युत, स्वास्थ्य से जुड़े सभी व्यवस्थाएं बेहतर कर लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़कें और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

दवा मंडी से लिए कफ सिरप के छह सैंपल, रिपोर्ट का इंतजार
मध्य प्रदेश में मिलावटी कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के बाद अभियान चलाकर अस्पतालों, क्लीनिक, दवा मंडी से सैंपल लिए जा रहे हैं। औषधि निरीक्षक जुनाब अली के नेतृत्व में टीम ने बृहस्पतिवार को सप्तसागर दवा मंडी से चार मेडिकल स्टोर से छह सैंपल लिए। बताया कि किसी भी मेडिकल स्टोर से मध्यप्रदेश में प्रयोग की गई कंपनी की सिरप नहीं मिली, लेकिन एहितयातन अन्य कंपनियों के सिरप के सैंपल लखनऊ भेजे गए। दवा मंडी से राजेंद्र ड्रग एजेंसी से 4 और आकांक्षा फार्मा से दो सैंपल लिए गए हैं। 

बीएचयू में 7 घंटे बाद धरना समाप्त, पुलिस ने दी चेतावनी
बीएचयू में सात घंटे के बाद छात्र-छात्राओं का धरना समाप्त हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे शुरू हुआ विरोध रात 9.23 बजे तक चला। कैंपस में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए छात्राओं की मांगें मान ली गई हैं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों के समक्ष छात्राओं की समस्याओं को सुना गया।

ज्ञापन लेकर जल्द ही व्यवस्था देने की बात कही गई। इससे पहले धरना दे रहे छात्र-छात्राएं विरोध करते हुए बीच सड़क पर आ गए थे। लंका इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों ने वीडियो से चिह्नित कर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी। छात्रों को वहां से खदेड़कर फिर से एमएमवी के गेट तक पहुंचाया गया। धरना समाप्त होने के बाद छात्राओं ने श्रद्धांजलि के लिए दो मिनट का शोक रखा।

अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध कानून बनाने पर लामबंद हुए देशभर के संत
अखिल भारतीय संत समिति व अखाड़ा परिषद ने दिल्ली में धार्मिक स्वतंत्रता और धर्मांतरण पर रोष जताया। काशी समेत देशभर से जुटे संतों ने धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के पक्ष में लामबंद होकर इसको लेकर देशव्यापी अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए केंद्रीय कानून की मांग की। 

काशी के संत और समिति के महामंत्री स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता धर्मांतरण के रूप में एक गंभीर संकट का सामना कर रही है। निर्मोही आणि अखाड़े के अध्यक्ष और अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास महाराज कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन और प्रचार करने की स्वतंत्रता है लेकिन यह स्वतंत्रता लोक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य के अधीन है। प्रचार का अर्थ धर्मांतरण नहीं है।

राजस्व संहिता के अनुसार काम न होने पर नाराज अधिवक्ताओं ने की हड़ताल
राजातालाब तहसील के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को हड़ताल की साथ ही एकत्रित होकर एसडीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी की। उन्होंने पूरे दिन काम नहीं किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील में राजस्व संहिता के अनुसार काम न होकर मनमानी चल रही है। 

अधिवक्ता अखिलेश मिश्रा ने तहसील बार एसोसिएशन की बैठक में प्रस्ताव दिया और आरोप लगाया कि तहसीलदार राजातालाब द्वारा अभिलेखीय त्रुटि दुरुस्त करने के मामलों में आख्या रिपोर्ट नहीं लगाई जा रही है। ऐसा न होने से कई मामले लंबित पड़े हैं। उनका यह भी कहना था कि उप जिलाधिकारी राजातालाब तमाम मुकदमों में बैक डेट में ऑर्डर कर रहे हैं जो न्यायिक व्यवस्था के विरुद्ध है। 

सहमति जताते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय ने कहा कि पक्षकारों को बिना सूचना दिए उनके मुकदमे लोक अदालत में लगाकर निस्तारण करना गलत है। इस कारण से दोनों पक्षों की बातों को सुना नहीं जा रहा है। प्रस्ताव के समर्थन में सभी अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालय की कार्यवाही का विरोध किया।

यातायात पुलिस ने चलाया दो घंटे अभियान, 464 का चालान, 26 को किया सीज
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। दो घंटे दोपहर एक से तीन बजे तक शहर में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस ने दो घंटे तक तीन सवारी, काली फिल्म लगी, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन और सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 464 वाहनों का चालान, 26 वाहनों को सीज कर 6,19,200 का जुर्माना वसूल किया गया। 

55 काली फिल्म युक्त वाहनों पर कार्रवाई की गई। साथ ही अतिक्रमण करने वालों पर अभियोग भी पंजीकृत किया गया। पुलिस आयुक्त महोदय ने फुलवरिया रोड, जेल रोड व रोडवेज क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़ी बसों व वाहनों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। नो-इंट्री समय में मालवाहक व टूरिस्ट बसों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ ही यातायात सुगमता, यू-टर्न, वन-वे और बैरिकेडिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

जमीन के विवाद में मारपीट, केस वापस लेने का दबाव, चार पर केस
मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव के सुरेश पटेल ने तहरीर देकर गांव के नखडू पटेल, राहुल उर्फ रोहित पटेल व इंद्रजीत उर्फ अमरजीत पटेल पर पुराने मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरेश पटेल ने बताया कि विपक्षी जबरन मीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। नींव खोदने लगे। विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी।

सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने मौके से दो लोगों का चालान किया था। सुरेश का आरोप है कि विपक्षी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। पूरे परिवार को फर्जी केस में फंसाने की धमकी दे रहे। साथ ही बेटे की सरकारी नौकरी खत्म कराने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय का कहना है कि साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

कैबिनेट मंत्री को कहे अपशब्द, मुकदमा दर्ज
सारनाथ के हिरामनपुर निवासी शिव मूरत राजभर की तहरीर पर पुलिस ने खालिसपुर के परमेश्वर राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिव मूरत राजभर ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के लिए अपशब्द कह रहा था। उससे जुड़े वीडियो प्रसारित कर रहा था। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि आपत्तिजनक शब्द सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

महिला की पिटाई करने वाले युवक पर मुकदमा दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी की बबिता की तहरीर पर पड़ोसी प्रिंस यादव के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि छह अक्तूबर को शाम 7 बजे घर पर काम कर रही थी। इस दौरान आरोपी पहुंचा और गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। आरोपी ने पीड़िता का गला भी दबाया और जान से मरने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष चितईपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी, दो पर मुकदमा
खुशहाल नगर शिवपुर निवासी महिला ने अज्ञात समेत दो पर घर में घुसकर पिटाई और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बताया कि 3 अक्तूबर की शाम 5.30 बजे वह घर में अकेली थीं। शीलू सिंह व एक अन्य व्यक्ति आए और जबरदस्ती करने लगे। विरोध करने पर गालीगलौज और मारपीट की। इस दौरान चोटें आईं। कॉलोनी के लोगों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस जांच कर लौट गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

छीटाकशी करने वाला युवक गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी तालाब अशफाक नगर इलाके से पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर छीटाकशी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। युवक की पहचान नोमान निवासी कमलदहा बिहार के रूप में हुई है। आरोपी रास्ते से गुजरने वाली लड़कियों को देख कर गाने गा रहा था और छीटाकशी कर रहा था। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

जमीन के नाम पर पैसे लेकर धोखाधड़ी करने वाले पर केस
चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा, सुंदरपुर के आशीष तिवारी ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने पुलिस से बताया कि राम नरेश कुमार वर्मा निवासी सिंघई राजातालाब ने एक बिस्वा जमीन दिलाने के नाम पर 3.55 लाख रुपये लगभग 9 बार में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा कर लिए। 

पहला बयाना मित्र तेजमणि पांडेय ने राम नरेश कुमार वर्मा को दिया था। जमीन की जांच कराने पर पता चला कि उसमें आपत्ति लगी है, जिसके बाद उसे खरीदने से मना कर दिया। पैसे वापस मांगने पर मात्र 65 हजार लौटाए। बाकी पैसे मांगने पर गालीगलौज की गई। थानाध्यक्ष चितईपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि केस दर्ज मामले में जांच की जा रही है।

ट्रांसफार्मर में मारी टक्कर, मुकदमा दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में टिठोरी महल में बुधवार रात 1.20 बजे ट्रैक्टर चालक ने ट्रांसफार्मर में टक्कर मार दी। इससे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने ट्रैक्टर और चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पन्नालाल पार्क उपकेंद्र के जेई ज्योति भास्कर सिन्हा पहुंचे। जिनकी तहरीर पर कैंट पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक ललन यादव निवासी थाना अदलहाट, मिर्जापुर और चालक अजीत यादव, निवासी भुल्लीखास, अदलहाट, मिर्जापुर के खिलाफ केस दर्ज किया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।

सीवर ओवरफ्लो होने से प्राथमिक विद्यालय में भरा पानी
बीते दिनों की बारिश की वजह से सीरगोवर्धनपुर वार्ड के डाफी स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पानी भर गया है। इस कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिसर के अंदर और बाहर चारों तरफ बारिश का पानी लगा हुआ है। इस पूरे क्षेत्र में सीवर लाइन नहीं है। इस वजह से जलनिकासी नहीं हो पा रही है। 

विद्यालय के पानी लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। स्थानीय सपा नेता अमन यादव का कहना है कि विद्यालय में पानी लगने के कारण बच्चों से लेकर शिक्षक तक विद्यालय में नहीं आ रहे हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि गुरुवार सुबह वह विद्यालय गए थे। पानी लगने के कारण बच्चे नहीं आए। 

उन्होंने बताया कि विद्यालय के बाहर पानी नहीं भरा होता तो मशीन लगाकर किसी तरफ पानी निकलवाया जाता। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि जलजभराव की समस्या को देखते हुए इस विद्यालय में ऑनलाइन कक्षा संचालित करने का आदेश दिया गया है। नगर निगम को भी इस समस्या का त्वरित समाधान कराने के लिए पत्र लिखा है।

हिंदू सेवा सदन अस्पताल में 350 लोगों ने कराई जांच
हिंदू सेवा सदन अस्पताल बांसफाटक में लगे निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर में बृहस्पतिवार को 350 से अधिक लोगों ने जांच करवाई। चिकित्सालय के प्रधानमंत्री राजेंद्र मोहन साह ने कहा कि दंत स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। शिविर में वरिष्ठ दंत सर्जन डाॅ. विनय यादव, डॉ. गगन मिश्र, डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव और डॉ. मानसी सर्राफ ने अपनी सेवाएं दीं। अस्पताल प्रबंध समिति के सदस्य विनोद घटोच, नरेंद्र भुरारिया, सतीश सेठ और अनिल सर्राफ आदि रहे। 

विश्व डाक दिवस पर डाकघर कर्मियों ने की पदयात्रा
जिले के डाकघरों में शुक्रवार को विश्व डाक दिवस मनाया गया। पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने नमो घाट से राजघाट, मछोदरी मार्ग से होते हुए छावनी स्थित प्रधान डाकघर तक पदयात्रा की। इसमें बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कर्नल विनोद कुमार ने कहा कि विश्व डाक दिवस डाक सेवाओं की गौरवशाली परंपरा के साथ सेवा, विश्वास और नवाचार की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

इंडिया पोस्ट आज के भारत यानी ‘डिजिटल इंडिया’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान कर्नल विनोद ने डाक विभाग की कॉलोनी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक परमानंद, प्रवर अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार, अधीक्षक डाकघर सुरेश चंद आदि मौजूद रहे।

30 युवाओं और महिलाओं को दिया प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार खाद्य प्रसंस्करण योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण का बृहस्पतिवार को चिरईगांव ब्लाॅक के सिंहपुर में समापन हुआ। 30 युवाओं और महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण दिया गया। आईटीआई सारनाथ के प्रधानाचार्य पीएन तिवारी एवं राजकीय फल संरक्षण केंद्र बीएचयू के प्रभारी रत्नेशचंद्र अग्रवाल ने सभी को प्रमाणपत्र दिया गया। इस मौके पर बृजेश प्रजापति, अरुण सिंह आदि रहे।

बीएचयू के शोधार्थी आईआईटी दिल्ली में दिखाएंगे मॉरीशस का डिजाइन कल्चर
बीएचयू एप्लाइड आर्ट्स विभाग के शोधार्थियों और प्रोफेसर ने आईआईटी दिल्ली में अपने डिजाइन कल्चर का लोहा मनवाया है। भारत में पहली बार 14वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीडीएचएस) में बीएचयू के शोधार्थी हिमेश बाबूलाल, प्रो. मनीष अरोड़ा (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, एप्लाइड आर्ट्स विभाग) के निर्देशन में डिजाइन की प्रस्तुतियां देंगे।

मॉरीशस में पारंपरिक डिजाइन संस्कृतियां विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। यह प्रस्तुति 12 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें बीएचयू से भाव्या अग्रवाल, डॉ. सृष्टि प्रजापति, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार कन्नौजिया, शिवम मौर्य और अनंत रत्न शामिल होंगे। यह शोध मॉरीशस की डिजाइन के बहुसांस्कृतिक विकास पर आधारित है। इसमें अफ्रीकी, भारतीय, चीनी और यूरोपीय प्रभाव देखने को मिलते हैं। 

यह अध्ययन सांस्कृतिक संरक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उभरती भूमिका को भी बताता है। प्रो. मनीष अरोड़ा सम्मेलन में ब्रांडिंग, कॉरपोरेट पहचान और वाणिज्यिक दृश्य संस्कृति विषय पर पैनल के सेशन चेयर के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही मैपिंग कल्चर्स-सांस्कृतिक कहानी कहने के लिए एजु-बोर्ड गेम्स डिजाइन करेंगे।

प्रभु के नाम पुकारने से द्रौपदी, नामदेव, अर्जुन की हुई रक्षा: साध्वी स्वाति भारती
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से चौबेपुर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में बृहस्पतिवार को साध्वी स्वाति भारती ने प्रभु की बाल लीलाओं में छिपे गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को शास्त्र-सम्मत वैज्ञानिक आधार पर उजागर किया। कहा कि जिन नामों से हम प्रभु को पुकारते हैं, वह तो गुणवाचक नाम हैं। प्रभु के वह नाम भी हैं जिसे पुकारने से द्रौपदी, नामदेव, अर्जुन जैसे भक्तों की रक्षा हुई। 

श्रीकृष्ण भगवद्गीता में उसे अव्यक्त अक्षर कहकर संबोधित करते हैं, जिसे आदि स्पंदन या अजपा जाप भी कहा गया है। मुख्य यजमान चंद्रशेखर तिवारी, त्रिज्या तिवारी, संतोष बरनवाल, विनोद चतुर्वेदी, शारदा चतुर्वेदी ने कथाव्यास की आरती उतारी। संचालन स्वामी अर्जुनानंद व स्वामी हरिप्रकाशानंद ने किया।

बीएचयू में राजशेखरसूरी कृत प्रबंधकोश का 672 वर्षों बाद हिंदी अनुवाद
बीएचयू के इतिहास विभाग में प्रो. प्रवेश भारद्वाज ने जैन विद्वान राजशेखरसूरी कृत प्रबंधकोश का हिंदी में अनुवाद किया। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को बीएचयू में ही इसका लोकार्पण किया। 672 वर्षों के बाद पहली बार हिंदी भाषा में इस ग्रंथ का अनुवाद हुआ है। इससे पूर्व इस ग्रंथ का कोई भी अंग्रेजी या हिंदी अनुवाद उपलब्ध नहीं था। यह ग्रंथ प्राचीन एवं मध्यकालीन इतिहास के कई ऐतिहासिक तथ्यों को प्रकट करती है। 

लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने कहा कि ज्ञान और अभ्यास का अंतर ही हर सामाजिक समस्या का मूल है। प्रबंध कोश इसे ही अपने उपदेशात्मक इतिहास का केंद्र बनाता है। भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण का काल है और भारतीय संस्कृति अयोध्या से आबू धाबी तक अपने प्रभाव का विस्तार कर रही है।

कठिराव व मंगारी का विजयदशमी मेला 11 और 12 को
प्रसिद्ध कठिराव व मंगारी की रामलीला का दो दिवसीय विजयदशमी मेला 11 और 12 अक्तूबर को लगेगा। इसे लेकर मेला कमेटी और पुलिस प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी मेला में सहयोग की अपील की। बैठक में श्री रामलीला कमेटी व मेला समिति के पदाधिकारी, इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह, आदित्य नारायण दुबे, नंदलाल जायसवाल, पंकज चौरसिया, संतलाल यादव, मंकर यादव आदि रहे। 

सिंगल यूज पॉलीथिन के खतरों के प्रति किया जागरूक
नमामि गंगे ने महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने भक्तों और पर्यटकों से त्योहारों के दौरान स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने की अपील की। राष्ट्रध्वज लेकर देशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं का आह्वान किया। अभियान में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, सुरभि कुमारी, बबीता देवी आदि शामिल रहीं।

31 अक्तूबर तक ढाई घंटे होगी बिजली कटौती
पावर ग्रिड की सुरक्षा के लिए वाराणसी सहित बलिया, भदोही, गाजीपुर, मऊ, सोनभद्र, आजमगढ़, चंदौली, मिर्जापुर, गोरखपुर, महराजगंज में 31 अक्तूबर तक हर दिन ढाई घंटे बिजली कटौती की जाएगी। अधीक्षण अभियंता प्रणाली नियंत्रण की ओर से जारी आदेश के तहत सभी शहरी क्षेत्र और नगर पंचायतों में 01 से 31 अक्तूबर तक सुबह 6 से 7.30 बजे और सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्र में सुबह 7 से 8 बजे तक और अपराह्न 3 से 4.30 बजे तक बिजली कटौती रहेगी।

श्रीरामकथा हमें संस्कारों की पूंजी देता है : लक्ष्मण आचार्य
कोशलेश नगर नागरिक समिति और शिवमय श्रीरामकथा आयोजन समिति की ओर से कोशलेश नगर पार्क में चल रहे शिवमय श्रीरामकथा के छठवें दिन बृहस्पतिवार को कथा श्रवण करने असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य भी पहुंचे। लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि श्रीरामकथा हमें संस्कारों की पूंजी देता है। यह पूंजी पूरी जिंदगी खर्च नहीं होती है। ऐसे आयोजनों से आने वाली पीढि़यों में भी संस्कारों का संचार होगा। 

कथाव्यास साध्वी श्रीनिष्ठा ने बलि वध, लंका दहन, कुंभकरण संवाद, अंगद रावण संवाद, रामेश्वरम में सेतु पूजन, युद्ध और लंका विजय, राज्याभिषेक आदि प्रसंगों को भावपूर्ण वर्णन किया। कहा कि कथा सुननी चाहिए और सच यह है कथा कभी समाप्त नहीं हो सकती है। रामचरित मानस में सुंदरकांड सबसे सुंदर भाव है। इसमें ही हनुमान की प्रभु श्रीरात और मां सीता से मुलाकात होती है।

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक
कस्तूरबा गांधी बालिका बालिका विद्यालय घोसीला में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से महिला अपराध को लेकर छात्राओं को जागरूक किया गया। इसमें 400 छात्राओं ने प्रतिभा किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से प्रियंका राय ने कहा कि महिलाओं एवं छात्राओं पर हो रहे अपराध को देखते हुए सरकार ने विभिन्न योजनाएं लागू की हैं।

इस क्रम में मिशन शक्ति के तहत अभियान भी चलाया जा रहा है। इसमें महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गांव-गांव विद्यालय-विद्यालय जाकर उन्हें गुड टच बैड टच, फब्तियां कसना, छेड़खानी करने वालों के खिलाफ पुलिस से कैसे शिकायत करनी है यह बताया जाता है। उन्होंने बाल विवाह रोकने के बारे में जानकारी दी।

डॉ. प्रशांत कुमार यादव बने मंडल अध्यक्ष
डॉ. प्रशांत कुमार यादव को भारतीय किसान यूनियन कमेरावादी का वाराणसी मंडल का मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। कोर कमेटी ने यह जिम्मेदारी कृषि सेवा, कृषि प्रशिक्षण, समाज सेवा की जानकारी उपलब्ध कराने पर दी है। आकाशवाणी के कृषि जगत कार्यक्रम के अंतरवार्ताकार, कृषि अनुदेशक रहे स्व. राम प्रताप यादव के पुत्र और पूर्व विधायक स्व. राजर्षी प्रसाद यादव के भतीजे हैं। मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर पदाधिकारियों और किसानों ने उन्हें बधाई दी है।

चंडी महायज्ञ फरवरी में, शुरू हुई देवी भागवत कथा
मां कूष्मांडा दरबार में फरवरी में होने वाले 26वें चंडी महायज्ञ के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को श्रीमद् देवी भागवत कथा शुरू हुई। कथा प्रवक्ता कन्हैयालाल पांडेय ने पुराणों में वर्णित देवी दुर्गा के महात्म्य के बारे में विस्तार से बताया।

दुर्गाकुंड स्थित मंदिर में माता की पूजा हुई। ध्वजारोहण के बाद कथा शुरू हुई। कथाव्यास ने कहा कि माता को पुराणों में परम सत्य और ब्रह्मांड का शाश्वत स्रोत माना गया है। जिस घर में देवी भागवत का नित्य पूजा और श्रवण होता है, वह घर तीर्थ बन जाता है और वहां पाप टिक नहीं पाते हैं। सच्चे मन से श्रीमद् देवी भागवत कथा श्रवण करने वाले व्यक्ति के सभी जन्मों के पाप धुल जाते हैं। यह मानव कल्याण और मोक्ष प्राप्ति के लिए यह अमृत समान है। देवी उपासकों को मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। 

यज्ञकर्ता पं. रमेश महाराज ने बताया कि समृद्धि, शक्ति, आंतरिक शांति व आदिशक्ति देवी दुर्गा की विशेष कृपा के लिए 26वां चंडी महायज्ञ अगले वर्ष 11 फरवरी से शुरू होगा। इससे पूर्व 18 जनवरी तक कथाओं का क्रम चलेगा। देवी भागवत कथा के बाद श्रीमद् भागवत, शिव महापुराण सहित विविध कथाओं व आदिशक्ति ग्रन्थों का पाठ और देवी पूजन होगा। भक्तों में खिड़की प्रसाद का वितरण हुआ। पूजा व कथा श्रवण नीरज उपाध्याय, संजय अग्रहरि, रिशु गिरी, अजय गोयल, राजेश्वरी, उमेश मणि त्रिपाठी, संजय दुबे, अशोक कुमार आदि रहे।
विज्ञापन

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं न किया थानों का भ्रमण, देखा कामकाज
मिशन शक्ति 5.0 के तहत गुरुवार को राजकीय बालिका विद्यालय चोलापुर की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया गया। उधर, सेवापुरी ब्लॉक के लालपुर राजकीय हाईस्कूल की छात्राओं को विद्यालय में टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। चोलापुर की छात्राओं को थाने के उपनिरीक्षक जगदीश सिंह, राहुल यादव, संध्या जायसवाल ने एफआईआर दर्ज करना, अपराधियों को पकड़ना, कोर्ट में पेशी, प्रमुख हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया। छात्राओं से संवाद भी किया। 

अध्यक्षता प्रधानाचार्या डॉ. अनिता गिरि, संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉक्टर विशालाक्षी देवी, अर्चना चौबे ने किया। लालपुर राजकीय हाईस्कूल की छात्राओं को प्रधानाध्यापक रामाशंकर यादव ने हेल्पलाइन नंबरों को किन परिस्थितियों में और कैसे उपयोग करना है के बारे में बताया। आराजीलाइन ब्लॉक के प्रतापपुर गांव के राजकीय हाईस्कूल की प्रधानाध्यापिका रश्मि सारस्वत ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर के प्रयोग की विधि बताने के साथ-छात्राओं को जागरूक किया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें