Varanasi News in Hindi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव निवासी सेना में सूबेदार प्रहलाद यादव (50) की रविवार देर शाम दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। कुछ दिन पहले वह छुट्टी पूरी कर सेना मुख्यालय दिल्ली में ड्यूटी पर लौटे थे। शनिवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत और घबराहट हुई। साथी जवानों ने उन्हें सेना के बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
भाई जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रहलाद हाल ही में बड़ी बेटी प्रिया की शादी तय करने गांव आए थे। दो जगहों पर रिश्ता देखा गया था। चाहते थे कि रिटायरमेंट से पहले बेटी की शादी हो जाए। छह महीने बाद वह सेवानिवृत्त होने वाले थे। पत्नी पुष्पा, तीन बेटियां और बेटा है।
बीमारी से परेशान युवक ने कुंड में कूदकर की खुदकुशी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुरा के बकरियां कुंड में कूदकर नाजिम अली (35) ने खुदकुशी कर ली। सोमवार देर शाम शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि दोषीपुरा निवासी नाजिम अली लंबे समय से बीमार था। परिजनों के अनुसार, वह दोपहर 2 बजे घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू हुई। किसी ने सूचना दी कि बकरियां कुंड में कूदकर नाजिम ने खुदकुशी की है।
बिजली मिस्त्री की करंट की चपेट में आने से मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव निवासी बिजली मिस्त्री मुन्नालाल बिंद (40) की सोमवार रात उनकी ही दुकान में करंट लगने से मौत हो गई। दुकान में ही अचेतावस्था में पड़े मुन्नालाल को लोगों ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने रात को दाह संस्कार कर दिया। मुन्नालाल की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान थी। दुकान में वह बिजली का काम कर रहे थे। अचानक वह करंट की चपेट में आ गए और अचेत हो गए। एक ग्राहक दुकान पर पहुंचे तो परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों ने कोई सूचना नहीं दी है।
फव्वारे के टैंक में गिरने से युवक की मौत
कैंट थाना क्षेत्र के सैनिक चौराहे के पास बुधवार को घर के पास फव्वारा टैंक में गिरने से रबीश गुप्ता (35) की मौत हो गई। टैंक के पानी को निकलवाकर शव बाहर निकाला गया। उस समय घर में कोई नहीं था। बुधवार को चाची के दाह संस्कार के लिए परिजन श्मशान घाट गए थे। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सदर बाजार निवासी रबीश अत्यधिक शराब का सेवन करता था।
लोगों से पूछताछ में पता चला कि बुधवार को भी उसने शराब पी और फव्वारे के टैंक किनारे बैठा था। अचानक मुंह के बगल टैंक में जा गिरा। कुछ देर बाद जब आसपास के लोगों ने देखा तो परिजनों और पुलिस को फोन से सूचना दी। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मॉल में कर्मचारी के सिर पर सांप ने डसा, मौत
राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर में एक मॉल में मंगलवार शाम काम करते समय कर्मचारी अजय कुमार को सांप ने सिर में डस लिया। कछवा के क्रिश्चियन अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। परिजनों ने कपसेठी थाने में तहरीर दी है। कपसेठी थाना क्षेत्र के मटुका (ककरहवा) गांव निवासी अजय पटेल मॉल में काम करने गया था। इस बीच सांप ने उसे सिर में डंस लिया।
अजय के चीखने चिल्लाने पर सहयोगियों ने तुरंत सांप को मार दिया। इस बीच सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रात में मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय को 10 महीने की बेटी है। पत्नी खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। राजातालाब एसीपी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक अस्पताल में भर्ती विचाराधीन बंदी की हुई मौत
पांडेयपुर के मानसिक अस्पताल में भर्ती विचाराधीन बंदी निजामुद्दीन की बुधवार सुबह 9.30 बजे मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कैंट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शाहजहांपुर के बिसौली थाना क्षेत्र के संडिला निवासी निजामुद्दीन को कोर्ट के आदेश पर एक अगस्त 2025 को मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
जंसा थाना क्षेत्र में सरौनी गांव के सामने मंगलवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से 50 साल के शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस उसके शिनाख्त का प्रयास कर रही है। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि 11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस की चपेट में आने से शख्स की मौत हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हाईवे पर मवेशी से टकराई बाइक, एमआर की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर सोमवार रात मवेशी से टकराकर बाइक सवार दवा प्रतिनिधि (एमआर) अखिलेश सिंह (25) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इकलौते बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मुंबई से माता-पिता वाराणसी के लिए रवाना हुए। परिवार में मातम पसरा हुआ है। अखिलेश रात में शहर से घर लौट रहा था।
हाईवे पर भिखारीपुर गांव के पास अचानक उसकी बाइक के सामने मवेशी आ गया। ब्रेक लगाने पर अनियंत्रित होकर अखिलेश हाईवे पर गिर गया। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान अखिलेश ने दम तोड़ दिया। अखिलेश खालिसपुर में अपनी दादी के साथ रहता था। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार घायल, पत्नी की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार को वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पत्नी रन्नो देवी (35) की मौत हो गई। पति संतलाल घायल हो गए। मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के निगतपुर निवासी संतलाल और रन्नो बाइक से भदोही जा रहे थे। हाईवे पर अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग निकला। घायल दंपती को पुलिस ने मिर्जापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान रन्नो देवी की मौत हो गई।
पति का इलाज चल रहा है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। संतलाल को दो पुत्र और एक पुत्री है। हाईवे किनारे लगे सीसी कैमरे से वाहन का पता लगाया जा रहा है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वरुणा में मिला पत्नी का शव, फोन के लिए पति से हुआ था विवाद
जंसा थाना क्षेत्र के पेडुका गांव निवासी दुर्गावती देवी (25) का शव बुधवार रात लक्ष्मीपुर गांव में वरुणा नदी में उतराया मिला। 19 अक्तूबर की रात पति से नया मोबाइल लेने को लेकर विवाद के बाद दुर्गावती घर से लापता थी। गुमशुदगी का केस भी जंसा थाने में दर्ज कराया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दीपक बनवासी ने पुलिस को बताया कि मोबाइल लेने को लेकर दुर्गावती ने विवाद किया था। 20 अक्तूबर की सुबह उठा तो देखा कि दुर्गावती लापता थी। थाने में सूचना देने के साथ ही ससुराल सहित अन्य रिश्तेदारों के घर पूछा, लेकिन उसका पता नहीं चला। उसी रात गुमशुदगी दर्ज कराई।
बुधवार रात सूचना मिली कि लक्ष्मीपुर गांव के सामने वरुणा नदी में दुर्गावती का शव उतराया हुआ है। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि दो बच्चों की मां दुर्गावती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट को सकेगी।
रंजिश में नाती ने चचेरे दादा पर किया लाठी-डंडे से हमला, मौत; 4 पर केस
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरा रघुनाथपुर गांव में सोमवार रात रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान नाती ने लाठी-डंडे से चचेरे दादा पर हमला कर दिया। हमले में रामप्रकाश राजभर (60) की उपचार के दौरान मंगलवार को काजीसराय के निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने नाती समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिवप्रकाश राजभर ने पुलिस को बताया कि पट्टीदार कल्लू राजभर, गब्बर, जोगी और टुनटुन ने पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे से हमला किया। बीच-बचाव करने पर भाई रामप्रकाश राजभर पर हमला किया गया। उन्हें काफी चोट आई थी। आसपास के लोगों के आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी भाग निकले।
थाना प्रभारी फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि रामप्रकाश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चारों गिरफ्तारी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपी चचेरे भाई का नाती है। पहले दोनों पक्ष के नातियों में विवाद हुआ था। रात में कल्लू ने अपने साथियों के साथ रामप्रकाश पर हमला कर दिया था। संवाद
यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर जताई नाराजगी
एयरपोर्ट पर इंडिगो की ओर से इमरजेंसी लैंडिंग में कोलकाता-श्रीनगर विमान की तकनीकी जांच और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था करने में 5 घंटे 45 मिनट लग गए। रात 8.55 बजे 165 यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया। तकनीकी खराबी वाले विमान को एयरपोर्ट पर ग्राउंड कर दिया गया।
लंबे इंतजार के दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी जताई। हालांकि, स्थिति को संभालने के लिए एयरलाइंस की ओर से यात्रियों के अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार प्रभावित विमान की जांच जारी है। इसकी खराबी को दूर कर भेजा जाएगा।
रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, केस
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर के बरमपर बस्ती में बुधवार शाम रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पिटाई में घायल मैनेजर बिंद उर्फ (कल्लू) निवासी चक्रपानपुर ने पुलिस को बताया कि वह बाजार से घर लौट रहा था। पड़ोसी बबलू बिंद व उसके पुत्र ने लाठी और डंडे से हमला कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुजारी को मंदिर से हटाने पर दो पक्षों में नोकझोंक
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर के हनुमान मंदिर में पुजारी को हटाने पर ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर हंगामा और प्रदर्शन किया। पुजारी के पक्ष और विपक्ष के लोगों के बीच नोकझोंक हुई। मंदिर में पुजारी को आपत्तिजनक हालत में देख ग्रामीण भड़क गए और उन्हें हटाने की मांग की। कुछ लोगों ने पुजारी का सामान निकालकर बाहर फेंक दिया। नाराज पुजारी के समर्थकों ने विरोध जताया। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। शिवपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और थाने बुलाया। एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि फिलहाल शांति है। आरोपों की जांच कराई जा रही है।
सब्जी लेने गए युवक को मनबढ़ों ने पीटा
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा मंडी में सब्जी खरीदने गए उमेश मिश्रा की मनबढ़ों ने बुधवार सुबह पिटाई कर दी। चार अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया। असिला निवासी उमेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि मंडी के पास चार युवक शराब के नशे में धुत होकर आए और विवाद करने लगे। जब उन्हें टोका तो सभी ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेडशीट के विवाद में पति ने पत्नी का सिर फोड़ा
फूलपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में मंगलवार रात बेडशीट बदलने को लेकर पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। हमले में पत्नी का सिर फट गया। पत्नी की तहरीर पर पति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्रमिला पाल ने पुलिस को बताया कि रात में बेटी ने बिस्तर गंदा कर दिया। नाराज होकर पति चंद्रजीत पाल ने गालीगलौज की और ईंट से सिर पर हमला कर दिया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पति चंद्रजीत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मारपीट में तीन घायल, केस
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया के पलंग शहीद इलाके में सोमवार देर रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। असलम शेख ने पुलिस को बताया कि फारूक ने गालीगलौज और पिटाई की। जाहिर शेख और एलीना घायल हो गए। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि फारूख समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो पक्षों में मारपीट, छह लोग घायल
राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर के दलित बस्ती में मंगलवार की रात रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष से महिला समेत छह लोग घायल हो गए। पहले पक्ष के मुन्ना लाल और दूसरे पक्ष के शिवचंद के बीच गालीगलौज के बाद मारपीट हुई। थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि दोनों पक्ष से तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
दीपावली पर तीन जगहों पर मारपीट, पांच घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांव में दीपावली के दिन मारपीट हुई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बड़ागांव बाजार में जमीन के विवाद में संतोष कुमार की पिटाई की गई। संतोष ने रानू गुप्ता व पंकज तिवारी समेत अज्ञात पर केस दर्ज कराया। सोनपुरवा गांव में रंजिश को लेकर जोगिंदर की पट्टीदारों ने पिटाई कर दी।
घायल जोगिंदर की मां फुलदेई ने पिंटू, रिंकू और गुड्डू के खिलाफ केस दर्ज कराया। भीटी गांव में तीन सगे भाइयों उपेंद्र कुमार भास्कर, कौशलेंद्र और सतेंद्र की पिटाई की गई। आरोपी अमित, दीपक, सेचू और बेचू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सभी अलग अलग मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
छेड़खानी का विरोध करने पर भाई को पीटा, मुकदमा
सारनाथ के आनंदपुरी कॉलोनी, पहाड़िया के रहने वाले एक समुदाय के दो युवकों ने बुधवार रात छेड़खानी का विरोध करने पर भाई की पिटाई कर दी। पीड़िता ने छेड़छाड़ और जान से मारने की कोशिश समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। पीड़िता अपने भाई के साथ घर के दरवाजे पर बैठी थी।
इस बीच एक समुदाय के आठ से 10 युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। भाई ने विरोध किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि पहाड़िया निवासी अरमान व फैजान सहित 10 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जांच में रास्ते को लेकर पहले से विवाद की बात सामने आई है। पड़ताल की जा रही है।
घर से आभूषण चोरी, नौकरानी पर शक
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर एक्सटेंशन की रहने वाली सीमा गिनोडिया के घर में चोरी हो गई। पीड़िता सीमा ने पुलिस को बताया कि 9 से 18 अक्तूबर के बीच दीपावली की साफ-सफाई चल रही थी। इस बीच अलमारी को खोलकर आभूषण समेत अन्य सामान चोरी किया गया। सीमा ने संदेह जताया कि नौकरानी ने चोरी की है। उन्होंने बताया कि 25 से 30 लाख के कीमती गहने और आभूषण चोरी हुए हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिसकर्मियों से उलझा मनबढ़, शांति भंग में चालान
सारनाथ के आशापुर पुलिस चौकी पर मनबढ़ युवक ने पुलिसकर्मियों से मंगलवार को दुर्व्यवहार किया। आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया। आशापुर चौराहे पर एक पान की दुकान है। ऑटो चालक कुछ खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा और रुपये को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। दुकान पर बैठे अमौली (चौबेपुर) निवासी तुषार पांडेय ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी। ऑटो चालक की शिकायत पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी तुषार ने दुर्व्यवहार किया। थाना प्रभारी शिवानंद ने बताया कि मनबढ़ युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है।
गाड़ी में तोड़फोड़ करने वाले पर केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के फीलखाना गौरीगंज में शेख शम्स सुल्तान ने गाड़ी में तोड़फोड़ के आरोपी अमन और अज्ञात पर मंगलवार को केस दर्ज कराया। शेख शम्स सुल्तान ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक घर के बाहर शराब और सिगरेट पीता है। 21 अक्तूबर को भी यही कर रहा था। जब विरोध किया तो आरोपी ने पिटाई की और गाड़ी क्षतिग्रस्त की। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
पिता-पुत्र की पिटाई के मामले में मुकदमा दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के बालाजी एक्सटेंशन में उत्कर्ष प्रताप सिंह और पिता की पिटाई के मामले में मंगलवार को नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। उत्कर्ष ने पुलिस को बताया कि 19 अक्तूबर की दोपहर बालाजी से गुजर रहे थे। इस बीच ऋषिकेश पांडेय समेत अन्य आरोपियों ने मेरे साथ पिता और चाचा पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने घर की महिलाओं के साथ गालीगलौज और अभद्रता की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गैंगस्टर का आरोपी गिरफ्तार
गैंगस्टर एक्ट में वांछित चंद्रजीत विश्वकर्मा को चितईपुर पुलिस ने बुधवार को सुंदर बगिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी समेत अन्य आरोपों में चार केस दर्ज हैं। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंद्रजीत करौंदी का निवासी है।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता मिली
नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अगवा करने के मामले में आरोपी दीपक पटेल उर्फ सूजल को कैंट पुलिस ने बुधवार सुबह कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नौ के पास से गिरफ्तार किया। पीड़िता को भी पुलिस ने बरामद किया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फूलपुर थाना क्षेत्र के लखीमपुर झरिया का निवासी दिलीप पटेल उर्फ सूजल है। नाबालिग के परिजनों ने अगवा, पॉक्सो समेत दुष्कर्म के मामले में केस दर्ज कराया था।
कम पैसे में दूध नहीं देने पर पिता-पुत्र पर हमला
कपसेठी थाना क्षेत्र के भीटकुरी गांव में बुधवार को फास्ट फूड की दुकान पर मनबढ़ ने पिता-पुत्र को चाकू से वार कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
मेडिकल स्टोर के काउंटर का लॉकर तोड़कर चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के बेला बाजार में बुधवार दोपहर मेडिकल स्टोर की दुकान के काउंटर का लॉकर तोड़कर नकदी और अन्य कागजात चोरी हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। दानगंज निवासी पीड़ित हिमांशु विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका बेला बाजार में मेडिकल स्टोर है। दोपहर में एक मरीज के यहां चले गए। 2.30 बजे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि 23000 नकद, आधार कार्ड, ग्रीन कार्ड समेत अन्य कागजात चोरी हैं। डायल-112 पुलिस ने छानबीन की।
रंगदारी मांगने के आरोपी मनीष सिंह जंसा पर 25 हजार का इनाम
अभिनेत्री मनीषा कोईराला के सचिव अजीत देवानी, सैम्स के निदेशक आरके सिंह की हत्या के आरोपी मनीष सिंह जंसा पर अस्पताल संचालक से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में जंसा पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है। जंसा के जलालपुर में संचालित अर्पित अस्पताल के संचालक से एक करोड़ की रंगदारी मांगने पर मनीष के भाई सचिन सिंह को पुलिस ने 15 अक्तूबर को मुंबई के माटुंगा रोड से गिरफ्तार किया था।
रंगदारी के मुकदमे में मनीष सिंह वांछित है। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जंसा के दीनदासपुर निवासी मनीष सिंह और सचिन सिंह दोनों भाई हैं। 28 जुलाई को दोनों ने अस्पताल संचालक उदय वर्मा को फोन और व्हाट्सएप कॉल से एक करोड़ की रंगदारी मांगी। अस्पताल संचालक उदय वर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बनारस स्टेशन पर बनेगा आश्रय स्थल और पैसेंजर होल्डिंग एरिया
पूर्वोत्तर रेलवे बनारस सहित पूर्वांचल में 10 से ज्यादा छठ स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। इससे यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं छठ पर्व पर रेल यात्रियों की सुविधा के लिए बनारस रेलवे स्टेशन पर अस्थायी यात्री आश्रय स्थल और पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
इनमें यात्रियों की सभी सुविधाएं जैसे कि इलेक्ट्रिसिटी, बल्ब, पंखा, शुद्ध पेय जल, मोबाइल चार्जिंग, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, प्राथमिक चिकित्सा और गाड़ियों और जरूरी सूचनाओं की जानकारी के लिए जन संबोधन स्पीकर्स और वीडियो पैनलों के समुचित प्रबंध किए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया को वाहन फ्री रखने के लिए भी इंतजाम हैं। वहीं, गुरुवार से गाड़ी सं-01032 बनारस-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष गाड़ी बनारस से शाम 4 बजे चलाई जाएगी।
शुक्रवार और गुरुवार को बनारस से चलने वाली गाड़ी सं-01052 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष गाड़ी आज बनारस से 06:35 बजे वाया वाराणसी-प्रयागराज चलाई जाएगी। बृहस्पतिवार को गाजीपुर सिटी से चलने वाली गाड़ी सं-01432 गाजीपुर सिटी -पुणे स्पेशल ट्रेन आज रात 10:40 बजे रवाना होगी। गाड़ी सं-09041 उधना-बलिया स्पेशल ट्रेन को उधना से 6:40 बजे जाएगी। गाड़ी सं-05298 बलिया-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन बलिया से 13:00 बजे रवाना होगी।
दालमंडी से होकर गुजरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
दालमंडी : नहीं हुई संपत्तियों की जांच
दालमंड़ी चौड़ीकरण को लेकर 35 से अधिक संपत्ति के कागजात पीडब्ल्यूडी के पास आ गए हैं। इनकी जांच शुरू कराई गई थी। बुधवार और बृहस्पतिवार को अवकाश के चलते जांच आगे नहीं बढ़ पाई है। एक रजिस्ट्री प्रशासन की देखरेख में हुई है लेकिन अभी उसका नाम गोपनीय रखा गया है। साथ ही चौक थाने में खुले कैंप कार्यालय भी बंद चल रहा है। दालमंडी में नोटिस कुछ चस्पा हैं जबकि कुछ फट गए हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जब कार्यालय खुलेंगे तो संपत्ति की जांच कराई जाएगी। सभी पक्षों को सुनने के बाद चौड़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
रोपवे की बिजली का तार भूमिगत करने के लिए खोदी गईं सड़कें
रोपवे निर्माण कार्य के तहत बिजली की तारों को बिछाने का चल रहा है। इस कारण से चंदुआ सट्टी के सामने की सड़कें खोदी गई हैं। यहां पर विद्यापीठ स्टेशन है। इसी प्रकार गिरजाघर, गोदौलिया, रथयात्रा और कैंट स्टेशन पर काम चल रहा है। जहां काम चल रहा है वहां की सड़कें खोदी गई हैं। जिनका निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। दरअसल यहां बिजली की आपूर्ति बेहतर करने के लिए तारों को भूमिगत किया जा रहा है। इसके लिए चारों तरफ की सड़कें खोदी गई हैं।
कई जगहों पर चैंबर बनाए गए हैं ताकि किसी प्रकार की खराबी आने पर उनकी मरम्मत कराई जा सके। इसके अलावा भूमिगत तारों की सुरक्षा के लिए उन्हें प्लास्टिक की पाइपों में डाला गया है ताकि किसी प्रकार की स्पार्किंग का खतरा न हो। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार जैसे ही बिजली की तारों का काम पूरा होगा वैसे ही सड़क निर्माण काम शुरू हो जाएगा।
Varanasi court
- फोटो : अमर उजाला
ज्ञानवापी : आज आ सकता है आदेश
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में शृंगार गौरी और ज्ञानवापी के सील वजूखाने के ताले में लगे कपड़े बदलने के मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है। मामले में बृहस्पतिवार को आदेश आ सकता है। वाराणसी जिला प्रशासन की तरफ से पुराने कपड़े बदलने की अर्जी लगाई गई है। कहा गया है कि कपड़ा फट गया है। इसे बदलना जरूरी है।
पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई आज
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक भावना भारती की अदालत में बृहस्पतिवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे की सुनवाई होगी। स्वर्गीय हरिहर पांडेय की बेटियों ने पक्षकार बनने से संबंधित वाद में संशोधन की अर्जी दी है। बृहस्पतिवार को वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की तरफ से बहस की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं पर परिवाद में सुनवाई आज
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य सहयोगियों के खिलाफ परिवाद दर्ज किए जाने के मामले में गुरुवार को सुनवाई होगी। यह मामला अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ एमपी, एमएलए की अदालत में विचाराधीन है।
रेलवे ने बनाए 31 नए टिकट काउंटर
त्योहार बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि वाराणसी में 31 अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं। चार अतिरिक्त ट्रेनें लखनऊ मंडल से दिल्ली, बिहार आदि जगहों के लिए चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 23 अक्तूबर को लखनऊ से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 04235 लखनऊ-शकूरबस्ती (दिल्ली) और 04231 लखनऊ-चंडीगढ़ सुपरफास्ट स्पेशल में कुछ सीटें खाली हैं।
सफाई के लिए 1533 पर करें फोन
शहर में साफ सफाई, सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क आदि से जुड़ी समस्या के लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम 1533 को एक्टिव किया है। स्मार्ट सिटी के त्रिनेत्र भवन में खुले इस कंट्रोल रूम में शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, जो किसी भी सूचना का समाधान कराएं। 1533 नंबर पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
'काशी के बारह आदित्य' पुस्तक का हुआ लोकार्पण
पर्यटन एवं विरासत यात्रा के विशेषज्ञ अखिलेश कुमार और जैनेंद्र राय की पुस्तक ‘काशी के बारह आदित्य’ का लोकार्पण बुधवार को अस्सी घाट स्थित एक होटल में श्रीसंकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने किया।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक न केवल काशीवासियों के लिए नहीं बल्कि छात्रों और पर्यटकों के लिए भी उपयोगी है। इस दौरान डॉ. राजेश्वर आचार्य, प्रो. ऋत्विक सान्याल, एस. सुपकार भी शामिल रहे। सभी ने लेखक द्वय के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इंटैक वाराणसी चैप्टर की ओर से प्रकाशित इस पुस्तक की सराहना इंटैक वाराणसी के संयोजक अशोक कपूर ने भी की। अखिलेश कुमार और जैनेंद्र राय ने बताया कि काशी में सूर्य या आदित्य से जुड़े बारह मंदिर हैं।
IIT BHU
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू में आज खुलेगी एआई लैब
आईआईटी बीएचयू में बृहस्पतिवार को कोफोर्ज डेटा एआई लैब का उद्घाटन होगा। इसके तहत संस्थान के आईडीएपीटी बिल्डिंग में इंडस्ट्री-एकेडमिक सहयोग के तहत छात्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें युवा उद्यम से जोड़कर एक स्थायी और भविष्य-केंद्रित मॉडल बनाने का वातावरण दिया जाएगा। संस्थान के 980 वर्ग फीट में बनी इस प्रयोगशाला में हाईलेवल एप्पल डेस्कटॉप, एज्योर क्लाउड एक्सेस, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं और पर्सिपियो के माध्यम से क्यूरेटेड लर्निंग मॉड्यूल की सुविधा होगी।
छोटे-छोटे विवाद में महिलाएं न लगाएं कोर्ट के चक्कर
घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद जैसे मामलों में महिलाओं को न्याय के लिए बार-बार कोर्ट के चक्कर न लगाने पड़े। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों और काउंसलरों को इस दिशा में निर्देशित किया है।
कहा कि महिलाओं की समस्याओं को पहले स्थानीय स्तर पर बातचीत और समझौते से सुलझाने की कोशिश की जाए। आयोग की सदस्य का कहना है कि कई बार मामूली पारिवारिक मतभेद या आर्थिक तकरार कानूनी लड़ाई का रूप ले लेती है। महिला समेत पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट में पड़ जाता है। ऐसे मामलों में प्रारंभिक स्तर पर बातचीत कर समाधान निकालना ही प्रभावी है।
गीता विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि हर पीड़िता के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जाए। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और अन्य छोटे-छोटे मामलों में महिला पुलिस, काउंसलर और समाजसेवी संगठनों की संयुक्त टीम बनाकर समन्वय से काम किया जाए ताकि किसी भी महिला को न्याय के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े।
अमर शहीद अशफाक को अधिवक्ताओं ने किया याद
अमर शहीद अशफाक उल्ला खां की 125वीं जयंती बुधवार को कचहरी में अधिवक्ताओं ने मनाई। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद ने कहा कि अशफाक शाहजहांपुर के रहनेवाले थे। वे तैराकी, घुड़सवारी, क्रिकेट, हाकी खेलने तथा बंदूक चलाने में प्रवीण थे। पं. रामप्रसाद बिस्मिल से इनकी बचपन से ही दोस्ती थी। वे बहुत अच्छे कवि भी थे। इस मौके पर विनोद पांडेय, आशीष सिंह, ऋषिकांत सिंह, सर्वजीत सिंह आदि रहे।
दीप मालिका ने दिया पंच परिवर्तन का संदेश : रामाशीष
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी दक्षिण भाग के माधव मार्केट लंका स्थित विश्व संवाद केंद्र में दीपावली की धूम रही। प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य रामाशीष ने लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया। इस अवसर पर कार्यालय के मुख्य द्वार पर स्वयंसेवकों की ओर से बनाई गई अखंड भारत की रंगोली पंच प्रण का संदेश दे रही थी। संघ के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन ने समाज को जागरूक करने की योजना है। पूजन के बाद मिठाई बांटी गई। इस अवसर पर काशी प्रांत के सह प्रांत संपर्क प्रमुख अजीत, कार्यालय प्रमुख जागेश्वर मौजूद रहे।
यूनिक एकेडमी को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान
यूनिक एकेडमी ने एक बार फिर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। विद्यालय को एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल ग्रैंड जूरी रैंकिंग 2025-26 अवॉर्ड के तहत हाई हैप्पीनेस एंड वेलबीइंग चैंपियन श्रेणी में सम्मानित किया गया है। इस श्रेणी में यूनिक एकेडमी ने पूरे भारत में चौथा रथान, उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर गौरव हासिल किया है। यह पुरस्कार विद्यालय के निर्देशक करण सिंह और निधि भाटिया ने नई दिल्ली स्थित होटल में आयोजित भव्य समारोह में ग्रहण किया। चेयरमैन आरएस भाटिया और फाउंडर डायरेक्टर डॉली भाटिया ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ को दिया है।
वित्तविहीन शिक्षकों का एक संगठन आरपी सिंह बनाए गए प्रदेश अध्यक्ष
शिक्षक एमएलसी चुनाव 2026 से पहले वित्तविहीन शिक्षकों ने बड़ा उलटफेर करते हुए बुधवार को एक संगठन की घोषणा की। प्रदेश के सबसे बड़े उप्र वित्तविहीन महासभा के सभी संगठनों का संयुक्त संगठन बनाया। इस दौरान आरपी सिंह को सर्वसम्मति से संगठन का प्रदेश अध्यक्ष नामित किया गया। आठ जिलों में विधान परिषद चुनाव में मतदाता और वित्तविहीन कॉलेजों के शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रभारियों का चयन किया गया।
वहीं, चुनाव में अहम भूमिका निभाने और छोटे संगठनों को विलय करने पर भी मंथन किया। शिक्षक नेता ऋतिका दुबे ने पूरे चुनाव का व्यापक ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उप्र में पिछले कई चुनाव में गुटबाजी झेल रहे शिक्षक अब एक मंच पर होंगे। आठ जनपदों के उप्र वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षकों ने राजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व को स्वीकार किया।
जनसंपर्क कार्यालय में विधायक ने की सुनवाई
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को गुरुधाम स्थित प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की व्यक्तिगत, सामाजिक और क्षेत्रीय समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक हुई। इस मौके पर कुशाग्र श्रीवास्तव, रितिक, वैभव मिश्रा आदि मौजूद रहे।
वेद मंदिर में फ्रांस की कार्लो ने की पूजा
सामनेघाट स्थित तारानगर कॉलोनी के वेद मंदिर में बुधवार को फ्रांस की कार्लो गेमपिड पहुंचीं। वैदिक एजुकेशनल सोसाइटी रिसर्च सोसाइटी के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य पं. शिवपूजन शास्त्री के सानिध्य उन्होंने भगवान श्रीगणेश-लक्ष्मी का विधिवत पूजन किया। कार्लो गेमपिड ने कहा कि सनातन संस्कृति हमेशा शांति और सद्भाव का संदेश देती है। इस दौरान पं. जितेश शुक्ल का सम्मान हुआ। इस मौके पर आचार्य सुनील शास्त्री, राजीव रंजन तिवारी, राधाकृष्ण तिवारी, जयप्रकाश चतुर्वेदी, वाचस्पति पांडेय आदि रहे।
रामलीला की नृत्यनाटिका के साथ मनाई दीपावली
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से मड़ौली में पारिवारिक दिवाली उत्सव का आयोजन हुआ। सदस्यों ने दीप जलाए और माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा की। आतिशबाजी कर विविध मनोरंजन कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। डॉ. दिव्या के निर्देशन में कलाकारों की टीम नृत्य नाटिका से रामलीला और राम राज्याभिषेक की झांकी पेश की। शुभम सोनेजा ने गेम्स से मनोरंजन किया। पूर्व मंडल अध्यक्ष वीएन सिंह और संजय अग्रवाल ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। अध्यक्ष राजेश भाटिया ने सभी को दीपावली की बधाई दी। रोहित पाठक, राकेश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, ऋषभ अग्रवाल आदि रहे।
रामपुर में लगा विजयदशमी का मेला
रामपुर का प्रसिद्ध विजयादशमी मेला मंगलवार को उल्लास के साथ मनाया गया। भरत मिलाप की झांकी देखकर लोग भावविभोर हो उठे। लोगों ने मेला का लुत्फ उठाया।श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान की झांकी निकली। झांकी दर्शन और पूजन कर आशीर्वाद लिया। रामलीला मैदान में राजगद्दी की लीला के साथ ही लीला का समापन हुआ।
श्याम प्रभु की निकली शोभायात्रा
श्री श्याम मंडल की ओर से मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से श्री श्याम निशान यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंची, जहां प्रभु के चरणों में पताका अर्पण की गई। श्याम चालीसा का पाठ हुआ। शोभायात्रा में पवन अग्रवाल, कृष्ण कुमार काबरा, रवि कानोडिया, मुकेश गाड़ोदिया, पवन पांडेय, जागृति गाड़ोदिया, सुरेश तुलस्यान आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम के दाैरान अतिथिगण।
- फोटो : अमर उजाला
व्यापारियों ने ऑनलाइन व्यापार बंद करने को उठाई आवाज
वाराणसी व्यापार मंडल से संबद्ध काशी बिस्कुट कंफेक्शनरी व्यापार मंडल की ओर से बुधवार को महमूरगंज स्थित लॉन में दीपावली महोत्सव हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप आग्रहरि, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केके त्रिपाठी थे। अध्यक्षता वाराणसी व्यापार मंडल अध्यक्ष व काशी बिस्कुट कंफेक्शनरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने की।
महामंत्री कविंद्र जायसवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश निरंकारी ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां त्योहारी सीजन में भारी डिस्काउंट और ऑफर देकर खुदरा व्यापारियों को खत्म करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी और अन्य विभागीय उत्पीड़न से छोटे व्यापारी त्रस्त हैं, जिससे कुटीर और लघु उद्योगों पर संकट गहराता जा रहा है।
अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का बहिष्कार करें और अपने ग्राहकों को प्रतिस्पर्धी दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला सामान उपलब्ध कराएं। रमेश निरंकारी, दीप्तिमान देव गुप्ता, विकास गुप्ता, सुशील लखमणि, विश्वनाथ दुबे, दीप्तिमान देव गुप्ता, मनीष गुप्ता, राजीव वर्मा, नीलिमा चौबे, हुमा बानो, प्रिया अग्रवाल ने विचार रखे। संचालन रमेश निरंकारी ने किया।
31 जोड़ों ने की श्रीयंत्र पूजा, 21 प्रकार की औषधियों से हुआ हवन
युवा अग्रवाल सम्मेलन की ओर से पांच दिवसीय श्री महालक्ष्मी पूजन में स्थापित पंच प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन में भी अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज टाउनहाॅल में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महाबली हनुमान की आराधना की गई। श्रीमानस मंडल चौखंभा की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत प्रचारक रमेश ने दर्शन पूजन कर समृद्धि की कामना की। 31 जोड़ों ने श्रीयंत्र पूजन किया।
पं. विकास महाराज और पांच ब्राह्मणों ने सूर्यास्त पूर्व अरणी मंथन से अग्नि प्रज्ज्वलित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की। 21 प्रकार की औषधियों से हवन किया। हवन सामग्री से सवा लाख आहुतियां डाली गई। संचालन सुयश अग्रवाल और अमित अग्रवाल ने किया। पूजा में अर्चना अमरचंद अग्रवाल, दीपा सौरभ अग्रवाल, अमित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल आदि शामिल रहे।
श्री काशी विश्वनाथ धाम।
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में नौ दिवसीय यज्ञानुष्ठान कल से
तेलंगाना की संस्था श्रीपाराशर वैदिक आगम वेद शास्त्र परिषद की ओर से राष्ट्र की सुख समृद्धि और एवं विश्व कल्याण के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में 24 अक्तूबर से एक नवंबर तक यज्ञानुष्ठान होगा। इसे यज्ञों वै विष्णु: का नाम दिया गया है। आयोजन में दक्षिण भारत के विद्वान शामिल होंगे। भारतीय ऋषि वैभव और तेलुगु भाषा के साहित्य व कला पर विमर्श करने के लिए तेलुगु वैभव का भी आयोजन होगा। इस दौरान पहली बार एक किलो को स्वर्ण नाग भी बाबा विश्वनाथ को अर्पित किया जाएगा।
मुख्य संयोजक व आचार्य पं. जगन्नाथ शास्त्री ने बताया कि काशी में पहली बार राष्ट्र को धन-धान्य से समृद्ध करने के लिए माता लक्ष्मी के अनुग्रह से एक लाख बिल्व फल से वैदिक यज्ञ होगा। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम से आए 11 वैदिक ब्राह्मण रोज एक लाख 116 हवन करेंगे। यज्ञ कॉरिडोर स्थित श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर के सामने होगा। अनुष्ठान सुबह आठ बजे शुरू हो जाएंगे। सामूहिक गणपति पूजा, दीक्षा समारोह, कंकण पहनना और गणपति व्रत के यज्ञ होगा। 30 अक्तूबर को काशी में पहली बार श्रीवेंकटेश्वर स्वामी और श्रीपद्मावती अलीमेलुमंगा का विवाह उत्सव भी मनाया जाएगा।
एक नवंबर को सभी वैदिक अनुष्ठान की महापूर्णाहुति होगी। नौ दिवसीय अनुष्ठान में पुष्पगिरि पीठाधीधिपति अभिनवोद्दंड विद्या शंकर भारती, अमृतानंद सरस्वती स्वामी, डॉ. सामवेद षणमुख शर्मा, राधा मनोहर दास आदि शामिल होंगे। इस दौरान प्राचीन ऋषियों एवं वैदिक संस्कृति पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रतिदिन शाम को दक्षिण भारत के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुति होगी।
बरेका में आधार पंजीकरण के बाद मिलेगा प्रवेश
बरेका के सूर्य सरोवर पर छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रती महिलाओं ने पूजा वेदी का निर्माण शुरू कर दिया है। छठ पूजा समिति ने सरोवर के चारों तरफ सफाई के अलावा भीड़ नियंत्रण के लिए पास वितरण शुरू कर दिया है। छठ पूजा पर भीड़ नियंत्रण को देखते हुए प्रवेश पास वितरण किया जा रहा है। छठ पूजा समिति की ओर से 26 अक्तूबर को शाम 5:30 बजे सरोवर की प्राण प्रतिष्ठा होगी।
27 अक्तूबर को शाम 4:35 बजे मुख्य अतिथि सरोवर पूजन करेंगे। रात 10 बजे से 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। समिति के आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि व्रतियों से आधार कार्ड के साथ आकर पंजीकरण के बाद प्रवेश पास प्राप्त करने का अनुरोध किया गया है। पास का वितरण 25 अक्तूबर तक सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक सूर्य सरोवर बरेका पर होगा।