फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: ज्ञानवापी...वाद मित्र ने की बहस, तहसील के अनुसेवक की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sat, 29 Nov 2025 06:00 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी अदालत में ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के मामले में सुनवाई हुई। अदालत ने साक्ष्यों को देखा और दलीलें सुनीं। अब तीन दिसंबर को सुनवाई होगी। वहीं, पिंडरा तहसील के संग्रह अनुसेवक पद की मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में शुक्रवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के मामले में सुनवाई हुई। अदालत ने साक्ष्यों को देखा और दलीलें सुनीं। इसके बाद सुनवाई की अगली तिथि तीन दिसंबर तय कर दी। मामले में वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से बहस की गई। वाद मित्र ने कहा कि वादी रहे स्वर्गीय हरिहर पांडेय के आवेदन के आधार पर 11 अक्तूबर 2019 को वाद मित्र और वादी संख्या पांच बनाया गया था। बेटियों की ओर से दाखिल अर्जी पोषणीय नहीं है।

विज्ञापन


हृदयगति रुकने से पिंडरा तहसील के अनुसेवक की मौत
पिंडरा तहसील में संग्रह अनुसेवक पद पर कार्यरत समर बहादुर (52) की बृहस्पतिवार की रात्रि में हृदयगति रुकने से मौत हो गई। अनुसेवक के निधन पर तहसील में शोक की लहर दौड़ गई। भदोही निवासी समर बहादुर को बृहस्पतिवार को शाम 5 बजे बेचैनी होने व सांस लेने में परेशानी होने पर पिंडरा पीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा इलाज के दौरान हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार न होने पर रात 11 बजे बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। बीएचयू पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। निधन पर शुक्रवार को शोक सभा हुई। इस दौरान एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, प्राची केसरवानी मौजूद रहे।

डिलीवरी बॉय पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला के तीन आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के समीप मंगलवार की रात डिलीवरी बॉय आलोक कुमार सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला के मामले में दो आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार किया। इस दौरान एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया। आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी निखिल विश्वकर्मा और शिव राजभर ने ही प्रेम प्रसंग की बात पर आलोक पर हमला किया था।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित आलोक और निखिल दोनों पूर्व में दोस्त थे और एक ही कंपनी में काम करते थे। घटना वाली रात दोस्त निखिल विश्वकर्मा, शिव राजभर और नाबालिग के साथ खजूरी स्थित साइन सिटी के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। चर्चा के दौरान बात प्रेम-प्रसंग पर पहुंची। निखिल विश्वकर्मा ने अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया, जिस पर आलोक ने मजाक में कहा कि वह भी उसकी गर्लफ्रेंड से बात करता है। इसी बात से आक्रोशित निखिल ने धारदार हथियार से आलोक के गले पर हमला कर दिया। घायल आलोक को अधमरा छोड़कर तीनों मौके से भाग गए थे।

कर्मचारी को मनबढ़ों ने पीटा, प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के एग्रो पार्क करखियाव स्थित कंपनी के कर्मचारी अखिलेश कुमार की मनबढ़ों ने बृहस्पतिवार की रात रामपुर-कुआर मार्ग पर पिटाई कर दी। पीड़ित ने छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बर्जी गांव निवासी अखिलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि रामपुर-कुआर मार्ग पर पहुंचा था कि छह से सात की संख्या में मनबढ़ों ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

सड़क पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर मारपीट, तीन पर प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के महामनापुरी कॉलोनी में गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों में बृहस्पतिवार की रात मारपीट हो गई। पीड़ित संजीव पांडेय ने पड़ोसी अशोक सिंह पटेल, सोनू, रवि पटेल समेत अज्ञात के खिलाफ मारपीट, धमकी समेत अन्य आरोपों में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। 

पीड़ित संजीव पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर अपनी गाड़ी खड़ी किए थे। घर के बाहर सड़क पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर बगल में रहने वाले अशोक सिंह पटेल, सोनू पटेल, रवि पटेल सहित 15 अज्ञात युवक घर में घुस गए। पिटाई के बाद तोड़फोड़ करने की धमकी दिए। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पत्नी की पिटाई मामले में पति पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधीपुर मोहल्ले में नमिता मिश्रा ने पति अखिलेश उपाध्याय पर पिटाई का आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को अपने मिर्जापुर स्थित ससुराल में थी। इस दौरान पति अखिलेश उपाध्याय पहुंचा और बिना कारण छोटे बच्चों की पिटाई करने लगा। 

बच्चों की पिटाई का विरोध करने पर आरोपी ने मुझे भी बेरहमी से पीटा। बुरी तरह से पीड़िता को भी पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना जिवधीपुर में रहने वाले भाई को दी। भाई के साथ मायके आ गईं। तब से पति धमकी भी दे रहा है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। 

खाना बनाते समय गैस लीक से ट्रक में लगी आग
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां बाजार के पास शुक्रवार की शाम पेट्रोल पंप के सामने ट्रक के केबिन में खाना पकाते समय गैस लीकेज से आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक फायर ब्रिगेड भी पहुंची। गाजीपुर से ट्रक वाराणसी शहर की ओर जा रही थी। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ। 

बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी घायल,प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसां गांव के समीप शुक्रवार की शाम बाइक की टक्कर से सुप्रिया सिंह और उनकी बेटी स्वेच्छा सिंह घायल हो गई। डायल-112 की पुलिस ने घायल मां-बेटी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बर्थरा कलां गांव निवासी सुप्रिया सिंह 38 वर्ष बाल विकास परियोजना में कार्यरत हैं। ड्यूटी खत्म कर बेटी स्वेच्छा सिंह 14 वर्ष के साथ आशापुर से घर लौट रही थी। चुकहां गांव निवासी पुनवासी राजभर की बाइक से टक्कर हो गई। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

तीनों तहसीलों में लेखपालों ने दिया धरना
फतेहपुर में एसआईआर कार्यक्रम में लगे लेखपाल सुधीर की आत्महत्या करने के विरोध में शुक्रवार को लेखपाल लामबंद हो गए। जिले के तीनों तहसीलों में लेखपालों ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि मृतक लेखपाल को न्याय नहीं मिला तो व्यापक आंदोलन करेंगे। लेखपालों के इस धरने का कांग्रेस ने समर्थन किया। लेखपाल संघ द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबै के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और प्रदर्शन का समर्थन किया। कार्यक्रम में सतनाम सिंह, अशोक सिंह, संतोष चौरसिया, गोपाल चौबे, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

शिवपुर सदर तहसील में अध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, तहसील मंत्री श्यामानंद सागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार कन्नौजिया ने धरना दिया। वहीं, राजातालाब तहसील में लेखपालों ने धरना दिया। जिला अध्यक्ष मानसिंह ने कहा कि लेखपालों का प्रताड़ित किया जा रहा है। 

कहा कि अधिकारी दबाव बनाकर काम करना चाहते हैं जबकि लेखपाल नियमानुसार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फतेहपुर में आत्महत्या करने वाले लेखपाल के परिवार को 50 लख रुपए का मुआवजा दिया जाए। पिंडरा तहसील के लेखपाल पूरे दिन धरने पर बैठे रहे। लेखपालों ने मांग की कि मृतक लेखपाल को एक माह के बराबर वेतन देने और एसआईआर की समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की। 

अतिक्रमण हटाकर पांडेयपुर में बनेगी ऑटो पार्किंग
पीडब्ल्यूडी की ओर से की जा रही पांडेयपुर चौराहा रोड चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया। शुक्रवार को नगर आयुक्त ने निर्देशित किया गया कि पांडेयपुर चौराहा स्थित गुरु नानक स्वीट, दूध सट्टी के पास ठेला, गुमटी, विभिन्न प्रकार के वाहन खड़ा कर मार्ग अतिक्रमण करने से यातायात जहां बाधित हो रहा है। वहां ऑटो पार्किंग स्थल बनाया जाए। इसी क्रम में पांडेयपुर चौराहे से सारनाथ और आजमगढ़ मार्ग की तरफ भी ऑटो पार्किंग स्थल चिह्नित करते हुए इस संदर्भ में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

शादी से लौट रहे युवक की पिटाई, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुसही गांव में शादी से लौट रहे आशीष पटेल की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। सोमवार की रात घटना के बाबत पीड़ित की मां फूलपत्ति देवी ने तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। भरतपुर निवासी पीड़िता फूलपत्ति देवी ने पुलिस को बताया कि बेटे को कुसही गांव के ही सचिन गौड़, मोहर पटेल, बब्बू समेत अज्ञात ने मारा। उसके गले के सोने का लॉकेट तोड़ दिया। जेब में रखे लगभग 2500 रुपये लूट लिए। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सपा सांसद ने कफ सिरप मामले की सीबीआई जांच की मांग की
कफ सिरप मामले में कई सफेदपोश शामिल हैं। इस मामले की सीबीआई जांच हो या फिर किसी जज से चाहे वह सेवा में हो या सेवानृवित्त, उनसे निष्पक्ष जांच कराई जाए। ये बातें शुक्रवार को चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता में कहीं।उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में ही यह सिंडीकेट वाराणसी में फल-फूल रहा है। 

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किया गया अमित सिंह टाटा तो सिर्फ प्यादा है। इसमें कई अधिकारी और नेता शामिल हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि इस मामले को एक दिसंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र में उठाएंगे। एसआईआर काे लेकर सांसद ने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भाजपा नई परंपरा लाई है। 2014 से लेकर 2024 तक के सभी चुनाव उसी मतदाता सूची के आधार पर हुए। ऐसे में इस मतदाता सूची से चुने हुए हर जनप्रतिनिधि को इस्तीफा दे देना चाहिए।

अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, अपहर्ता बरामद
किशोरी के अपहरण के आरोपी साहिल को जंसा पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात परमपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से अपहर्ता बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी जौनपुर के मछलीशहर का रहने वाला है। 23 नवंबर को दर्ज अपहरण की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

आदर्श ढाबा में बेची जा रही थी शराब, ढाबा मालिक गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के करनाडाडी स्थित आदर्श ढाबा पर बिना लाइसेंस शराब परोसने और बेचने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात ढाबा मालिक सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया। होटल से पुलिस ने 12 शीशी अंग्रेजी शराब और 21 बियर केन बरामद किया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार ढाबा मालिक जगतपुर निवासी सुभाष सिंह है। ग्राहकों को बिना लाइसेंस शराब और बियर परोसा जाता था। अन्य ढाबों के बारे में भी सूचनाएं मिली हैं, सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

रामपुर मार्ग पर नाला ओवरफ्लो होने से यातायात प्रभावित
जाल्हूपुर-विशुनपुरा से रमनारामपुर गांव जाने वाले मार्ग पर नाला ओवरफ्लो कर रहा है। इससे यहां पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इस मार्ग पर काली माता का प्राचीन मंदिर है। इस मार्ग से सटा पुराना नाला है। जाम होने के चलते पानी आगे बढ़ रहा है। बस्तियों से निकलने वाला सीवर सड़क पर फैल रहा है। ग्रामीणों का इसी रास्ते आना-जाना होता है।

गांव के लोगों ने अधिकारियों के यहां काफी गुहार लगाई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई तो ब्लाॅक कार्यालय से बिना मौके पर गए गलत रिपोर्ट लगा दी गई। मां काली मंदिर के मन्दिर के पुजारी महाबली मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक से अनुरोध किया। उन्होंने आश्वासन भी दिया लेकिन अभी तक समस्या दूर नहीं हुई। 

जिला स्तरीय रग्बी फुटबाॅल प्रतियोगिता में वाराणसी क्लब की जीत
वाराणसी क्लब ने जिला स्तरीय रग्बी फुटबाॅल प्रतियोगिता में गोल्डन क्लब को एक ट्राई से पराजित कर दिया। वाराणसी क्लब की ओर से तान्या पटेल ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। छोर से जोरदार प्रदर्शन करते हुए ट्राई कर वाराणसी क्लब को बढ़त दिला दी। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने शुरू से तेज खेल का प्रदर्शन किया। वाराणसी क्लब की असीमा यादव, काजल चौहान सानिया की तिकड़ी ने कई बार गोल्डन क्लब की डिफेंस लाइन की परीक्षा ली। गोल्डन क्लब की स्नेहा, सृष्टि पटेल और नेहा ने जोरदार काउंटर अटैक किया।

काशी विद्यापीठ के कुलानुशासक समेत दो शिक्षक सम्मानित
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से आयोजित समारोह में काशी विद्यापीठ के कुलानुशासक प्रो. केके सिंह को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मनोविज्ञान विभाग के शिक्षक और डिप्लोमा इन म्यूजिक थेरेपी के समन्वयक डॉ. दुर्गेश उपाध्याय का भी सम्मान हुआ। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों को सराहा। कार्यक्रम में डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, प्रो. अनुराधा राय, प्रो. रश्मि सिंह, प्रो. वंदना पांडेय आदि मौजूद रहे।

सीटीजी से मिलेगी जन्म से पहले बच्चे में हृदय गति की सही जानकारी
आईएमएस बीएचयू के स्त्री रोग विभाग की ओर से दो दिन तक सीटीजी यानी कार्डियोटोकोग्राफ की मास्टर क्लास चलेगी। इस दौरान प्रो. एडविन चंद्रहारण रेजिडेंट डॉक्टरों को प्रसव के दौरान सीटीजी की मदद से पेट में पल रहे बच्चे के हृदय गति जानने की तकनीक बताएंगे।

स्त्री रोग विभाग की प्रो. उमा पांडेय और आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने बताया कि इस तरह की मास्टरक्लास पहली बार चलेगी। इसका लाभ डॉक्टरों को मिलेगा। प्रो. उमा पांडेय ने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होने वाले आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कार्डियोटोकोग्राफ (सीटीजी) का उपयोग प्रसव के दौरान गर्भाशय संकुचन के प्रति भ्रूण की हृदय गति में होने वाले परिवर्तनों को रिकॉर्ड करने के लिए किया जाता है। आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने इस तरह के कार्यक्रमों को डॉक्टरों के लिए बहुत उपयोगी बताया। इस दौरान प्रो. अंजलि रानी भी मौजूद रही।

मिर्जामुराद-मार्कंडेय धाम की ई-बस सेवा बंद, श्रद्धालु परेशान
मिर्जामुराद बस स्टेशन से कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर तक चलने वाली ई-बस सेवा बंद किए जाने से स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से चलाई जा रही इस बस सेवा से प्रति माह हजारों श्रद्धालुओं को लाभ मिलता था। मिर्जामुराद, कछवां और राजातालाब क्षेत्र के हजारों लोग इस बस के जरिये मात्र 45 रुपये किराये पर मंदिर दर्शन के लिए आसानी से पहुंचते थे। 

नगरीय परिवहन निदेशालय के आदेश पर इस सेवा को बंद कर दिया गया है। इसके बाद से श्रद्धालुओं को मार्कंडेय महादेव मंदिर जाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनकी जेब पर काफी असर पड़ रहा है। 

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के एमडी परशुराम पांडेय का कहना है कि नगरीय परिवहन निदेशालय ने बीते 10 नवंबर को सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की बसों को शहरी सीमा में ही चलाने के निर्देश दिए हैं। कैथी में स्थित मार्कंडेय महादेव धाम शहरी सीमा से बाहर पड़ता है, इसलिए यह सेवा फिलहाल अगले आदेश तक रोक दी गई है। 

आशुतोष भारतीय रेलवे महिला बास्केटबॉल टीम के कोच बने
जिले के बास्केटबॉल प्रशिक्षक आशुतोष कुमार सिंह को भारतीय रेल की महिला बास्केटबॉल टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता तमिलनाडु में आयोजित होगी। आशुतोष कुमार प्रतिभाग करने वाली भारतीय रेलवे की महिला टीम को सिकंदराबाद में प्रशिक्षण देंगे। आशुतोष वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी में कार्यरत हैं। पूर्वोत्तर रेलवे महिला बास्केटबॉल टीम के कोच हैं। कैथी के भंदहा कला गांव निवासी आशुतोष कुमार सिंह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं। इन्होंने वर्ल्ड विश्व रेलवे गेम्स में भारतीय रेल का भी प्रतिनिधित्व किया है। कई राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किया है।

नगर आयुक्त ने मांगी हर वार्ड की सफाई की रिपोर्ट
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को वरुणा पार जोन में नारायणपुर, तरना वार्ड का निरीक्षण किया। कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय, नाला सफाई, पेयजल आपूर्ति, तालाब एवं कुएं आदि सभी प्रमुख कार्यों को देखा। नगर आयुक्त ने निरीक्षण में कहा कि प्रत्येक वार्ड की दैनिक सफाई रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जाए। स्ट्रीट लाइटों की खराबी के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करें। नाले-नालियों की सफाई में लापरवाही न हो। पेयजल पाइपलाइन में लीकेज एवं अवरोध की शिकायतें मिलने पर 24 घंटे के भीतर निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि अतिक्रमण प्रभावित स्थानों का सर्वे कर नियमित कार्रवाई की जाए। नगर आयुक्त ने तालाबों, कुओं व अन्य जल संरचनाओं के संरक्षण-सफाई कार्य नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि उनके घरों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित वाहनों/डस्टबिन में ही दें। सड़क एवं नालियों में न फेंकें, स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतें तत्काल नगर निगम के कंट्रोल रूम 1533 पर दर्ज कराएं। 

चार दिवसीय 53वीं राज्य बाल विज्ञान प्रदर्शनी 16 दिसंबर से
53वीं राज्य बाल विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता 16 दिसंबर को पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में होगा। इस संबंध में शुक्रवार को पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में राज्य विज्ञान संस्थान प्रयागराज और निदेशालय की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने की। संयुक्त निदेशक ने चार दिवसीय राज्य बाल विज्ञान प्रदर्शनी की तैयारियों का जायजा लिया। राजकीय क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन दिसंबर में 16 से 19 दिसंबर तक होगा। इसमें राज्य के प्रत्येक मंडल की विजेता प्रतिभागियों की टीम शामिल होगी। प्रतियोगिता एनसीईआरटी और एससीईआरटी के संयोजन से कराई जा रही है।

निबंध प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साह से लिया हिस्सा
सरस्वती खत्री इंटर कॉलेज बुलानाला में शुक्रवार को साहित्यकार पं. हरिराम द्विवेदी का भोजपुरी में योगदान विषयक निबंध प्रतियोगिता हुई। इसमें छात्रों ने उत्साह से हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. जय प्रकाश मिश्रा और विशिष्ट अतिथि सरस्वती खत्री इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेंद्र त्रिपाठी ने साहित्यकार पं. हरिराम द्विवेदी के चित्र पर माल्यार्पण कर दिया। साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि भोजपुरी भाषा बोलने से समाज में प्रेम व सद्भाव बढ़ता है। प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के आयोजन होने से बच्चों में भोजपुरी के प्रति ललक बढ़ेगी। स्वागत पं. हरिराम द्विवेदी भोजपुरी साहित्य शोध न्यास के महासचिव अरुण कुमार द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर समाज सेवी रामयश मिश्र, योगी विनय कुमार मिश्रा आदि रहे।

एनडीआरएफ ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की दी जानकारी
एनसीसी दिवस पर शुक्रवार को डीएवी इंटर कॉलेज में एनडीआरएफ की तरफ से आपदा प्रबंधन एवं निवारण जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें एनडीअरएफ की ओर से छात्रों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। डीआईजी मनोज शर्मा के निर्देशन पर एनडीआरफ 11वीं बटालियन ने विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को युद्ध के दौरान हवाई हमलों से बचाव, आग व पानी से बचाव, सीपीआर देने व भूकंप से बचाव, सड़क दुर्घटना से बचाव आदि विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार गुप्ता, सुमित कुमार ओझा, ओमवीर यादव, अमरेश कुमार, गीतांजलि सुमन व सापिता कुमारी ने प्रशिक्षण दिया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, एनसीसी सीनियर डिवीजन ऑफिसर लेफ्टिनेंट मो. शाहिद, जूनियर डिवीजन ऑफिसर सुलाब सिंह, ऑफिसर अशोक कुमार मौजूद रहे।

पूर्वांचल के 25 डॉक्टरों का आज होगा सम्मान
समाज की सेवा में निरंतर समर्पण और अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा का परिचय देने वाले पूर्वांचल भर के 25 डॉक्टरों को आज अमर उजाला सम्मानित किरेगा। शनिवार को अंधरापुल स्थित होटल रिजेंसी में आभार समर्पण का कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इन डॉक्टरों का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम दोपहर दो बजे से शुरू होगा।

अमर उजाला आभार समर्पण के तहत 25 अक्तूबर से लेकर 25 नवंबर तक पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में इन डॉक्टरों ने अस्पतालों में निशुल्क शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में परामर्श के साथ मरीजों की जांच की गई। उन्हें निशुल्क दवाएं भी दी गईं। इसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। अमर उजाला इन डॉक्टरों को उनके सेवा भाव के लिए शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सभी डॉक्टरों के त्याग और उत्कृष्ट योगदान के प्रति आभार जताने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

बीएचयू कुलपति कल करेंगे कला संगम ग्लोबल का शुभारंभ
कला संगम ग्लोबल की ओर से एक भारत-श्रेष्ठ भारत के तहत संगीत से मानसिक और शारीरिक विकारों का इलाज होगा। साथ ही दिव्यांगजनों को संगीत की शिक्षा भी दी जाएगी। इसका शुभारंभ 30 नवंबर को शाम छह बजे बीएचयू के महामना मूल्य अनुशीलन केंद्र में होगा। कला संगम ग्लोबल के निदेशक डॉ. श्रीपति उपाध्याय और डॉ. गीता उपाध्याय ने शुक्रवार को लंका स्थित भोगाबीर में पत्रकारों को बताया कि संस्था 30 वर्षों से ब्रिटेन में भारतीय संगीत के संरक्षण और संवर्धन कर रही है। 

इसके नए प्रारूप का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त एस राजलिंगम और मुख्य वक्ता आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के कलाकार पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य करेंगे।

काशी विद्यापीठ में एसआईआर फॉर्म भरने के लिए बनेगा कंप्यूटर सेंटर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की गई। इस दौरान एसआईआर कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले सदस्यों की सहूलियत के लिए परिसर में कंप्यूटर सेंटर बनवाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस सेंटर की मदद से विश्वविद्यालय परिवार से जुड़े लोग एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर के सभी सदस्यों को समय से एसआईआर फॉर्म भरने एवं अन्य लोगों का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबद्ध महाविद्यालयों में भी एसआईआर फॉर्म भरने के लिए कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। 

नागरिक सुरक्षा की टीम ने भरवाया एसआईआर फॉर्म
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की टीम ने शुक्रवार को अर्दली बाजार सहित आसपास के मोहल्लों में घर-घर जाकर एसआईआर फाॅर्म जमा कराया। एडीएम सिटी आलोक कुमार की देखरेख में डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय व डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा के नेतृत्व में टीम ने मोहल्लों में भ्रमण कर लोगों को फाॅर्म भरने के लिए प्रोत्साहित किया। अभियान में संजय कुमार राय, अरविंद विश्वकर्मा, अंजनी कुमार सिंह, शरद यादव, निजामुद्दीन, श्याम मोहन मिश्रा आदि रहे।

नगर आयुक्त ने सोलर पैनल न लगाने पर लगाई पेनाल्टी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को जलकल परिसर का निरीक्षण किया। यहां लगे लैंड सोलर पैनल लगाए जाने के काम समय से पूरा न कराने पर कार्यदायी संस्था पर पेनाल्टी लगाई गई। नगर आयुक्त ने इस काम को 20 दिसंबर तक पूरा कराने को कहा। परिसर के अंदर स्क्रैप में पड़े सामानों का सत्यापन कर उसकी नीलामी की कार्रवाई का प्रस्ताव मांगा। यहां के वाटर टैंक की सफाई के कार्यों को देखा। इसी क्रम में भदैनी स्थित राॅ वाटर पंपिंग स्टेशन में 15 दिसंबर तक पंप और वाल्व की मरम्मत कराने को कहा।

आदर्श युवा ग्राम सभा कार्यक्रम में छात्रों ने निभाई भूमिका
जवाहर नवोदय विद्यालय गजोखर में आदर्श युवा ग्राम सभा का भव्य आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थी जमीनी स्तर की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से रूबरू हुए। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक ग्राम पंचायत के विभिन्न पदाधिकारियों की भूमिका निभाई। इसमें ग्राम प्रधान की भूमिका सानिध्य तिवारी ने निभाई। वहीं, सचिव-अंशिका यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता - दिव्या, आशा कार्यकर्ता रागिनी और ईशा मौर्या, डाटा एंट्री ऑपरेटर नैंसी पाल, हेडमास्टर आयुष, कृषि सहायक सोनल बनीं और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

युवा प्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उठाए गए प्रश्नों का समाधान दिया। शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेश कुमार मिश्रा ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और वर्तमान विद्यार्थी, जो देश का भविष्य हैं इस परिवर्तन के कर्णधार बनेंगे। संचालन युवा ग्राम सभा प्रभारी व शिक्षक हरिश्चंद्र यादव व धन्यवाद ज्ञापन उप-प्राचार्या श्रीमती कनक पांडेय ने दिया।

बीएचयू में नुक्कड़ नाटक में दिखी काशी-तमिल संस्कृति
काशी-तमिल संगमम के तहत बीएचयू में तीन दिवसीय नुक्कड़ नाटक वणक्कम काशी का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर, महिला महाविद्यालय और केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में नाटकों का मंचन कर युवा कलाकारों ने काशी-तमिल संस्कृति को दिखाया। बीएचयू राष्ट्रीय सेवा योजना में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. स्वपना मीना की देखरेख में चल रहे अभियान का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, सभ्यतागत तथा भाषाई संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना है। 

नाटकों में काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक धरोहर, भगवान शिव की उपासना, तथा दोनों क्षेत्रों के ऐतिहासिक संबंधों को सरल, रोचक और प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया। महिला महाविद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षिकों ने संवाद-विधा के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अवधारणा की सराहना की। 30 नवंबर तक युवा कलाकारों की टीम अस्सी घाट, रविदास घाट, दुर्गा मंदिर और नमोघाट जैसे प्रमुख स्थलों पर नाटकों का मंचन करेगी। उधर छावनी स्थित जेएचवी मॉल और आईपी मॉल सिगरा में टैटू और मेहंदी प्रतियोगिता हुई। 

बीएचयू में पत्नी के निधन के बाद पति ने कराया नेत्रदान
नरिया में पत्नी के निधन के बाद उनके पति ने बीएचयू आई बैंक में नेत्रदान करवाया। आई बैंक के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि नरिया निवासी सीके कुशवाहा की पत्नी रंभा रंजन कुशवाहा का शुक्रवार को निधन हो गया। पति ने उनका नेत्रदान कराने की इच्छा जाहिर की। आई बैंक के समन्वयक डॉ. आलोक कुमार के साथ डॉ. यशवंत रेड्डी, आशुतोष त्रिपाठी ने मरणोपरांत रंभा रंजन कुशवाहा का नेत्रदान करवाया। प्रो. मौर्य ने बताया कि दान में मिली कॉर्निया से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के आंखों को रोशनी मिलेगी।

ड्रिल प्रतियोगिता में 36वीं पीएसी ने मारी बाजी
36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर में शुक्रवार को पीएसी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में अनुभाग स्तरीय बेस्ट प्लाटून ड्रिल एवं सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी अनुभाग की पांच वाहिनियों ने प्रतिभाग किया। ड्रिल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 36वीं वाहिनी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 34वीं एवं 39वीं वाहिनी की टीमों ने समान अंक हासिल कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 

मुख्य अतिथि डीआईजी, पीएसी मनोज कुमार सोनकर रहे। चयन समिति के अध्यक्ष और 36वीं वाहिनी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय ने अनुशासन एवं टीम भावना को पीएसी की पहचान बताया। ड्रिल के बाद वाहिनी रवींद्रालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

छायावाद और मुकुटधर पांडेय विषयक पर दिया व्याख्यान
मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र अंतर सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र और मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान (लमही) के संयुक्त तत्वावधान में ‘छायावाद और मुकुटधर पांडेय’ विषयक पर एक विशिष्ट व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता हिंदी विभाग दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. रामनारायण पटेल ने कहा कि छायावाद सचमुच में एक सीमा रेखा है। यह एक ऐसी काव्यधारा है जो भक्तिकाल के बाद पहली बार काव्य, कला, दर्शन, इतिहास, कल्पना को लेकर चला। धन्यवाद ज्ञापन मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने किया। कार्यक्रम में अंतर सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. राजकुमार, डॉ. मानसी रस्तोगी, डॉ. लहरी राम मीणा, डॉ. महेंद्र प्रसाद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विराट कुश्ती दंगल आज
ग्राम पंचायत रैमला में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उनकी स्मृति में विराट कुश्ती दंगल होगा। पूर्व एमएलसी प्रत्याशी उमेश यादव ने बताया कि इस दंगल में राष्ट्रीय स्तर के नामचीन पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। गांवों में संचालित विभिन्न अखाड़ों में अभ्यास करने वाले पहलवानों को इस प्रकार के आयोजन से अपनी कुश्ती कला में और निखार लाने तथा आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव होंगे।
विज्ञापन

गीता जयंती महोत्सव : वसुधा, हार्दिक और श्रुति को क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा सम्मान
गीता जयंती महोत्सव से एक दिन पहले शुक्रवार को विजेताओं को सम्मानित किया गया। कनिष्ठ वर्ग में विजेता वसुधा भट्टराई को प्रथम, हार्दिक वैश्य को द्वितीय, श्रुति झा को तृतीय और आलोक तिवारी, सागर शुक्ल, सत्यभामा को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। 

मध्यम वर्ग में प्रथम स्थान पर दिपांशु मिश्र, दूसरे पर दिव्यांश पांडेय और तीसरे पर शिवम कुमार दूबे, श्रेयश वल्लभ और प्रोत्साहन पुरस्कार में अवनिदेव मिश्र, सुंदरम कुमार मिश्र, पर्णिका सिंह रहे। वरिष्ठ वर्ग कंठस्थ गीता प्रतियोगिता में कात्यायनी मिश्रा को प्रथम स्थान मिला। कृष्णा मिश्रा द्वितीय और राजेश दूबे को तीसरा स्थान मिला। वहीं, निखिल पांडेय को प्रोत्साहन पुरस्कार से नवाजा गया। 

शिवानंद खांडूरी और दिव्यांश दूबे रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. मंजु कुमारी, डॉ. पुण्या त्रिपाठी और डॉ. राजकुमार आर्या रही। कनिष्ठ भाषण प्रतियोगिता में शीर्षक ‘गीता एवं ज्ञान योग’ कनिष्ठ वर्ग में पहले स्थान पर तनुजा शुक्ला, दूसरे पर गौरव उपाध्याय, तीसरे पर राजश्री ठाकुर और उज्ज्वल मिश्रा और सांत्वना पुरस्कार यशस्वी और ऋषि कुमार मिश्र को दिया गया। वरिष्ठ वर्ग में विजया पांडेय को पहला, लावण्या विजलानी को दूसरा और स्वास्तिक त्रिपाठी और हर्षित श्रीवास्तव को तीसरा वहीं श्रद्धा मिश्रा और कुलदीप पांडेय को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें