फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: महिला पर भाई ने फेंका तेजाब, 30 फीसदी झुलसी, हादसे में चार की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sun, 14 Dec 2025 01:17 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसों में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जैतपुरा थाना क्षेत्र के नवापुरा मोहल्ले में एक महिला पर युवक ने तेजाब फेंक दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: जैतपुरा थाना क्षेत्र के नवापुरा मोहल्ले में शनिवार को एक महिला पर युवक ने तेजाब फेंक दिया। महिला का चेहरा, गर्दन, पीठ और हाथ झुलस गया है। उसे मंडलीय अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार 30 प्रतिशत शरीर झुलसा है।

विज्ञापन


अमरपुर बटलोहिया सरैया मोहल्ला निवासी महिला जैतपुरा के नवापुरा में अपने नानी के घर आई थी। इसी दौरान गली से गुजरते समय आरोपी साहिल निवासी अंबेडकर नगर जलालपुरा ने बोतल में भरा तेजाब महिला चेहरे पर फेंक दिया और भाग निकला।  चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
 
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के मौसी का बेटा है। एक दूसरे के करीबी थे। शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने एसिड से हमला कर दिया। थाना प्रभारी जैतपुरा बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में एक टीम लगा दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

विज्ञापन

अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने किया हंगामा 
चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी कमलेश सिंह उर्फ भूरे (47) की इलाज के दौरान मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों के मुताबिक कमलेश सिंह ने बीते 9 दिसंबर को ही हर्निया का ऑपरेशन कराया था और उन्हें शुक्रवार को इन्फिनिटी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। शनिवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद समय रहते उपचार नहीं किया गया, जिससे उनकी जान चली गई। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। तीन भाइयों में सबसे बड़े मृतक कमलेश के दो पुत्रों और पत्नी संगीता का रो रो कर बुरा हाल है।

सूचना पर कैंट पुलिस प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।

आरती के बाद गंगा में कूदकर युवक ने दी जान
दशाश्वमेध घाट पर शुक्रवार की देर शाम गंगा आरती के बाद प्रयाग घाट पर वीडियो, फोटो शूट के दौरान अचानक शिवाजी कन्नौजिया (27) ने गंगा में कूदकर जान दे दी। जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। लखनऊ के आलमबाग निवासी शिवाजी अपने दोस्त प्रशांत प्रजापति के साथ बृहस्पतिवार की रात काशी भ्रमण पर आया था। दशाश्वमेध थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिवाजी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। 

कार की टक्कर से अधेड़ की मौत
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर इलाके में शनिवार दोपहर सड़क हादसे में चुप्पेपुर शिवपुर निवासी विजय मौर्या की मौत हो गई। वह पैदल किसी काम से भोजूबीर की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे समर्पण हॉस्पिटल के पास लापरवाही पूर्वक आई कार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार समेत चालक भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विजय मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि सीसी कैमरों से आरोपी कार चालक की पहचान की जा रही है। 

विवाहिता ने फांसी लगा कर दी जान, 
जैतपुरा इलाके में हिमानी जायसवाल (36) पत्नी आशीष जायसवाल ने रविवार सुबह संदिग्ध हाल में कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुट गई। मृत विवाहिता के पकि आशीष ने पुलिस को बताया कि सुबह उसने हिमानी के शव को फांसी के फंदे से लटकता देखा तो शोर मचाने लगा। घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और हिमानी को नीचे उतार कर कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

आशीष ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य चल रहा था। दोपहर 1:30 बजे तक हिमानी का शव मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा था। इंस्पेक्टर जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विवाहिता के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा। वहीं दोपहर तक इस मामले में मृतका के मायका पक्ष की ओर से थाने पर कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई थी।

रिश्तेदारों में रुपये के लेनदेन का मामला पहुंचा थाने
कैंट थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी से शुरू हुआ 25 लाख रुपये का लेेनदेन का मामला कैंट थाने पहुंचा। रुपये की वापसी, चेक बाउंस और दबाव बनाने के आरोपों को लेकर दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। जयराम दास छुगानी निवासी महमूरगंज ने दर्ज शिकायत में बताया गया है कि बिल्डिंग कार्य के लिए रिश्तेदारी का भरोसा दिलाकर 25 लाख रुपये उधार लिए गए थे। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लेन देन से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की जांच की जा रही है। 

खनन क्षेत्र का कराया सीमांकन, आरोपियों पर प्राथमिकी की तैयारी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ढाब, रामपुर, सरसौल और लूंठाकलां गांवों में गंगा किनारे बालू मिश्रित मिट्टी निकाले जाने मामले में खनन विभाग ने शनिवार को क्षेत्र का सीमांकन कराया। एडीएम वित्त सदानंद ने बताया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरसौल और लुठाकलां गांव में संबंधित भूमि का सीमांकन व मापी कराई गई है। आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कराने और रिकवरी की कार्रवाई भी की जाएगी।

इंस्टाग्राम पर मिली सूचना, 3 बीघा अवैध प्लाॅटिंग पर चला बुलडोजर
वीडीए ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। सारनाथ क्षेत्र के गोसाईपुर, मोहाव में बिंदु राय नामक व्यक्ति द्वारा तीन बीघा भूमि पर बिना किसी स्वीकृत ले-आउट के अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। 

मौके पर की गई जांच में सामने आया कि करीब 17 फीट चौड़ी सड़क दिखाकर प्लॉट काटे जा रहे थे, जबकि नियमानुसार न्यूनतम 30 फीट चौड़ी सड़क छोड़ी जानी अनिवार्य है। जांच में यह प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध पाई गई। निर्माणकर्ता ने न तो वाराणसी विकास प्राधिकरण से कोई मानचित्र स्वीकृत कराया था और न ही ले-आउट की अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस अवैध कॉलोनी का प्रचार कर आमजन को प्लॉट खरीदने के लिए गुमराह किया जा रहा था। वीडीए ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाकर उसे ध्वस्त करा दिया। 

सीवर कनेक्शन विवाद में मारपीट
लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र के हुकुलगंज में सीवर कनेक्शन के विवाद में मारपीट हुई। पीड़ित समीर शाह ने मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। समीर शाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 नवंबर को वह अपने घर का सीवर कनेक्शन करवा रहा था। भूमि विवाद को लेकर  मुख्तार शाह, निजाम शाह, भोनू शाह, सद्दाम शाह, मोना शाह, आफरीन शाह, शबनम शाह, लाडो शाह और परवीन शाह जबरन रुकवा दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

महिलाओं पर छींटाकशी करने वाला गिरफ्तार
स्कूल व मोहल्ले के रास्ते से आने-जाने वाली महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील हरकत व छींटाकशी करने वाले  पितरकुंडा लल्लापुरा निवासी अब्दुल अहद को थाना लक्सा पुलिस की एंटी-रोमियो टीम ने गिरफ्तार किया। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि नीमामाई मंदिर के पास एक युवक राहगीर महिलाओं और लड़कियों को देखकर अश्लील इशारे व टिप्पणी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना लक्सा की एंटी-रोमियो टीम मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी मूलरूप से बिजनौर का निवासी है और पितरकुंडा लल्लापुरा में रहता है। 

हैदराबाद गेट के पास दो गुट आपस में भिड़े
चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के समीप करौंदी मार्ग स्थित एक मिठाई की दुकान के बाहर युवकों का दो गुट भिड़ गया। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई। एक गुट ने पथराव किया। सूचना पर जबतक पुलिस आती सभी भाग निकले। उप निरीक्षक रवि पांडेय ने बताया कि वहां लगे सीसी कैमरों की मदद से जांच कर युवकों की शिनाख्त की जा रही है। 

स्कूटी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा जीवधीपुर निवासी बरसाती राजभर का घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर किसी ने आग लगा दी। पीड़ित ने चौकी पर तहरीर दी। आरोप है कि शुक्रवार की घटना है और पुलिस अबतक प्राथमिकी दर्ज नहीं की। आरोप है कि पुलिस ने सीसी कैमरे तक चेक नहीं किया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है। 

विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया
विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर पति समेत अन्य के खिलाफ फूलपुर थाने में तहरीर दी। सुरही निवासी डाली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी पांच साल पहले अगनू राम के साथ हुई। आरोप है कि दहेज के लिए पति, जेठ समेत अन्य उसे प्रताड़ित करते थे ऐसे में वह मायके आ गई। शुक्रवार को पति और जेठ मायके आए और गाली गलौज की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जांच की जा रही रही है। 

मेड़बंदी को लेकर दो पक्षों में मारपीट
शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर गांव में खेत की मेड़ बांधने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पिसौर निवासी महेंद्र कुमार उर्फ अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 12 दिसंबर की सुबह करीब सात बजे वह अपने खेत पर पहुंचे। देखा तो गांव के ही फूलचंद पाल, अशोक कुमार पाल, कमलेश पाल और श्याम कुमार खेत की मेड़ तोड़ रहे थे। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

रिटायर्ड सेना के कैप्टन को स्कूटी सवार ने पीटा
चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी सेवानिवृत्त सेना अधिकारी कैप्टन सतीश कुमार चौबे के साथ महमूरगंज स्थित आशीर्वाद अस्पताल परिसर में स्कूटी सवार ने मारपीट की। शिकायत पर भेलूपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दिए तहरीर में  कैप्टन सतीश चौबे ने बताया कि उनकी पत्नी का छह दिसंबर को आशीर्वाद अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। 

शुक्रवार की शाम 6:30 बजे वह अपनी मौसी को पलहीपट्टी छोड़ने के लिए कार निकालने पार्किंग में पहुंचे। इसी दौरान एक स्कूटी सवार ने उनकी कार के आगे जानबूझकर स्कूटी खड़ी कर दी। स्कूटी हटाने को कहने पर आरोपी ने मारपीटा। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

मीटर चेकिंग के दौरान जेई से बदसलूकी
जैतपुरा के बड़ी बाजार स्थित जमालुद्दीनपुरा इलाके में बिजली विभाग के जेई के साथ दुकानदार पिता-पुत्र ने बदसलूकी और धक्का मुक्की की। अवर अभियंता आजाद बाबू की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बड़ी बाजार इलाके के जेई आजाद बाबू ने आरोप लगाया कि वह जमालुद्दीनपुरा इलाके में बिजली मीटर की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दुकानदार संतोष सेठ के बेटे अभिषेक अभिषेक ने दुर्व्यवहार किया। थाना प्रभारी जैतपुरा  बृजेश मिश्रा ने बताया बिजली विभाग के जेई की तहरीर पर संतोष और उसके बेटे अभय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

घर से लाइसेंसी राइफल व नकदी चोरी
बजरडीहा इलाके में घर से लाइसेंसी राइफल व नकदी चोरी हो गई। रसड़ा बलिया निवासी अखिलेश कुमार जगतपुर में किराये के मकान में रहते हैं। शनिवार को कुछ काम से बाहर गए थे। पत्नी संजू देवी घर के सामने दुकान से बिस्किट व नमकीन लेने गई थीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और दो बैग व लाइसेंसी राइफल गायब है। पीड़ित के अनुसार 315 बोर की लाइसेंसी राइफल में तीन गोलियां लगी थीं, जबकि चार गोलियां पास में रखी थीं, जिन्हें चोर उठा ले गए। पांच हजार रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
नौकरी, बैंक से लोन और सरकारी अनुदान दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को पीड़ितों पकड़कर राजातालाब पुलिस को सौंपा। आरोपी बृजेश कुमार गुप्ता निवासी शाहकुटी हनुमानपुर डीडीयू नगर का रहने वाला है। पीड़ितों के अनुसार बृजेश कुमार गुप्ता अब तक दर्जन भर से अधिक लोगों से ठगी कर चुका है। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। 

निराधार है प्रेम प्रसंग की बात, लूट के इरादे से हुई पत्नी की हत्या
शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपमा उर्फ सीता की हत्या लूट के इरादे से मोहित यादव और उसकी पत्नी अंजली ने की थी। शिवपुर पुलिस को भ्रमित करके आरोपी ने प्रेम प्रसंग का मामला जोड़ा है। यह आरोप शनिवार को अनुपमा के पति शैलेश पटेल ने लगाया। पीड़ित पति शैलेश ने मीडिया को बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या होती तो पत्नी के शरीर और आलमारी से आभूषण, नकदी की लूट नहीं होती। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के आभूषण और सात हजार नकदी बरामद की है। आरोपी मोहित यादव अपराधिक प्रवृत्ति का है। लूट के इरादे से पत्नी की सिर कूंचकर हत्या की है। वारदात में गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गुमराह करके बयान दिया है। लक्ष्मणपुर के शारदा विहार काॅलोनी में किराये पर रहने वाले मोहित यादव की नजर दुकान पर थी। 

मूर्ति हटाने के आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित परमहंस आश्रम के प्रांगण में लगी हनुमान जी की मूर्ति को दूसरी जगह रखने के आरोपी  बिहड़ा गांव सोनू उर्फ डेविड को पुलिस हिरासत में लिया। पुलिस हिरासत में लिए जाने ग्रामीणों ने विरोध किया। मामले में गांव के रामशरण पटेल ने मूर्ति चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस जब थाने पहुंची तो गांव की महिलाएं और पुरुष थाने पहुंच गए और छोड़ने का दबाव बनाने लगे। सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव  मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी को धारा 151 शांति भंग में राजातालाब एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है। 

गलत दिशा में और बिना नंबर की बाइक को पकड़ा
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर तीन सवारी बैठाए और गलत दिशा में आते बाइक सवार के खिलाफ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सचान ने प्राथमिकी दर्ज कराई। चौकी प्रभारी ने बताया कि बाइक की पिछली नंबर प्लेट गायब थी, आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी तथा वाहन पर तीन लोग सवार थे और गलत दिशा में थे। युवक की पहचान सूर्य प्रकाश मौर्य (19) निवासी मकबूल आलम रोड, खजुरी के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

6 दुकानों पर काम करते मिले 8 किशोर
बाल श्रम के खिलाफ अभियान के 13वें दिन शनिवार को श्रम विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 दुकानों पर कार्यरत 8 किशाेरों को मुक्त कराया। पुलिस टीम ने काशी विश्वनाथ मंदिर से दशाश्वमेध घाट तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 6 दुकानों को चिह्नित किया गया, जहां से किशोरों को मुक्त कराते हुए दुकानदारों को चाइल्ड लेबर एक्ट के तहत नोटिस दिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक श्रमायुक्त अविनाश चंद्र तिवारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार द्विवेदी, कुंवर रणंजय पांडेय, प्रशासनिक अधिकारी अनुज कुमार मौजूद रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत : 4.68 लाख मामलों का निस्तारण, 18.27 करोड़ की वसूली
राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत कचहरी में 4.68 लाख वादों का निस्तारण किया गया और 18.27 करोड़ की वसूली हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज संजीव शुक्ला ने दीप जलाकर किया। जिला जज ने अधिक से अधिक वादों के सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्याय को आम जन तक पहुंचाने की प्रभावी प्रणाली है। इससे न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि त्वरित समाधान के साथ समाज में शांति को भी बढ़ावा मिलता है। जनपद न्यायालय स्तर पर 31,965 वादों का निस्तारण हुआ। इनमें दीवानी के 144, पारिवारिक के 65 तथा मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के 53 वाद शामिल रहे।

कल बंद रहेंगी मछली मांस की दुकानें
जैन तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की जयंती पर सोमवार को शहर के सभी मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम के ओर से इसका आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही नगर निगम सीमा में आने वाले सभी होटल और रेस्टोरेंट में भी नॉन वेज की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नगर निगम पशु चिकित्साधिकारी संतोष पाल ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। 

इंडिगो की चार उड़ानें स्थायी रूप से बंद
इंडिगो ने वाराणसी से दिल्ली, पुणे, भुवनेश्वर और हैदराबाद की चार उड़ानों को स्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। 16 दिसंबर से इंडिगो की वाराणसी की उड़ानों को री शेड्यूल किया जाएगा। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से इंडिगो की पहले रोजाना 22 उड़ानें थीं। डीजीसीए की सख्ती के बाद इसे घटा के 17 किया गया है। अब इसे 13 कर दिया जाएगा।

इसके बाद आगामी 15 दिसंबर से दिल्ली, पुणे, भुवनेश्वर और हैदराबाद की चार उड़ानों को विमानन कंपनी की ओर से स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। 16 दिसंबर से इंडिगो की कुछ फ्लाइटें री शेड्यूल होंगी। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार बीते 4 दिसंबर से ऑपरेशनल कारणों से इंडिगो के कई विमन निरस्त हुए। यात्री विमानों की स्थिति पहले से जांच लें तभी एयरपोर्ट के लिए निकलें। जिससे विमान रद्द होने की स्थिति में उन्हें परेशान न होना पड़े। 

आरएसएस भवन मामले में हो सकती है सुनवाई
बीएचयू परिसर में आरएसएस भवन फिर संचालित करने और वहां किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न किए जाने के मामले में दाखिल वाद पर रविवार को सुनवाई हो सकती है। अदालत ने एकतरफा आदेश के लिए 14 दिसंबर की तिथि तय की थी। यह वाद सुंदरपुर के कौशलेश नगर काॅलोनी निवासी प्रमील पांडेय ने दाखिल किया है। 

विद्यापीठ : 25 तक जमा करें छात्रावास शुल्क
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रावासों में रहने के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 25 दिसंबर तक शुल्क जमा करने को कहा गया है। आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास, लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास और जेके महिला छात्रावास के पुराने आवासित विद्यार्थियों को समय से शुल्क जमा करना होगा। मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को संबंधित छात्रावास के गृहपति/गृहस्वामिनी कार्यालय से छात्रावास अनुमति पत्र (छात्रावास शुल्क स्लिप) लेकर 25 दिसंबर तक छात्रावास शुल्क रसीद की छायाप्रति व छात्रावास अनुमति पत्र संबंधित छात्रावास कार्यालय में जमा करना होगा। 

शोध में दाखिले के लिए आज अंतिम मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में शोध में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 14 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि चार दिसंबर थी। इसके बाद भी बहुत से विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए थे। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निर्देश पर 14 दिसंबर तक अंतिम बढ़ाई गई है। 
 

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय। - फोटो : अमर उजाला
संस्कृत विवि की शास्त्री व आचार्य की परीक्षाएं स्थगित
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 20 दिसंबर से शुरू होने वाली शास्त्री व आचार्य की सेमेस्टर परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है। अब परीक्षाएं दो जनवरी से होंगी। इसके लिए समय सारिणी नए सिरे से घोषित की जाएगी। अधूरी तैयारियों के बीच परीक्षा की समय सारिणी से नाराज संस्कृत शिक्षक समिति के विरोध के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। 

शनिवार को संस्कृत विद्यालय शिक्षक समिति के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. गणेश दत्त शास्त्री के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा से मिला।  समिति के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. शास्त्री ने बताया कि उन्होंने कुलपति से शास्त्री व आचार्य के सभी सेमेस्टर परीक्षाओं को एक साथ कराने का आग्रह पूर्व में किया था। वर्तमान में शास्त्री प्रथम व आचार्य प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा फीस जमा करने का विकल्प तक पोर्टल पर नहीं खुला है और इन कक्षाओं की परीक्षा समय सारिणी 20 दिसंबर से जारी कर दी गई। 

कुलपति ने शिक्षकों की बातों को सुनने के बाद 20 दिसंबर से होने वाली परीक्षाओं को स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में 20 से 30 दिसंबर तक होने वाली शास्त्री एवं आचार्य पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं को अपरिहार्य कारणवश तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है। ये परीक्षाएं अब दो जनवरी 2026 से होंगी। 

कुलपति ने प्राइवेट फाॅर्म पर भी जल्द निर्णय लेने की बात कही। प्रतिनिधि मंडल में डाॅ. अभिषेक पाठक, डाॅ.गोविंद प्रसाद मिश्र, डाॅ. गिरिजानंद चौबे, डाॅ. रमाकांत पांडेय, डाॅ. उमेश तिवारी, डाॅ. अशोक पांडेय, डाॅ. सतीश तिवारी, डाॅ. पवन शुक्ला आदि रहे।

बेसेंट स्कूल : मनी 1976 बैच की स्वर्ण जयंती
वसंता महिला महाविद्यालय के राजघाट बेसेंट स्कूल में 1976 बैच की स्वर्ण जयंती मनाई गई। परिसर स्थित गुर्टू हाउस में स्वर्ण जयंती मिलन समारोह हुआ। प्रधानाचार्य अतुल विज ने कहा कि आरबीएस में हर वर्ष 14 दिसंबर को एलुमनी मीट का आयोजन किया जाता है। आयोजक तुषार मिश्रा ने कहा कि विद्यालय में बिताए अपने स्वर्णिम दिनों को याद किया। इंग्लैंड से आए चिकित्सक डॉ. प्रभात सिन्हा, सेवानिवृत्त आईएएस लोकेश झा, इलाहाबाद विवि के प्रो. पंकज कुमार, सहित कई डॉक्टर, प्रोफेसर और प्रशासनिक सेवा से जुड़े पूर्व छात्र शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व शिक्षक एनएन टंडन, मंजू सामंत और यूके से आए डेविड वाॅल्टन भी पहुंचे। 

डॉ. कविता को राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा सम्मान
आईएमएस बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में एनेस्थीसियोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कविता मीना को क्रिटिकल केयर मेडिसिन, कोविड-19 तैयारी, चिकित्सा शिक्षा और आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया है। गुरुग्राम में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. कविता को बाॅलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय ने सम्मानित किया। डॉ. कविता मीना को इंडियन डॉक्टर्स प्राइड अवॉर्ड–2025 से भी सम्मानित किया गया। उन्हें एयरवे मैनेजमेंट पर किए गए शोध कार्य, क्रिटिकल केयर में उत्कृष्ट सेवाओं आदि के लिए अवॉर्ड मिला। 

नवोदय में 60 फीसदी छात्र- छात्राओं ने दी परीक्षा
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजोखर में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए जनपद के 21 केंद्रों पर परीक्षा शनिवार को हुई। परीक्षा में 60 फीसदी छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रवेश परीक्षा सुबह 11.30 बजे से 1.30 बजे तक चली। प्राचार्य नागेश मिश्रा ने बताया कि परीक्षा में कुल पंजीकृत 8511 के सापेक्ष 5109 छात्र छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। 80 सीटों के लिए 21 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसडीएम पिंडरा प्रतिमा मिश्रा, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, समन्वयक आरए यादव, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने केंद्रों में व्यवस्था देखीं। 

प्री बोर्ड परीक्षाएं जनवरी में
यूपी बोर्ड की ओर से बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसके पूर्व जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी। शिक्षक विद्यालयों में कोर्स पूरा कराने में जुट गए हैं। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड की ओर से केंद्र बनाने की प्रकिया अंतिम चरण में है। इसके लिए केंद्र बनने वाले विद्यालयों से दावा आपत्ति भी ली जा चुकी है। जांच समिति के भौतिक सत्यापन के बाद केंद्रों का चयन कर अंतिम सूची इसी महीने जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षाएं तो अगले महीनें में कराई ही जाएंगी, साथ ही प्रैक्टिकल परीक्षाएं भी होनी हैं। 

प्रो. अमित बने लाइव स्टाक फार्म के प्रभारी
बीएचयू में लाइव स्टाक फार्म का प्रभारी प्रो. अमित राज गुप्ता को नियुक्त किया गया है। वह अग्रिम आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के प्रमुख भी हैं। ये संकुल राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा स्थित पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय में हैं। 

संगीत चिकित्सा में यूजी, पीजी कर सकेंगे विद्यार्थी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में संगीत चिकित्सा में यूजी और पीजी कोर्स शुरू किया जाएगा। पाठ्यक्रम तैयार करने के साथ ही अन्य औपचारिकताएं भी जल्द ही शुरू की जाएंगी। विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय संगीत चिकित्सा सम्मेलन के समापन समारोह में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने इसकी घोषणा की।

केंद्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के उन विद्यार्थियों को जिनका निदान टॉक थेरेपी से नहीं संभव हो पाता उन्हें संगीत चिकित्सा के लिए रेफर किया जाता है। ऐसे में अगले सत्र से संगीत चिकित्सा में यूजी और पीजी पाठ्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। मिजोरम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और नैक के पूर्व निदेशक प्रो. एएन राय और आईजीआईएमएस पटना के प्रो. राजेश कुमार ने संगीत चिकित्सा को समय की मांग बताते हुए इस ओर विशेष ध्यान देने की बात कही।

 मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि सम्मेलन में देश के प्रमुख संगीत चिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, चिकित्सक और संगीतकारों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. शाम्भवी दास, विवेक तिवारी, श्वेता सिंह, डॉ. शालिनी मित्तल, प्रो. तुषार सिंह, डॉ. मीनाक्षी रवि आदि मौजूद रहीं। 

काशी सांसद रोजगार महाकुंभ में 8054 अभ्यर्थियों का चयन
उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘रोजगार महाकुंभ–2025’ के तहत वाराणसी में आयोजित काशी सांसद रोजगार महाकुंभ ने हजारों युवाओं को नौकरी की सौगात दी गई। 

इस महाअभियान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर तीन लाख तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 25 हजार नौकरियां उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वाराणसी में 9-10 दिसंबर को राजकीय आईटीआई, करौंदी, वाराणसी परिसर में काशी सांसद रोजगार महाकुंभ-2025 का आयोजन किया गया। 21 हजार रिक्तियों के सापेक्ष विपणन, उत्पादन, मशीन ऑपरेटर, सेल्स, नर्सिंग, ड्राइवर, सप्लाई चेन, ऑटोमोबाइल, होटल सहित विभिन्न क्षेत्रों की 293 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। 

8054 अभ्यर्थी चयनित, महिलाओं और दिव्यांगों की भी भागीदारी :रोजगार महाकुंभ में 22,725 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 8054 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इनमें 85 अभ्यर्थियों का चयन विदेशों में रोजगार के लिए हुआ। चयनित अभ्यर्थियों में 331 महिला और आठ दिव्यांग हैं। 

अधिकतम 6 लाख रुपये वार्षिक पैकेज तक की नौकरी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री अनिल राजभर ने की। इसके अतिरिक्त प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एमके शनमुगा सुंदरम, निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार आदि रहे। 

डीआरएम ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
बनारस रेलवे स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने 12581/12582 बनारस-नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तैनात संविदा कर्मियों (ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग स्टॉफ और लिनने डिस्ट्रीब्यूटर) से संवाद कर ट्रेन में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। ट्रेनों में साफ-सफाई रखना महत्वपूर्ण है। कोचिंग डिपो अधिकारी विनीत रंजन ने कर्मचारियों से बातचीत की। 

रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में पार्क का शुभारंभ
लहरतारा स्थित रेलवे ऑफिसर्स काॅलोनी में शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे की मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वानी जैन ने पार्क का शुभारंभ किया। यहां बच्चों के खेल मैदान के साथ ही जॉगिंग ट्रैक और झूले भी हैं। वानी जैन ने बताया कि पार्क में छोटे बच्चों के खेलने के लिए कई प्रकार के झूलों के साथ विभिन्न प्रकार के फूल-पौधे भी लगाए गए हैं। इस दौरान मंडल महिला कल्याण संगठन की संयुक्त सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह के साथ ही मौसमी चौधरी, वर्तिका, सरिता, प्रतिमा रहीं। 

आश्रम में खाद्य सामग्री व शॉल बांटे
इनरव्हील क्लब उदिता व मनीषी परिषद की ओर से शनिवार को काशी कुष्ठ सेवा संघ के ज्योति भूषण आश्रम आशापुर में महिलाओं और पुरुषों को खाद्य सामग्री और शॉल बांटे गए। क्लब की अध्यक्षा कविता पाठक, सचिव कीर्ति सिंह, सुकेशी शंकर, अंजुलिका चौबे, परिषद महानगर के अध्यक्ष नीरज चौबे सोनू रहे। 

असंतुलित खानपान से कमजोर हो रहीं हड्डियां
बरेका केंद्रीय अस्पताल में शनिवार को लगे बीएमडी परीक्षण शिविर में 75 लोगों की जांच की गई। इस दौरान डॉक्टरों ने लोगों को बदलती जीवनशैली में खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। बरेका अस्पताल में शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. देवेश कुमार ने किया। उनके नेतृत्व में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की। डॉ. देवेश ने बताया कि असंतुलित खानपान व शारीरिक निष्क्रियता (श्रम कम करने) के कारण हड्डियां कमजोर हो रही हैं।  डॉ. विजय सिंह, अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. अमित रहीं। 

70% से ज्यादा मतदान वाले बूथ  अध्यक्ष 14 दिसंबर को होंगे सम्मानित
लोकसभा क्षेत्र के भाजपा के बूथ अध्यक्षों का स्नेह मिलन कार्यक्रम 14 दिसंबर, रविवार को 3 बजे से कैंटोमेंट स्थित होटल डी-पेरिस में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में 2024 लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगा। काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि इसमें पांचों विधानसभा क्षेत्रों वाराणसी दक्षिणी, उत्तरी, कैंट, रोहनिया और सेवापुरी के कुल 1913 बूथों के बूथ अध्यक्षों के साथ ही शक्ति केंद्र प्रमुख, सभी जनप्रतिनिधि एवं पार्षद भाग लेंगे। 

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन बूथों पर 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, ऐसे 116 बूथ अध्यक्षों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। शनिवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक की गई। बैठक में एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, जगदीश त्रिपाठी, संतोष सोलापुरकर, आलोक श्रीवास्तव, संजय सोनकर समेत अन्य मौजूद रहे। 

कार्यों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
सीएम ग्रिड कार्यों में धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एजेंसी को कार्यशैली सुधारने की चेतावनी दी। सीएम ग्रिड योजना के तहत सिगरा थाना से चंदुआ सट्टी मार्ग पर चल रहे कार्यों की प्रगति को नगर आयुक्त ने धीमा पाया। 

इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को दिसंबर के अंत तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समयसीमा का पालन न होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि सड़क और पाथवे के कैच पिट का स्लोप सही किया जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता, गति और आमजन को होने वाली असुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। 

शास्त्रीय गायक पं. राजेश्वर मिश्र का निधन
कुशल और विद्वान शास्त्रीय गायक पं. राजेश्वर मिश्र का शनिवार को भोर में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। वह बसंत महिला महाविद्यालय राजघाट में प्रोफेसर रहे। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर हुआ। मुखाग्नि उनके बड़े बेटे गायक पं. राकेश मिश्र ने दी। पं. राजेश्वर मुंबई से अपने नाती की शादी से बनारस आ रहे थे। तभी प्रयागराज में उनकी तबीयत बिगड़ गई। काशी स्टेशन पहुंचे तभी ट्रेन में ही उनका निधन हो गया। उनके शव को कबीरचौरा स्थित आवास पर लाया गया। बड़े रामदास के शिष्यों में राजन-साजन मिश्र, देश के प्रख्यात संतून वादक पं. शिव कुमार शर्मा के पिता उमादत्त शर्मा भी हैं। पं. राजेश्वर राजन-साजन के साथ रियाज भी करते थे। 

शैक्षिक भ्रमण सीखने का अनमोल अवसर
शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए यथार्थ के धरातल पर सीखने का अनमोल अवसर है। इस यात्रा से उनके जीवन में व्यावहारिक विकास के साथ अध्यात्मिकता का संचार होगा। ये बातें संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहीं। शनिवार को विवि के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा को कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि छात्रों को अपनी संस्कृति के प्रति गर्व महसूस करते हुए सनातन संस्कृति, भौगोलिक और सांस्कृतिक महोत्सव के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। निदेशक प्रो. विधु द्विवेदी ने स्वागत किया। 

दिल्ली रवाना हुए कांग्रेसी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेसजन दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में आयोजित महारैली में कांग्रेस नेता लोकतंत्र की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। दिल्ली रवाना होते समय कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की सीधी हत्या है। इस दौरान डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, हसन मेहंदी कब्बन रहे। 

16 से 18 दिसंबर तक नामांकन, नाम वापसी 20 दिसंबर शाम तीन बजे तक 
बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। एल्डर कमेटी के चेयरमैन अमरनाथ शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद चुनाव की तिथियों पर मुहर लगी। घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरू होकर 18 दिसंबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 19 दिसंबर को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 दिसंबर शाम तीन बजे तक निर्धारित की गई है। मतदान दो जनवरी को होगा और मतगणना चार जनवरी को होगी।

एल्डर कमेटी ने विभिन्न पदों के लिए जमानत राशि भी तय कर दी है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को 15 हजार रुपये, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 13 हजार, उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद के लिए 8-8 हजार रुपये जमा करने होंगे। महामंत्री पद के लिए 14 हजार रुपये, आय-व्यय निरीक्षक के लिए छह हजार रुपये तथा संयुक्त मंत्री (प्रशासन व पुस्तकालय) पद के लिए सात हजार रुपये जमानत राशि निर्धारित की गई है। 

प्रबंध समिति सदस्य के लिए 15 वर्ष से अधिक वरिष्ठता वालों से आठ हजार रुपये और 15 वर्ष से कम वरिष्ठता वालों से सात हजार रुपये लिए जाएंगे। मतदान के दिन अधिवक्ताओं को पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बैठक में एल्डर कमेटी के सदस्य प्रमोद पाठक, शमीम अहमद, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव के साथ आमंत्रित सदस्य तारकनाथ गांगुली भी मौजूद रहे। 
विज्ञापन

बीएचयू में पीएचडी का फॉर्म भरने के लिए 3 दिन का मौका

बीएचयू में सत्र 2025-26 में पीएचडी के लिए 10 दिनों में कुल 3000 आवेदन आ चुके हैं। अब पीएचडी करने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए महज तीन दिन का ही समय शेष है। सभी 16 संकायों और संस्थानों आवेदन की अंतिम तिथि 16 दिसंबर है।   इस सत्र में कुल 1768 सीटों पर पीएचडी दाखिला होना है। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया 10 फरवरी तक पूरी हो जाएगी। इस दिन ही विभागों में रिपोर्टिंग के लिए अभ्यर्थियों को पहुंचना होगा। जबकि दूसरे चरण का आवेदन 12 फरवरी से शुरू हो जाएगा।

24 जनवरी से 5 फरवरी तक आएंगे ऑफर्स : पीएचडी इंटरव्यू के ऑफर लेटर 24 जनवरी से लेकर पांच फरवरी तक जारी किए जाएंगे। इस बार ज्यादातर आवेदन विज्ञान संस्थान से आ रहे हैं। वहीं केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी में सीटें भी ज्यादा आईं हैं। कला संकाय के इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान आदि विषयों में भी ज्यादा आवेदन आ रहे हैं। इस बार सभी संबद्ध पांच कॉलेजों में भी 150 से ज्यादा सीटों पर प्रवेश होगा। पीएचडी आवेदन में सामान्य वर्ग, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस को 600 रुपये वहीं एससी व एसटी आवेदकों को 300 रुपये का भुगतान करना होगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें