फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: हत्या में शामिल बाल अपचारी को पकड़ा, डेमू ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sat, 03 May 2025 05:16 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के नेनुहापुर गांव में पिटाई से युवक की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं, जंसा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप बीती रात डेमू ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: फूलपुर थाना क्षेत्र के नेनुहापुर में पिटाई से मृत बाइक सवार की हत्या के आरोप में बाल अपचारी को पुलिस ने शुक्रवार को बरही कला के पास से गिरफ्तार किया। तीन आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मंदीप सोनकर की बाइक के धक्के से बुजुर्ग गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने बाइक सवार की पिटाई की और उपचार के दौरान बाइक सवार की मौत हो गई। ग्राम प्रधान राय साहब, नंदलाल, रोहित, अरविंद, विवेक ने बेरहमी से पिटाई की थी। इलाज के नाम पर ढाई हजार भी लिए थे।

विज्ञापन


मार्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग, केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के बालाजी नगर कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के साथ चेन स्नेचिंग में केस दर्ज हुआ है। कॉलोनी के मोहन पांडेय की पत्नी निर्मला मंगलवार सुबह कॉलोनी में टहल रही थी। सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे।

इस बीच निर्मला के गले से चेन छीनकर भाग निकले। पति मोहन ने पुलिस को बताया कि पत्नी के शोर मचाने पर कुछ लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन


जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों में मारपीट
बीएचयू के स्वंतत्रता भवन चौराहे पर शुक्रवार की रात दो भाइयों के बीच में जमीन विवाद को लेकर मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों हिरासत में लिया है। रमना के रहने वाले अजय सिंह और अभय सिंह दोनों भाई हैं। अजय सिंह बीएचयू में ठेकेदारी करता है।



आरोप हैं की अभय सिंह ने कुछ लड़कों के साथ उस पर हमला कर दिया। दोनों पक्षो से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने तीन छात्रों को पकड़ा है। इनके विरोध में अन्य छात्र मेन गेट बंद करने जा रहे हैं।

महिला से टप्पेबाजी में दो आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह पुलिस ने शुक्रवार को टप्पेबाजी के मामले में वांछित दो आरोपियों को बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के पार्किंग एरिया से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के रोहिणी स्थित ज्ञान सभा कॉलोनी निवासी किशोर और अर्जुन के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से नौ हजार नकद मिला। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि 22 मार्च को महमूरगंज में जलेबी की दुकान के पास से महिला को झांसा देकर उसका आभूषण लेकर आरोपी भाग निकले थे। 

नकली तेल की आशंका में लिए नमूने, लैब में होगी जांच
कोतवाली थाना के हरतीरथ इलाके में सरसों तेल के ब्रांड की कॉपीराइट और नकली तेल की आशंका पर खाद्य विभाग ने शुक्रवार को सैंपल लिए। पुलिस ने दर्ज एफआईआर के तहत जांच की। एसीएम-द्वितीय करमवीर सिंह व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित श्रीवास्तव की टीम ने पुलिस के साथ जांच की। तेल मिल संचालक राहुल मिश्रा से पूछताछ की और कागजात की जांच की।

तेल में गड़बड़ी की आशंका पर सैंपल लिया गया है। इसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद कोई अनियमितता मिलती है तो संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संचालक राहुल मिश्रा का कहना है कि उनका अपने चाचा के साथ मिल और ट्रेडमार्क को लेकर विवाद चल रहा है।

जांच के दौरान भी चलती रही मिल
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान भी तेल मिल में उत्पादन जारी रहा। जांच टीम कागजात की जांच कर रही थी। दुकान के अंदर तेल बनाने की मशीनें चलती रहीं। करीब एक घंटे तक चली जांच के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में भी उत्पादन होता रहा।

आरोपी के घर कुर्की की नोटिस चस्पा कार्रवाई
मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के बिंद बस्ती शिवदासपुर में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी चीतु उर्फ बनारसी के घर पर शुक्रवार को मंडुवाडीह पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया। लहरतारा चौकी प्रभारी अमरजीत मौर्य ने न्यायालय के आदेश पर विभिन्न स्थानों पर डुगडुगी पिटवाई और नोटिस चस्पा कराया।

आम तोड़ते समय किशोरी ट्रैक्टर ट्राली से गिरी, मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के राजपुर गांव में शुक्रवार को आम के बगीचे में 19 वर्षीया एक किशोरी ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़कर आम तोड़ रही थी। अचानक पैर फिसलने से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में किशोरी को पास के एक निजी नर्सिंग होम में ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

राजपुर (मिर्जामुराद) गांव निवासि लालचंद की बेटी पिंकी (19) अपने गांव स्थित आम के बगीचे में पहले से खड़ी एक ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़कर आम के पेड़ के डाली से आम तोड़ रही थी। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल जाने से वह जमीन पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजनों ने उक्त किशोरी को घायला अवस्था में पास के एक निजी नर्सिंग होम में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका किशोरी चार बहनों व दो भाईयों में तीसरे नंबर पर थी। युवती के परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कछवा बाजार (मिर्जापुर) के बरैनी घाट पर किया।

डेमू ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत
जंसा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप बीती रात डेमू ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत हो गई। इस घटना के दौरान ट्रेन लगभग 25 मिनट तक खड़ी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार यात्री की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से मिले मोबाइल पर बातचीत की गई तो मालूम चला कि यह फोन 10 दिन पूर्व कैंट स्टेशन से चोरी हो चुका है।

ट्रेन संख्या 65118 डेमू गाजीपुर-प्रयागराज सोनबरसा गांव की समीप पहुंची थी कि अचानक ट्रेन के दरवाजे पर बैठा एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। ग्रामीणों की मदद से जंसा पुलिस ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रतापगढ़ बनारस पैसेंजर ट्रेन भी प्रभावित हुई।

सफाई के बहाने आभूषण लेकर भागे उचक्के
चौबेपुर के बर्थरा खुर्द गांव में शुक्रवार दोपहर जालसाजों ने सफाई के बहाने महिला के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित अवधेश सिंह के घर पर दो युवक पहुंचे और दोनों ने महिला को अपनी बातों में उलझा कर कनफूल, मंगलसूत्र लेकर भाग गए। दोनों की कीमत डेढ़ लाख बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मकान में घुसे चोरों ने नकदी पर हाथ साफ किया
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव में गुरुवार रात धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 27,500 नकदी और अन्य सामान चोरी हुए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने छानबीन की। धीरेंद्र ने बताया कि रात में छत के सहारे घुसे चोरों ने एक कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर आलमारी समेत अन्य कमरों को खंगाल डाला। आहट पर परिजन उठे, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण सिर्फ शोर मचाकर रह गए। पड़ाेसियों को मोबाइल से सूचना दी तो दरवाजा खुला।

शादी से पहले युवती को भगाने का आरोप, तीन पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी से पहले युवती 50 हजार नकद और आभूषण लेकर भाग निकली। आरोप है कि वह प्रेमी के साथ गई है। बृहस्पतिवार रात की घटना पर शुक्रवार को परिजनों ने तहरीर दी है। मां ने कुसमुरा गांव के एक युवक और उसके तीन सहयोगियों पर पुत्री को बहला फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। मां ने बताया पांच मई को बेटी की शादी थी। मां की तहरीर पर आरोपी गौरव, राजेश, संदेश और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ट्रक ने स्कूटी सवार महिला समेत दो को मारी टक्कर
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआं वाजिदपुर चौराहे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और युवक घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। स्कूटी सवार ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के नई कोट मुस्तफाबाद निवासी मनीष कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मिर्जापुर के कछवां थाना के खैरा गांव निवासी रिश्तेदार शांति देवी को लेकर घर लौट रहा था। तभी वाजिदपुर चौराहे पर ट्रक चालक ने टक्कर मार दी।

ग्राम प्रधान विवेक सिंह मोहित की गिरफ्तारी पर भाजपा ने उठाए सवाल
सेवापुरी ब्लॉक के कुंडरिया ग्राम पंचायत के प्रधान विवेक सिंह मोहित की गिरफ्तारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसे लेकर भाजपा जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए। शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धर्मेन्द्र राय ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। 

इस दौरान विवेक सिंह मोहित के परिजन भी एमएलसी के साथ उपस्थित रहे। एमएलसी ने पुलिस आयुक्त को बताया कि ग्राम प्रधान विवेक सिंह मोहित को जिस हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है, उसमें उनके विरुद्ध कोई ठोस साक्ष्य नहीं हैं। 

उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों में यह आम धारणा बन चुकी है कि विवेक सिंह मोहित पूरी तरह निर्दोष हैं और उन्हें साजिशन इस प्रकरण में फंसाया गया है। हत्या के मुख्य अभियुक्त ने भी अपने बयान में स्पष्ट किया है कि ग्राम प्रधान का इस घटना से कोई संबंध नहीं है। भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश सिंह सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारियों ने भी पुलिस आयुक्त से मिलकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने को कहा।

पैसा मांगने गए युवक की पिटाई
जैतपुरा थाना क्षेत्र के अमानुल्लापुरा इलाके में बकाया पैसा मांगने गए तीन युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित युवक ने तहरीर में बताया कि मोहम्मद यासीन, मोहम्मद अकरम और सादाब अंसारी से बकाया राशि मांगने गया था। आरोप है कि तीनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। जैतपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग से लौट रही युवतियों से छेड़खानी, मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार दोपहर कोचिंग से लौट रही दो युवतियों के साथ एक कार सवार युवक ने छेड़खानी की। युवतियां जब पैदल घर जा रही थीं, तभी एक सफेद कार उनके पास रुकी और युवक ने जोर जबरदस्ती की। युवतियों के शोर मचाने और पिटाई शुरू करने पर युवक कार लेकर भाग निकला।

पुलिस ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार को एसीपी राजातालाब ने घटनास्थल का दौरा कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मामले की जांच पड़ताल शुरू की।

सड़क हादसे में घायल बालक को डीसीपी गोमती ने पहुंचाया अस्पताल
रिंग रोड पर शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल परिवार में एक बच्चे को अचेतावस्था में डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने अस्पताल पहुंचाया। रास्ते से गुजर रहे डीसीपी ने घायलों को देखा तो तुरंत वाहन रुकवाया और बच्चे को बैठाकर अस्पताल ले गए। एक बाइक पर सवार चार लोग असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गए।

हादसे में 9 साल का प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। पास से डीसीपी गुजर रहे थे। बच्चे को अचेतावस्था में देखा तो बालक को निजी अस्पताल में पहुंचाया। जांच में पाया गया कि बाइक पर चार व्यक्ति सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। डीसीपी आकाश पटेल ने अपील की कि सड़क सुरक्षा नियम केवल कानून के दायरे में नहीं आते, बल्कि ये हमारी और अपनों की जान बचाने के लिए आवश्यक है। दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न करें। हेलमेट जरूर लगाएं।

रेहान मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग, ज्ञापन दिया
गंगा आरती के दौरान मोहम्मद रेहान की बेरहमी से पिटाई मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए साझा संस्कृति मंच ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपा। साझा संस्कृति मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि दशाश्वमेध घाट एक सार्वजनिक स्थान है, जो बनारस की साझी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

वारदात के वक्त ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। रेहान के अनुसार, उसे 5-7 लोगों ने गंगा सेवा निधि कार्यालय में घसीटकर डेढ़ घंटे तक पीटा। आईबी ने भी रेहान से पूछताछ की। ज्ञापन सौंपने वालों में जागृति राही, नीता चौबे, सुजाता, रामजनम, अनूप श्रमिक, अबू, मनीष शर्मा, धनंजय, रवि आदि रहे।

चार उपकेंद्रों से चार घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के लिए पोल, तार, ट्रांसफाॅर्मर की शिफ्टिंग शनिवार को करवाई जाएगी। इस वजह से बिजली निगम के उदयपुर, पांडेयपुर, कज्जाकपुरा उपकेंद्र से चार घंटे और सांस्कृतिक संकुल उपकेंद्र से एक घंटे बिजली गुल रहेगी।

अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत वितरण निर्माण खंड वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर उपकेंद्र से सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। ही कज्जाकपुरा उपकेंद्र से सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बिजली नही रहेगी। सांस्कृतिक संकुल उपकेंद्र से दोपहर 12 से 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

ट्रेन के चपेट में आकर गई थी जान, हुई पहचान
वाराणसी-जफराबाद रेल मार्ग पर जगदीशपुर रेलवे फाटक के पास गुरुवार एक युवक का शव मिल था। शुक्रवार को उसकी पहचान हो गई। पुलिस ने बताया कि चाचा लालमणी भतीजे की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। दरोगा सुनील यादव ने एक युवक के ट्रेन से कटने की जानकारी दी। शव देखने पर उसकी पहचान अनिल कुमार निवासी जगदीशपुर के रूप में हुई। घटना का कारण का पता नहीं चल सका है।

दहेज उत्पीड़न में ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज
जैतपुरा की जुलेखा बानो ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि 24 अप्रैल को दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, सास, ससुर, जेठ व जेठानियों ने मिलकर पिटाई की।

इसके बाद पीड़िता अपने मायके बनारस आई और 28 अप्रैल को जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जैतपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

तीन अवैध निर्माण वीडीए ने किए सील
वीडीए की ओर से शुक्रवार को तीन अवैध निर्माण सील किए गए। वार्ड सारनाथ के आजमगढ़ रोड पर राज कुमार की ओर से बगैर नक्शा पास कराए निर्माण कराया जा रहा था। वीडीए की प्रवर्तन टीन ने निर्माण को सील किया। इसी प्रकार मढ़वा आजमगढ़ रोड पर लक्ष्मीनारायण गुप्ता की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील किया गया। मवईयां में यशोदा देवी के अवैध निर्माण को सील किया। जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश की अगुवाई में कार्रवाई की गई।

वीडीए उपाध्यक्ष ने किया उंदीताल के विकास कार्यों का निरीक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने शुक्रवार को सारनाथ स्थित उंदीताल का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना से सम्बंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यहां इनलेट और आउटलेट चैनल की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए। ताकि, जल प्रबंधन और पारिस्थितिकी संरक्षण के उद्देश्य को बेहतर रूप प्राप्त हो सके।

उन्होंने ले-आउट की प्रस्तुति दी। इस पर उपाध्यक्ष ने कुछ आवश्यक संशोधन के लिए निर्देश भी दिए। स्थल के अंशों में पुनर्विकास को ध्यान में रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर चयनित कंसलटेंट प्लानर इंडिया के डीपी सिंह, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, सहायक अभियंता अनुज, अवर अभियंता विजय सिंह मौजूद रहे। 

गंगा घाटों पर स्वीपिंग मशीन होगी सफाई
वाराणसी। गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए मैनुअल के साथ-साथ मैकेनाइज्ड तरीके अपनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए यहां नए उपकरण खरीदे जाएंगे ताकि यहां की साफ सफाई और बेहतर तरीके से हो सके। स्वीपिंग मशाीन से गंगा घाटों पर सफाई की जाएगी।

इन छोटी-छोटी मशीनों से चौड़े घाटों की सफाई होगी। मशीन के जरिये ही नावों पर लादकर कूड़ा निस्तारण केंद्र पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा गंगा में पड़ने वाले फूल-मालाओं को निकालने के लिए ट्रेस स्कीमर मशीन की संख्या बढ़ाई जाएंगी। आरती और विशेष आयोजनों पर ये शिफ्टवार तैनात रहेंगे। सभी घाटों पर स्टील के डस्टबिन लगाए जाएंगे। नावों पर भी डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी ताकि बोटिंग के दौरान लोग गंदगी गंगा में न डालें।

कुछ जगहों पर कूड़ा रखने के लिए स्थान होंगे जहां पर लोग कूड़ा डाल सकेंगे। इसके अलावा गंदे नाले और टूटे फूटे सीवर पाइप लाइन को भी बदलने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए जल निगम को जिम्मेदारी दी गई। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने मैकनाइज्ड सफाई व्यवस्था के लिए प्रस्ताव बनाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को दी है। इसके आधार पर उपकरण खरीदे जाएंगे।

अति संवेदनशील इलाके दोषीपुरा में गैरहाजिर मिले पुलिसकर्मी
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था व मुख्यालय डाॅ. एस चन्नप्पा ने शुक्रवार को जुमा नमाज पर अति संवेदनशील स्थल दोषीपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में खामियां मिलीं। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी गैरहाजिर मिले। इस लापरवाही पर एडिशनल सीपी ने नाराजगी जताई और पुलिस लाइन में गैरहाजिरी दर्ज कराई।

शिया-सुन्नी के विवादित अति संवदेनशील स्थल दोषीपुरा की सुरक्षा में लापरवाही पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसीपी चेतगंज, थाना प्रभारी जैतपुरा और आरआई को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस बीच धनेसरा चौराहा से गोलगड्डा होते हुए वाराणसी सिटी स्टेशन व दोषीपुरा तक व आसपास के अति-संवेदनशील स्थानों की पैदल गश्त की। बेतरतीब खड़े वाहनों, अतिक्रमण पर थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को संबंधित के खिलाफ कार्रवाई और अतिक्रमण मुक्त करने पर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

शॉर्ट सर्किट से साड़ी व कपड़े की दुकान में लगी आग
खोजवा तिराहा के पास साड़ी के शोरूम में बृहस्पतिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से साड़ी, फर्निचर, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां ने आग पर काबू पाया। सारनाथ के पंचक्रोशी रोड निवासी रोहित जायसवाल का खोजवा तिराह के पास साड़ी का शोरूम है। 

बीती रात दुकान बंद कर घर गए। इस बीच देर रात कटरा मालिक विश्वदीपक दुबे ने देखा कि दुकान के अंदर से धुआं उठ रहा है। इस पर तुरंत फायर ब्रिगेड और रोहित को सूचना दी। कुछ ही देर में पूरी दुकान आग के आगोश में आ गई। यह देख क्षेत्र के लोग पानी फेंककर आग पर काबू पाने में जुटे। रोहित ने बताया कि दुकान में 15 से 20 लाख रुपये की साड़ी, कपड़ा सहित फर्नीचर, एसी, पंखे जल गए। 

अधिवक्ता के घर में तोड़फोड़, साले समेत 25 अज्ञात पर केस
अनौला के महादेव नगर कॉलोनी में अधिवक्ता के घर में तोड़फोड़ और पथराव के मामले में कैंट पुलिस ने केस दर्ज किया है। पीड़ित अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर उनके साले राधेश्याम चौबे व 20-25 अज्ञात लोगों ने घर की बाउंड्री को तोड़ने की कोशिश की। पत्थर से गेट क्षतिग्रस्त कर दिया। गालीगलौज और घर की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। बुजुर्ग मां और पत्नी, बच्चे डरे सहमे हुए हैं। दो नामजद समेत 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

बरात में आए युवक पर जानलेवा हमला, तीन पर मुकदमा
महमूरगंज में एक लॉन में बरात में आए दो भाइयों की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। गुरुवार रात हमले में घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। खालिसपुर निवासी अंकित शर्मा ने पुलिस को बताया कि लॉन में बरात में आया था। इस दौरान आदित्य साहनी, चंदन साहनी, राहुल साहनी निवासी सरायमोहाना व अज्ञात ने मारपीट की। हाथ के कड़े और धारदार हथियार से हमला किया। सिर में छह टांके लगे हैं।

माता-पिता और भाई पर खुरपी से हमला, केस दर्ज
माता-पिता समेत भाई पर हमला करने के मामले में चितईपुर थाने में दंपती समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सराय डंगरी के भगवतीपुर निवासी विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपियों रविशंकर वर्मा छेदी, मुन्नी देवी, अभय वर्मा, सुधीर वर्मा और रेखा ने खुरपी और लाठी-डंडे से मारा पीटा। खुरपी के हमले से माता-पिता और भाई की हालत चिंताजनक है। गुरुवार को उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी पर हमले में शामिल है तीन थाना क्षेत्र के युवक
लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह पर हमले में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही है। अशोक विहार कॉलोनी फेज टू स्थित मार्ग पर शराब पीकर हंगामा करने और पुलिस टीम पर पथराव में तीन थाना क्षेत्र के आरोपी शामिल हैं।

वारदात स्थल सारनाथ, जैतपुरा और लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र का बॉर्डर है। पुलिस के अनुसार दो समूह में कुल 30 नवयुवक थे। सीसी कैमरों और अन्य साक्ष्य के जरिये आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। वार्ड के पार्षदों का भी सहयोग लिया जा रहा है। वहीं, एक आरोपी विशाल जायसवाल को जेल भेज दिया दिया।

प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर छात्र नेताओं का प्रदर्शन
कुंडरिया ग्राम प्रधान मोहित सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में युवकों ने जिला मुख्यालय पर विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को छात्र नेता समीर सिंह विशाल के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। युवकों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन भी सौंपा।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक पर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान से पैसे की मांग की गई थी, उन्होंने मना किया तो पुलिस ने लाइनमैन की हत्या में नाम जोड़ते हुए उन्हें जेल भेज दिया। इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं, जिला मुख्यालय पहुंचे एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया।

श्री स्वामी नारायण मंदिर का मनाया गया 84 वां स्थापना दिवस
स्वामी नारायण मंदिर का 84वां स्थापना दिवस शुक्रवार को मनाया गया। मच्छोदरी स्थित मंदिर में श्री स्वामी नारायण भगवान, लक्ष्मीनारायण देव का दही, दूब, शहद समेत पंचामृत स्नान कराया। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को भोग लगाया गया। पुजारी घनश्याम मेहता ने श्री स्वामी नारायण की आरती उतारी। भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर संत स्वामी प्रेम स्वरूप दास ने कहा काशी में प्रभु स्वामी नारायण का षोडषोपचार पूजन होना अपने आप में पुण्य का कार्य है।

बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में 6 मई को लगेगा चिकित्सा शिविर
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के काय चिकित्सा विभाग की ओर से विश्व अस्थमा दिवस पर 6 मई 2025 को निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। धन्वंतरि भवन में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर में अस्थमा के रोगियों का परीक्षण, फेफड़ो की क्षमता (पीएफडी) की जांच भी की जाएगी। इस दौरान बीमारी के कारण, बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना की तारीख 15 मई तक बढ़ी
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सर्वेक्षण की तारीख बढ़ाकर 15 मई कर दी गई है। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि आवास प्लस सूची में पात्र लाभार्थियों का नाम जोड़ने के लिए आवास प्लस सर्वेक्षण की तारीख 31 मार्च तक की गई थी। इसे बढ़ाकर पहले 30 अप्रैल किया गया।

अब दोबारा इसे बढ़ाकर 15 मई कर दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति सूची में नाम जुड़वाना चाहता है तो अपने मोबाइल से सेल्फ सर्वे कर आवास प्लस पोर्टल पर अपलोड करें। अपने ग्राम पंचायत में तैनात सर्वेयर से सर्वे करा सकता है। कोई दिक्कत आए तो कंट्रोल रूम के नंबर 0542- 2500365 और 2500366 पर संपर्क कर सकते हैं। 

यूपी कॉलेज के रोशन को सीएसआईआर नेट परीक्षा में नौंवीं रैक
सीएसआईआर-यूजीसी द्वारा आयोजित दिसम्बर-2024 की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) परीक्षा में गणितीय विज्ञान विषय में उदय प्रताप कॉलेज के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा है। कॉलेज के छात्र रोशन कुमार मौर्य ने सीएसआईआर नेट की परीक्षा में देश में 9वां स्थान प्राप्त किया है। वाराणसी के हाथीबाजार के बरनी गांव के निवासी रोशन ने उदय प्रताप कॉलेज से वर्ष 2022 में बीएससी और 2024 में एमएससी (गणित) की पढ़ाई की है।

रोशन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता के आशीर्वाद एवं कॉलेज के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि लगन और निरंतरता की सफलता की कुंजी है । गणित विभाग के अन्य छात्रों में आशुतोष मौर्या ने 70वीं रैंक, खुशबू पाल ने 126वीं रैंक एवं रोहित पाठक ने 132वीं रैंक प्राप्त कर उदय प्रताप कॉलेज वाराणसी का नाम रोशन किया है। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने सभी को शुभकामनाएं दी हैं।

विद्यापीठ में 17 मई तक भर सकेंगे पीएचडी प्रवेश फाॅर्म
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा (2023-24) में उत्तीर्ण एवं शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जेआरएफ) अभ्यर्थी दाखिले के लिए 17 मई तक आवेदन कर सकेंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थियों को पीएचडी प्रवेश 2024 के द्वितीय चरण के आवेदन पत्र के साथ सभी शैक्षणिक दस्तावेज (हाईस्कूल से स्नातकोत्तर तक) की स्वप्रमाणित छायाप्रति निर्धारित शुल्क रसीद के साथ संबंधित विभाग में जमा करनी होगी। प्रो. मिश्र ने कहा कि अभ्यर्थियों को ये शपथ पत्र भी देना होगा कि शोध में पंजीकरण के बाद तीन वर्षों तक कहीं अन्यत्र सेवारत या अध्ययनरत नहीं होंगे।

महाराज अग्रसेन की शुरू हुई नियमित पूजा
काशी में अब महाराज अग्रसेन की नियमित पूजा होगी। शुक्रवार को इसकी शुरुआत हुई। मैदागिन चौराहे पर स्थित महाराज अग्रसेन की प्रतिमा की विधिवत पूजा हुई और भोग लगाकर आरती की गई।काशी अग्रवाल समाज के समाज सेवा विभाग की ओर से महाराज अग्रसेन जी की प्रतिमा की नित्य पूजा और भोग आरती की शुरुआत हुई।

श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि महाराज अग्रसेन एक पौराणिक धार्मिक तपस्वी राजा रामराज्य के समर्थक और अग्रवाल समाज के अग्रदूत हैं। अब यहां उनकी नित्य पूजा और भोग आरती होगी, ताकि युवा पीढ़ी एकजुट होकर महाराज अग्रसेन को याद करे और उनके आदर्शों को अपनाकर समाज की उन्नति एवं देश को आर्थिक समृद्धि बनाने में अपना योगदान दे सके।

संयोजन आलोक कुमार शाह ने किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल, मंत्री राजकिशोर चंद्र अग्रवाल, शशि बाला शाह, दीपक अग्रवाल लायन, बृज कमलदास अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, अमिता अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, अम्बिका अग्रवाल, डॉ. मधु अग्रवाल, डॉ. रूबी शाह आदि रहीं।

पीएम राहत कोष से एप्लास्टिक एनीमिया के मरीज करवा सकेंगे इलाज
एप्लास्टिक एनीमिया में मरीज को बार-बार खून और प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत होती है। ऐसे मरीज को अब इलाज के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री राहत कोष से ऐसे मरीजों को इलाज के लिए अनुदान भी मिल रहा है। 

आयुष मंत्रालय के केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद में वैज्ञानिक सलाहकार मंडल के सदस्य डॉ. एके द्विवेदी ने पराड़कर भवन में बताया कि राहत कोष से मदद मिलने की जानकारी के अभाव में बहुत से मरीज बीमारी का इलाज नहीं करवा पाते हैं। ऐसे में विशेष अभियान चलाकर सभी को जागरूक किया जा रहा है।

एलास्टिक एनीमिया एक गंभीर बीमारी है, इसमें शरीर के बोन मैरो खून बनाना बंद कर देते है। समय पर इलाज न हो तो मरीज की जान जाने का खतरा रहता है। परिषद की ओर से भी अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

यूपी बोर्ड की मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
गंगापुर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की छात्रा साक्षी (86%), कला वर्ग की सुहानी (85.5%), हाईस्कूल की छात्रा अंशु (87%) को सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य डॉ. प्रकाश सिंह ने कहा कि जिन छात्राओं ने यह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वे भविष्य में भी अपनी इसी लगन और मेहनत को बनाए रखें। ताकि दूसरी छात्राएं उनसे प्रेरणा लें। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अरुण सिंह, घनश्याम, राजेश सिंह, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।

जीपीएस से लैस होंगी कूड़ा गाड़ियां, निगरानी में होगी आसानी
नगर निगम की पुरानी कूड़ा गाड़ियों को हटाया जाएगा। नई गाड़ियों को जीपीएस से लैस किया जाएगा। इससे ऑनलाइन निगरानी में आसानी होगी। साथ ही सफाईकर्मियों को भी ट्रैक किया जाएगा। इसमें स्मार्ट सिटी की मदद ली जा रही है। सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से इसकी ऑनलाइन निगरानी शुरू की गई है। सफाई कर्मचारियों को छोटी डिवाइस दी जाएगी। ये डिवाइस वे अपनी कलाई पर घड़ी की तरह पहन कर रखेंगे या फिर पॉकेट में लेकर चलेंगे। जैसे ही सफाईकर्मी अपना एरिया छोड़ेंगे या फिर नहीं पहुंचेंगे तो कंट्रोल रूम पर मैसेज पहुंच जाएगा।

अनुसूचित जाति और जनजाति के कल्याण पर विशेष ध्यान दें विभाग
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को अनुसूचित जाति और जनजाति के कल्याणार्थ कार्य करने और उत्थान पर विशेष ध्यान देने को कहा। अत्याचार उत्पीड़न योजना, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, वृद्धावस्था पेंशन स्पॉन्सरशिप वृद्धाश्रम, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, मछली पालन और अन्य योजनाओं की समीक्षा की।

लाभान्वित व्यक्तियों से उन्हें अवगत कराया गया। अध्यक्ष ने सभी विभाग के कार्यों से संतुष्टि जताई। कहा कि पुलिस विभाग की इतनी व्यस्तता होने पर भी अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर अत्याचार से संबंधित प्रकरणों का ध्यान रख शत प्रतिशत लाभ दिलाया। यह अच्छी बात है। सरकार गरीब व्यक्तियों के कल्याणार्थ कार्य कर रही है। बैठक में उप निदेशक सूचना डॉ. सुरेंद्रनाथ पॉल, अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह आदि शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने किया राजकीय बाल गृह और बालिका गृह रामनगर का निरीक्षण
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को राजकीय बाल गृह और बालिका गृह रामनगर का निरीक्षण किया। संवाद कर सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि बालक, बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन दिया जाए। बालिकाओं की समय पर काउंसिलिंग कराए जाने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो बालिकाएं अपने घर वापस जाना चाहती हैं, उनकी बाल कल्याण समिति के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई कर अभिभावकों से संवाद कर वापसी कराई जाए। संरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि वह नियमित रूप से राजकीय बाल गृह और बालिका गृह का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। कहा कि राजकीय बालिका गृह में किसी पुरुष की ड्यूटी नहीं लगनी चाहिए।

व्यापारियों ने पहलगाम घटना पर जताया रोष
पहलगाम में हिंदू पर्यटकों की हत्या के विरोध में शुक्रवार को दशाश्वमेध व्यापार मंडल क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने चितरंजन पार्क में श्रद्धांजलि शोक सभा का आयोजन किया। इस दौरान, मृतक आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। घटना के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

मांग में घटना में शामिल दुर्दांत आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों को कठोरतम सजा देने और पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद करने का आग्रह किया गया, ताकि देशवासी सुरक्षित रह सकें। शोक सभा में प्रेम मिश्रा, अशोक जायसवाल, दीपक वासवानी, विनय यादव आदि उपस्थित रहे।

डीएम ने निर्माणाधीन रोपवे और वृद्धा आश्रम का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को रोपवे और 100 बेड की क्षमता वाले वृद्धा आश्रम रामनगर का निरीक्षण किया। काशी विद्यापीठ में रोपवे के निर्माण के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। कहा कि समय से काम पूरा कराएं। डीएम ने कहा कि गुणवत्ता को ध्यान में रखकर कार्य किया जाए।

रामनगर में जिलाधिकारी ने खिड़की के फ्रेम के गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था को लोहे के फ्रेम लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धा आश्रम एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। इससे एक जीवंत, पारिवारिक वातावरण बना रहेगा।

फेडरेशन कप कबड्डी में खेलेंगे वाराणसी के दो खिलाड़ी
भारतीय कबड्डी संघ की ओर से आयोजित सीनियर फेडरेशन कप कबड्डी प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी के दो खिलाड़ियों दिव्यांशु और रोनित सिंह का चयन यूपी टीम में हुआ है।

जिला कबड्डी संघ के सचिव विनय सिंह ने बताया कि चयनित वाराणसी के खिलाड़ी शुक्रवार शाम अमरावती पहुंचे। सीनियर फेडरेशन कप कबड्डी प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में 2-5 मई तक आयोजित है। 

पक्षियों की प्यास बुझाने में जुटी युवाओं की टीम
गर्मी में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए युवाओं ने अनोखी पहल शुरू की है। युवा पेड़ों और छतों पर रखे गमलों के बीच जलपात्र में पानी रख रहे हैं। शुक्रवार से उन्होंने इस अभियान की शुरुआत की। युवा समाजसेवी शुभम सिंह ने कहा कि पानी की कमी के कारण कई पक्षियों की जान चली जाती है। ऐसे में युवाओं की यह पहल इन जीवों की जान बचाने में सहायक सिद्ध होगी। एक भी पक्षी को बचा लें तो अभियान सफल होगा। इस दौरान गोबिंद यादव, शिव शरण, शिवम सिंह, दुर्गा शरण, अनिल साहनी आदि मौजूद रहे।

सराहनीय कार्य करने वाले उद्यम का होगा सम्मान
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योगों में प्रशंसनीय व सराहनीय कार्य करने वाले उद्यमों को एमएसएमई मंत्रालय भारत सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। आवेदन करने के लिए dashboard.msme.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। मंत्रालय विभिन्न क्षेत्रों व वर्ग में कुल 35 पुरस्कार देगा। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है और आवेदन की अंतिम तिथि 13 मई है।

अमृत इंटर्नशिप के तहत प्रशिक्षित किए गए 61 प्रशिक्षु
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) कल्लीपुर में पिछले तीन माह से चल रहे अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। जिसमें 72 में से 61 प्रशिक्षओं ने ऑनलाइन माध्यम से कृषि तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों की जानकारी देने और किसानों से सीधे जुड़ने के लिए इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) और केसीएसआर फंड की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इंटर्नशिप कार्यक्रम ने देश के चार राज्यों के बीस जिलों से 72 छात्र-छात्राओं पंजीकरण कराया था। कार्यक्रम के समापन समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन कुमार सिंह और नाबार्ड की डीडीएम सोनिका राना उपस्थित रहीं।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष का अधिवक्ताओं ने फूंका पुतला
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य और सह अध्यक्ष श्रीनाथ त्रिपाठी के निष्कासन को तहसील के अधिवक्ताओं ने अवैध करार दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने विरोध में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा का पुतला फूंका। उप जिलाधिकारी पोर्टिको के सामने सभा की। सर्वजीत भारद्वाज ने कहा कि श्रीनाथ त्रिपाठी ने विभिन्न स्थानों पर हो रहे भ्रष्टाचार के संबंध में विचार रखे थे।

लोकतंत्र में कोई व्यक्ति अधिवक्ता या संस्था इस तरह के विचार व्यक्त कर सकता है। भ्रष्टाचार पर बोले जाने को आधार बनाकर लिया गया निर्णय गलत है। पूर्व महामंत्री तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब प्रदीप सिंह ने भी इसे मनमानी बताया। पूर्व अध्यक्ष छेदी यादव, नंदलाल पटेल, मुखराम प्रजापति, गौरव उपाध्याय, आशीष सिंह, मनोज मिश्रा, अखिलेश आदि रहे।

भूजल निकासी के सापेक्ष वर्षा जल संरक्षण पर जोर
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को राइफल क्लब में जल अधिनियम 2019 के तहत जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद की बैठक की। कुल 25 आवेदनों में से 14 आवेदनों को स्वीकृत कर 5 आवेदन अस्वीकृत किए। 6 फर्मों को समय दिया गया है कि वर्षा जल संरक्षण की संरचना का निर्माण करना शुरू करें।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने सभी को भूजल निकासी के सापेक्ष वर्षा जल संरक्षण करने पर जोर दिया। इसमें डॉ. नम्रता जायसवाल (नोडल अधिकारी) भूगर्भ जल विभाग, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और कुल 17 प्राइवेट संस्थाओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बनारस स्टेशन पर चला जल सेवा अभियान
गर्मी में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में भारत स्काउट एंड गाइड जिला संघ के सदस्यों ने बनारस रेलवे स्टेशन पर जल सेवा अभियान शुरू किया है। इसके तहत विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को पेयजल उपलब्ध कराकर उनकी प्यास बुझाई गई।

श्रीराम बाजपेई, वीर कुंवर सिंह, आकाश, हिमांशु भारद्वाज, विशाल पटेल, रामचंद्र सिंह यादव आदि रहे। मंडल वाणिज्य निरीक्षक संजीत कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक अमित कुमार और वाणिज्य कर्मचारी संदीप मिश्रा ने सहयोग किया।

काशी की खुशी मलयेशिया में खेलेंगी कराटे
21वीं अंतरराष्ट्रीय ओपेन कराटे प्रतियोगिता मलयेशिया में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी की श्रीरामपुर निवासी खुशी सिंह खेलेंगी। खुशी सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए प्रतिदिन चार घंटे अभ्यास कर रही हैं। 5 मई को मलयेशिया रवाना होंगी। खुशी ने 18 अप्रैल में जयपुर में खेली गई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। अब खुशी का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 

संस्कृत शास्त्रों में तकनीक का असीम भंडार
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय की ओर से कौशल विकास योजना के तहत शुक्रवार को वैदिक विज्ञान केंद्र में व्याख्यान हुआ। पुणे स्थित एसेंचर इंडिया के बिजनेस आर्किटेक्चर मैनेजर रामचंद्र लक्ष्मीकांत पुराणिक ने संस्कृत शास्त्रों में छिपी तकनीकी की अपार संभावनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्राचीन संस्कृत ग्रंथों में आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर सॉफ्टवेयर, कंप्यूटर एप्लिकेशन और कई प्रकार के कंप्यूटर प्रोग्राम विकसित करने की असीम क्षमता मौजूद है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संस्कृत शास्त्रों के गहन अध्येता विशेष प्रयास और आवश्यक कौशल हासिल कर विशिष्ट दक्षता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रो. माधव जनार्दन रटाटे, डॉ. आनंद कुमार जैन, डॉ. प्रियव्रत मिश्र, डॉ. श्रीराम ए एस, डॉ. शशांक पुराणिक, विकास मिश्र आदि मौजूद रहे।

बीएचयू में मासिक ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 15 से
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू ने ग्रीष्मकालीन खेल शिविर की तिथि शुक्रवार को घोषित कर दिया। बीएचयू के अलग-अलग खेल मैदान और स्वीमिंग पूल में 15 मई से 15 जून तक खेल शिविर आयोजित होंगे। शिविर में युवा खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों के कोच प्रशिक्षण देंगे। 

विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि खेलों के लिए शुल्क देना होगा। हॉकी, भारोत्तोलन और वॉलीबॉल के लिए 500 रुपये, जबकि बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स के लिए प्रति खिलाड़ी 1000 रुपये देने होंगे। तैराकी के लिए 2500 शुल्क और 50-50 रुपये फाॅर्म और आई कार्ड के लिए देने होंगे।

शंकराचार्य का किया पूजन और वेदों का पाठ
श्रीवल्लभराम शालिग्राम सांग्वेद विद्यालय रामघाट में भी आदि शंकराचार्य की जयंती मनाई गई। प्रो. माधव रटाटे ने शंकराचार्य की अवतार कथा के बारे में विस्तार से बताया। ज्योतिषविद बेंकटेश्वर द्राविड कल्पोक्त पूजा की। वैदिक ब्राह्मणों ने ऋग्वेद, यजुर्वेद और सामवेद का पाठ किया। इसके बाद पं. जिनेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सभा हुई। पं. जिनेंद्र ने कहा कि शंकराचार्य ने अवैदिक मतों का निराकरण शास्त्रार्थ से किया और धर्म की स्थापना की। उनके द्वारा स्थापित मठ भी धर्मरक्षा कर रहे हैं।

पीएनयू क्लब प्रबंध समिति का चुनाव अमान्य
सहायक निबंधक फर्ड सोसायटी मंगलेश पालीवाल ने पीएनयू क्लब के चुनाव को अमान्य घोषित कर दिया है। उक्त जानकारी देते हुए पीएनयू क्लब के आशोक वर्मा ने बताया कि सहायक निबंधक ने गत माह कराए गए चुनावी प्रक्रिया को अवैध घोषित करते हुए पुरानी कमेटी के कार्यकाल को खत्म होने की वजह से उसे कलातित कर दिया है। उन्होंने 835 सदस्यों की सूची जारी की है। बतया कि अब संसोधित सूची पर चुनाव कराए जाएंगे।

आत्मा और परमात्मा की एकता को दर्शाता है... ब्रह्म सत्यं,जगन्मिथ्या
ब्रह्म सत्यं, जगन्मिथ्या... यानी ब्रह्म ही परम सत्य है और यह संसार एक भ्रम है, माया है। यह विचार अद्वैत वेदांत का मूल है, जो आत्मा और परमात्मा की एकता को दर्शाता है। ज्ञान ही मोक्ष का मार्ग है। शंकराचार्य मानते थे कि सच्चे ज्ञान के बिना मोक्ष संभव नहीं है। आत्मा का बोध ही मुक्ति का द्वार है।

ये बातें शुक्रवार को आदि गुरु शंकराचार्य की जयंती पर शास्त्रार्थ महाविद्यालय में शोभायात्रा के आयोजन के अवसर पर काशी पंडित सभा के मंत्री डाॅ. विनोद राव पाठक ने कहीं। अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्राचार्य डाॅ. गणेश दत्त शास्त्री ने कहा कि आदि शंकराचार्य के विचारों को ग्रहण कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने से सनातन संस्कृति का बोध सुगमता से होता है।

कार्यक्रम संयोजक विप्र समाज काशी के अध्यक्ष डाॅ. पवन शुक्ला ने कहा कि अपने कर्तव्यों का पालन ही धर्म है। डाॅ. आमोद दत्त शास्त्री, आचार्य संजय उपाध्याय, डाॅ. सारनाथ पांडेय, विशाल शास्त्री ने भी विचार व्यक्त किए। इसके बाद बटुकों ने ब्रह्म सत्यं, जगन्मिथ्या... के जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली जो महाविद्यालय परिसर सहित आस-पास के मोहल्लों से होकर वापस शास्त्रार्थ महाविद्यालय पर आकर संपन्न हुई।

सिटी कमांड सेंटर के हाईटेक कामकाज को विद्यार्थियों ने समझा
विद्यार्थियों को सिटी कमांड सेंटर फेज 2 का भ्रमण कराया जा रहा है। छात्रों को बताया कि यहां से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाता है। अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तकनीकों का उपयोग कर की जाती है। वाहन चलाते समय हेलमेट न लगाने से होने वाले नुकसान के बार में बताया।

इंचार्ज राजेश कुमार ने समझाया कि कैसे शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क इस केंद्र से जुड़ा हुआ है। फेशियल रिकग्निशन, ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल अपराधों को रोकने, अपराधियों की पहचान और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने में किया जाता है। उन्होंने सरल भाषा में जटिल प्रणालियों के कामकाज को समझाया।

काशी विश्वनाथ धाम में पूजी गईं मां अन्नपूर्णा
या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः... के साथ शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में मां अन्नपूर्णा का आह्वान किया गया। मान्यता के अनुसार शुक्रवार का दिन देवियों की आराधना को समर्पित होने के कारण श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में विराजमान अन्न की अधिष्ठात्री मां अन्नपूर्णा की आराधना विधिवत की गई। अर्चकों ने बताया कि शुक्रवार को विधि पूर्वक व्रत करने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है और उसके समस्त कष्ट दूर होने लगते हैं।

जल्द पानी से भरे जाएंगे आराजीलाइन के सूखे तालाब
आराजीलाइन को डार्क जोन घोषित किया गया है। यहां कई तालाब सूख चुके हैं। पूर्व में यहां 59 अमृत सरोवर की खोदाई की गई थी। इन तालाबों में बाहर से पानी आने का स्रोत नहीं है। इस वजह से कई तालाब सूख चुके हैं। पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग के द्वितीय पड़ाव भीमचंडी में गंधर्व सागर तालाब है।

देवता का तालाब, पटेल तालाब, नंगा बाबा पोखरा, कृष्ण दत्तपुर का पोखरा, दिनदासपुर का लंगोटिया हनुमान मंदिर का तालाब प्रमुख है, जहां पानी नहीं है। इन्हें भरने के लिए सीडीओ हिमांशु नागपाल ने निर्देश दिए हैं।

50 फीसदी अनुदान पर मिलेंगे ढैंचा के बीज
किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर ढैंचा के बीज दिए जाएंगे। कृषि विभाग के सभी ब्लाॅकों के राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्रों पर ये बीज उपलब्ध रहेंगे। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि बीज विकास निगम से इसी सप्ताह दो सौ क्विंटल बीज मिल जाएगा। इसके बाद अनुदान पर किसानों को दिया जाएगा।

65 दिव्यांगजनों को दिया गया सहायक उपकरण
समन्वयक अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग विकास संस्थान और बचपन डे केयर सेंटर खुशीपुर के सहयोग से आराजीलाइन ब्लाॅक के हरसोस स्थित चंद्रावती एजुकेशनल विशेष विद्यालय में शुक्रवार को दिव्यांगों में निशुल्क उपकरण वितरण हुआ।

मुख्य अतिथि भाजपा नेता अदिति पटेल व विशिष्ट अतिथि पूर्वांचल पाल विकास समिति के अध्यक्ष रामआसरे पाल, विद्यालय के प्रबंध निदेशक अरविंद सिंह, संस्था के प्रभारी रमेश सिंह ने ट्राईसाइकिल और सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान अतिथियों का सम्मान हुआ। संचालन कमलेश कुमार और धन्यवाद ज्ञापन अरविंद सिंह ने किया। इस मौके पर रामविलास पटेल, किशोरी सेठ, जावेद आलम, गुंजन झा, अमित कुमार पटेल, अंशु पाल, आलोक कुमार त्रिपाठी, प्रदीप उपाध्याय आदि रहे। 

मारवाड़ी अस्पताल में कल लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
मारवाड़ी अस्पताल गोदौलिया में चार मई को सुबह 10 बजे से दो बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा। इसमें वरिष्ठ गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके सिन्हा की देखरेख में गुर्दा रोग से संबंधित सभी रोगों का निशुल्क परामर्श दिया जाएगा। गौरव राठी ने बताया कि अस्पताल के गौरी शंकर नेवर, संजीव शाह और आनंद अग्रवाल की देखरेख में लगने वाले शिविर में ब्लडप्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन की निशुल्क जांच की जाएगी। मारवाड़ी अस्पताल में डायलिसिस विभाग भी चल रहा है। यहां 500 रुपये में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर का उद्घाटन विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी करेंगे।

23 लाख से बीएचयू लगाएगा 4 ओपन जिम
डेढ़ साल बाद बीएचयू में चार स्थानों पर ओपन जिम इंस्टॉल कराने के लिए जगह का चयन कर लिया गया है। 23 लाख रुपये से मंगाए गए उपकरण एक माह के भीतर इंस्टॉल कर दिए जाएंगे। पहला ओपेन जिम केंद्रीय कार्यालय के पीछे वाले सड़क मार्ग पर, दूसरा ओपेन जिम बहुमंजिला शिक्षक संकुल के ओपन एरिया में लगेगा।

क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि इसके अलावा कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल (गर्ल्स) परिसर में और राजीव गांधी दक्षिणी परिसर स्थित महिला छात्रावास के बाहर एक ओपन जिम खुलेगा।

जिलाधिकारी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कहा कि जनता दर्शन के दौरान जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, यथाशीघ्र निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को समय के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की सुनवाई सम्मानजनक ढंग से करें।

पाॅपकाॅर्न मेकिंग मशीन के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10 पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन निशुल्क दी जाएगी। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट upkvib.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है। 

आवेदन पत्र प्राप्त होने के बाद मुख्यालय की ओर से गठित समिति के माध्यम से चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थी को इस योजना के तहत पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन मिलेगी। आवेदन पत्र के साथ फोटोग्राफ, आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, शिक्षा प्रमाणपत्र, राशन कार्ड/परिवार की आईडी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय टकटकपुर में 20 मई तक जमा करनी होगी। जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9580 503155 तथा 9264916036 पर संपर्क किया जा सकता है।

64 लाख से बनेगी सीआरपीएफ कैंपस में पिच रोड और बाउंड्रीवाल
64 लाख रुपये से पहड़िया के सीआरपीएफ कैंपस में पिच रोड और बाउंड्रीवाल का निर्माण वीडीए की ओर से कराया जाएगा। इसका उद्देश्य कैंपस में यातायात में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। 950 मीटर लंबी पिच रोड का निर्माण किया जाएगा। फुटिंग कार्य, आरसीसी पिलर्स, ब्रिक वर्क, बाउंड्री वॉल पर पेंटिंग और सर्कुलर फेंसिंग का कार्य कराया जाना है।

श्रीविद्यामठ में हुआ सौंदर्य लहरी का पाठ
आदि शंकराचार्य की जयंती पर केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में शंकराचार्य की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में सर्वप्रथम हरि प्रकाश पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलन किया। इसके पश्चात शंकराचार्य वंदना, गुरुपाद पूजा और बटुकों ने चारों वेदों का पारायण किया। इसके साथ ही सौंदर्य लहरी का कर्नाटक शास्त्रीय संगीत के विभिन्न रागों में दक्षिण भारत की साधिकाओं ने सामूहिक सस्वर पाठ किया।

मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि सर्वविदित है कि आदि शंकराचार्य जब काशी आए थे तब एक कूप पर बैठकर उन्होंने सौंदर्य लहरी की रचना की थी। श्रीविद्यामठ में आज भी वह कूप मौजूद है। आज उस पौराणिक कूप का भी पूजन कर वहां पर आदि शंकराचार्य भगवान का विग्रह स्थापित किया गया। इस दौरान साध्वी पूर्णांबा, साध्वी शारदांबा, ब्रह्मचारी परमात्मानंद, डॉ. सावित्री पांडेय, डॉ. लता पांडेय, दीपेश दुबे, रमेश उपाध्याय उपस्थित थे।

संजोई अखाड़े में दंगल खेलेंगे 150 पहलवान
कुराश एसोसिएशन की ओर से एक दिवसीय दंगल संजोई अखाड़े में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी के करीब 150 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे। आयोजन सचिव अजीत पाल ने बताया कि यह दंगल शाम तीन से छह बजे तक होगा। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। 

योगासन में शीतल वर्मा ने जीता स्वर्ण
जिला योगासन संघ की ओर से आयोजित योगासन प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षक शीतल वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता है। बताया कि वह राजकीय हाई स्कूल बढैनी कला में शारीरिक शिक्षिका पद पर कार्यरत है। उनकी जीत पर विनोद सिंह, डॉ. जीतेंद्र, डॉ. जगजीत सिंह, मधु यादव, ममता दुबे ने बधाई दी है।

पीएनबी स्टाफ यूनियन का प्रदर्शन, पूर्णकालिक दर्जा दिए जाने की मांग
पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के सभी मंडल कार्यालयों पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बैंक के प्रबंध निदेशक को क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से एक ज्ञापन भी सौंपा।

उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया यूनियन की मुख्य मांगों में से एक ओरिएंटल बैंक और यूनाइटेड बैंक के पीएनबी में विलय के समय बेस्ट ऑफ थ्री पॉलिसी के तहत सभी अंशकालिक सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालिक दर्जा देना था। यूनियन ने प्रबंधन पर इन छोटे कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। अधीनस्थ कर्मचारी संवर्ग को वरिष्ठता के आधार पर लिपिक संवर्ग में पदोन्नति की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में संगठन के सहायक महामंत्री चंद्रजीत, विनोद शुक्ला, सुशील, रूपेश आदि शामिल रहे।

अति संवेदनशील दोषीपुरा में गैरहाजिर रहे पुलिसकर्मी
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था व मुख्यालय डाॅ. एस चन्नप्पा ने शुक्रवार को जुमा नमाज पर अति संवेदनशील स्थल दोषीपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में खामियां मिलीं। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी गैरहाजिर मिले। इस लापरवाही पर एडिशनल सीपी ने नाराजगी जताई और पुलिस लाइन में गैरहाजिरी दर्ज कराई। 

शिया-सुन्नी के विवादित अति संवदेनशील स्थल दोषीपुरा की सुरक्षा में लापरवाही पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसीपी चेतगंज, थाना प्रभारी जैतपुरा और आरआई को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस बीच धनेसरा चौराहा से गोलगड्डा होते हुए वाराणसी सिटी स्टेशन व दोषीपुरा तक व आसपास के अति-संवेदनशील स्थानों की पैदल गश्त की। 

कंप्यूटेक फेस्ट में डीएवी को पहला स्थान
डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित कंम्यूटेक फेस्ट 2025 प्रतियोगिता में देशभर के 31 शैक्षणिक संस्थानों के 250 से अधिक प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन के आधार पर श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज की टीम को पहला स्थान मिला। आइक्यूएसी के अंतर्गत संचालित कंप्यूटर सेंटर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज के उत्कर्ष तिवारी पहले स्थान पर रहे।

वहीं, सनबीम भगवानपुर की छात्रा श्रेया मिश्रा दूसरे और डीएवी कॉलेज के शनि तिवारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सात प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया। मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. पद्मिनी रविंद्रनाथ, डॉ. सुधीर राय माैजूद रहे। 

अमृत इंटर्नशिप के तहत प्रशिक्षित किए गए 61 लोग
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) कल्लीपुर में पिछले तीन माह से चल रहे अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। जिसमें 72 में से 61 प्रशिक्षओं ने ऑनलाइन माध्यम से कृषि तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।

कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों की जानकारी देने और किसानों से सीधे जुड़ने के लिए इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) और केसीएसआर फंड की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इंटर्नशिप कार्यक्रम ने देश के चार राज्यों के बीस जिलों से 72 छात्र-छात्राओं पंजीकरण कराया था। कार्यक्रम के समापन समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन कुमार सिंह और नाबार्ड की डीडीएम सोनिका राना उपस्थित रहीं। 

पहले चरण में 135 एजुकेटरों की होगी तैनाती
जिले के परिषदीय (बेसिक शिक्षा परिषद) विद्यालयों के परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रदान करने शुक्रवार को ईसीसीई एजुकेटरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में 100 से अधिक आवेदकों की काउंसलिंग की गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिले में परिषदीय विद्यालय परिसरों में लगभग 600 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत यह अनिवार्य किया गया है कि इन केंद्रों में आने वाले 3 से 6 साल के बच्चों को औपचारिक शिक्षा से पूर्व की तैयारी के लिए प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध कराए जाएं। 
विज्ञापन

यूपी बोर्ड की मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
गंगापुर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की छात्रा साक्षी (86%), कला वर्ग की सुहानी (85.5%), हाईस्कूल की छात्रा अंशु (87%) को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रकाश सिंह ने कहा कि जिन छात्राओं ने यह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वे भविष्य में भी अपनी इसी लगन और मेहनत को बनाए रखें। ताकि दूसरी छात्राएं उनसे प्रेरणा लें। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अरुण सिंह, घनश्याम, राजेश सिंह, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें