Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड में बीती शाम चेकिंग के दौरान पुलिस को 62 साल का अफगानिस्तानी बुजुर्ग बिना किसी वैध दस्तावेज के बाइक से सफर करते मिला। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि उसकी पहचान पीर बादशाह पुत्र शाह आलम, निवासी काबुल अफगानिस्तान के रूप में हुई। बुजुर्ग महाराष्ट्र नंबर की बाइक से कोलकाता से नागपुर जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग के हुलिये और व्यवहार पर शक होने पर जब उससे पासपोर्ट और वीजा मांगा गया तो वह कोई भी आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिखा सका। तलाशी में पुलिस को उसके पास से एक ग्रीन कार्ड मिला।
उसके पास एक बैग, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद मिले। सूचना मिलते ही आईबी, एलआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। एजेंसियां समझने की कोशिश कर रही हैं कि वह बिना वैध दस्तावेज के वह वाराणसी कैसे पहुंचा और उसकी यात्रा का उद्देश्य क्या था।
लोहता में बस से दबकर युवक की मौत
लोहता-भदोही मार्ग पर भट्ठी गांव स्थित शांति सरोवर के पास शनिवार की शाम चलती बस से उतरने के प्रयास में 24 वर्षीय युवक बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
धन्नीपुर निवासी सुफियान अंसारी (24) कोरौता बाजार से बस में बैठकर लोहता आ रहा था। शांति सरोवर के पास उसने चलती बस से उतरने की कोशिश की, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बस के पिछली पहिए के नीचे आ गया। उसकी मौके हो गई। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था।
हादसे में घायल महिला की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव स्थित हाईवे के पास एक महीने पहले हुई सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। जंसा थाना क्षेत्र के संजोई भतसार लहिया गांव निवासी अजय कुमार पटेल पत्नी नीलम देवी के साथ बाइक से ससुराल पूरे गांव जा रहे थे।
रूपापुर गांव के पास बाइक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों घायल हुए थे। नीलम देवी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति अजय कुमार पटेल की तहरीर पर मिर्जामुराद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार की मौत
शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात रिंग रोड फेज 1 पर डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार मुर्दहा निवासी गजानंद सिंह यादव (45) घायल हो गए। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गजानंद सिंह यादव के भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी विरेंद्र सोनकर ने बताया कि डीसीएम कब्जे में हैं। चालक की तलाश की जा रही है।
बाबतपुर एयरपोर्ट वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी एयरपोर्ट पर पांच उड़ानें लेट, यात्री हुए परेशान
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को यात्रियों को उड़ानों की देरी का सामना करना पड़ा। दिनभर में विभिन्न रूटों से आने वाली पांच उड़ानें निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं। इसकी वजह से यात्रियों की आगे की यात्राएं प्रभावित हुईं। सबसे अधिक देरी एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी फ्लाइट आईएक्स 184 में हुई।
यह विमान सुबह 7 बजे पहुंचना था, लेकिन परिचालन संबंधी कारणों से करीब 2.30 घंटे देर से 9.30 बजे वाराणसी पहुंचा। इसी तरह, दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट फ्लाइट एसजी 718 भी निर्धारित समय 10.25 बजे की जगह एक घंटे देरी से 11.40 बजे उतरी। दोपहर में बंगलूरू से आने वाली इंडिगो 6ई 897 उड़ान को भी देरी झेलनी पड़ी। यह निर्धारित समय 2.55 बजे की जगह 3.55 बजे लैंड हुआ।
अहमदाबाद और दिल्ली से वाराणसी आने वाली इंडिगो की दो अन्य उड़ानें भी 30-30 मिनट देर से पहुंचीं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, उड़ानों की देरी का कारण परिचालन संबंधी तकनीकी व ट्रैफिक कारण रहे। यात्रियों ने कहा कि लगातार हो रही देरी से उनकी योजनाएं प्रभावित हुईं और इंतजार बढ़ता जा रहा है।
दो पक्षों में मारपीट, ईंट पत्थर भी चले
रोहनिया थाना क्षेत्र के शहावाबाद गांव में शनिवार को मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। सलीलम मोदनवाल अपने घर में स्थित दुकान पर दोपहर में भोजन कर रहा था। आरोप है कि गांव का अहमद माचिस लेने पहुंचा। सामान देने में थोड़ी देर होने पर उसने गाली देना शुरु कर दिया। इस बीच सूचना पर पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों में सुलह हो गया। लेकिन शाम को मुस्लिम बस्ती के कुछ लोग दोबारा मोदनवाल के घर पर चढ़ आए और परिवार आशीष मोदनवाल, सतीश तथा सलीलम मोदनवाल को मारपीट कर घायल कर दिया।
मौके पर एडीसीपी नीतू कात्यायन, एसीपी संजीव शर्मा और प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह पहुंचे और मामला शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सुरक्षा के बाबत गांव में पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ाया
कैंट थाना क्षेत्र के कटिंग मेमोरियल इंटर कालेज में रविवार को प्रतियोगी परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का प्रयोग करते परीक्षार्थी विनोद कुमार यादव पुत्र राम दौर यादव निवासी अजोसी थाना सिकरारा जौनपुर को पकड़ा गया है। विनोद प्राइमरी पाठशाला में सहायक अध्यापक के पद पर पहले से ही कार्यरत है।
बंद मकान से आभूषण और नकदी चोरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव में आदर्श कुमार उपाध्याय के बंद मकान को चोरों ने शुक्रवार की देर शाम खंगाल दिया। आभूषण और नकदी समेत घरेलू सामान चोर समेट ले गए। कपसेठी पुलिस ने शनिवार की सुबह छानबीन की है। पीड़ित आदर्श कुमार उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह मोहनसराय के पास पयागपुर में रहते हैं। शुक्रवार की देर शाम पैत्तृक घर सरावां पहुंचे थे और अपने घर का ताला खोलकर अंदर घुसे तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। आसपास के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और घर से निकालने के मामले में पति समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सारनाथ पतेरवा की ज्योति देवी की शादी सैयदराजा चंदौली निवासी निवासी रामबाबू राजभर के साथ 20 अप्रैल 2018 को हुई थी। आरोप है कि दहेज में एक लाख रुपये और बाइक के लिए पति रामबाबू, सास सुदामा, जेठ राजेश, जेठानी गीता देवी प्रताड़ित करती थीं। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाला दिया। थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
चोरी हुआ ट्रैक्टर व बोलेरो बरामद, एक गिरफ्तार
सिंधोरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव से शुक्रवार को हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना का पर्दाफाश पुलिस ने किया। इसके अलावा भदैनी कला बभनियां राजातालाब निवासी राज नारायण यादव की चोरी हुई बोलेरो भी बरामद की। आरोपी विवेक यादव निवासी रुपचंदपुर सिंधौरा को चकरमा मोड़ के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया। जबकि दो भाग निकले। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि करमा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
18 दिन बाद दर्ज हुई चोरी की प्राथमिकी
शिवपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल शिवपुर निवासी शंभू सोनकर के यहां हुई चोरी के मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने 18 दिन प्राथमिकी दर्ज की। शंभू सोनकर का आरोप है कि 11 नवंबर को उत्सव वाटिका गिलट बाजार बाईपास शिवपुर में नाती के जन्मदिन पर गया था, वहीं पर्स चोरी हो गया। पर्स में दो लाख रुपये के जेवरात थे। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर, सीसी कैमरे को देखा गया। जल्द ही चोर पकड़ में होंगे।
नगर आयुक्त ने अवर अभियंता से मांगा जवाब
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को वरुणापार जोन के वार्ड सिकरौल के गोविंद नगर कॉलोनी, यादव बस्ती, सिकरौल शेल्टर होम का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे गली के इंटरलाकिंग कार्य को देखा। कार्य मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर क्षेत्रीय अवर अभियंता ज्ञानचंद पर नाराजगी जताई और स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने इन क्षेत्रों में साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिए। सनबीम वरुणा के पास नगर निगम की खाली भूमि पर बरातघर बनवाने के लिए क्षेत्रीय नागरिकों ने अनुरोध किया। जिस पर नगर आयुक्त ने उक्त भूमि की पैमाइश कर बारात घर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने विस्तृत निरीक्षण में कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, शौचालय, नाला सफाई, पेयजल, तालाब, कुएं आदि कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक साफ सफाई, मरम्मत कार्य कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी वरुणापार जितेंद्र कुमार आनंद आदि मौजूद रहे।
पशु तस्करी का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
पशु तस्करी के आरोपी अभिषेक यादव उर्फ गोलू को फूलपुर पुलिस ने शनिवार की रात नागापुर के पास स्थित सिन्धुरिया रोड से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। बाएं पैर में लगी पुलिस की गोली से घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद पिछवारी का निवासी है। अभिषेक के दो साथियों दिनेश यादव और संतोष यादव को पुलिस ने शनिवार सुबह ही गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस को चकमा देकर अभिषेक भाग निकला। खोजबीन में जुटी पुलिस देर रात सुराग मिलते ही सिन्धुरिया रोड पहुंची और अभिषेक ने पुलिस पर फायरिंग की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
कैंट रोडवेज से चलेंगी 78 नई बसें
पूर्वांचल के यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलने वाली है। कैंट स्थित रोडवेज बस स्टेशन से 78 नई बसों का संचालन किए जाने की तैयारी है। बस संचालन के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। आवेदन की अंतिम तारीख 18 दिसंबर है। नई बसें वाराणसी से गाजीपुर, चंदौली, और जौनपुर के 100 से अधिक प्रमुख स्थानों तक संचालित की जाएंगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि इन बसों का संचालन निजी संचालकों के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। चयन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के बीच प्रतिदिन हजारों लोग यात्रा करते हैं। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। 78 बसों के जुड़ने से यात्रियों को सुविधा होगी।
लापता चार साल के बच्चे को पुलिस ने 24 घंटे में खोजा
सारनाथ पुलिस ने लापता चार साल के बच्चे को 24 घंटे अंदर खोजकर परिजनों को सौंपा। बच्चे की मां ने 28 नवंबर को सारनाथ थाने में सूचना दी थी कि शाम करीब 3.30 बजे उनका चार साल का बेटा खेलते समय लापता हो गया। सारनाथ थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया ने बताया कि बच्चे को जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से बरामद किया गया।
तीन चिकित्सकों समेत 5 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया अकथा स्थित जार्जियन हॉस्पिटल में शुक्रवार की रात महिला की मौत के मामले में पति ने 3 चिकित्सकों समेत 5 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौकाघाट निवासी संध्या को सांस की परेशान होने पर पति राजेश विश्वकर्मा ने 17 नवंबर को अकथा स्थित जार्जियन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। राजेश विश्वकर्मा के अनुसार 24 नवंबर को पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार था। शुक्रवार को उसे सांस लेने में दिक्कत आने लगी। परिजन उसे दूसरे अस्पताल दिखाना दिखाना चाहते थे।
आरोप है कि चिकित्सकों ने ठीक होने का हवाला देकर रोक लिया। डॉ. चंद्रशेखर के कहने पर डॉ संदीप ने इंजेक्शन लगाया। इसके बाद से महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया ने बताया कि हॉस्पिटल के डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. संदीप, डॉ. अखिलेश, इंद्रजीत सिंह और स्तुति पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जीबीसी-5 के लिए बनारस में 3944 करोड़ का होगा निवेश
राज्य सरकार की नई औद्योगिक निवेश और रोजगार प्रोत्साहन नीति-2022 के तहत पूर्वांचल में औद्योगिक विकास रफ्तार पकड़ रहा है। जिले में सरकार द्वारा प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5 (जीबीसी) का लक्ष्य 6000 करोड़ रुपये का है, लगभग 60 प्रतिशत से अधिक का प्रस्तावित निवेश धरातल पर उतरने को तैयार है।
इस निवेश से वाराणसी में 2400 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5.0 जल्द होनी है। कभी अपराध और माफिया छवि वाले पूर्वांचल की पहचान अब बदल रही है। राज्य सरकार की सख्त कानून-व्यवस्था और नीति के बाद वाराणसी में उद्योग और निवेश की नई संभावनाएं खुली हैं। जिन इलाकों से कभी उद्योगों का पलायन होता था, वहीं अब निवेशक अपनी पूंजी लगाने को तैयार हैं।
जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि वाराणसी के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5 का लक्ष्य 6000 करोड़ रुपये का है, जिसमें अब तक लगभग 3944 करोड़ का प्रस्तावित निवेश जीबीसी के लिए तैयार है। एमओयू कर चुके और वे निवेशक भी शामिल है, जिनके पास भूमि है और और विभाग की ओर से ‘लेटर ऑफ कंफर्ट’ जारी किया जा चुका है। जीबीसी-5 में सेकेंडरी सेक्टर में 1552.53 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिसमें एमएसएमई, हैंडलूम, हॉर्टिकल्चर और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत शामिल हैं।
तमिलनाडु जाकर सीखेंगे तमिल : उच्च शिक्षा सचिव
पहली बार उत्तर प्रदेश के छात्र तमिल सीखने के लिए पहले काशी फिर तमिलनाडु का भ्रमण करेंगे। काशी तमिल संगमम 2025 का चौथा चरण बेहद अलग होने वाला है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी ने शनिवार को कहा कि इसमें हिंदी भाषी काशी के छात्रों को तमिल भाषा, संस्कृति, रहन-सहन, खानपान से भी रूबरू करवाया जाएगा। इसका मकसद, उत्तर और दक्षिण की दूरियों को मिटाना है। पहले काशी तमिल संगमम के तहत के प्रथम चरण में तमिलनाडु से आने वाले हिंदी जानने वाले तमिल शिक्षक काशी के स्कूलों में 14 दिन तक छात्रों को तमिल सिखाएंगे। दूसरे चरण में कॉलेजों से 600 छात्र आईआईटी मद्रास समेत नौ कॉलेजों में तमिल सीखने जाएंगे।
12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
काशी में पछुवा हवा के चलने से ठंड बढ़ रही है। शनिवार को जिले में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बही। इस दाैरान दिन का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के बीच करीब 14 डिग्री का अंतर होने से लोगोें को ठंड और गर्म का एहसास एक साथ हो रहा है।
मंडल रेल अस्पताल में देखीं सुविधाएं
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शनिवार को लहरतारा स्थित मंडल रेल अस्पताल का निरीक्षण कर सुविधाएं देखीं। महाप्रबंधक ने पुराने उपकरणों को बदलने को कहा। महाप्रबंधक ने आपातकालीन वार्ड, पैथालॉजी लैब, पर्ची काउंटर, दवा वितरण काउंटर और आईसीयू का निरीक्षण किया।
यहां मरीजों के लिए पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने की भी बात कही। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण कर उसके उपयोग की जानकारी ली। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) अशोक कुमार वर्मा माैजूद रहे।
आईएमए बनारस शाखा को मिला सर्वोच्च शाखा अवाॅर्ड
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) यूपी की ओर से बरेली में आयोजित वार्षिक अधिवेशन में बनारस शाखा को सर्वोच्च शाखा और डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी को सर्वोच्च सचिव का अवाॅर्ड मिला। डाॅ. मनोज कुमार श्रीवास्तव को अजय मेमोरियल कैसर रिसर्च एवं अवरनेश अवाॅर्ड दिया गया।
आईएमए बनारस शाखा के अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह ने सभी को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सर्वोच्च शाखा, सचिव के साथ ही 8 अवाॅर्ड मिले। आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर शुक्ला, डॉ. पीके तिवारी, डॉ. भानु शंकर पांडेय,डॉ. आलोक ने पदाधिकारियों को बधाई दी।
निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने की मांग
बिजली निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बिजली उपकेंद्रों, कार्यालयों पर प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने जल्द निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने की मांग रखी। समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय, मनोज यादव ने कहा कि बिजली निगम का निजीकरण निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। विरोध में एवं संगठनों और अखिल भारतीय ट्रेड यूनियनों के साथ संयुक्त संघर्ष पर सहमति हो गई है। इस बारे में 14 दिसंबर को दिल्ली में मीटिंग बुलाई गई है। इसमें संयुक्त संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी और आंदोलन के कार्यक्रमों की घोषणा की जायेगी। इस दौरान धर्मेंद्र यादव, कृपाल सिंह, विशाल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
बकाया जमा करने पर 25% मिलेगी छूट
बिजली के बकायेदार अगर बकाया राशि को एक मुश्त जमा करना चाहते हैं तो ब्याज से तो छूट मिलेगी ही मूलधन पर भी 25 प्रतिशत तक छूट दिया जाएगा। एक दिसंबर से 28 फरवरी तक विद्युत बिल राहत योजना चलाई जाएगी। सर्किट हाउस में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील की गई है। तीन चरणों में योजना चलाई जाएगी। बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों को भी लाभ मिलेगा।
कोहरा : कई ट्रेंने 2 से 8 घंटे हो रहीं लेट
कोहरे की वजह से दिल्ली, देहरादून और मुंबई से आने वाली बहुत सी ट्रेनें 2 घंटे से 8 घंटे तक देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनें देर से ही खुली तो कुछ कोहरे की वजह से रास्ते में लेट हो गईं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोकमान्य तिलक से गोरखपुर जाने वाली 15017 काशी एक्सप्रेस के वाराणसी स्टेशन पर 8 घंटे देरी से पहुंची। इसी तरह लोकमान्य तिलक से चलकर वाराणसी आने वाली कामायनी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से स्टेशन पर आई। आनंद विहार टर्मिनस से चलने वाली 04096 स्पेशल ट्रेन शनिवार दोपहर 1 बजे की जगह 2.35 बजे पहुंची। नई दिल्ली से चलकर बनारस स्टेशन आने वाली 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे की देरी 9.10 बजे पहुंची।
19 करोड़ की लागत से बनेगा खादी भवन
तेलियाबाग स्थित पुराने खादी भवन को विकसित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी एनबीसीसी कंपनी को सौंपी गई है, जो इस प्रोजेक्ट को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार करेगी। परियोजना की कुल लागत लगभग 19 करोड़ रुपये तय की गई है। खादी भवन के पुनर्निर्माण की सबसे खास बात यह है कि इसका अंडरग्राउंड हिस्सा ‘खादी प्लाजा’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस प्लाजा में कुल 10 दुकानों की जगह होगी, जहां खादी आधारित उत्पादों, ग्रामोद्योग सामग्री और स्थानीय हस्तशिल्प को समर्पित शोरूम स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही भवन में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग भी बनाया जाएगा। खादी ग्रामोद्योग के सहायक निदेशक के. पी. मिश्रा के मुताबिक, नया भवन बनने से पूर्वांचल के 12 जिलों के बुनकरों, खादी उत्पाद निर्माताओं और स्वरोजगार से जुड़े कारीगरों को बड़ा लाभ मिलेगा।
हरिश्चंद्र कॉलेज में छात्रों को दी डेटा संबंधी जानकारी
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डेटा संरक्षण कानून के बारे में बताया गया। बतौर मुख्य वक्ता वीएसएसडी कॉलेज कानपुर में विधि विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अजय भूपेंद्र जायसवाल ने डेटा की अवधारणा और इसका विकास, डेटा संबंधी अधिकार की वैधानिकता के बारे में बताया। गोष्ठी के संयोजक डॉ. ओम शर्मा संचालन डाॅ. रमेश कुमार, धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. ओम शर्मा ने किया।
10 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य की परीक्षाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। अब छात्र 10 दिसंबर तक आवेदन पत्र भर सकेंगे। विवि परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रम शास्त्री तृतीय सेमेस्टर, पंचम सेमेस्टर और आचार्य तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए परीक्षा फाॅर्म ऑनलाइन भरा जाएगा। परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि छात्र 10 दिसंबर तक परीक्षा आवेदन भर सकेंगे।
बीएचयू में प्रो. रजनीश बने साहित्य विभागाध्यक्ष: बीएचयू के प्रो. रजनीश पांडेय को संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में साहित्य विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति 1 दिसंबर से अगले तीन वर्ष की अवधि तक के लिए की गई है।
35 केंद्रों पर यूपीएससी की संयुक्त भर्ती परीक्षा आज
संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली की ओर से ईपीएफओ में विभिन्न पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा रविवार को होगी। जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर 15877 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एडीएम सिटी अलोक वर्मा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों को परीक्षा को संपन्न कराने के निर्देश दिए। एडीएम सिटी ने बताया कि 230 पदों के लिए परीक्षा कराई जा रही है। ईओ और एओ के लिए 156 और एएफपीसी के लिए 74 पदों की परीक्षा कराई जा रही है।
परीक्षा रविवार को एक पाली में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक होगी। 15877 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर व पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वह केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वय करें। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा केंद्र पर प्रकाश, विद्युत, सीसीटीवी, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
प्रतिभा का प्रदर्शन कर बढ़ें आगे : कुलपति
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के विजयी प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कुलपति प्रो. शर्मा ने सभी को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ें। नोडल अधिकारी प्रो. विशाखा शुक्ला ने बताया संगीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक में अखिलेश कुमार मिश्रा, चिदानंद त्रिपाठी अश्विनी शुक्ला, विशाल उपाध्याय, मानस तिवारी, पायल बैरागी, नम्रता,कंचन द्विवेदी, आलोक मिश्रा, प्रियंका मिश्रा जिला स्तर पर विजयी रहे। विनयाधिकारी प्रो. जितेंद्र, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. श्रुति, डॉ. शैल, प्रशांत कुमार रहे।
बीएचयू में सॉफ्ट स्किल्स पर हुआ प्रशिक्षण
बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिण परिसर के नवीन व्याख्यान संकुल सभागार में शनिवार को व्यक्तित्व विकास और सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसमें मुख्य वक्ता प्रमोद कुमार सिंह ने हर दिन प्रयोग में आने वाली विधा से अवगत कराया। छात्रों को सत्रों में समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार के सुझाव और मॉक इंटरव्यू के बारे में बताया। संयोजक डॉ. मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि एक दिवसीय कार्यशाला में 335 से ज्यादा छात्र शामिल रहे।
लिटिल फ्लावर स्कूल में हुआ मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट-2025
लिटिल फ्लावर हाउस सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगवां में शनिवार को 20वीं रघुनाथ मेमोरियल इंटर स्कूल मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट-2025 का आयोजन हुआ। इनमें शहर के कई विद्यालयों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि लिटिल फ्लावर हाउस के निदेशक नलिन गुलाटी ने 20वीं रघुनाथ मेमोरियल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस तरह के प्रतियोगिता से बच्चों में तार्किक क्षमता का विकास होता है। प्रधानाचार्या अमिता सिंह ने अतिथियों व अभिभावकों का स्वागत किया।
समन्यवक प्रखर सोनकर रहे। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित परीक्षा हुई, इसमें कक्षा 3 से 11 विद्यालयों के बच्चे रहे। तत्पश्चात् ग्राउंड एक्टिविटी हुई। तीन वर्गों में ग्रुप ए में क्रैक एवं कोड एक्टिविटी व फ्रेक्शन मार्केट फ्रेंजी एक्टिविटी, ग्रुप बी में क्रैक कोड एक्टिविटी और माल मैडनेस एक्टिविटी और ग्रुप सी क्विज पर आधारित थी। उपनिदेशिका अदिति गुलाटी ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वालों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम ने नमो घाट पर परखीं तैयारियां
काशी तमिल संगमम 4.0 की तैयारियों का जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने उच्च-स्तरीय निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ने विशेष रूप से नमो घाट पर स्थापित की जा रही विशेष प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक मंचों और वेंडर्स स्टॉलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और स्वच्छता व सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा कि नमो घाट संगमम का मुख्य केंद्र है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यहां आने वाले तमिलनाडु के प्रतिनिधियों और आगंतुकों को सर्वोत्तम अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक वर्मा और डीसीपी सरवणन टी भी मौजूद रहे।
शारीरिक, मानसिक शुद्धि का बेहतर माध्यम है योग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित योगिक षट्कर्म कार्यशाला में शनिवार को विद्यार्थियों को अलग-अलग योग क्रियाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि बीएचयू मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र के आशीष दूबे ने कहा कि योग क्रिया शारीरिक, मानसिक शुद्धि का बेहतर माध्यम है। कार्यशाला के समापन में आशीष दूबे ने कहा कि षट्कर्म शरीर की आंतरिक और बाह्य शुद्धि की वैज्ञानिक प्रक्रिया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मानविकी संकाय के डीन प्रो. अनुराग सिंह ने कहा कि योग, शरीर और मन दोनों को सुदृढ़ बनाने में प्रभावी है। संयोजिका और विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नंदिनी सिंह ने योग को आंतरिक अंगों के समायोजन और संतुलन की प्रक्रिया बताई। इस दौरान छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रो. राजेश मिश्रा, प्रो. अंबरीश राय, डॉ. कविता, डॉ. संतोष रहे।
विकसित भारत में सिर्फ जीडीपी ही नहीं बढ़ेगी, समान अवसर भी होंगे : महेंद्र पांडेय
बीएचयू के पत्रकारिता विभाग में विकसित भारत @2047 की थीम पर आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि विकसित भारत @2047 केवल आर्थिक प्रगति का विषय नहीं है। इसका वास्तविक अर्थ है-देश के हर नागरिक का सम्मान, विकास, समान पहुंच और समान अवसर है। युवा पीढ़ी अब राष्ट्र-निर्माण की जिम्मेदारी को समझ रही है। भारत ग्लोबल नॉलेज सेंटर के रूप में उभर रहा है। काशी आध्यात्मिक नगर ही नहीं, बल्कि ज्ञान और विचारों का प्राचीन केंद्र है। उन्होंने बीएचयू में बिताए अपने छात्र जीवन को भी याद किया।
अपनी भाषाओं को शोध के योग्य बनाना होगा
प्रो. गोविंद सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लिए सबसे पहले हमें गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। विद्यापीठ के प्रो. नागेंद्र सिंह ने कहा हमें अपनी भाषाओं को शोध के योग्य बनाना होगा। देवव्रत चौबे ने कहा कि यदि हम महामना मालवीय जी की शिक्षा-नीति को पूर्ण मनोयोग से अपनाएं, तो विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त होगा। प्रो. चंद्रशेखर पांडेय ने कहा कि भारतीय परंपरा में विज्ञान, तर्क, और वैज्ञानिक दृष्टिकोण निहित है।
संत शिरोमणि संत चांडूराम की अस्थि कलश यात्रा में बरसे फूल
संत शिरोमणि संत चांडूराम की अस्थि कलश यात्रा शनिवार को बनारस पहुंची। सिंधी समाज के श्रद्धालुओं ने अस्थि कलश पर रास्ते भर फूल बरसाए। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो घंटे तक अस्थि कलश को दर्शन पूजन के लिए रखा गया। सिंधी समाज के श्रद्धालुओं ने अस्थि कलश के दर्शन पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। रविवार को यात्रा प्रयागराज के लिए रवाना होगी। लखनऊ के शिव शांति संत आसुदाराम साहिब आश्रम के पीठाधीश्वर, सिंधी समाज के गुरु और संत शिरोमणि साई चांडूराम की अस्थि कलश दर्शन यात्रा बनारस पहुंची।
अमर नगर में संत बाबा आसुदाराम सत्संग स्थल पर पूजा अर्चना के बाद अस्थि कलश यात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा अमरनगर, सिगरा होते हुए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु अस्थि कलश पर फूल बरसाते हुए चल रहे थे। शाम को चार बजे से छह बजे तक पुण्य स्मरण सभा हुई। श्रद्धालुओं ने संत के अस्थि कलश के दर्शन किए। पुण्य स्मरण सभा में सिंधी समाज के प्रबुद्ध जनों ने संत के कार्यों और सिंधी समाज के योगदान को दोहराया।
तमिलनाडु के 11 वैदिक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों से शुरू किया कुंभाभिषेक अनुष्ठान
काशी के शक्तिपीठ मां विशालाक्षी का कुंभाभिषेक आरंभ हो गया। तमिलनाडु से आए 11 वैदिक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ तीन दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत कराई। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहा। एक दिसंबर को संगम के जल से शिखर के अभिषेक के साथ मंदिर का नौवां कुंभाभिषेक पूर्ण होगा। शिखर पर छह स्वर्ण कलश स्थापित किए जाएंगे।
शनिवार को मां विशालाक्षी के मंदिर में हर 12 साल पर होने वाला कुंभाभिषेक आरंभ हुआ। महंत पंडित राजनाथ तिवारी ने बताया कि अनुष्ठान में जीर्णोद्धार, रंगरोगन और धार्मिक प्रतिष्ठा का नवीनीकरण किया जा रहा है। श्री काशी नाट्टकोट्टई नगरम क्षेत्रम मैनेजिंग सोसाइटी की ओर से अनुष्ठान हो रहा है। मुख्य कुंभाभिषेक एक दिसंबर को संगम के पवित्र जल से मंदिर शिखर का अभिषेक और नई प्रतिमाओं की स्थापना के साथ होगा।
गर्भगृह में मां कामाक्षी, मां मीनाक्षी, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं की प्राण प्रतिष्ठा होगी। पांच सदस्यों का दल बल्लभ ब्रदर्स विशेष रूप से तमिलनाडु से आया है। वाद्य यंत्रों में नादश्वर थल्लम, तविल मुख्य हैं। आचार्य डॉ. शिवाश्री के आचार्यत्व में के. पी. गुरुकल, सोम सुंदरम, कार्ति केयम, सुभईया महेश 11 वैदिक विद्वान अनुष्ठान कर रहे हैं।
शनिवार को चार घंटे तक वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। रविवार सुबह 9 बजे से दूसरी यज्ञशाला में हवन और यज्ञ शुरू होंगे। शाम 4 बजे पूजा व आरती होगी। एक दिसंबर को सुबह 7 से 9 बजे तक यज्ञ, साढ़े 9 बजे से मंदिर परिक्रमा और पूजन और सुबह 10 बजे से 10.20 बजे के बीच मुख्य कुंभाभिषेक होगा।
अपने ऊपर न्याय नहीं करेंगे तो दूसरों के लिए भी नहीं कर सकते : संभव राम
जब तक हमारी दृष्टि, वाह्य दृष्टि रहेगी, अपने-आप के लिए हम लोग नहीं सोचेंगे, तब तक दूसरे के लिए भी नहीं सोच सकते। अपने लिए हम लोग करुणाशील नहीं रहेंगे, अपने पर दयावान नहीं रहेंगे, अपने से हम अपने ऊपर न्याय नहीं करेंगे, तो हम दूसरों के लिए भी नहीं कर सकते हैं। मनुष्य की सेवा कैसे हो सकती है? जब हम अपने स्वयं की सेवा में लगेंगे। हम अपने-आप को भुलाए हुए हैं, यही एक बहुत बड़ा दुख का कारण है। उक्त बातें औघड़ गुरुपद संभव राम ने कहीं।
वह शनिवार को पड़ाव में अघोरेश्वर महा विभूति स्थल में अघोरेश्वर भगवान राम के 34वें महानिर्वाण दिवस पर समारोह को संबोधित कर रहे थे। गुरुपद संभव राम ने कहा कि वाह्य दृष्टि रखकर हमलोग दुनिया से या मृत्यु से बहुत भयभीत रहते हैं। हमारी पुस्तिका में यही लिखा है कि आओ मृत्यु हम तुम्हारा स्वागत करते हैं। लेकिन हमारे लिए एक बहुत भयावह चीज है वह मृत्यु- चाहे हमारे निकटवर्ती हों या हमारा खुद का ही शरीर हो, कि हमारी मृत्यु हो जाएगी, तो हम लोग बहुत डर जाते हैं। हमारे महापुरुषों ने कहा है कि यह शरीर जो कष्ट भोग रहा है, वह जब छोड़ता है तो बहुत ही हल्का हो जाता है, फिर उस शरीर में दोबारा आना भी नहीं चाहता।
सफाई श्रमदान के बाद सुबह 9 बजे गुरुपद संभव राम ने अघोरेश्वर महाप्रभु की समाधि पर पुष्पांजलि, माल्यार्पण, पूजन और आरती की। पृथ्वीपाल ने सफल योनि का पाठ किया। अध्यक्षता डॉ. वीपी सिंह ने की। वक्ताओं में भोलानाथ त्रिपाठी, तेजबल सिंह, शशि गुप्ता और अशोक कुमार थे। मंगलाचरण यशवंतनाथ शाहदेव ने, संचालन डॉ. बामदेव पांडेय और धन्यवाद सुरेश सिंह ने किया। गोष्ठी के बाद अघोरन्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्वं गुरोः परम् के 24 घंटे के अखंड संकीर्तन का शुभारंभ हुआ।
शृंगेरी के शंकराचार्य ने दिए स्वर्ण कंगन और एक लाख एक हजार 16 रुपये
काशी के 200 साल के इतिहास में पहली बार देवव्रत महेश रेखे घनपाठी का दंडक्रम पारायण पूरा हुआ। शहर की सड़कों पर शोभायात्रा निकालकर दंडक्रम पारायणकर्ता देवव्रत का नागरिक अभिनंदन किया गया। शृंगेरी मठ में शंकराचार्य की ओर से स्वर्ण कंगन और एक लाख एक हजार 16 रुपये की धनराशि सम्मान स्वरूप दी गई।
दंडक्रम पारायण पूर्ण होने के बाद पारायणकर्ता वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे घनपाठी के सम्मान में शोभायात्रा निकाली गई। रथयात्रा चौमुहानी से शाम को निकली रथयात्रा में रथ पर विराजमान देवव्रत चल रहे थे। उनके आगे वैदिक विद्यालयों के बटुक ब्रह्मचारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि चल रहे थे। शोभायात्रा शृंगेरी मठ महमूरगंज पहुंचकर पूर्ण हुई। शाम को छह बजे से काशी के विद्वानों की उपस्थिति में अभिनंदन समारोह शुरू हुआ।
इस अवसर पर शृंगेरी शंकराचार्य भारती तीर्थ महाराज की ओर से दक्षिणा दी गई। समारोह समिति की ओर से एक विशिष्ट सम्मान पत्र और अंगवस्त्र देवव्रत को दिया गया। देवव्रत के पिता महेश चंद्रकांत रेखे, श्रोता देवेंद्र रामचंद्र गढीकर और पारायण संयोजक नीलेश केदार जोशी का भी सम्मान हुआ। महाराष्ट्र से आए विशेष वाद्य दल, नाद स्वर और शहनाई वादक भी चल रहे थे। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी, महेश चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज और आचार्य राजाराम शुक्ल ने आशीर्वाद दिया।
रत्नेश चंचल को मिला भारत गौरव युवा सम्मान
हैदराबाद में भारत गौरव सम्मान समारोह में 16 राज्यों के 32 लोगों को भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इसमें राज्यसभा के सदस्य, आईएएस, वैज्ञानिक अनुसंधान, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्य से जुड़े लोगों को पुरस्कार दिया गया।काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र रहे रत्नेश चंचल मूल रूप से बिहार के कैमूर के रहने वाले हैं। भोजपुरी गीतकार रत्नेश हिंदी काव्य मंचों पर उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं।
पहले से कई सामाजिक व साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित हो चुके युवा कवि रत्नेश को भारत गौरव युवा सम्मान के लिए चयनित किया गया था। मुख्य अतिथि तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा व विशिष्ट अतिथि चिन्ना जीयर स्वामी के हाथों रत्नेश चंचल को भारत गौरव युवा सम्मान दिया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में आंध्र प्रदेश के डीजीपी अंजनी कुमार व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी साइना नेहवाल भी रहीं।
अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित रही वरुणा संध्या
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से वरुणा संध्या अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित रही। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में शनिवार को अभिनेता के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया गया। संस्था अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि वह बेहतरीन अभिनेता के साथ-साथ एक नेक दिल इंसान थे। तनुज कुमार वर्मा ने पल-पल दिल के पास तुम रहती हो...., ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे...,जट यमला पगला दीवाना... पेश कर धर्मेंद्र की याद ताजा कर दी। शांभवी सेठ ने श्रीरामवंदना श्री राम चंद्र कृपाल भजमन से शुरुआत की।
प्राचीन छात्रा सम्मेलन में याद कीं पुरानी यादें
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को प्राचीन छात्रा सम्मेलन हुआ। प्राचीन छात्राओं ने बड़े उत्साह से हिस्सा लिया। अध्यक्षता मनीषा उपाध्याय और मुख्य सूत्रधार संज्ञा सिंह रहीं। कार्यक्रम में पुरातन छात्राओं का स्वागत वर्तमान छात्राओं ने स्वागत गीत से किया।
हनुमान मंदिर में निभाई गई प्राचीन परंपरा
हनुमान फाटक में बाल रूप हनुमान मंदिर में अगहन मास के अंतिम शनिवार को प्राचीन परंपरा का निर्वाह किया गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से काशी खंडोक्त श्री सुमंतेश्वर महादेव मंदिर में महाकवि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा स्थापित बाल स्वरूप हनुमान सहित राम दरबार का विधिवत शृंगार किया गया। रागभोग अर्पित कर शाम से ही क्षेत्रीय महिलाएं भजन गा रही थीं। शनिवार देर शाम श्री लाट भैरव भजन मंडल की ओर से श्रीरामचरितमानस के पंचम सोपान सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। देर रात्रि तक दर्शन पूजन का क्रम चलता रहा। मंदिर के महंत पंडित प्रमोद पाठक ने बताया कि दीपक पाठक शामिल रहे।
काशी की संस्कृति के संवाहक थे राधाकृष्ण दास
एलटी कॉलेज स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय में शनिवार को विद्यानिवास मिश्र के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में व्याख्यान हुआ। इसमें संकल्पित योजना की श्रृंखला में साहित्यिक संघ एवं विद्याश्री न्यास के संयुक्त तत्वाधान में कार्यक्रम हुआ। इसमें हिंदी धरोहर काशी की सृजन परंपरा के आठवें चरण के रूप में भारतेंदु बाबू हरिश्चंद्र के फुफेरे भाई, उनके सहधर्मी और रचनाकार राधा कृष्ण दास और प्रसिद्ध पुरातत्वविद एवं हिंदी में गद्य गीत विधा के प्रणेता राय कृष्ण दास के व्यापक अवदान पर चर्चा हुई। अतिथियों ने वाग्देवी के चित्र पर माल्यार्पण किया। मंजरी पांडेय की ओर से मंगलाचरण और अतिथियों के स्वागत से शुभारंभ हुआ। विद्याश्री न्यास के सचिव डाॅ. दयानिधि मिश्रा ने परिचर्चा की विषय स्थापना के साथ सभी का स्वागत किया।
निरोग समाज निर्माण से होगा श्रेष्ठ भारत, स्वस्थ भारत
मीरघाट त्रिपुरा भैरवी मार्ग पर महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ की ओर से महर्षि आयुर्वेद प्रतिष्ठान द्वारा तीन दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चक टेक नारायण उपाध्याय ने गुरु पूजन के साथ शुभारंभ किया। समाजसेवी और संत महेंद्र गिरी महाराज भी उपस्थित रहे।
दिल्ली से आए महर्षि आयुर्वेद के वैद्य अच्युत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि महर्षि महेश योगी ने 1987 में हरिद्वार के पावन तट पर आह्वान किया था कि समग्र राष्ट्र स्वस्थ, सुखी एवं समृद्धि के साथ श्रेष्ठ भारत तभी होगा जब एक निरोग समाज निर्माण की योजना फलीभूत होगी। 108 यज्ञ कुंडों से रोज सवा लाख आहुतियां समर्पित की गईं। अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन 100 रोगियों का परीक्षण और निशुल्क औषधि का वितरण किया गया।