फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन लोगों की मौत, राहुल गांधी केस में अब सात को सुनवाई; पढ़ें खबरें

Sun, 04 Jan 2026 05:53 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर, दशाश्वमेध और चौबेपुर थाना क्षेत्र में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सेंट्रल बार एसोसिएशन के चुनाव की वजह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: शिवपुर थाना क्षेत्र में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के सामने पांच दिसंबर को एंबुलेंस की टक्कर से भेलखा गांव निवासी अनीश यादव उर्फ मोनू (30) की हुई मौत में पुलिस ने एंबुलेंस को बरामद कर लिया। अनीश भेलखा के पूर्व प्रधान नंदलाल यादव का बेटा था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सीसी कैमरे की फुटेज की जांच कर दो जनवरी एंबुलेंस को गाजीपुर सीएमओ ऑफिस में खड़ी मिली। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन


बुजुर्ग का मिला शव, बैग से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान, बिहार का रहने वाला था मृतक
दशाश्वमेध भवन के सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। मौके पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मुजफ्फरपुर बिहार निवासी राम वृक्ष के रूप में की। मृतक की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क कर सूचित कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि राम वृक्ष लगभग दस दिन पहले वाराणसी आए थे। इससे पहले वे दिल्ली में काम कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

गोमती नदी में डूबे युवक का शव 20 घंटे बाद मिला
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढुंआ गांव के पास गोमती नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबे युवक का शव शनिवार सुबह 10़ 30 बजे मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। धौरहरा नारे पार निवासी प्रद्युम्न निषाद (22) शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे डुढुंआ गांव के पास गोमती नदी में मछली पकड़ने गया था। पैर फिसलने की वजह से वह गहरे पानी में समा गया। शुक्रवार को गोताखोरों ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। 

शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे डुढुंआ गांव के पास गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बरामद किया। एनडीआरएफ भी पहुंची थी। प्रद्युम्न अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अविवाहित था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी। - फोटो : एक्स/कांग्रेस/वीडियो ग्रैब
राहुल गांधी मामले में अब सात जनवरी को सुनवाई
सेंट्रल बार एसोसिएशन के चुनाव की वजह से शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। यह सुनवाई जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में होनी थी। अब सात जनवरी को सुनवाई होगी।

मामला बीते वर्ष सितंबर का है। आरोप है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में सिख समुदाय के लोगों के लिए बयान दिया था। कहा था कि सिखों के लिए भारत में माहौल ठीक नहीं है। इसी मामले में तिलमापुर सारनाथ निवासी नागेश्वर मिश्र ने निगरानी वाद दाखिल किया है। इस पर जिला जज की अदालत सुनवाई कर रही है। 

नेहा सिंह राठौर पर दर्ज है लंका में प्राथमिकी, दो माह पूर्व फ्लैट पर पुलिस ने चस्पा की थी नोटिस
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की लखनऊ में गिरफ्तारी के बाद से कमिश्नरेट पुलिस भी सक्रिय हो गई है। नेहा के खिलाफ लंका थाने में भी प्राथमिकी दर्ज है। प्रधानमंत्री के बारे में अपमानजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में सामाजिक संस्था श्रीहनुमान के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने नेहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में लंका पुलिस नवंबर के अंतिम सप्ताह में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेलिब्रिटी ग्रींस अपार्टमेंट के फ्लैट पर नेहा के नहीं मिलने पर नोटिस चस्पा की कार्रवाई की थी।

लखनऊ के हजरतगंज थाने में नेहा की गिरफ्तारी के बाद कमिश्नरेट पुलिस भी अब नेहा से पूछताछ कर सकती है। लंका के नरिया साकेतनगर निवासी सुधीर सिंह ने शनिवार की रात पुलिस अधिकारियों से संपर्क भी किया। न्यायिक प्रक्रिया के तहत पुलिस इस मामले में आगे बढ़ेगी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि नेहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।

जमीन कब्जा करने के लिए तार व खंभा उखाड़कर फेंका, 15 पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद के कछवा रोड स्थित मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव में कब्जा की जमीन से खंभा व लोहे का तार उखाड़कर चोरी करने और जमीन पर कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने 15 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

गुलाब शंकर तिवारी ने पुलिस को दिये तहरीर में बताया कि पांच वर्ष पूर्व उप जिलाधिकारी राजातालाब के निर्देश पर आराजी संख्या 1025 की पैमाइश कराई गई थी। इसके बाद फीडबुक तैयार कर जमीन की मेढ़बंदी कराते हुए उन्हें कब्जा दिलाया गया था। 15 दिसंबर को गांव के ही जैन, समीम, अकबर, जमील, परवेज, जुनैज, समीर, आफताब, शंकर, बुद्धू, नंदू, दिनेश, शिवपूजन, राजू और विक्रम ने खंभे व तार उखाड़कर ले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डॉ. आंबेडकर के पुतले के साथ दुर्व्यवहार करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र के नथईपुर में डॉ़ आंबेडकर के पुतले के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी शेरू मिश्रा को पुलिस ने शनिवार सुबह बाबतपुर चौराहे से गिरफ्तार किया। गिरफ्त में आए युवक ने माफी मांगी और आगे से ऐसा कृत्य न करने की बात कही। तीन दिन पहले नथईपुर में बड़ागांव के करमपुर निवासी वीरेंद्र उर्फ शेरू मिश्रा व गांगकला निवासी गुलाब राजभर व सतीश सिंह ने डॉ़ भीमराव आंबेडकर के पुतले के साथ अभद्र व्यवहार किया था। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा गया था। मुख्य आरोपी वीरेंद्र उर्फ शेरू फरार था। ग्रामीणों ने पहले चक्काजाम किया था।

रोजगार सेवक से मारपीट, छह पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद के गुरदासपुर में पिछले सप्ताह चक मार्ग निर्माण के समय रोजगार सेवक व सीमावर्ती काश्तकार के बीच विवाद के बाद मारपीट के मामले में रोजगार सेवक ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना क्षेत्र के जद्दुपर निवासी रोजगार सेवक अनिल कुमार पटेल का आरोप है कि गांव में चकमार्ग पर मनरेगा के तहत मिट्टी फेंकवा रहा था। जिसका रविंद्र पटेल, कैलाश पटेल, दिनेश कुमार, रमेश, अमित और कुलदीप ने विरोध किया और मारपीट करने लगे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विपक्षी रमेश पटेल का कहना है कि चकमार्ग बनाते समय उपजाऊ खेत को प्रभावित किया जा रहा है, जिसकी वजह से सिर्फ विरोध किया गया था। 

महिला से छेड़खानी और दुर्व्यवहार, प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र निवासी महिला के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने बताया कि पति रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहते हैं और वह दो नाबालिग बेटियों के साथ रहती है। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पड़ोसी जितेंद्र कुमार ने घर की खिड़की पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया और जबरन घर में घुसने की कोशिश। साथ ही हाथ पकड़कर जबरदस्ती की। इस तरह की घटना तीसरी बार हुई है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। 

दो तस्करों को पकड़ा, आठ गोवंश व पिकअप बरामद
पुलिस ने दो गो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन समेत आठ गोवंश को मुक्त कराया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने शनिवार सुबह भोहर गांव के सोनी ईंट भट्ठे के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। जांच में वाहन से आठ जीवित गोवंश मिले। अंकित राजभर (27) और बादल (19) निवासी काकलपुर थाना चोलापुर को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया। फिर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि बरामद गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। 

9 का चालान, 41 हजार रुपये मिले
आदमपुर पुलिस ने रानी घाट पर जुए के फड़ पर छापा मारकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 41 हजार की नकदी बरामद हुई। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में विष्णु केशरी, पिंटू कुमार, दिनेश साहनी, छोटू साहनी, शिव कुमार जायसवाल, बच्चा साहनी, सूरज पांडेय, शोभित कन्नौजिया और राम बाबू गुप्ता हैं। 

मकान निर्माण के लिए पड़ोसियों ने केयर टेकर को पीटा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट स्थित भरत नगर में मकान निर्माण के विवाद में पड़ोसियों ने सुधांशु पांडेय की पिटाई कर दी। पीड़ित ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कौशांबी के करारी निवासी सुधांशु ने पुलिस को बताया कि भरत नगर में रितेश पांडेय के मकान में केयर टेकर के रूप में काम करते हैं।

पहले फ्लोर पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसका विरोध करते हुए पड़ोस के विपिन यादव, विनय यादव, विशाल यादव और मंशा देवी अंदर घुसे आए। सभी ने सरिया और ईंट से वार कर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एक ही दिन में 150 लोगों को लगी एआरवी
विकास खंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह हो गई कि केवल शनिवार को ही पीएचसी पर कुत्तों के काटने के बाद 150 लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन का इंजेक्शन लगाया गया। इनमें नए और पुराने दोनों मरीज शामिल हैं। पीएचसी पर तैनात डॉ. सुजीत कुमार कुशवाहा ने बताया कि छितौना, जाल्हूपुर, उमरहां, बराई, तोफापुर, शंकरपुर सहित कई अन्य गांवों से बड़ी संख्या में पीड़ित इलाज के लिए पहुंचे थे। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

स्वतंत्रता सेनानी 9.15 घंटे लेट आई
नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला जारी है। वंदेभारत से लेकर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनें देरी से पहुंचीं। विशेष रूप से स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस दूसरे दिन भी करीब 9 घंटे 15 मिनट लेट होकर वाराणसी पहुंची। नई दिल्ली से आने वाली 22436 वंदेभारत एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे की बजाय 1 घंटा 55 मिनट लेट होकर शाम 3.55 बजे पहुंची। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4.40 बजे की जगह 1 घंटा 45 मिनट की देरी से सुबह 6.25 बजे बनारस स्टेशन पहुंची। 12582 बनारस-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 10 बजे की बजाय 11.50 बजे स्टेशन पहुंची। 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 8.05 बजे की बजाय शाम 5.20 बजे वाराणसी स्टेशन पर पहुंची।

पुरानी रंजिश में मारपीट
बड़ागांव थाना क्षेत्र में हरहुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के करोमा गांव में बृहस्पतिवार को रंजिश के कारण मारपीट हुई। पीड़ित प्रदीप सरोज (20) का आरोप है कि पवन सरोज (25) और रंजीत सरोज (21) ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित की तहरीर पर शनिवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी।

मंदिर से 20 घंटा चोरी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने मंदिर से 20 घंटे चोरी कर लिए। लोगों के अनुसार, कुछ दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब तक गांव और आसपास के इलाकों में पांच स्थानों पर चोरी हो चुकी है, लेकिन एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।

काशी विद्यापीठ में छात्रों ने सुरक्षाकर्मी को पीटा, सिर में लगी चोट
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कैंपस में छात्रों ने सुरक्षा कर्मी को पीट दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। लंका के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास के गेट पर बृहस्पतिवार भोर में उस समय हुई जब हॉस्टल में जा रहे छात्रों को वहां तैनात सुरक्षाकर्मी ने रोका। काशी विद्यापीठ में इस समय अवकाश है। बृहस्पतिवार भोर में सुरक्षा कर्मी गेट पर तैनात था। भोर में पांच-छह छात्र हॉस्टल पहुंचे। 

तैनात सुरक्षा कर्मी से किसी बात को लेकर नोकझोंक हुई। विवाद आगे बढ़ा तो छात्रों ने सुरक्षाकर्मी की पिटाई कर दी। उसके सिर में चोट आई है। फिलहाल मामले में न तो पुलिस के पास और न ही कुलानुशासक को किसी तरह की शिकायत मिली है। बावजूद पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस हॉस्टल के आसपास डयूटी पर तैनात लोगों से पूछताछ करने में जुटी है। कुलानुशासक प्रो. केके सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। पुलिस को जानकारी दी गई है। किसी तरह की शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।

तीन पर धोखाधड़ी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट के बालाजी नगर कॉलोनी निवासी पवन कुमार मिश्रा ने धोखाधड़ी और धमकी का आरोप लगाया है। हरिओम नगर सामने घाट निवासी वैभव पांडेय, पत्नी बबिता पांडेय और पिता श्रीनिवास पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पवन कुमार मिश्रा का आरोप है कि वैभव पांडेय उनका परिचित था, जरूरत बताकर वैभव ने उनसे अलग-अलग किस्तों में तीन लाख 30 हजार रुपये लिए, लेकिन समय बीतने के बाद भी पैसे नहीं लौटाए। दबाव बनाने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

निवेश के नाम पर 4.60 लाख की ठगी
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट निवासी प्रदीप कुमार जायसवाल से साइबर ठग ने निवेश के नाम पर 4़ 60 लाख का फ्रॉड कर लिया। पुलिस को तहरीर में प्रदीप ने बताया कि 14 अक्तूबर को मोबाइल पर एक मेसेज लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने पर वह एक टेलीग्राम चैनल से जुड़े। यहां आकर्षक निवेश का लालच दिया गया। ऐसे में 4.60 लाख का निवेश कर दिया। कुछ समय बाद पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नाव संचालन के लिए मारपीट में दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट में पक्का घाट पर नाव संचालन को लेकर विवाद में दूसरे पक्ष के जलहिया ओला निवासी मनोज साहनी की तहरीर पर पुलिस ने मदरवा निवासी कल्लू साहनी, रामचंद्र साहनी, गौतम कुमार साहनी समेत 150 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई। रोप है कि नाव संचालन को लेकर कहासुनी के दौरान आरोपियों ने मनोज साहनी पर हमला कर दिया था। हमले में मनोज की एक अंगुली कट गई। घटना में घायल लोगों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में कराया गया। उधर, पुलिस ने एक दिन पहले इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से गौतम कुमार साहनी की शिकायत पर तीन नामजद समेत 60 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की थी। दोनों मामलों की जांच की जा रही है।

बंद मकान का ताला तोड़कर 14 लाख की चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बेलवा बाबा के श्रीराम लक्ष्मीपुरम कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान में 85 हजार की नकदी समेत 14 लाख के आभूषण चोरी कर लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के पेशारा गांव निवासी अमित कृष्ण राय बेलवा बाबा में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। एक जनवरी को वह अपने पैतृक गांव गए थे। दो जनवरी को जब लौटे तो मकान का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर अलमारी समेत अन्य सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर नकदी और जेवरात नहीं मिले। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।

तेरहवीं में आए सुभासपा नेता को तमंचे से डराया और पीटा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर बसनी गांव में तेरहवीं में शामिल होने आए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय राजभर ने मारपीट के मामले में एक नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि मनबढ़ युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया भी। 

जगदीशपुर गांव निवासी अक्षय राजभर 30 दिसंबर को रामपुर बसनी गांव में तेरहवीं में शामिल होने आए थे। आरोप है कि सत्तनपुर गांव निवासी बृजेश राजभर ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को गाली दी। विरोध करने पर तमंचा निकालकर कनपटी पर सटा दिया और कुछ लोगों के साथ मिलकर पीटा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सेब लदी मैजिक पलटी,चालक बचा
मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर स्थित ओवरब्रिज पर शनिवार की देर शाम वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही सेब लदी मैजिक का टायर फट गया। इस बीच पीछे से आए अज्ञात वाहन की टक्कर से मैजिक पलट गई। चालक बाल-बाल बच गया। हालांकि सेब सड़क पर बिखर गए। पुलिस की मदद से मैजिक वाहन को हटवाया गया। 

सावित्रीबाई फुले ने दिलाया महिलाओं को अधिकार और सम्मान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ शिक्षाशास्त्र विभाग में सावित्रीबाई फुले की जयंती पर आयोजित गोष्ठी में शनिवार को समाज में उनके योगदान पर चर्चा हुई। विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा सावित्रीबाई ने महिलाओं को उनका सम्मान दिलाया और अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। महिला सशक्तीकरण पर उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। 

गोष्ठी में प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि सावित्रीबाई ने बालिकाओं का आवाह्न कर कहा था कि उठो बहनों विद्या ग्रहण करो और गुलामी की बेड़ियों को तोड़ दो। सीएमपी डिग्री कॉलेज की प्रो. संगीता ने कहा कि सावित्रीबाई ने महिलाओं के लिए शिक्षा के द्वार खोले। नारी मुक्ति, विधवा विवाह, बाल विवाह, सती प्रथा का विरोध किया। 

प्रो. आनंद शंकर चौधरी ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और उनका कीर्तिमान स्थापित करना माता सावित्रीबाई के प्रयासों को चरितार्थ करता है। संचालन डॉ. दिनेश कुमार, धन्यवाद डॉ. ज्योत्सना राय ने किया। मौके पर प्रो. रमाकांत सिंह, डॉ.नागेंद्र कुमार सिंह, डॉ. वीणा वादिनि अर्याल, डॉ. मनोज कुमार त्यागी, दिलीप कुमार, मेधा चतुर्वेदी मौजूद रहे।

महिला अस्पताल में लगेंगी 6 सीटीजी मशीन
कबीरचौरा स्थित जिला महिला अस्पताल के 3 लेबर रूम में 7.20 लाख की लागत से 6 सीटीजी (कार्डियोटोकोग्राफी) मशीन लगाई जाएंगी। इससे लेबर रूम में प्रसव के दौरान भ्रूण के हार्ट स्पीड की निगरानी हो सकेगी। प्रत्येक मशीन की अनुमानित लागत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। इसके लिए अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजा जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि अस्पताल में अन्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजा गया है।

सुंदरकांड पाठ के बाद हुआ भंडारा
नववर्ष पर शिवपुर स्थित कोइलहवा बिजली घर परिसर में शनिवार को विधिवत सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के बाद विशाल भंडारा आयोजित हुआ। इसमें आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।यह धार्मिक कार्यक्रम समाजसेवी सर्वेश सिंह सोनू के नेतृत्व में विगत कई वर्षों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता बीबी राय, उपखंड अधिकारी मनीष राय, आलोक सिन्हा, सन्नी सिंह, उत्कर्ष पांडेय मौजूद रहे।

बाबा विश्वनाथ को चढ़ा सेहरा, अंग वस्त्रम और पीला गमछा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा को मध्याह्न भोग आरती के दौरान सेहरा, अंग वस्त्रम और पीला गमछा अर्पित किया गया। बाबा का अभिषेक कर ज्योतिर्लिंग पर इन्हें पुजारियों द्वारा धारण कराया गया। पुजारियों ने इसे बाबा को अपनी श्रद्धा के अनुसार अर्पित किया। आम तौर पर बाबा विश्वनाथ का सेहरा शृंगार महाशिवरात्रि पर्व पर ही देखने को मिलता है।

इसका कारण पूछने पर मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि यह किसी विशेष दिन के चलते नहीं, बल्कि भक्त और श्रद्धालु जब चाहें, बाबा को अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। जरूरी नहीं कि ऐसा केवल महाशिवरात्रि पर ही हो।

शनिवार को तीन लाख भक्तों ने बाबा का झांकी दर्शन, पूजन और जलाभिषेक किया। वहीं रविवार से माघ मेले का पलट प्रवाह भी देखा जा सकता है। इसके चलते रोजाना 50 हजार से लेकर एक लाख तक भक्तों की संख्या बढ़ सकती है। वहीं मंदिर प्रशासन की ओर से अभी स्पर्श दर्शन पर लगी रोक हटाने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।

क्राफ्ट मेले में लोगों को भा रहे स्वदेशी सामान
चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में शनिवार को क्राफ्ट मेला 2026 का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि वीडीए के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि नए वर्ष पर काशी में आए पर्यटकों और आम जनता को भी सीधे हस्त शिल्पियों एवं बुनकरों से सस्ते मूल्य पर वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा। शिल्प मेला में स्वदेशी सामानों की खूब बिक्री हो रही है। आने वाला समय देश का हर व्यक्ति स्वदेशी वस्तु ही उपयोग में लेगा। 

मेला संयोजक अमनदीप शर्मा और गुफरान मलिक ने बताया कि मेला एक से 31 जनवरी तक चलेगा। यहां उत्तराखंड की सदरी, मुरादाबाद के कंबल, पटियाला की जूती, सहारनपुर फर्नीचर, पंजाब की फुलकारी, कश्मीर के सूट शॉल, खुर्जा की क्रॉकरी, राजस्थान की ज्वैलरी, भदोही का कालीन, दिल्ली के लेदर बैग, चंडीगढ़ के सूट आदि अन्य उपयोगी वस्तुएं मेले में शामिल हैं। खादी ग्रामोद्योग परिक्षेत्रीय अधिकारी यूपी सिंह संजय, अमन जायसवाल, सुमित कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक दिनेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

राग झिंझोटी की दृश्य–साधना संग साजो की युगलबंदी
भारतीय समकालीन कला के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित कलाकार प्रो. मदन लाल की 40वीं एकल कला प्रदर्शनी राग झिंझोटी: विचार, दर्शन और अभिव्यक्ति का शुभारंभ शनिवार को ईशी गैलरी राम छाटपार शिल्प न्यास महेश नगर सामने घाट में हुआ। अवलोकन के लिए लोगों की भीड़ रही। यह प्रदर्शनी 25 जनवरी तक प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से सायं सात बजे तक खुली रहेगी। संगीत संध्या से कलाकारों ने सभी को आनंदित किया। 70 वर्ष की आयु में प्रो. मदन लाल के पांच दशकों से अधिक की सृजनात्मक यात्रा का एक संवेदनशील और आत्मीय पड़ाव को समेटती यह प्रदर्शनी के अमूर्त चित्रों से भारतीय शास्त्रीय संगीत के राग झिंझोटी की अनुभूति को दृश्य भाषा में रूपांतरित की है। 

मोटे महादेव का हुआ शृंगार, बही भजन गंगा
हड़हा स्थित किकलेश्वर नाथ मोटे महादेव मंदिर में शनिवार को शृंगार हुआ। भक्तों ने दर्शन पूजन किया। भजन-कीर्तन ओर भक्ति संगीतमय झांकी सजाई गई। श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल सेवा समिति के सदस्यों के डमरूओं के निनाद से आरती उतारी गई। भंडारे सैकड़ों भक्तों ने प्रसद ग्रहण किया। पूजन में संयोजक कमलेश गुरु, शिवजी कुंवर, जय प्रकाश सिंह यादव, केदार यादव, वकील यादव फौजी, अंगद यादव कवि, रामदुलार, रुदल यादव, बबलू जायसवाल आदि मौजूद रहे।

नगर क्षेत्र में समायोजन के बाद भी सबसे ज्यादा वरुणापार क्षेत्र में भेजे गए शिक्षक, दूरी से नाराजगी
नगरीय सीमा के विस्तारीकरण के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों का समायोजन किया गया। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि शहरी सीमा के 75 विद्यालयों में 140 शिक्षकों का समायोजन किया है। इसमें सबसे ज्यादा वरुणापार में 45, दशाश्वमेध में 21, भेलूपुर में 24, आदमपुर में 29 और रामनगर में 21 शिक्षक भेजे गए हैं। समायोजन के बाद विद्यालय की दूरी बढ़ने के कारण शिक्षकों में नाराजगी है। समायोजन के बाद विद्यालय की जो दूरी बढ़ी है उस कारण शिक्षकों में नाराजगी है।

शिक्षक संगठन के माध्यम से उच्चाधिकारियों से तैनाती स्थल में बदलाव की मांग कर रहे हैं। बीएसए ने बताया कि समायोजन नियमानुसार और उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार हुआ है। इसमें नगर निगम सीमा के वरुणापार जोन स्थित विद्यालयों में 45 और दशश्वमेध जोन में 21 शिक्षक भेजे गए हैं। इनके अलावा भेलूपुर में 24, आदमपुर में 29 और रामनगर में 21 शिक्षकों का समायोजन किया गया है।

रंग सारी गुलाबी चुनरिया रे…
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या का आयोजन किया गया। इसमें मंगल वाद्य शहनाई वादन पं. दुर्गा प्रसन्ना ने प्रस्तुत किया। उन्होंने राग मारवा, तीन ताल में प्रस्तुति दी। दादरा में “रंग सारी गुलाबी चुनरिया रे…”, “कजरी-घेरी घेरी सावन की बदरिया…” की धुन सुनाई। अंत में “मोहे पनघट में नन्दलाल छेड़ गयो…” से वादन को विराम दिया। सहायक शहनाई पर संगम कुमार और कलीम, तथा दुक्कड़ पर ओमप्रकाश ने संगत की। सोसायटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। संचालन तनुज कुमार वर्मा ने किया, और धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियन्ता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया।

पांच लाख मंत्रों से श्रीललिता महात्रिपरसुन्दरी का अर्चन
श्रीविद्या देशिक प्रवर आचार्य श्रीदत्तात्रेयानंदनाथ (पं.सीताराम कविराज) के आविर्भाव शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को हुआ। श्रीविद्या साधना पीठ गणेश बाग नगवां में 21 दिनों तक चलने वाले महोत्सव के पहले दिन श्रीललिता महात्रिपुरसुन्दरी का कोटि अर्चन सत्रयाग शुरू हुआ। पीठाध्यक्ष श्रीप्रकाशानंदनाथ महाराज के सानिध्य में पांच लाख मन्त्रों से श्रीललिता महात्रिपरसुन्दरी का दिव्य अर्चन हुआ। 

माघ मेला में श्रद्धालुओं की करेंगे सेवा
लोक जन कल्याण एवं समाज सुधार कर्म फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से अवलेशपुर कंदवा में हुई बैठक में प्रयागराज के माघ मेला में साधू संतों व श्रद्वालुओं की सेवा, प्रसाद और स्नान पर्व पर सहयोग की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आसपास जिलों के व्यापारियों से मदद से की जाएगी। अध्यक्षता डॉ. एनके त्रिपाठी ने की। बैठक में हरिहरानन्द महराज, आनन्द पाल, राधे श्याम सिंह, दिव्या तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी माैजूद रहे।

ज्योतिर्मठ के प्रथम आचार्य तोटकाचार्य का पट्टाभिषेक दिवस मना
श्रीविद्यामठ में आज आदि गुरु शंकराचार्य के परमप्रिय शिष्य और ज्योतिर्मठ के प्रथम आचार्य श्री तोटकाचार्यका पट्टाभिषेक दिवस मनाया गया। मठ परिसर में भंडारा और प्रसाद ग्रहण सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

“तोटकाष्टकम्” के सामूहिक सस्वर पाठ के माध्यम से भगवान श्री तोटकाचार्य की प्रतिमा का विशेष पूजन किया गया। प्रभारी परमात्मानंद ने बताया कि आचार्य गिरि ने अपनी अनन्य गुरु-भक्ति के माध्यम से “तोटक” छंद में स्तुति कर अद्वैत दर्शन को सरल रूप में प्रस्तुत किया।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सहारनपुर के शाकंभरी शक्ति पीठ में कहा कि तोटकाचार्य का जीवन सेवा और समर्पण की पराकाष्ठा है। उन्होंने सिद्ध किया कि गुरु की कृपा से सेवा करते हुए भी ज्ञान की प्राप्ति संभव है। इस अवसर पर दंड़ी स्वामी दुर्गानंद सरस्वती, साध्वी पूर्णांबा, साध्वी शारदांबा, ब्रह्माचारी परमात्मानंद, और मठ के प्रबंधक कृष्ण कुमार द्विवेदी सहित अन्य उपस्थित रहे।

कैंट रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़, होल्डिंग एरिया में बैठने की जगह नहीं
माघ मेले के पहले स्नान के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में लोग काशी पहुंचे। इस वजह से कैंट रेलवे स्टेशन पर भीड़ देखने को मिली। विशेषकर गोरखपुर, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर आदि जगहों से आने वाली ट्रेनों में भी अधिक भीड़ रही। कैंट रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया में पूछताछ काउंटर के बाहर भी कुर्सियों से लेकर जमीन पर जिसको जहां जगह मिला, वह बैठा रहा। शनिवार शाम को होल्डिंग एरिया में तो बैठने के लिए जगह नहीं रही।

ठंड से बचाव के लिए 178 हमराहियों को बांटे गर्म वस्त्र
भीषण ठंड के बावजूद तड़के सुबह अखबार बांटने वाले हमराहियों को शनिवार को हरे कृष्ण ज्वेलर्स, अर्दली बाजार की ओर से ऊनी कपड़े बांटे गए। कार्यक्रम में समाचार वितरक समाज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद का स्वागत प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता चेतन अग्रवाल ने किया। प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता संतोष अग्रवाल ने कहा कि चाहे गर्मी हो, बरसात हो या कड़ाके की ठंड, हमराही बंधु प्रत्येक घर में एक पत्रमित्र की तरह प्रतिदिन समाचार पत्र पहुंचाते हैं। यही उनका जीवन-यापन का माध्यम भी है। उनके इस समर्पण भाव को देखते हुए हरे कृष्ण ज्वेलर्स प्रत्येक वर्ष हर संभव मदद के लिए तत्पर रहता है। समाचार वितरण समाज उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सतीश प्रसाद ने प्रतिष्ठान द्वारा जरूरतमंदों और हमराहियों को गर्म कपड़े बांटने को सराहनीय पहल बताते हुए आभार प्रकट किया।

श्रीमदभागवत श्रीकृष्ण और राधारानी का साक्षात स्वरूप: आचार्य दिलीप शास्त्री
भारत भारती परिषद द्वारा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन शनिवार को अग्रवाल भवन आस भैरव में व्यास पीठ आचार्य दिलीप शास्त्री ने कहा कि श्रीमदभागवत भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का साक्षात स्वरूप है जिसे महाप्रभु वल्लभाचार्य ने महादेव की नगरी काशी में पुष्टिमार्ग का केन्द्र बनाकर सम्पूर्ण विश्व के जन-जन के कल्याण के लिए सुबोधिनी की रचना की थी।

कहा कि परिषद के संस्थापक सदस्य गोलोकवासी बलभद्रदास अग्रवाल ने राधारानी स्वरूप गोस्वामी शरदवल्लभा बेटीजी की प्ररेणा से सुबोधिनी की सरल सुबोध हिन्दी भाषा में रचना की थी। व्यासपीठ ने कहा कि रास पंचाध्यायी भगवान श्रीकृष्ण का प्राण है और राधारानी भगवान की आत्मा हैं। श्रुतिरूपा, ऋषिरुपा एवं अग्नि कुमारिकाएं ही गोपिया हैं जिनके साथ पूर्ण परब्रम्ह परमात्मा भगवान श्रीकृष्ण ने रासलीला की थी, जिसमें काशी विश्वनाथ गोपी का रूप धारण कर रासलीला में पधारे थे। 

पं. अम्बुज कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की सेवा करना ही भक्तों का परम कर्तव्य है। भगवत सेवा मन और तन से प्राप्त धन भगवान श्रीकृष्ण की सेवा में समर्पण करेंगे, तभी मानसी सेवा जैसी परम सिद्धि प्राप्त हो सकती है। कथा श्रवण अशोक वल्ल्भदास, पं. सिद्धनाथ पांडेय, पं. कमलेश त्रिपाठी, सत्येन्द्र तिवारी, संतोष अग्रवाल, तेजबहादुर, राजीवन द्रविड, सचिन, पूजा, राजीव आदि रहे।

सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति पर हुआ भंडारा
शिवपुर के कोइलहवा बिजली घर परिसर में शनिवार को सुंदरकांड पाठ हुआ। लोगों ने भगवान श्रीराम दरबार का विविधवत पूजन किया। भंडारे में साधु-संतों के साथ ही श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में समाजसेवी सर्वेश सिंह सोनू, अधिशासी अभियंता बीबी राय, मनीष राय, आलोक सिंहा, सन्नी सिंह, उत्कर्ष पांडेय, दीपू सिंह आदि रहे।

काशी पहुंचा वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन
टीम की शक्ति प्रत्येक व्यक्ति में और प्रत्येक व्यक्ति की शक्ति टीम में होती है। इस विश्वास के साथ निकली वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन सातवें दिन शनिवार को सासाराम से चलकर वाराणसी पहुंचा। इसमें एक एनसीसी अधिकारी, तीन स्थायी प्रशिक्षक तथा एक एनसीसी पूर्व छात्र सहित कुल नौ एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं। वाराणसी पहुंचने पर साइक्लोथॉन टीम का कर्नल विक्रम सांखला, उप समूह कमांडर और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी ए के एनसीसी के कैडेट्स ने स्वागत किया। काशी में रात्रि विश्राम के पश्चात, वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन टीम आठवें दिन रविवार को मिर्ज़ापुर रवाना होगी। 

प्रिंस 20 और देव 14 अंक बनाकर यूपी को प्री क्वार्टर में पहुंचाया
राजस्थान के बाड़मेर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश की अंडर-19 बालक वर्ग की टीम प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। लीग मैचों में यूपी की टीम ने गुजरात को रोमांचक मैच में 52-45 से पराजित किया। उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल वाराणसी के प्रिंस ने 20 और देव ने 14 अंक बनाए। गत लीग मैच में उत्तर प्रदेश की टीम पंजाब से 62-57 से पराजित हुई। उत्तर प्रदेश की टीम के प्रशिक्षक वाराणसी के राष्ट्रीय प्रशिक्षक विभोर भृगुवंशी हैं। मैनेजर श्री जितेंद्र कुमार हैं। प्री क्वार्टर फाइनल महाराष्ट्र में होंगे। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में तीन काउंटर से होगा कॉपी, पेपर का वितरण
संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में 9 जनवरी से होने वाली परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय में कॉपी, पेपर का पैकेट तैयार हो गया है। यहां परीक्षा विभाग की ओर से तीन-तीन काउंटर बनाए गए हैं। इसमें 6-7 जनवरी को प्राचार्यों को कॉपी, पेपर दिया जाएगा। इससे पहले चार जनवरी तक परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसमें नियमानुसार नंबर अंकित कर छात्र प्रवेश पत्र ले सकते हैं। 

विश्वविद्यालय की ओर से शास्त्री प्रथम सेमेस्टर(2025-2029), तृतीय सेमेस्टर (2024-2028), पंचम सेमेस्टर (2023-2026) के साथ ही आचार्य प्रथम सेमेस्टर (2025-2027), तृतीय सेमेस्टर (2024-2026) की परीक्षा 20 जनवरी तक करवाई जाएगी। यूपी के 60 जिलों के अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बने केंद्रों पर परीक्षा के लिए केंद्राध्यक्षों को विवि आकर कॉपी, पेपर लेना होगा।

बीएचयू की शिक्षिका यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में पढ़ेंगी शोध पत्र
बीएचयू के हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनकर अमेरिकी विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिंदी पर शोध पत्र पढ़ेंगी। उनका शोध-पत्र अमेरिका के लॉस एंजिलिस स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया ने स्वीकार किया है। इसे 27–28 फरवरी को विरासत और सामुदायिक भाषा विषय पर होने वाले पांचवें अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत किया जाएगा। यह सम्मेलन यूसीएलए परिसर में होगा। 

डॉ. प्रियंका सोनकर इस सम्मेलन में भारत से जाने वालीं एकमात्र शिक्षिका हैं। उनका शोध-पत्र अमेरिका में हिंदी के सांस्कृतिक पहचान और विरासत की भाषा विषय पर आधारित है। इस शोध में अमेरिका में बसे भारतीय प्रवासी समुदायों के बीच हिंदी भाषा की भूमिका, उसकी सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ी-दर-पीढ़ी हिंदी के संरक्षण की प्रक्रिया का गहन अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। वहां लगभग 30 देशों की भाषाओं के लोग अपनी भाषाओं की विरासत पर विचार करेंगे।

मेले में लोगों को भा रहे स्वदेशी सामान
चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में शनिवार को क्राफ्ट मेला 2026 का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि वीडीए के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि नए वर्ष पर काशी में आए पर्यटकों और आम जनता को भी सीधे हस्त शिल्पियों एवं बुनकरों से सस्ते मूल्य पर वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा।  शिल्प मेला में स्वदेशी सामानों की खूब बिक्री हो रही है। 

आने वाला समय देश का हर व्यक्ति स्वदेशी वस्तु ही उपयोग में लेगा। मेला संयोजक अमनदीप शर्मा और गुफरान मलिक ने बताया कि मेला एक से 31 जनवरी  तक चलेगा। यहां उत्तराखंड की सदरी, मुरादाबाद के कंबल, पटियाला की जूती, सहारनपुर फर्नीचर, पंजाब की फुलकारी, कश्मीर के सूट शॉल, खुर्जा की क्रॉकरी, राजस्थान की ज्वैलरी, भदोही का कालीन, दिल्ली के लेदर बैग, चंडीगढ़ के सूट आदि अन्य उपयोगी वस्तुएं मेले में शामिल हैं। खादी ग्रामोद्योग परिक्षेत्रीय अधिकारी यूपी सिंह संजय, अमन जायसवाल, सुमित कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक दिनेश सिंह रहे।
विज्ञापन

सरोगेसी से छठवीं साहीवाल बछिया जन्मी
राजीव गांधी दक्षिण परिसर स्थित कृषि विज्ञान संस्थान के पशु चिकित्सा विज्ञान संकाय में स्वदेशी सरोगेट गाय ने भ्रूण स्थानांतरण तकनीक के माध्यम से लिंग-परिक्षित भ्रूण का उपयोग करते हुए 24.5  किलोग्राम भार की स्वस्थ साहीवाल बछिया को जन्म दिया।

पशु चिकित्सा विज्ञान संकाय में स्वदेशी गंगातिरी व साहीवाल पशु नस्लों के संरक्षण व आनुवंशिक उन्नयन के लिए अनुसंधान परियोजना संचालित की जा रही है। इसका क्रियान्वयन डाॅ. मनीष कुमार कर रहे हैं। इसमें एफवीएएस डेयरी फार्म में एक स्वदेशी सरोगेट गाय ने भ्रूण स्थानांतरण तकनीक के माध्यम से लिंग-परिक्षित वीर्य का उपयोग करते हुए 24.5  किलोग्राम भार की स्वस्थ साहीवाल बछिया को जन्म दिया। 

परियोजना के अंतर्गत साहीवाल नस्ल का छठवां सफल प्रसव हुआ है। नवजात बछिया का निरीक्षण फैकल्टी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज के अधिष्ठाता प्रो. अमितराज गुप्ता तथा राजीव गांधी दक्षिण परिसर के प्रभारी प्रो. बी एम एन कुमार द्वारा किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें