फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...चार की मौत, लुटेरी दुल्हन गिरोह ने फेसबुक से फंसाया; पढ़ें खबरें

Sun, 28 Sep 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसो में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लंका पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: लोहता थाना क्षेत्र के खेवशीपुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2 पर शनिवार शाम बाइक सवार दो युवक सामने चल रहे ट्रक में टकरा गए। हादसे में सजोई गांव निवासी गोलू गुप्ता (25) की मौत हो गई। दोस्त सोनू मौर्य (25) घायल हो गया, उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गोलू की 24 घंटे पहले रिंग सेरेमनी हुई थी। परिवार सदमे में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

विज्ञापन


सजोई गांव निवासी गोलू गांव के दोस्त सोनू मौर्य के साथ बाइक से हरहुआ से घर लौट रहा था। दोनों जैसे ही खेवशीपुर गांव के सामने पहुंचे सामने चल रहे ट्रक में टकरा गए। घटनास्थल पर ही बाइक चला रहे गोलू की मौत हो गई। जबकि सोनू घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। 

परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो महीने पहले उसके पिता अशोक गुप्ता की कैंसर से मृत्यु हुई थी। गोलू दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

विज्ञापन

बस की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक भागा
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर तिराहे के पास शनिवार दोपहर बस की चपेट में आने से राकेश कुमार विश्वकर्मा (40) की मौत हो गई। पुलिस ने शव का कब्जे में लिया। वहीं, बस छोड़कर चालक भाग निकला। देवरिया निवासी राकेश कुमार विश्वकर्मा वर्तमान में भिटारी क्षेत्र में रहता था और मजदूरी करता था। 

किसी काम से राकेश चुरामनपुर आया था और सड़क पार करते समय चांदपुर से रोहनिया की ओर जा रही बस की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही राकेश की मौत हो गई। पत्नी पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कलां में शुक्रवार शाम चार पहिया वाहन की टक्कर से साइकिल सवार हंसराज राम की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। बर्थरा गांव निवासी हंसराज राम मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहा था। 

बर्थरा कलां टावर के पास पहुंचा विपरीत दिशा से तेज गति व लापरवाही से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हंसराज को नरपतपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि हंसराज के बेटे राहुल कुमार ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कला में रोहित (19) की शनिवार अपराह्न करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अपराह्न तीन बजे के बाद घर के अंदर बिजली का केबल कटा हुआ था। रोहित उसकी चपेट में आ गया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर पोस्टमार्टम के लिए शव भिजवाया गया है। तीन भाइयों में रोहित मंझला था। 

लुटेरी दुल्हन गिरोह ने फेसबुक से फंसाया, होटल में पैसे लिए, फरार
लंका थाना पुलिस ने शनिवार को एक लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में नीरज पांडेय, पप्पू शुक्ला, सोनम पांडेय और अंगूरा देवी शामिल हैं। आरोपी प्रयागराज के रहने वाले हैं। आरोपियों पर लंका थाने में केस दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि आरोपियों ने शादी का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

शिकायतकर्ता श्याम लाल शर्मा ने बताया कि उन्हें फेसबुक से सरवन शर्मा ने संपर्क किया। बनारस आकर पुत्र मनीष की शादी कराने का झांसा दिया। इसके बाद लंका के एक होटल में ठहराया। शादी का झांसा देकर 50 रुपये के स्टांप पर इकरारनामा तैयार किया गया। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर, लोगों को बहला-फुसला कर पैसे लिए और फर्जी दुल्हन तैयार कर शादी करवाई और भाग गए।

ड्रोन उड़ाये जाने की फर्जी सूचना और वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
राजातालाब थाना के मातलदेई चौकी क्षेत्र में रात के समय ड्रोन उड़ाए जाने की फर्जी सूचना और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के आरोपी गोलू पटेल को मातलदेई से गिरफ्तार किया। मातलदेई निवासी गोलू ने पूछताछ में बताया कि वह किसी दूसरे व्हाट्सएप ग्रुप से वीडियो उठाकर वायरल किया।

डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि भ्रामक व फर्जी खबर या वीडियो वायरल करना अपराध है। ऐसे कृत्यों से समाज में अराजकता एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।

जमीन विवाद में मारपीट करने का आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने मारपीट के आरोपी शिवशंकर और सूरज पटेल को तक्खू की बौली को शनिवार को गिरफ्तार किया। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में शुक्रवार को मारपीट हुई थी। इसमें सूरज की माता और दूसरे पक्ष से जयशंकर घायल हुए थे। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि दोनों आरोपी गिरफ्तार किए गए।

नानी-नाती को कुचलने का आरोपी कंटेनर चालक गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के कालिका बाजार में दो दिन पूर्व नानी ऊषा और नाती शिवांश की सड़क हादसे में मौत मामले में कंटेनर चालक राहुल ऊर्फ राहुल खान को कपसेठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। हरियाणा के पलवल बहिन थाना क्षेत्र के नाटोली का निवासी है।

कृषि विज्ञान के 43 प्रोफेसरों की 4 एंटी रैगिंग स्क्वाॅड गठित
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान में रैगिंग रोकने के लिए 43 प्रोफेसरों को मिलाकर एंटी रैगिंग स्क्वॉड गठन किया गया। कृषि विज्ञान संस्थान के एक्सटेंशन एजुकेशन के प्रो. एके सिंह को स्क्वॉड का चेयरमैन बनाया गया है। अलग-अलग समय के लिए कुल चार एक्शन टीमों का गठन किया गया है। 

एक टीम सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक, शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक दूसरी टीम, रात 9 बजे से 12 बजे तक तीसरी और रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक चौथी टीम काम करेगी। कृषि विज्ञान संस्थान के गर्ल्स हॉस्टल के लिए अलग रिस्पॉन्स टीम होगी। इसमें सभी 10 सदस्य महिला ही हैं। संयोजक डॉ. अमृता पुनई को बनाया गया है। देर रात और तड़के सुबह के केस के लिए रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक प्रो. चंद्र भूषण संयोजक होंगे। 

सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बनी टीम का संयोजक प्रो. आनंद कुमार सिंह, रात 9 बजे से 12 बजे तक की टीम का संयोजक पीके शर्मा, चौथे टीम की कमान प्रो. निर्मल डे के हाथ में होगी। इन सभी संयोजकों की अपनी-अपनी टीमें होंगी। शनिवार को बीएचयू की ओर से इस एंटी रैगिंग स्क्वॉड की जानकारी दी गई।

मुझे महादेव से बहुत प्यार है आई लव महादेव : सुप्रिया
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शनिवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन किए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को महादेव से प्यार है। वह आई लव महादेव कह रहे हैं और जिन लोगों को मोहम्मद से प्यार है वह आई लव मोहम्मद कह रहे हैं। सभी की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। सुप्रिया ने कहा कि जो भी निरंकुश सरकार होती है उसे हर जगह गलत और उपद्रवी दिखता है।

मुझे महादेव से बहुत प्यार है आई लव महादेव। किसी को आई लव मोहम्मद अच्छा लगता है। समझदार सरकारें लोगों से बात करती हैं। निरंकुश, तानाशाह और डरपोक सरकारें लोगों को गिरफ्तार करती हैं। हर जगह भाजपा खुद माहौल खराब करती है। मैंने बाबा विश्वनाथ से संपूर्ण देश की खुशहाली की कामना की है। आज जिस प्रकार से बेरोजगारों और युवाओं का दोहन हो रहा है उनकी भले की कामना की है।

बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान
जिले के ग्रामीण इलाकों में बिना पंजीकरण चलने वाले अस्पतालों, क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आराजीलाइन में डॉ. नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया गया। डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि कल्लीपुर में वैष्णवी हॉस्पिटल को बिना पंजीकरण चलने पर बंद करवाया गया। टीम में डॉ. राजीव कुमार, डॉ. ब्रजमोहन शर्मा, देवेंद्र तिवारी रहे।

आई लव योगी और आई लव यूपी पुलिस का लगाया नारा
श्रीहनुमान सेना की ओर से शनिवार शाम सामूहिक हनुमान चालीसा कार्यक्रम में आई लव योगी, आई लव यूपी पुलिस और आई लव बुलडोजर का नारा लगाया गया। अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि नवरात्र में आई लव मोहम्मद का अभियान चलाने वाले राजनीति से प्रेरित हैं। यह सब कांग्रेस और सपा के इशारे पर पूरे उत्तर प्रदेश को दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं। अस्सी गंगा आरती के गंगा सेवा समिति के संयोजक विकास ने कहा कि काशी में जनता सिर्फ महादेव की आराधना करती है। उसकी श्रद्धा उसका प्यार सिर्फ महादेव में है। महामंत्री मार्कंडेय तिवारी आदि रहे।

नानी-नाती को कुचलने का आरोपी कंटेनर चालक गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के कालिका बाजार में दो दिन पूर्व नानी ऊषा और नाती शिवांश की सड़क हादसे में मौत के मामले में कंटेनर चालक राहुल ऊर्फ राहुल खान को कपसेठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी हरियाणा के पलवल बहिन थाना क्षेत्र के नाटोली का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

शैलपुत्री मंदिर का दानपात्र ले गए चोर
जैतपुरा थाना क्षेत्र के शैलपुत्री मंदिर का दानपात्र तोड़कर शुक्रवार रात चोरी हो गई। मंदिर के पुजारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने शनिवार को जैतपुरा थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि दो युवक ऑटो से आए और मंदिर परिसर में घुस गए। मां शैलपुत्री के गेट के पास रखा दानपात्र तोड़कर पैसे लेकर भाग निकले। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घर से नकदी और आभूषण लेकर किशोरी लापता
चौबेपुर थाना क्षेत्र के महासीपुर गांव की एक किशोरी घर से 50 हजार नगदी और आभूषण लेकर लापता हो गई। शनिवार को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। 

पिकअप से आठ पशु बरामद, तस्कर भागे
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना ब्रिज के पास शुक्रवार रात पुलिस ने पिकअप वाहन से आठ पशु बरामद किए। वहीं, तस्कर भाग निकले। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पशुओं को शहंशाहपुर के गोशाला को सौंपा गया। वाहन नंबर के आधार पर पशु तस्करों की तलाश की जा रही है। 

कार का शीशा और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर चोरी, केस
लंका के अंब्रोसिया अपार्टमेंट में खड़ी कार का शीशा क्षतिग्रस्त करने और सीसी कैमरे तोड़ने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार रात लंका थाने में केस दर्ज किया गया। अपार्टमेंट निवासी देवी शंकर सिंह ने पुलिस का बताया कि सुंदरपुर बृज एंक्लेव कॉलोनी के रवि रंजन शर्मा और दो अज्ञात ने घटना को अंजाम दिया है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। 

मिशन शक्ति फेज–5 के तहत छात्राओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति फेज–5 के तहत महिला सुरक्षा केंद्र की टीम की ओर से थाना सारनाथ में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को शनिवार को जागरूक किया गया। छात्राओं को लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1076, 108, 1098, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी गई।

महिलाओं के लिए सुरक्षा परामर्श, कानूनी मदद के लिए थानों पर महिला सुरक्षा केंद्र की स्थापना की गई है। कैंप कपिलधारा में महिलाओं को जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी, महिला उपनिरीक्षक संगीता देवी, अंजनी उमा जादौन, मीनू यादव, सुप्रिया, कंचन रहीं।

आठ करोड़ से बड़ागांव थाने में बनेगा तीन मंजिला भवन
पिंडरा के विधायक डाॅ. अवधेश सिंह और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को बड़ागांव थाने में तीन मंजिला भवन का भूमि पूजन किया। मिशन शक्ति केंद्र कक्ष का लोकार्पण किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि आठ करोड़ से भवन बनाया जाएगा।

भूतल और प्रथम तल पर मालखाना, पुरुष व महिला बंदीगृह, स्टाफ रूम, एसआई प्रभारी निरीक्षक कार्यालय, शिकायत, पूछताछ केंद्र होगा। द्वितीय तल पर स्टोर, किचन, बैरक, प्रधान लिपिक एवं मीटिंग हॉल का निर्माण के साथ आंतरिक वाटर सप्लाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ट्यूबवेल एवं सेफ्टी टैंक का निर्माण किया जाएगा। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एडीसीपी वैभव बांगड़, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार आदि रहे। 

कोषाधिकारी कार्यालय में मिली गंदगी, डीएम नाराज
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने कार्यालय परिसर व उसके भवनों, रिकॉर्ड रजिस्टर, दस्तावेज के रखरखाव, पटल सहायकों के कार्यों का सत्यापन किया। कार्यालय में रखी बोरियों, संदूक, स्टांप पेपर और पुरानी कैश काउंटिंग मशीन और दीवार पर लगे अग्निशमन यंत्र को भी देखा।

परिसर की सफाई, खराब वस्तुओं की नीलामी कराने और कमरों के सीलन से बचाने के उपाय करने व जालों की सफाई कराने के निर्देश सीटीओ को दिए। परिसर की सफाई उचित ढंग से नहीं होने, प्लास्टिक व जगह-जगह कूड़ा कबाड़ होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय के पीछे की ओर की घास फूस और झाड़ियों को कटवाकर हटाने के निर्देश दिए। खराब वॉटर कूलर को दुरुस्त कराने को भी कहा। कार्यालय की मरम्मत का एस्टीमेट बनाकर भेजने का निर्देश दिया।

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ की कार्रवाई
नगवां के मौजा मिसिरपुर में तीन बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कराई जा रही थी। बिना ले-आउट पास कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। नोटिस भी दिया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त नहीं किए जाने पर कार्रवाई की गई। 

कालिका धाम मंदिर में दो महिलाओं की कटी चेन
कपसेठी थाना क्षेत्र के शक्तिपीठ मंदिर में दर्शन के दौरान शनिवार दोपहर दो महिलाओं की चेन काट ली गई। पीड़ित महिलाओं ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली। जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव निवासी रेनू सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मायके बाराडीह से कालिका धाम शक्ति पीठ मंदिर में दर्शन करने को पहुंची थीं। भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने पीछे से चेन काट ली। तीन तोले की चेन थी। 

दूसरी घटना कपसेठी की चंद्रावती देवी के साथ हुई। चंद्रावती ने पुलिस को बताया कि मंगलसूत्र में लगी सोने की लॉकेट को काट लिया गया। पुलिस चौकी ने मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।

पुराने मुकदमे में वांछित चार गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित चार आरोपियों को क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में सूरज कुमार पटेल, लाल बहादुर, शिव शंकर निवासी तक्खू की बावली, राहुल उर्फ राहुल खान निवासी नाटोली थाना बहिन पलवल हरियाणा है। थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कपसेठी में मुकदमे दर्ज हैं। 

धीमी गति से होता मिला निर्माण कार्य
वीडीए अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने वीडीए की अलग-अलग परियोजनाओं का निरीक्षण किया। काशी विद्यापीठ ब्लॉक के ग्राम पंचायत छितौनी में मॉडल सामुदायिक हॉल का निर्माण कार्य धीमी गति से मिला। उन्होंने काम तेजी से करने के निर्देश दिए। सेवापुरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत ठठरा में मॉडल सामुदायिक हॉल के निर्माण कार्य में धीमी गति मिली।

श्री पंचमेश्वर महादेव का वार्षिक शृंगार एवं विशाल भंडारा
वाराणसी। श्री पंचमेश्वर महादेव का शनिवार को वार्षिक शृंगार एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कबीरचौरा जालपा देवी रोड मार्ग स्थित श्री पंचमेश्वर महादेव मंदिर को विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूल-मालाओं से सजाया गया। पूरे मंदिर को आकर्षक झालर बत्तियों से सजाया गया। उसके पश्चात डमरुदल से बाबा की भव्य आरती उतारी गई। आरती के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान दीनानाथ यादव, बबलू यादव, विनोद यादव, नीरज गुप्त, पंकज गुप्ता ने सहयोग किया।

पेट्रोल पंप और बार के लिए अलग से तैयार करें रजिस्टर
वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को नियोजन अनुभाग की समीक्षा बैठक की गई। प्राचीन संस्मारक, पुरातत्वीय स्थल और अवशेष के तहत घोषित राष्ट्रीय महत्व के प्रकरणों की समीक्षा की गई। वीडीए सचिव ने निर्देश दिए कि नियोजन अनुभाग ने वित्तीय वर्षवार एक रजिस्टर तैयार किया जाए। अनुमतियों का विवरण, नाम, पता और अन्य आवश्यक तथ्य दर्ज किए जाएं। हेल्प डेस्क पर 200 मीटर क्षेत्र से संबंधित प्राप्त आवेदनों के लिए अलग रजिस्टर तैयार किया जाए। पेट्रोल पंप और बार से संबंधित एनओसी के लिए अभिलेखीय रजिस्टर तैयार किया जाए।

यूपी कॉलेज में अल्जाइमर जागरूकता पर संगोष्ठी
यूपी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में शनिवार को विश्व अल्जाइमर माह के उपलक्ष पर अल्जाइमर जागरूकता संगोष्ठी हुई। इसमें बताया गया कि सामाजिकता और परिवारिक देखरेख में अल्जाइमर रोग की भयावहता को कम किया जा सकता है। यह कोई अभिशाप नहीं है। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डॉ. विपुल कुमार सिंह ने कहा कि परिवार में रहकर आपसी स्नेह इस रोग में मानसिक संबल देता है। इसमें आए प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह सामान्य रोग की ही तरह से होता है। डॉ. अनुराग ने समाज को अल्जाइमर से लड़ने की बात कही।

बीएचयू में 10 अक्तूबर को राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह
बीएचयू में 10 अक्तूबर को राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह होगा। हिंदी पखवाड़ा में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। हिंदी में मौलिक पुस्तक लेखन योजना-2024 के अंतर्गत चयनित लेखक भी पुरस्कृत होंगे। इन प्रतियोगिताओं में कार्यालयी अनुवाद प्रतियोगिता, कार्यालयी हिंदी प्रतियोगिता, राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, हिंदी निबंध और शब्द ज्ञान प्रतियोगिता के साथ यूनिकोड से हिंदी टाइपिंग का भी टेस्ट लिया गया। बीएचयू मेन कैंपस के अलावा कमच्छा के तीनों विद्यालयों के छात्रों के लिए भी सामान्य हिंदी और निबंध प्रतियोगिता हुई थी। इसमें 270 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

नटिनियादाई व्यापार मंडल ने मनाया सांस्कृतिक उत्सव
काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल के ओर से शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण का आयोजन मीरापुर बसही चौराहे पर धूमधाम से किया गया। इसमें 3000 से अधिक व्यापारी और लोग शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके बाद संगीत का विहंगम कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, वहीं माता के आह्वान के साथ भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संरक्षक डॉ. एपी सिंह, राजेश श्रीवास्तव, पंकज सिंह, राजेश वर्मा मौजूद रहे। 

बीएचयू के प्रो. शरद ने दक्षिण कोरिया में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लिया हिस्सा
बीएचयू के डॉ. शरद धर शर्मा ने दक्षिण कोरिया के जेजू में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने विश्व जलवायु अर्थव्यवस्था मंच पर भागीदारी अकादमिक कूटनीति और क्षेत्रीय सहयोग की बात उठाई। सामाजिक विज्ञान संकाय के सामाजिक समावेशन अध्ययन केंद्र के प्रोफेसर डॉ. शरद ने जलवायु अर्थव्यवस्था प्रोत्साहन और वित्तीय नीतियों की रूपरेखा पर अपने विचार रखे।

मिशन शक्ति केंद्रों को मिलेगी एक स्कूटी और सीयूजी मोबाइल, सिम
मिशन शक्ति 5.0 के तहत थानों में मिशन शक्ति केंद्रों को एक-एक सरकारी स्कूटी और सीयूजी मोबाइल, सिम दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि हर सप्ताह लंच विद सीपी होगा। रविवार को वरुणा जोन के सभी थानों की एक-एक महिला पुलिसकर्मी के साथ पुलिस आयुक्त भोजन और संवाद करेंगे। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा भी मौजूद रहे।

शिक्षकों को संख्यात्मक कौशल का प्रशिक्षण
ब्लॉक संसाधन केंद्र में फाउंडेशन लिट्रेसी एंड न्यूमरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने शिक्षकों को आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक कौशल विकसित करने की नई तकनीक से अवगत कराया। बच्चों में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाने, खेल-आधारित गतिविधियों और शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रयोग पर विशेष बल दिया। 

वक्ताओं ने कहा कि एफएलएन जन कार्यक्रम का उद्देश्य हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े के लक्ष्य को साकार करना है। शिक्षकों ने भी संकल्प लिया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को लागू कर बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि श्रीनिवास सिंह, रश्मि त्रिपाठी, रविंद्र यादव और उमेश त्रिपाठी मौजूद रहे।

विधायक ने 325 दिव्यांगों को दिए सहायक उपकरण
सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग विकास संस्थान और बचपन डे केयर सेंटर खुशीपुर में शनिवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 325 दिव्यांगों को सहायक उपकरण दिए गए। दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, आईडी किट, स्मार्ट केन, हियरिंग एड, ब्रेलकीट जैसे उपकरण दिए गए। 

विधायक के अलावा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपनिदेशक मंडलीय सत्येंद्र कुमार और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रामप्रकाश सिंह, सीआरसी निदेशक आशीष कुमार झा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इसके अलावा 20 लाभार्थियों को शादी विवाह, दिव्यांग पेंशन, दुकान संचालन योजना की स्वीकृति पत्र दिया गया। 

सेंटर के समन्वयक रमेश सिंह के उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस दौरान दिव्यांगों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। संचालन अरविंद सिंह और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ सिंह ने किया। इस मौके पर राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, अजय कुमार सिंह, माधुरी सिंह, प्रदीप यादव, रंजना सिंह मौजूद रहे।

एमएलसी चुनावों के मत केंद्रों की तैयारियां एक नवंबर से होंगी शुरू
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को वाराणसी खंड स्नातक/खंड शिक्षक के निर्वाचक नामावलियों के संबंध में बैठक हुई। वर्चुअली जुड़े मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने बताया कि मतदान केंद्रों/मतदेय स्थलों की तैयारी और अर्हता तिथि एक नवंबर के आधार पर 30 सितंबर से शुरू हो रहे रहे हैं। मंडलायुक्त ने आयोग के निर्देशों से अवगत कराया। 

कहा कि ऐसा प्रत्येक व्यक्ति जो भारत का नागरिक है और उस निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य रूप से निवासी है। एक नवंबर 2025 से कम से कम तीन वर्ष पहले या तो भारत के राज्य क्षेत्र में किसी विश्वविद्यालय का स्नातक है या समतुल्य अर्हता रखता है तो वह निर्वाचक नामावली में शामिल होने का पात्र है। सदस्य अपने परिवार के अन्य सदस्यों के फार्म-18 जमा करवा सकता है। प्रत्येक सदस्य के संबंध में मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करेगा।

मच्छोदरानाथ के 70 फीट ऊंचे किचकेश्वरी काली मंदिर में विराजीं मां दुर्गा
बाबा मच्छोदरानाथ दुर्गोत्सव समिति के 70 फीट ऊंचे किचकेश्वरी काली मंदिर में शनिवार को मां दुर्गा विराजमान हो गईं। पंडाल में नौ दुर्गा संग नौ गौरी सौम्य भाव में श्रद्धालुओं को दर्शन दे रही हैं। इसके साथ ही शाम को भजन संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माता के चरणों में हाजिरी लगाई।

शनिवार को दुर्गोत्सव पूजन समारोह का श्रीगणेश मृण प्रतिमाओं की सविधि प्राण-प्रतिष्ठा से हुई। पूजन अनुष्ठान सुबह 10:00 बजे आरंभ हुआ। मच्छोदरी पार्क में चल रहे शारदीय नवरात्रि के भव्य दिव्य आयोजन में ख्यात गायक डॉ. अमलेश शुक्ला ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी।

मां का भजन मैया बेटा के घर बेटी बनके आजा..., विंध्यवासिनी मैया का चमत्कार हो गया..., नमोस्तुते मां नमोस्तुते... सहित कई भजन गाए। इसके साथ ही आस्था शुक्ला ने ओ मैया शृंगार तेरा लाल है, मां तो बस भक्तों का प्यार मांगती... सहित कई भजन गाए। इस दौरान समिति के अध्यक्ष राजेश केशरी, कोषाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल एवं महामंत्री सचिन यादव मौजूद रहे।

महिला अधिकार और हिंसा को लेकर किया जागरूक
विश्व ज्योति जनसंचार समिति की ओर से शनिवार को सरस्वती इंटर कॉलेज मनियारीपुर में छात्राओं को महिला हिंसा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता शर्मिला ने महिला हिंसा पर चर्चा करते हुए छात्र-छात्राओं को महिला हिंसा और उसके दुष्परिणामों के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि अगर आप कहीं रात में या किसी मुश्किल में है तो टोल फ्री नंबरों का उपयोग करें। महिला हेल्प डेस्क की मदद लें, इसके लिए आपको टोल फ्री नंबर को याद रखना होगा। सरकार छात्राओं के लिए मिशन शक्ति सहित कई कार्यक्रम करा रही है। अध्यक्षता अध्यापक जगदीश ने, संचालन मनोज कुमार ने किया।

गरबा एवं डांडिया में महिलाओं और बच्चों ने मचाया धमाल
शिवपुर स्थित स्वास्तिक गार्डेनिया रेजिडेंट्स सोसायटी की ओर से नवरात्र डांडिया महोत्सव में महिलाओं ने धमाल मचाया। महिलाओं एवं बच्चों ने गरबा एवं डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी, सजावट एवं सांस्कृतिक रंगों से सजाया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, वहीं विशेष अतिथि के रूप में प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र पाठक एवं डॉ. दिव्यांक पाठक रहे। मंच पर आए अतिथियों का स्वागत सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विपिन सिंह एवं सचिव शैलेन्द्र प्रधान ने किया। 

वित्तमंत्री ने बनारस के व्यापारियों को बताए नई जीएसटी दराें के फायदे
जीएसटी के दरों में भारी कटौती को लेकर यूपी सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आज भोजूबीर स्थित मिठाई की दुकान, विशाल मेगा मार्ट सहित प्रमुख प्रतिष्ठानों में जाकर जीएसटी पर चर्चा की। दुकानदारों को फायदे बताए।

बारिश और आंधी ने 4 डिग्री लुढ़काया पारा
आधी रात तेज आवाज में गरजते बादलों ने लोगों की नींद तोड़ दी। जिले में शुक्रवार बाद पूरी रात बिजली कड़कने के साथ बादल गरजे। बीच-बीच में बारिश भी होती रही। शुक्रवार को शहर में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं इसका प्रभाव अगले दिन भी जारी रहा। शुक्रवार के मुकाबले पारा 4 डिग्री तक लुढ़क गया। शनिवार को काशी का तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 से घटकर 24.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग के मुताबिक जिले में बारिश की उम्मीद कम है। हालांकि लौटते मानसून से बूंदाबांदी हो सकती है।

संचारी रोग नियंत्रण में शिक्षको की भूमिका अहम
ब्लॉक संसाधन केंद्र मंगारी के सभागार में शनिवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें संचारी रोग नियंत्रण के बारे में शिक्षकों को जानकारी दी गई।ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर विजय बहादुर ने संचारी रोग व दस्तक अभियान के तहत बताया कि मच्छर जनित रोगों के बचाव और जलजमाव से होने वाले डेंगू, चिकनगुनिया व मस्तिष्क रोग के बाबत विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि स्कूलों में बच्चों को इससे परिचित कराने के साथ बचाव के उपाय बताने की अपील की। 

नोडल प्रभारी डॉ अनुपम सिंह ने कहा कि स्कूल व घर के आसपास जल जमाव नहीं होने देने व सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने व बुखार आने पर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी। स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश गुप्ता ने शिक्षकों के स्कूल में बरतने वाले सावधानियों के बाबत जानकारी दी। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा ने शिक्षकों के प्रदेश सरकार के इस अभियान में शत प्रतिशत योगदान कर स्कूल में जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। इस दौरान एआरपी अखिलेश यादव, पन्नालाल, अजय कुमार, वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर में हुई शक्ति मंच की बैठक
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के तहत शनिवार को शक्ति मंच की बैठक हुई। इसमें छात्राओं को महिला शक्ति के अधिकारों, समाज में उनका स्थान और अपनी सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई। अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू सिंह ने सभी सदस्य छात्राओं को अपने व्यावहारिक अनुभव को व्यक्त करते हुए महिला शक्ति के अधिकारों, समाज में उनका स्थान और अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। 

विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को समाज में होने वाली हिंसा और उत्पीड़न का विरोध करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। बैठक का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. विशालाक्षी देवी ने किया। इस अवसर पर डॉ. अनिता गिरी, सरिता, चंद्रिका, अंजू यादव, नंदिता यादव मौजूद रहीं।

तीन दिन में 100 मेगावाट बढ़ गई बिजली की खपत, 800 मेगावाट तक पहुंची मांग
सितंबर बीतने वाला है लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। तीखी धूप होने से उमस भी बढ़ गई है। यही कारण है कि जिले में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। औसतन सितंबर के महीने में प्रतिदिन 700 मेगावाट बिजली की खपत होती है लेकिन इस समय खपत का आंकड़ा 800 मगावाट और उसके पार भी पहुंच जा रहा है। 

इधर तीन दिन में पिछले साल की तुलना में इसी दौरान बिजली की खपत 100 मेगावाट ज्यादा हो रही है। आम तौर पर दशहरा के आसपास हल्की ठंड रहती है लेकिन इस साल मौसम ऐसा बदला है कि तीखी धूप और उमस लोगों को झेलनी पड़ रही है। बिजली की खपत बढ़ने की वजह भी गर्मी को माना जा रहा है। ऐसा इसलिए कि घरों, कार्यालयों में अभी भी पंखा, कूलर, एसी उसी तरह प्रयोग किया जा रहा है जैसे गर्मी का मौसम चल रहा है।
 
अब जिले में दुर्गा पूजा पंडाल भी सज गए हैं। हर पंडाल में रंग बिरंगी बत्तियों की सजावट की गई है। ऐसे में बिजली की खपत पिछले साल की तुलना में भी सितंबर महीने में अधिक है। अगले महीने से मौसम में बदलाव की संभावना है, इसके बाद बिजली की खपत भी कुछ कम हो सकती है। 

महिलाएं और छात्राएं संगीत का दिखाएं हुनर, जीतें पुरस्कार
नारी सशक्तीकरण को समर्पित अमर उजाला नवरात्र उत्सव के सातवें दिन यानी 29 सितंबर को महिलाओं और छात्राओं को संगीत में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। अस्सी घाट के सुबह-ए-बनारस के मंच पर भजन संध्या में गायन-वादन की प्रतियोगिता होगी। 

भजन संध्या में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाले प्रतिभागी विजेताओं को सम्मान स्वरूप नकद धनराशि और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसमें संगीत संस्थाओं, विद्यालयों, विश्वविद्यालयों में संगीत की शिक्षा ग्रहण करने वाली महिलाओं व छात्राओं को मौका दिया जाएगा। 

निर्णायक मंडल में पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य, संगीत और मंच कला संकाय की शास्त्रीय संगीतज्ञ प्रो. शारदा वेलंकर और संगीत नाटक एकेडमी पुरस्कार प्राप्त बीएचयू संगीत विभाग के डॉ. विजय कपूर रहेंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 8392913690 पर संपर्क कर सकते हैं। 

पर्यटकों की सुविधा के लिए खुला गाइड बूथ
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों की सुविधा के लिए सारनाथ संग्रहालय के सामने गाइड बूथ शनिवार को खोला गया। बूथ का उद्घाटन उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि सारनाथ में गाइड बूथ खुलने से यहां आने वाले पर्यटकों को अवैध गाइडों से निजात मिलेगी। 

आज आईआईवीआर में होगा किसानों का सम्मान
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर का 35वां स्थापना दिवस रविवार को मनाया जाएगा। संस्थान के निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि संस्थान के तीन दशक के सफर की गाथा से लोगों को रूबरू कराया जाएगा। साथ ही प्रगतिशील किसानों का सम्मान होगा। मुख्य अतिथि आईसीएआर के पूर्व सचिव डॉ. मंगला राय, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधाकर पांडेय और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल होंगे। 

यूपी कॉलेज में अल्जाइमर जागरूकता पर संगोष्ठी
वाराणसी। यूपी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में शनिवार को विश्व अल्जाइमर माह के उपलक्ष पर अल्जाइमर जागरूकता संगोष्ठी हुई। इसमें बताया गया कि सामाजिकता और परिवारिक देखरेख में अल्जाइमर रोग की भयावहता को कम किया जा सकता है। यह कोई अभिशाप नहीं है।

काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डॉ. विपुल कुमार सिंह ने कहा कि परिवार में रहकर आपसी स्नेह इस रोग में मानसिक संबल देता है। इसमें आए प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह सामान्य रोग की ही तरह से होता है। डॉ. अनुराग ने समाज को अल्जाइमर से लड़ने की बात कही।

10 को राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह
वाराणसी। बीएचयू में 10 अक्तूबर को राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह होगा। हिंदी पखवाड़ा में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। हिंदी में मौलिक पुस्तक लेखन योजना-2024 के अंतर्गत चयनित लेखक भी पुरस्कृत होंगे।

इन प्रतियोगिताओं में कार्यालयी अनुवाद प्रतियोगिता, कार्यालयी हिंदी प्रतियोगिता, राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, हिंदी निबंध और शब्द ज्ञान प्रतियोगिता के साथ यूनिकोड से हिंदी टाइपिंग का भी टेस्ट लिया गया। बीएचयू मेन कैंपस के अलावा कमच्छा के तीनों विद्यालयों के छात्रों के लिए भी सामान्य हिंदी और निबंध प्रतियोगिता हुई थी। इसमें 270 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सरयू प्रसाद इंटर काॅलेज का स्थापना दिवस मना
कठिरांव के सरयू प्रसाद इंटर काॅलेज का स्थापना दिवस शनिवार को मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुतियां दी। कॉलेज के प्रबंधक आदित्य नारायण दुबे ने बताया कि संस्थान की स्थापना 1965 में पूर्व विधायक स्वर्गीय अमरनाथ दूबे (लल्लन दूबे) ने की थी। इसका उद्देश्य आसपास के गांवों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना था। विद्यालय की स्थापना हो जाने से बच्चों को पढ़ने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इस मौके पर प्रधानाचार्य गामा प्रसाद सोनकर, वरिष्ठ प्रवक्ता और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री अरविंद कुमार ने अपने विचार रखे। 

बीएचयू के प्रोफेसर ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लिया हिस्सा
बीएचयू के डॉ. शरद धर शर्मा ने दक्षिण कोरिया के जेजू में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने विश्व जलवायु अर्थव्यवस्था मंच पर भागीदारी अकादमिक कूटनीति और क्षेत्रीय सहयोग की बात उठाई। सामाजिक विज्ञान संकाय के सामाजिक समावेशन अध्ययन केंद्र के प्रोफेसर डॉ. शरद ने जलवायु अर्थव्यवस्था प्रोत्साहन और वित्तीय नीतियों की रूपरेखा पर अपने विचार रखे। 
विज्ञापन

सानिया प्राचार्य व उप प्राचार्य बनीं रितु
सुभाष इंटरमीडिएट कॉलेज में शनिवार को मिशन शक्ति के तहत कक्षा 12 की छात्रा कुमारी सानिया को प्रधानाचार्य और कक्षा 11 की छात्रा कुमारी रितु को उप प्राचार्य बनाया गया। दोनों छात्राओं ने पूरे दिन अनुशासन उत्साह और निष्ठा के साथ विद्यालय का प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यभार संभाला। उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया और शिक्षकों व विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्यालय स्तर पर लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश भी दिए। इस दौरान विधायक त्रिभुवन राम ने छात्राओं को बुके देकर सम्मानित किया। 

भाषाई विविधता का सम्मान करती है एनईपी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, विद्याश्री न्यास, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ व लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ओर से योग साधना केंद्र में हुई संगोष्ठी में डॉ. विशाखा शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत की भाषाओं को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारत की भाषाई विविधता का सम्मान करती है। डाॅ. नीलम ने कहा कि एनईपी छात्रों को भाषाओं का चयन करने में अधिक लचीली रखी गई है। प्रो. संजय ने कहा कि एनईपी में शिक्षा की पहुंच पर विशेष ध्यान दिया गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें