फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: दालमंडी से 306 किलो अवैध पटाखे मिले, हादसों में तीन लोगों की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Thu, 09 Oct 2025 06:23 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के दालमंडी इलाके से पुलिस ने अवैध पटाखे बरामद किए। यहां चेकिंग अभियान भी चलाया गया। वहीं, विभिन्न हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: चौक थाना क्षेत्र के दालमंडी में मकान में मंगलवार रात छापा मारकर पुलिस ने 306 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर मकान मालिक शेख मोहम्मद आसिफ, कारोबारी नन्ने और विशाल के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि दीवाली पर आतिशबाजी को लेकर पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ पुलिस अभियान चला रही है। 

विज्ञापन


चौकी इंचार्ज को सूचना मिली कि शेख मोहम्मद आसिफ मकान में अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण करवा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। टीम ने दबिश दी तो कारोबारी नन्ने और विशाल पुलिस को देख भाग निकले। मकान के अंदर 9 बोरी और कार्टन में अवैध पटाखे, फुलझड़ी और रॉकेट मिले।

अवैध भंडारण तो दुकानदार और मालिक जाएंगे जेल: डीसीपी काशी ने बताया कि बिना लाइसेंस के अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जेल भी भेजा जाएगा। घनी आबादी के बीच पटाखों का भंडारण नहीं हो सकता।
विज्ञापन


स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन से रोज उठेगा 60 टन कूड़ा, मेयर ने किया उद्घाटन
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को पीलीकोठी में स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का लोकार्पण किया। जहां प्लांट का निर्माण किया गया है, वहां पहले कूड़े का अंबार लगा रहता था। नगर निगम की ओर से इस स्थान पर 5.48 करोड़ की लागत से स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन, धनेसरा तालाब का सुंदरीकरण, वाहन पार्किंग इत्यादि का कार्य कराया जा रहा है। 60 टन क्षमता के इस ट्रांसफर स्टेशन से कूड़े को कैप्सूल में काॅम्पैक्ट कर हुक लोडर के माध्यम से करसड़ा, रमना स्थित प्लांट पर भेज दिया जाएगा। स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन के लिए सीएसआर के तहत 1.28 करोड़ की धनराशि से 2 कैप्सूल, 2 कॉपैक्टर, 1 स्टेटिक मशीन, 1 हुक लोडर प्रदान किया गया। इस स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन के बनने से कूड़े को सीधे प्लांट तक ले जाया जाएगा। 

मानसिक अस्पताल से भागे बंदी को कैंट पुलिस ने किया गिरफ्तार
मानसिक अस्पताल से भागे बंदी चंदर पासी को कैंट पुलिस ने बुधवार को पांडेयपुर फ्लाईओवर से गिरफ्तार किया। उन्नाव के हंसनगंज थाना क्षेत्र के न्योतनी निवासी चंदर पासी को जेल भेज दिया गया।

कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि उन्नाव जेल में निरूद्ध चंदर पासी को कोर्ट के आदेश पर मानसिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। पांच दिन पहले शुक्रवार को बंदी चंदर पासी अस्पताल की दीवाल फांदकर भाग निकला था। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह ने बंदी और अस्पताल के पांच कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस की टीमें खोजबीन में थी। इस बीच सूचना मिली कि वह पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे से कहीं भागने के फिराक में है। इस पर टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

काली खोह पहाड़ी में कुएं में मिला शव
मिर्जापुर के काली खोह पहाड़ी क्षेत्र के करन वीर की बावली के पीछे स्थित लाला बारी के बगीचे में क्षतिग्रस्त कुएं में बुधवार को प्रयागराज के लोहगरा गांव थाना बारा गांव निवासी अंतूनाथ (36) का शव मिला है। वह बड़े बगीचे के पास बगीचे में लंबे समय से रहा था। परिवार के भरण पोषण के लिए मदारी का काम करता था। वह कई दिनों से अपने डेरे से लापता था। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि काली खोह पहाड़ी क्षेत्र में शव मिला है।

ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार किसान की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बंगला चट्टी के हाईवे से सटे सर्विस लेन पर बुधवार सुबह 11 बजे ट्रक की चपेट में आने साइकिल सवार शीतला प्रसाद (55) की मौत हो गई। वहीं, मौके से वाहन लेकर चालक भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खजूरी निवासी शीतला प्रसाद यादव सुबह साइकिल से मिर्जामुराद बाजार के लिए निकले थे। 

हाईवे से सटे सर्विस लेन पर अचानक किसान इंटर कॉलेज के पास ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शीतला प्रसाद किसान थे। तीन बेटे व एक बेटी है। पत्नी सीता देवी और बेटी वंदना का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

ट्रेन से कट कर महिला की मौत
सारनाथ के आशापुर रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिटी स्टेशन की तरफ से सारनाथ स्टेशन जा रही एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। शव की पहचान की कोशिश की जा रही है।

इलाज में लापरवाही और मरीज से मारपीट के आरोप में चिकित्सक कोर्ट में तलब
इलाज में लापरवाही और विरोध करने पर मरीज को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम जयति की अदालत ने सारनाथ के दीर्घायु हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर के चिकित्सक डॉ. शिवकुमार जायसवाल को बतौर आरोपी 4 दिसंबर 2025 को तलब किया है। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, परिवादी संदेह सिंह को किडनी में पथरी की शिकायत थी। ऑपरेशन के लिए वह डॉ. शिवकुमार के अस्पताल में भर्ती हुआ था। आरोप है कि 19 सितंबर 2020 को डॉ. शिवकुमार ने ऑपरेशन किया और दो दिन बाद डिस्चार्ज कर दिया। एक माह बाद दोबारा जांच कराई तो किडनी की पथरी 11 से बढ़कर 18 एमएम हो गई। 

किडनी के स्टोन की जगह उसके गॉल ब्लेडर को काटकर निकाल दिया गया था। जबकि पथरी गॉल ब्लैडर में नहीं किडनी में थी। जब वह शिकायत करने अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सक ने बाउंसरों से उसकी पिटाई करवाई और जबरन सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में भोजूबीर के निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मजबूरन अदालत में परिवाद दायर किया। अदालत ने चिकित्सक को बतौर आरोपी कोर्ट में तलब किया है।

दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक जाम खुलवाएंगे चौकी प्रभारी
काशी जोन में यातायात जाम छुड़ाने और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर 35 चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। रोज दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच सक्रिय रहकर क्षेत्रों में जाम के दबाव को कम करेंगे। अतिक्रमण हटाने से लेकर अवैध स्टैंड का संचालन नहीं होने देंगे। 

भविष्य में निर्धारित स्थलों पर अतिक्रमण और जाम की समस्या होती है तो चौकी प्रभारियों पर कार्रवाई होगी। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि प्रमुख चौराहों और स्थलों पर तैनात चौकी प्रभारी को सीयूजी फोन पर सूचनाएं और सुझाव भी लोग दे सकते हैं।

रविंद्रपुरी में अस्पतालों से लिए कफ सिरप के 12 सैंपल
मध्य प्रदेश में मिलावटी कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के बाद सैंपल लेने का अभियान जारी है। पिछले दिनों ड्रग इंस्पेक्टर की अगुवाई में 10 सैंपल लेने के बाद अब खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में अस्पतालों, क्लीनिक में छापा मारा और कफ सिरप के 12 सैंपल लिए। निरीक्षक जुनाब अली ने बताया कि बुधवार को रविंद्रपुरी के पीएमसी हॉस्पिटल में चलने वाले श्रेयांश मेडिकल और ओरियाना हॉस्पिटल में ओरियाना मेडिकोज से सैंपल लेकरजांच के लिए भेजा गया है। 

वीडीए ने संदहा में अवैध प्लॉटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। सारनाथ वार्ड के संदहा दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के बगल में राहुल यादव की ओर से 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बगैर लेआउट पास कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत नोटिस दिया गया था, बावजूद अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त नहीं की गई। वीडीए की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल की मदद से अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार की अगुवाई में कार्रवाई की गई।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
सील प्रकरणों की जांच कर बेसमेंट कराएं खाली
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए सभागार में शमन मानचित्रों की समीक्षा की। सील प्रकरणों की जांच, बेसमेंट खाली करवाकर पार्किंग व्यवस्था को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि अधिकतम 1 सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण कराएं। शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई करें। जरूरत पड़े तो ध्वस्तीकरण कराएं। 

जोन-1 के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में शमन शुल्क के मद में 2,33,995 रुपये जमा कराए गए हैं। इस वित्तीय वर्ष में कुल शमन धनराशि 4,01,31,418 रुपये जमा कराई गई है। जोन-2 के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में शमन शुल्क के मद में 12,68,487 रुपये जमा कराए गए। इस साल अप्रैल से अब तक 3,20,29,105 रुपये जमा हुए। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों पर कार्रवाई करें।

वीडीए ने लक्जरी होटल के मानचित्र को पांच दिन में दी स्वीकृति
वीडीए ने लक्जरी होटल के मानचित्र को स्वीकृति दी। शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त उच्च श्रेणी का होटल विकसित होगा। शिवपुर राजातालाब के मंजारगंज में बनने वाले होटल का मानचित्र ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (ओबीपीएएस) के माध्यम से पांच दिन में स्वीकृत हुआ। 

38.31 मीटर ऊंचाई वाले भवन में डबल बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर एवं बहुमंजिला संरचना का प्रावधान किया गया है। भवन में 151 कार पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। 4544.38 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण होगा। परियोजना से क्षेत्र में आधुनिक होटल सुविधाओं का विकास होगा। पर्यटन, रोजगार और नगरीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।

चिकित्सक के मकान में चोरी
रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर में चिकित्सक डॉ. गौरव त्रिपाठी के मकान में चोरी हो गई। पीड़ित ने बुधवार को केस दर्ज कराया। 1.45 नकदी और आभूषण चोरी हुए। पीड़ित ने बताया कि बारिश के कारण कॉलोनी और घर के रास्ते में जलभराव था। वह मिर्जापुर के चुनार में पैतृक घर चले गए। सुबह सफाई कर्मी घर पहुंची तो दरवाजा टूटा देख कर सूचना दी। पुलिस को बताया कि आभूषण और 1.45 लाख नकदी समेत अन्य सामान चोरी हुए। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आसपास सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

बीएचयू अस्पताल से बाइक चोरी का वीडियो वायरल
बीएचयू अस्पताल परिसर में खड़ी बाइक बुधवार को चोरी हो गई। चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अस्पताल परिसर के मेडिकल कॉलेज के सामने से मुख्य प्रवेश द्वार के बगल में खड़ी बाइक चोरी हुई। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि सीसी कैमरे से आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। 

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी आकाश राजभर को पुलिस ने बुधवार को दोपहर हरिबल्लमपुर, रिंग रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिंहपुर का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

पुलिस पिकेट से 100 मीटर दूर दुकान में चोरी
रामनगर किला मार्ग पर पुलिस पिकेट से 100 मीटर की दूरी पर मंगलवार रात दुकान में 35 हजार की चोरी हो गई। दुकानदार ने बताया कि खटखट सुनकर पड़ोसी जागे और सूचना दी। तब तक आरोपी भाग निकले। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर छानबीन की है। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे की जांच की जा रही है। 

युवती को अगवा करने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ क्षेत्र से युवती को अगवा करने के मामले में सारनाथ पुलिस ने सिंहपुर अंडरपास से बुधवार को युवक और युवती को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सिंहपुर की सुहानी राजभर मवइया की एक युवती को बहला फुसला कर भगा ले गई। सहयोग करने के आरोप में सिंहपुर के सियाराम यादव को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने युवती को परिजनों को सौंप दिया। 

छह पिकअप से 35 संरक्षित मवेशी मिले, तस्करी के 11 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने मंगलवार रात अखरी बाईपास से पशु तस्करी के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। छह पिकअप वाहन में 35 संरक्षित मवेशी मिले। इन मवेशियों को तस्करी के लिए बिहार भेजा जा रहा था। 

रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तानपुर के जयसिंह थाना क्षेत्र के बंधवा निवासी गुलशन निषाद, सुल्तानुपर के कादीपुर निवासी दीपू धुरिया, निखिल धुरिया, मनोज कुमार, अभिषेक कुमार, बिहार गया के मनकोसी निवासी रोशन कुमार, संजीत यादव, इशू कुमार, बिहार गया के मोखाशी निवासी उपेंद्र यादव, बिहार गया के टंपुआ थाना क्षेत्र के दर्जियाचक निवासी सुरेश यादव, सुल्तानपुर के मोतियारपुर पारस पट्टी निवासी दीपक कुमार है। आरोपियों के पास से 9 मोबाइल और 2800 रुपये मिले। पूछताछ में कुछ बड़े तस्करों के नाम भी सामने आए हैं।

पीएचडी प्रक्रिया में देरी का विरोध, देर रात ईसी सदस्यों से मुलाकात
बीएचयू में पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया में देरी को लेकर छात्रों के दल ने ईसी सदस्य के आवास पर मुलाकात की। बुधवार देर रात  मांग उठाया कि लाखों विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। छात्रों ने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की नहीं तो बड़े स्तर पर आंदोलन की बात कही। 

नव विस्तारित इलाकों में पंप लगाकर निकाला जा रहा पानी
नव विस्तारित इलाके में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए जलकल और नगर निगम की ओर से पंप लगवाए जा रहे हैं। पिछले दिनों मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निरीक्षण के बाद जरूरत पड़ने पर पंप भी खरीदे जा रहे हैं। 

अमरा अखरी के पास पीडब्ल्यूडी की ओर से नाले को ढका गया था। जिसकी वजह से आसपास की कॉलोनियों से पानी निकल नहीं पा रहा है। वहां तीन पंप लगाए गए हैं। डाफी, शिवदासपुर, मंडुवाडीह, मड़ौली में जलभराव है। चितईपुर, कंदवा में पंप लगाकर दूसरी लाइनों में डायवर्ट किया जा रहा है। कुछ जगहों पर जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण दिक्कत आ रही है। प्लास्टिक की पाइप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था कराई जा रही है।

फ्रांस के राजदूत ने देखे सारनाथ के पुरावशेष
फ्रांस के राजदूत डॉ. थिएरी मथो ने पत्नी के साथ बुधवार को सारनाथ में पुरावशेषों को देखा और उनकी ऐतिहासिकता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने तथागत की प्रतिमा के दर्शन भी किए। पुरातात्विक संग्रहालय में राष्ट्रीय चिह्न सहित बुद्ध और हिंदू देवी देवताओं की प्रतिमाओं को देखा। 

बुधवार की सुबह सबसे पहले धर्मराजिका स्तूप के पास पहुंचकर उसके ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में जाना। अशोक लाट पर लिखे अशोक के संदेशों के बारे में जानकारी ली। मूलगंध कुटी मंदिर के अवशेष, एकाश्म वेदिका को देखा और इसके निर्माण शैली और कलाकृतियों के बारे में समझा। उन्होंने पंचायतन मंदिर और धमेख स्तूप का भी भ्रमण किया। 

भिक्षु सुमितानंद थेरो ने खाता भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह पुरातात्विक संग्रहालय पहुंचे। उन्होंने काॅमन रूम में रखे राष्ट्रीय चिह्न को देखा। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने बौद्ध व हिंदू गैलरी में बुद्ध की प्रतिमा और हिंदू देवी देवताओं की प्रतिमा को देखा और ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी ली।

एडिशनल कमिश्नर से मिल कर उद्यमियों ने बताईं समस्याएं
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसजीएसटी के एडिशनल कमिश्नर मिथिलेश शुक्ला से मुलाकात कर उद्योग में जीएसटी से जुड़ी समस्याएं बताई। साथ मऊ जिले में उद्यमियों को अनावश्यक रूप से नोटिस जारी किए जाने की शिकायत भी की। इसे लेकर उद्यमियों ने ज्ञापन भी सौंपा। 

एडिशनल कमिश्नर इस पर संबंधित अधिकारी को फोन कर कहा कि जब तक कोई प्रमाणित तथ्य न हो, अनावश्यक नोटिस जारी न किए जाएं। एडिशन कमिश्नर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य उद्योगों को प्रोत्साहित करना है, न कि उन पर अनावश्यक दबाव डालना। प्रतिनिधिमंडल में आईआईए के डिवीजनल चेयरमैन वाराणसी और प्रयागराज प्रशांत अग्रवाल, डिवीजनल सेक्रेटरी मनीष कटारिया और चेयरमैन पंकज अग्रवाल शामिल रहे।

मणिकर्णिका घाट रामलीला में प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव और बाल लीला का मंचन
मणिकर्णिका घाट रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के तीसरे दिन बुधवार को प्रभु श्रीराम जन्म, बाल लीला और विश्वामित्र आगमन का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भय प्रकट कृपाला दीन दयाला... की स्तुति से हुई। इस दौरान माता कौशल्या ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाइयों की आरती उतारी।

इसके बाद भगवान श्रीराम ने सिंहासन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए और बाल लीला का सुंदर प्रदर्शन किया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ प्रभु श्रीराम के बाल रूप के दर्शन कर आनंद अनुभव किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।

महिला शिक्षक और छात्र भिड़े, कुलपति से शिकायत
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के बाद विवाद में महिला शिक्षिका और छात्र में बहस हो गई। बहस का आलम यह था कि बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। शिक्षिका ने छात्र की पिटाई कर दी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शिक्षिका ने पूरी घटना की शिकायत कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा से की है। कुलपति ने बताया कि मामला संज्ञान में है, विश्वविद्यालय खुलने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। 

महिला सुरक्षा को लेकर गायघाट में चौपाल, दी गई कानूनी जानकारी
मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और जागरुकता को लेकर थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गायघाट में चौपाल लगाई। महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श और कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई। चौकी प्रभारी गायघाट निहारिका साहू ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। चौपाल में एसआई रोशनी नरवरिया, कांस्टेबल नरगिश, पूर्णिमा सिंह रहीं।

लमही में मनाई गई मुंशी प्रेमचंद की 89वीं पुण्यतिथि
प्रेमचंद स्मारक भवन विकासीय योजना समिति की ओर से कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 89वीं पुण्यतिथि बुधवार को मनाई गई। जन्मस्थली लमही में लोगों ने प्रेमचंद को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर डॉ. दुर्गा प्रसाद ने कहा मुंशीजी को आज स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में स्थापित करने की आवश्यकता है। इससे युवा पीढ़ी में साहित्य और देश के प्रति प्रेम का भाव बढ़ेगा। 

विशिष्ट वक्ता डॉ. हीरालाल यादव ने कहा कि काशी की साहित्यिक गतिविधियों को और गतिशील बनाने में प्रेमचंद जी के जीवन दर्शन को प्रचारित प्रसारित करने की आवश्यकता है। इस दौरान डॉ. जयशंकर जय, शिवकुमार पराग, रत्नेश श्रीवास्तव, डॉ. शंकर आनंद, पप्पू राजभर ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

मणिकर्णिका घाट की रामलीला में प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव और बाल लीला का मंचन
मणिकर्णिका घाट रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला के तीसरे दिन बुधवार को प्रभु श्रीराम जन्म, बाल लीला और विश्वामित्र आगमन का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 'भय प्रकट कृपाला दीन दयाला' की स्तुति से हुई। 

इस दौरान माता कौशल्या ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाइयों की आरती उतारी। इसके बाद भगवान श्रीराम ने सिंहासन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए और बाल लीला का सुंदर प्रदर्शन किया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ प्रभु श्रीराम के बाल रूप के दर्शन कर आनंद अनुभव किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।

राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान : पूनम मौर्या
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से काशी विद्यापीठ विकास खंड के बीआरसी केशरीपुर में बुधवार को संगोष्ठी हुई। इसमें 146 शिक्षकों को प्रमाण पत्र, मेडल, पेन और पांच सेवानिवृत शिक्षकों को अंग वस्त्र, गीता, मेडल, पेन देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि शिक्षकों का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। 

विशिष्ट अतिथि एमएलसी स्नातक आशुतोष सिन्हा ने बेसिक शिक्षकों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा बच्चों को राष्ट्र का भविष्य बताया। शिक्षक संघ के अध्यक्ष सनत कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का मूल आधार है। संघ अपने शिक्षकों और सरकार के सहयोग से शिक्षा की उन्नति की दिशा में प्रयासरत हैं। कार्यक्रम में अनूप सिंह, दरोगा सिंह, राजेश सिंह, शैलेंद्र सहाय ने विचार व्यक्त किए। संचालन डा. सरोज पांडेय व अंजू चौबे ने किया।
विज्ञापन

क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों की बैठक आज
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की बैठक बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से होगी। ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह अध्यक्षता करेंगे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नितेश सिंह ने बताया कि बैठक में अब तक के विकास कार्यों की पुष्टि के साथ-साथ वर्तमान और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की प्रगति और योजनाओं की जानकारी देंगे। सभी बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधानों को आमंत्रित किया गया है। ब्लॉक प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 

म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स हुए सम्मानित
म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स (एमएफडी) में निवेशकों और डिस्टीब्यूटरों को डिजिटल टूल्स, ट्रेनिंग और बाजार की जानकारी दी गई। बुधवार को सिगरा के होटल में डिस्ट्रीब्यूटरों को सम्मानित किया गया। को-फाउंडर मनीष कोठारी ने कहा कि योग्य डिस्ट्रीब्यूटरों की मांग तेजी से बढ़ रही है। म्यूचुअल फंड का लाभ देश के विभिन्न कोने तक पहुंचेगा। मनीष कुमार शर्मा, नीरज श्रीवास्तव, रिटायर्ड आर्मी प्रोफेशनल आनंद सिंह, लवकुश जायसवाल ने विचार व्यक्त किए। वत्सल कुमार, राजेश कुमार पांडेय, अशोक कुमार कुशवाह, मुकेश कुमार कुशवाह आदि रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें