Varanasi News: सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचक्रोशी सब्जी मंडी में पल्लेदार प्रकाश यादव की हत्या नहीं हुई थी बल्कि करंट लगने के बाद फर्श पर गिरने से मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दाहिने हाथ की अंगुली और अंगूठे में करंट की पुष्टि हुई है। सीसी कैमरे में तीन युवक चिह्नित हुए, लेकिन उनकी गतिविधियां संदिग्ध नहीं दिखी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विसरा सुरक्षित रखा गया है। सारनाथ एसीपी विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी शिवानंद ने शुक्रवार को परिजनों और पल्लेदारों, आढ़तियों से भी पूछताछ की है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि करंट लगने के बाद अचानक फर्श पर गिरने से प्रकाश के चेहरे पर चोट लगी। खून अधिक बहने के कारण परिजनों को लगा कि किसी ने वार कर हत्या की है। जबकि ऐसा कुछ नहीं है।
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि 25 साल से प्रकाश यादव पंचक्रोशी में पल्लेदारी करता था। उसकी किसी से रंजिश भी नहीं थी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी सेनपुर टेकुरी निवासी प्रकाश यादव का शव बीते गुरुवार को पंचकोशी सब्जी मंडी स्थित आढ़त की दुकान में मिला था। मुंह के पास चोट के निशान थे।
परिजन पहले शव को सब्जी मंडी से घर ले गए। बाद में चेहरे पर निशान देखने के बाद शव लेकर पुन: सब्जी मंडी पहुंचे। पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने आढ़ती समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।