ललिता घाट पर अलसुबह सीढ़ी पर पैर फिसलने के कारण दंपती गंगा में डूबने लगे। जल पुलिस के जवानों ने दंपती को डूबने से बचाया और बाहर निकाला। सिंगरौली, मध्य प्रदेश निवासी आर्यन झा और पत्नी रंजू झा काशी भ्रमण पर आए हुए हैं। सुबह पति और पत्नी ललिता घाट पहुंचे और सीढ़ी से उतरकर गंगा की तरफ बढ़ने लगे। इस बीच रंजू झा का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई, जिन्हे बचाने पति आर्यन आगे आए तो दोनों डूबने लगे।
शोर शराबा सुनकर पास में मौजूद जल पुलिस के सिपाही मुनीब साहनी और स्थानीय गोताखोर चुन्नीलाल साहनी ने पानी में छलांग लगाई और डूब रहे पति पत्नी को बचाने का प्रयास करने लगे। अधिक वजन वाले पति-पत्नी को पानी से बाहर निकालने में दोनों की हालत खराब हो गई। तभी जल पुलिस के दीवान अरुण ध्वज ने पानी में रस्सा फेंका और चारों लोग रस्से के सहारे सकुशल पानी से बाहर निकल पाए।