वाराणसी। शासन की ओर से पंचायतों के आरक्षण के लिए दिशा-निर्देश मिलने के बाद प्रशासन ने तैयारी तेज करा दी है। वार्डों के आरक्षण करने का आदेश आते ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां गांवों में शुरू हो गई हैं। दावेदार अपने अपने तरीके से ताल ठोकने में लगे हैं। आरोप प्रत्यारोप के बीच दावेदारी करने वालों ने प्रचार शुरू कर दिया है। 25 साल पहले भाजपा सरकार में जो चक्रानुक्रम था उसे लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
डीपीआरओ शाश्वत आनंद सिंह के अनुसार विकास खंडवार प्रधानों के पदों का आरक्षण चार्ट 15 फरवरी तक तैयार करना है। 16 से अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। विकास खंड स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण 19 फरवरी से एक मार्च तक चलेगा। इस दौरान जनपद स्तर पर आरक्षित ग्राम पंचायत प्रधानों, ग्राम पंचायत , क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत के आरक्षित वार्ड के आवंटन का जिला मजिस्ट्रेट की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित सूची का प्रकाशन दो मार्च को होगा। आपत्तियां 9 मार्च तक ली जाएंगी। इनका निस्तारण कर 15 मार्च तक सूची जारी की जाएगी।