पुण्यलोक में देश के अमर जवानों की राह को रौशन करने के लिए आकाशदीप सजाए गए। कार्तिक मास तक यह आकाशदीप शहीदों की याद में प्रज्ज्वलित होंगे। रविवार को गंगा सेवा निधि ने अमर वीर योद्धाओं की स्मृति में आकाश दीप जलाए।
दशाश्वमेध घाट पर गणपति वंदना और देशभक्ति गीत से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद गंगा सेवा निधि के संस्थापक पं. सत्येंद्र मिश्र को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्तिक मास में दीप जलाने की काशी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जवानों की राह में आकाशदीप जल उठे। वक्ताओं ने कहा कि आकाशदीप हमारे लिए एक अलौकिक अंजली निवेदन है क्योंकि हमारा विश्वास है स्मरणीय अतीत विस्मृत हो जाने की स्थिति में वर्तमान संकट ग्रस्त हो जाता है और भविष्य निराधार। इस दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट नरेन्द्र पाल सिंह, पं. इंदुशेखर शर्मा, हनुमान यादव, पंकज अग्रवाल, रविशंकर सिंह, आशीष तिवारी मौजूद रहे।
इनके नाम समर्पित हुआ आकाशदीप
सीआरपीएफ जवान शहीद देव प्रकाश सिंह, पारस नाथ सरोज, तरबेज खां, हिमांशु कुमार पांडेय के साथ कोरोना महामारी के शिकार हुए नागरिकों, कोरोना वॉरियर्स एवं भारतीय थल सेना, वायु सेना, जल सेना, बार्डर सेक्युरिटी फोर्स, एनडीआरएफ , पुलिस एवं पं. सत्येन्द्र मिश्र के लिए आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए गए।