फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: होली पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, तोड़ीं प्रतिमाएं; वाराणसी की ये खबरें रहीं चर्चा में

Fri, 14 Mar 2025 03:36 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के एक गांव में होली पर माहाैल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मनबढ़ों ने हिन्दू देवी-देवता की प्रतिमा खंडित कर दी थी। वहीं, आदमपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा के गायब होने के मामले में उसकी मां ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। आईए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सारनाथ के सुल्तानपुर गांव में गुरुवार की सुबह हनुमान जी और चौरा माई की प्रतिमा खंडित कर दी गई। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। होली पर माहौल खराब करने की कोशिश पर पुलिस सक्रिय हुई और ग्रामीणों को समझाया।

विज्ञापन


एसीपी सारनाथ डाॅ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गांव के ही एक युवक पर ग्रामीणों ने प्रतिमा तोड़ने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी वह गांव की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर चुका है। चौरा माई प्रतिमा के पास गन्ना भी मिला है। गांव वालों ने बताया कि खरमास बाद नवमी तिथि पर मंदिर में नई प्रतिमा की स्थापना करेंगे। फिलहाल प्रतिमा को ढक दिया गया है। वहीं, आरोपी के घर पुलिस ने दबिश दी है।

घर से हाईस्कूल का पेपर देने निकली छात्रा का अपहरण
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट में रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा के गायब होने के मामले में उसकी मां ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। राजघाट के घसियारी टोला इलाके में रहने वाली छात्रा की मां ने बताया कि उनकी बेटी बीते 11 मार्च को हाईस्कूल का पेपर देने के लिए घर से निकली थी। वापस नहीं आई।
विज्ञापन


खोजबीन के दौरान मालूम चला कि उनकी बेटी को पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने बहल फुसलाकर अगवा कर लिया है। छात्रा की मां की तहरीर पर आदमपुर पुलिस ने अपहरण के मामले में केस दर्ज किया है।

घर के चबूतरे पर बेच रहा था अंग्रेजी शराब, गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरकिया मोहल्ले में अंग्रेजी शराब और बीयर बेचने के मामले में आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। उसके पास से बीयर की 32 केन और आठ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी श्याम बाबू उर्फ गणेशु घर के बाहर चबूतरे पर शराब बेच रहा था। 

महिला की घर में घुसकर पिटाई, केस दर्ज
चौक थाना क्षेत्र के हड़हा सराय में मकान के निर्माण के दौरान मनबढ़ों ने महिला की पिटाई कर दी। कूड़ेदान से सिर पर हमला किया। पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़िता सीमा परवीन ने बताया कि उसके घर के दरवाजे का निर्माण कार्य चल रहा था। इस पर सलीम, नसीम और हलीम ने मंगलवार की रात घर में घुसकर पिटाई की। कूड़ेदान से सिर पर हमला किया। 

तेज आवाज में बजा रहे थे डीजे, पुलिस ने बंद कराया
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा चौकी अंतर्गत बिंद बस्ती में होलिका के दिन गुरुवार को कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। शिकायत पर लहरतारा फैंटम दस्ते के सिपाही पहुंचे और डीजे बंद कराया। साथ ही समझाया कि क्षेत्र में बुजुर्ग भी रहते हैं, बच्चों के बोर्ड के एग्जाम भी चल रहे हैं। इसलिए धीमी आवाज में ही डीजे बजाएं। पुलिस के समझाने के बाद युवकों ने गलती को स्वीकार की। 

मोबाइल चोरी कर 1.96 लाख रुपये निकाले
मोबाइल चोरी के बाद यूपीआई से 1.96 लाख रुपये निकाल लिए। इस मामले में पीड़ित ने चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बिहार के दरभंगा स्थित बिरौक निवासी प्रकाश कुमार झा ने बताया कि वह गोवा के पणजी में रहकर काम करते हैं। पिछले माह 17 फरवरी को वह श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। उसी दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया। तीन दिन बाद जैसे ही सिमकार्ड दूसरा लिया और मोबाइल में लगाया तो बैंक खाते से 1.96 लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मोबाइल में यूपीआई के जरिये ट्रांजेक्शन किया गया। 

रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के नरउर गांव के पास गुरुवार की दोपहर रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, चालक बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है।

मध्य प्रदेश के रीवा निवासी सुधांशु त्रिपाठी (20), राहुल गौतम (19) और शिवम शुक्ला (20) बुलेट से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन को आए थे। लौटते समय नरउर के पास विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गए। टक्कर मारने के बाद बस के अगले पहिये में बुलेट फंस गई।

सुधांशु त्रिपाठी और राहुल गौतम गंभीर रूप से घायल हैं। आक्रोशित लोगों ने बस का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। यह देख चालक भाग निकला। चौकी प्रभारी मोहनसराय ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। हेलमेट नहीं पहनने से सुधांशु त्रिपाठी को सिर में चोटें आई। वह बीएससी का छात्र है।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के आरोपी को चोलापुर पुलिस ने गुरुवार को नवापुरा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबाबू मौर्या निवासी नवापुरा के रूप में हुई है। छह मार्च को थाना क्षेत्र की पीड़िता ने शारीरिक शोषण का केस दर्ज कराया था। 

चलती ट्रेन पर गोबर, कीचड़ और पत्थर फेंकने पर होगी कार्रवाई
होली के दौरान ट्रेनों पर कीचड़, गोबर और पत्थर फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ को सतर्क किया है। वहीं, डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने कहा है कि चलती ट्रेन पर गोबर, कीचड़, पत्थर आदि न फेकें। ऐसा करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मंडल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है। यात्रा के दौरान किसी भी सहायता के लिए हेल्प लाइन नम्बर 139 डायल करें। शनिवार से 18 मार्च तक 24 घंटे निगरानी के लिए वाराणसी मंडल कार्यालय व प्रमुख स्टेशनों पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। स्टेशनों पर भीड़ के आधार पर महत्वपूर्ण स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

स्कूल संचालक के घर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सुंदरपुर स्थित राजेंद्र विहार काॅलोनी में स्कूल संचालक श्रवण सिंह के घर से 7 लाख नकदी और डेढ़ करोड़ के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को चितईपुर पुलिस ने बुधवार को करौंदी चौराहा से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद हुए।

भेलूपुर एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैंट के घौसाबाद निवासी मोहम्मद मुमताज और दुर्गाकुंड के नवाबगंज निवासी सूरज कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। राजेंद्र विहार कॉलोनी निवासी स्कूल संचालक श्रवण सिंह 5 मार्च को परिवार के साथ कोलकाता गए थे। इस बीच, घर का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे और सर्विलांस के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चोरी के आभूषण बरामद हो गए हैं। दोनों के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।

होली की बधाई, शांतिपूर्वक बीते त्योहार : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की सुबह सर्किट हाउस में अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने होलिका दहन वाले स्थलों, होलिकोत्सव, शोभा यात्रा की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश अधिकारियों को दिए। सभी को होली बधाई, शुभकामनाएं दी। इसके बाद वह गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

कमिश्नरी में शिफ्ट होने वाले मंडलीय कार्यालयों की जमीन का होगा मूल्यांकन
कमिश्नरी में बनने वाली एकीकृत बिल्डिंग में शिफ्ट होने वाले मंडलीय कार्यालयों की जमीनों का मूल्यांकन किया जाएगा। वीडीए की ओर से मूल्यांकन की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद आगे शासन के निर्देश पर कार्रवाई होगी।

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार आठ मंडलीय कार्यालयों का सर्वे होगा। इनमें राष्ट्रीय उपनिदेशक बचत कार्यालय, संयुक्त कृषि निदेशक कार्यालय, अपर निदेशक पशुपालन, व्यावसायिक शिक्षा विभाग, श्रमायुक्त कार्यालय, आबकारी विभाग, संयुक्त निदेशक उद्योग, सहायक निदेशक बेसिक शिक्षण विभाग कार्यालय हैं। इन विभागों के जमीन का सर्वे कर मूल्यांकन किया जाएगा। एकीकृत मंडलीय कार्यालय का स्वरूप मंदिर का होगा। 

दो टॉवर में मंडल स्तर के सभी कार्यालय होंगे। इससे एक ही जगह पर सभी लोगों का काम आसानी से हो जाएगा। यह सबसे अत्याधुनिक और आइकॉनिक बिल्डिंग होगी। इस ग्रीन बिल्डिंग में पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों का पालन किया जाएगा। भवन में मंडलीय स्तर के लगभग 59 कार्यालय होंगे। भवन में कुछ आवश्यक व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। यहां बैंक, कैफेटेरिया, स्टेशनरी व उससे संबंधित दुकानें होंगी। साथ ही कर्मचारियों के लिए जिम भी होगा।

18 मार्च को सदन की बैठक
आगामी 18 मार्च को होने वाली सदन की बैठक में पेयजल का मुद्दा गरमाएगा। इसके लिए परिषद कार्यालय में पार्षदों की ओर से प्रस्ताव दिए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर निगम घाट उपविधि पर चर्चा की जाएगी। नगर निगम ने सभी की सहमति से घाट उपविधि को लागू करने की तैयारी की है। गर्मी के मौसम को देखते हुए पार्षदों की ओर से अपने-अपने इलाकों में ट्यूबवेल लगवाने और दूषित जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रस्ताव दिए जा रहे हैं।

युवतियों पर गुलाल फेंकने का वीडियो वायरल, जांच शुरू
दशाश्वमेध घाट पर युवतियों पर अबीर-गुलाल फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो लड़के घाट पर चलती हुई युवती और महिलाओं पर गुलाल फेंकते हुए दिख रहे हैं। एक्स पर भी कुछ लोगों ने यह वीडियो कमिश्नरेट पुलिस को टैग किया है।

वीडियो में दिख रहा है कि गुलाल फेंकने का युवतियों ने विरोध भी किया है। दशाश्वमेध घाट के आसपास का वीडियो बताया जा रहा है। वहीं, रंग फेंकने वाले ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी शेयर किया है। उधर, इस मामले में डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने दशाश्वमेध एसीपी को युवकों को चिह्नित कर कार्रवाई को निर्देशित किया है।

रास्ते के विवाद में धमकी, मुकदमा दर्ज
रास्ते पर खड़ंजा लगाने को लेकर रामप्रकाश पांडेय और सत्यप्रकाश पांडेय ने अपने पट्टीदारों के खिलाफ गाली गलौज और धमकी का केस दर्ज कराया। बड़ागांव निवासी राम प्रकाश पांडेय और सत्य प्रकाश पांडेय ने बताया कि 11 मार्च को अमित पांडेय ने गाली-गलौज और धमकी दी। 

पोल्ट्री फार्म से 100 मुर्गी चोरी, थाने में दी तहरीर
चौबेपुर क्षेत्र के मंगरहुंआ गांव में गुरुवार की भोर में पोल्ट्री फार्म की जाली तोड़कर 100 मुर्गी चोरी हो गई। फार्म मालिक पीड़ित बर्थरा खुर्द निवासी मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगरहुंआ गांव के तीन युवकों ने जाली तोड़कर 100 मुर्गी चोरी की और 40 मुर्गी काे मार डाला। फार्म हाउस मालिक मनोज कुमार सिंह ने थाने में एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। 

कॉलेज को निकली छात्रा लापता, केस दर्ज
एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी कॉलेज से लापता हो गई। बारहवीं की छात्रा 12 मार्च परीक्षा देने के लिए कॉलेज गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की। मां ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 

बाइक के धक्के से घायल व्यक्ति की मौत
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट में बाइक के धक्के से घायल दिनेश कुमार गुप्ता (48) की बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। दिनेश गुप्ता के बेटे प्रशांत ने आदमपुर थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रशांत के मुताबिक बीते 9 मार्च की रात भैंसासुर मार्ग स्थित एक होटल के बाहर सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने धक्का मार दिया था। हादसे में दिनेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। 

होलिका जलाने वाले स्थान को लेकर विवाद
रोहनिया के गंगापुर वार्ड नंबर तीन वघेड़ में कई वर्षों से निजी विद्यालय के अंदर होली जलाई जा रही थी। इस बार विद्यालय प्रशासन ने गेट पर ताला बंद कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन में विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे एसीपी संजीव शर्मा, प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला ने ग्रामीणों को समझाया। 

जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बने महंत मोहन भारती
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े में गुरुवार को नई कैबिनेट के गठन के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन कैबिनेट गठन के लिए पांच पुकार हुई। इसमें अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेमगिरि महाराज और महंत उमाशंकर भारती को आजीवन सभापति बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर महंत मोहन भारती को पुकार लगाई गई। इसके महामंत्री के पद पर महंत शैलेंद्र गिरि ओर महंत महेशपुरी की पुकार हुई।

सर्राफा व्यवसायियों ने राधा कृष्ण संग खेली फूलों की होली
वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को ठठेरी बाजार स्थित शेर वाली कोठी में होली मिलन समारोह मनाया गया। इसमें राधा कृष्ण संग फूलों की होली खेली गई। सांस्कृतिक संध्या में राधा -कृष्ण और शंकर-पार्वती का बहुत ही सुंदर नृत्य नाटिका का भी संगीतमय सुंदर प्रस्तुति हुई। सभी सर्राफा व्यवसायियों ने एक दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। 

अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल और स्वागत महामंत्री रवि सर्राफ व धन्यवाद प्रकाश कोषाध्यक्ष शशांक अग्रवाल ने किया। समारोह में संरक्षक प्रद्युम्न अग्रवाल, विजय तिवारी, संजय अग्रवाल, राकेश वर्मा, माणिक राव पाटिल, ध्रुव सोनी, किशोर कुमार सेठ आदि रहे।

चांदपुर औद्योगिक अस्थान के पार्क में लगी आग
चांदपुर औद्योगिक अस्थान के पार्क में गुरुवार की शाम कूड़े के ढेर में आग लग गई। हालांकि तुरंत आसपास के उद्यमियों ने पानी फेंक उसे काबू कर लिया। पार्क में इस समय नशेबाजों का अड्डा है। सिगरेट या बीड़ी पीकर किसी ने फेंक दिया, जिससे आग पकड़ ली।

रमजान के दूसरे जुमेरात पर कई जगह हुईं मजलिसें
बारहवीं रमजान को शहर भर के दरगाह और मजारों पर बड़ी संख्या में मुसलमान भाई इफ्तार करने पहुंचे। नमाज के बाद मगफिरत और खुशहाली के लिए दुआख्वानी की। वहीं शिया समुदाय ने शहर की 32 मस्जिदों में नमाज, इफ्तार और मजलिस का आयोजन किया। दरगाह-ए-फातमान में मजलिस को खिताब करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि मुबारक महीने के ये मुबारक दिन हैं, जब रोजेदार सामूहिक रूप से दुआ के लिए हाथ उठाते हैं।

उन्होंने कहा कि ये मगफिरत का अशरा चल रहा है। रमजान की 14 तारीख से नबी के बड़े नवासे इमाम हसन की विलादत का जश्न भी शुरू हो जाएगा। पहली महफिल 15 मार्च को विलादत की पूर्व संध्या पर जव्वादिया अरबी कॉलेज प्रह्लादघाट में आयोजित होगी। इफ्तार और नमाज का आयोजन होगा। 

उलेमा तकरीर और शायर कलाम का नजराना पेश करेंगे। उधर, मगरिब के वक्त शहर भर की दरगाहों और मजारों पर रोजेदार इफ्तार करने के लिए पहुंचे। नमाज के बाद मगफिरत और खुशहाली के लिए दुआख्वानी की।

आईएमएस बीएचयू में निदेशक के साथ डॉक्टरों ने खेली होली
आईएमएस बीएचयू में डॉक्टरों ने निदेशक प्रो. एसएन संखवार के साथ अबीर-गुलाल की होली खेली। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एक दूसरे को रंग, अबीर-गुलाल लगाने के साथ डॉक्टरों ने गले मिलकर एक दूसरे को होली की बधाइयां दीं। इस दौरान होली गीतों पर भी डॉक्टर खूब थिरके। कार्यक्रम में निदेशक प्रो. एसएन संखवार के साथ ही प्रो. विश्वंभर सिंह, प्रो. अभिषेक पाठक, प्रो. आरएन चौरसिया, प्रो. सुनील राव, प्रो. राजेश मीणा के साथ ही आयुर्वेद संकाय से वैद्य सुशील दूबे सहित अन्य चिकित्सक, रेजिडेंट मौजूद रहे।

कबड्डी : टीम की जान हैं जुड़वा बहनें रेडर स्नेहा और कैचर चांदनी
पांडयेपुर की स्नेहा और चांदनी के पिता मजदूरी करते हैं, लेकिन उनकी बेटियां कबड्डी में पदक जीतकर पिता का नाम रोशन कर रही हैं। जुड़वां बहनों में एक रेडर के रूप में टीम को अंक दिलाती हैं तो दूसरी मैट पर विरोधी टीम के खिलाड़ी पर झपट्टा मारकर ऐसी पकड़ बनाती है कि टीम को अंक मिलना तय है।

चांदनी ने बताया कि घर की माली हालत ठीक नहीं है। पिता मजदूरी करते हैं। खेलना शुरू किया तो काफी डांट पड़ती थी, लेकिन जब पदक जीतना शुरू किया तो पिता नहीं मना करते हैं। कबड्डी के मैट पर दोनों विरोधी टीम को अपने दम पर पस्त कर देती हैं। 

हाल ही अमर उजाला की ओर से भूले बिसरे खेल में पहला मैच जिताने का श्रेय चांदनी पटेल को मिला। दोनों की जुगलबंदी ने न सिर्फ टीम को फाइनल में पहुंचाया बल्कि ट्रॉफी दिलाने में मददगार बनी। जुड़वा बहनों की बदौलत देवा महिला महाविद्यालय लमही की टीम ने ट्रॉफी जीती थी।

पतालपुरी मठ में खेली फूलों की होली
पातालपुरी मठ में गुरुवार को संतों और बटुकों ने फूलों की होली खेली है। मठ का प्रांगण ढोलक और हारमोनियम की धुन से गूंज उठा। फाग गीत गाए गए। बटुकों ने एक दूसरे पर फूल बरसाए।

फूलों की होली का शुभारंभ पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगदगुरु महंत बालक दास ने किया। बालक दास ने कहा कि जुमे की नमाज हर सप्ताह अदा की जाती है। होली साल में एक बार मनाई जाती है। जिसको भी रंगों से परहेज है, वह अपने अपने घरों में ही रहें। जिसको रंगों का आनंद लेना है, वह हमारे साथ आकर होली खेले। जिनका धर्म इतना कोमल है कि छोटी-छोटी चीजों से नष्ट हो जाता है तो वह घर में ही रहें और अपने धर्म को बचाएं। इससे पहले पीठाधीश्वर ने भी फूलों की होली खेली।

बिजली चोरी हुई तो लाइनमैन पर कार्रवाई
जिन फीडरों से ज्यादा बिजली चोरी होती है वहां के लाइनमैन अब बर्खास्त किए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बुधवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मियों में 100 केवीए से ज्यादा क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मर खराब होने, जलने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई भी होगी। होली पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। शीघ्र निस्तारण के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायतें दर्ज कराने व कनेक्शन का लोड बढ़ाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बीएचयू में दोपहर दो बजे तक ही होली खेल सकेंगे छात्र
बीएचयू कैंपस में होली के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। परिसर के छात्रावासों में रहने वाले छात्र होली के दिन सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ही रंग खेल सकेंगे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिवप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी छात्रावासों के प्रशासनिक संरक्षकों/संरक्षकों के माध्यम से भी छात्रों तक यह मैसेज भिजवाया गया है। 

छात्रों से अपने छात्रावास परिसर में ही होली खेलने को कहा गया है। आवासीय क्षेत्र और महिला छात्रावासों की ओर किसी के आने जाने पर रोक लगाई गई है। शुक्रवार को मुख्य द्वार को छोड़कर परिसर के सभी द्वार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बज तक बंद रहेंगे।

छात्राओं को अबीर बनाने का दिया गया प्रशिक्षण
सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को लर्निंग बाइ डूइंग प्रयोगशाला में रंग बिरंगे अबीर बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। नोडल शिक्षिका रचना सिन्हा ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान छात्राओं ने कई रंगों में हानि रहित अबीर बनाया। 

खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने हानिकारक रंगों के बारे में जानकारी दी। कहा कि अपने घरों और आस-पास के लोगों को जागरूक करना चाहिए कि वह हानिकारक रंगों का इस्तेमाल न करें। इसके बाद होली पर निबंध प्रतियोगिता हुई। जिसमें 50 छात्राएं पुरस्कृत की गई।

संस्कृत विश्वविद्यालय में 19 से होगी परीक्षा, टाइम टेबल का इंतजार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षाओं को 19 मार्च से कराने का निर्णय लिया गया है। विभाग में परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं। परीक्षा में केवल 5 दिन का समय बचा है ऐसे में छात्रों को विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाले टाइम टेबल का इंतजार है। 

पत्रकारिता एवं जनसंचार सत्र 2024-2026 के प्रथम सेमेस्टर व सत्र 2023-2025 के तृतीय सेमेस्टर के साथ ही ग्रंथालय और सूचना विज्ञान शास्त्री सत्र 2025-2026 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 19 मार्च से शुरू होगी। 

पुरातत्व एवं संग्रहालय स्नातकोत्तर डिप्लोमा सत्र 2024-2025 के प्रथम सेमेस्टर, कौशल विकास सत्र 2024-2026 के प्रथम सेमेस्टर व सत्र 2023-2025 के तृतीय सेमेस्टर और परिसर व संबद्ध महाविद्यालय के शिक्षा शास्त्री (बीएड) सत्र 2024-2026 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तिथि भी घोषित कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 19 मई से होंगी। समय सारिणी जल्द जारी कर दी जाएगी। 

काशी विद्यापीठ में शोध में प्रवेश के लिए 29 तक आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा 2023-24 में उत्तीर्ण और शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया विभागवार शुरू हो गई है। शिक्षा शास्त्र विभाग में द्वितीय चरण के लिए 29 मार्च तक आवेदन जमा करने की तिथि घोषित की गई है। 

विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने बताया कि अभ्यर्थियों को पीएचडी प्रवेश 2024 के द्वितीय चरण आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक दस्तावेज की स्व प्रमाणित छायाप्रति, आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र की छायाप्रति, शोध प्रवेश परिणाम/ नेट/ जेआरएफ के सर्टिफिकेट की छायाप्रति, शोध प्रस्ताव चार प्रतियों में हस्ताक्षर और पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के लिए प्रिंटेड प्रति जमा करनी है। 

शुल्क काउंटर पर जमा की गई फीस रसीद की छायाप्रति को भी शिक्षा शास्त्र विभाग के कार्यालय में जमा करना है। शोध प्रस्ताव/पीपीटी को ईमेल आईडी पर भी भेजना होगा। 

बेटे की मौत मामले में पिता ने दर्ज कराया बाइक सवार के खिलाफ केस
बाबतपुर के पास सड़क हादसे में बेटे पियूष पटेल की मौत मामले में पिता ने बड़ागांव थाने में बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। फूलपुर के कठिराव नयेपुर निवासी चंदन पटेल के अनुसार वह 11 मार्च की रात बेटे पियूष पटेल के साथ बाइक से शहर से होकर घर लौट रहा था। 

बाबतपुर के पास पहुंचा था कि विपरीत दिशा से बिना लाइट जलाए आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। धक्का लगने के बाद बाइक पर बैठा बेटा पियूष सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई।

सीवर ओवरफ्लो से नाराज जनता ने किया प्रदर्शन
बिरदोपुर में सीवर ओवरफ्लो से नाराज जनता ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि सीवर लाइन ध्वस्त होने से ओवरफ्लो की समस्या हो गई है। कई दिनों से सीवर लाइन जाम होने से घरों में गंदा पानी घरों में भी भरने लगा है।

नगर निगम ने होली के पूर्व ध्वस्त पाइप लाइन को बदलने का आश्वासन दिया था। अधिशासी अभियंता से शिकायत करने पर मजदूरों के न होने का हवाला देकर होली के बाद कार्य कराने को कहा है। इससे नाराज होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में राजेश, विनोद, अंजनी, आकाश, सत्यम, अभिषेक शामिल रहे।

वेतन नहीं मिलने पर ई-बस चालकों ने की चार घंटे हड़ताल
वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के ई-बस चालकों ने एक माह से वेतन नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को हड़ताल कर दिया। चार्जिंग स्टेशन में बसें खड़ी कर दीं। चार घंटे तक ई-बसों का संचालन ठप रहा। इस बीच आउटसोर्सिंग कंपनी ग्रीन सेल कंपनी से जुड़े प्रबंधतंत्र के संजीत कुमार के आश्वासन पर चालक माने और देर शाम ई-बसों का संचालन शुरू हुआ।

चालकों ने बताया कि एक माह से वेतन नहीं मिला है। होली त्योहार पर भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इससे त्योहार फीका पड़ गया और हम सभी वेतन का इंतजार करते रह गए। विवश होकर हड़ताल करना पड़ा। चार घंटे तक बसों का संचालन ठप रहा। अधिकारियों ने बताया कि निजी कंपनी से उनका वेतन रुका था लेकिन समझाने के बाद सभी मान गए।

जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बने महंत मोहन भारती
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े में गुरुवार को नई कैबिनेट के गठन के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन कैबिनेट गठन के लिए पांच पुकार हुई। इसमें अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि महाराज और महंत उमाशंकर भारती को आजीवन सभापति बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर महंत मोहन भारती को पुकार लगाई गई। वहीं, महामंत्री के पद पर महंत शैलेंद्र गिरि और महंत महेशपुरी की पुकार हुई।

अभिषेक के चार बास्केट की मदद से बी टीम जीती
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में मैत्री बास्केटबॉल मैच खेला गया। स्टेडियम की बी टीम ने डी को हरा दिया। अभिषेक ने चार बास्केट कर टीम को जीत दिलाई। कोच नागेंद्र चौरसिया ने बताया कि चार दिवसीय मैच में छह टीमों के 30 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे मैच के दौरान स्टेडियम की बी टीम ने तेज खेल का प्रदर्शन किया। अभिषेक के नेतृत्व वाली टीम ने शानदार प्रदर्शन कर 11-4 से जीत दर्ज की। अभिषेक ने आठ अंक हासिल किए। मैच में रूद्र, दीपक और आदित्य ने स्कोर किया।

पिंडरा में लोगों को दिया गया अमृत जल
त्रिवेणी संगम से लाया गया अमृत जल अब श्रद्धालुओं तक पहुंच रहा है। महाकुंभ से ड्यूटी समाप्त होने के बाद दमकल वाहन अमृत जल लेकर पहुंचा है। बुधवार को पिंडरा तहसील के पिंडरा बस स्टैंड, फूलपुर बाजार आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं को अमृत जल वितरित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि किसी कोई परेशानी न हो इसका ध्यान रखते हुए स्थान का चयन किया जाता है। जो लोग अमृत जल लेना चाहते हैं, वह अग्निशमन विभाग से संपर्क कर सकते है। 

शहर के 100 वार्डों में चार हजार स्ट्रीट लाइटें हुईं बंद
शहर के 100 वार्डों में चार हजार स्ट्रीट लाइटें बंद हुई हैं। शहर में कुल 62 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। नगर निगम की ओर से सदन और कार्यकारिणी में भी खराब लाइटों की मरम्मत में देरी का मुद्दा उठाया गया। मुख्य मार्गों को छोड़ दिया जाए तो काॅलोनी और गलियों की लाइटों को दुरुस्त कराने में देरी होती है। 

यहां लोग क्षेत्रीय पार्षद से शिकायत करते हैं। पार्षद की ओर से पथ प्रकाश विभाग को सूचित किया जाता है। इसके बाद मरम्मत का कार्य कराया जाता है। इस काम में तीन से चार दिन का समय लग रहा है। नगर निगम के रिकाॅर्ड में हर महीने चार हजार स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी शिकायतें आ रही हैं। 

इन्हें ठीक करने की जिम्मेदारी पथ प्रकाश की होती है। कोतवाली, दशाश्वमेध और भेलूपुर जोन के कर्मचारियों को महाकुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं वाले इलाके में लगाया गया था। जहां बड़ी-बड़ी सीढि़यों की मदद से लाइटों की मरम्मत कराई जा रही है। 

इसके अलावा आदमपुर, मांडवी, सारनाथ, रामनगर और वरुणा पार जोन के कर्मचारियों की ड्यूटी शहर के अन्य इलाकों में लगाई गई थी। जिन्हें रूटीन में खराब होने वाली लाइटों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले दिनों हर वार्ड में 7-7 लाख से स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए बजट पास किया गया था।

आईआईटी बीएचयू ने मैटेरियल साइंस में टॉप 500 में बनाई जगह
आईआईटी बीएचयू ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में विषयों में मैटेरियल साइंस में टॉप 500 वैश्विक संस्थानों में जगह बनाई है। संस्थान ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट 2025 में मैटेरियल साइंस विषय में 401-550 रैंकिंग समूह में स्थान प्राप्त किया है। 

संस्थान ने इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के संकाय क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर 501-550 स्थान प्राप्त करने में सफलता पाई है। क्यूएस रैंकिंग 12 मार्च को जारी की गई थी। आईआईटी बीएचयू निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने बताया कि क्यूएस रैंकिंग बाय सब्जेक्ट एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त मूल्यांकन है, जो पांच प्रमुख संकेतकों के आधार पर संस्थानों का आकलन करता है। 

अकादमिक प्रतिष्ठा, नियोक्ता प्रतिष्ठा, प्रति शोध पत्र उद्धरण, एच-इंडेक्स और अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क शामिल हैं। आईआईटी बीएचयू को चार व्यापक विषय क्षेत्रों इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक विज्ञान, जीवन विज्ञान और चिकित्सा, सामाजिक विज्ञान और प्रबंधन के तहत 14 विशिष्ट विषयों में रैंकिंग मिली है।
विज्ञापन

अग्निवीर में 353 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
अग्निवीर के लिए आवेदन शुरू हो गया है। गाजीपुर के युवाओं का रुझान ज्यादा देखने को मिल रहा है। बुधवार तक 353 युवाओं ने आवेदन किया है। गाजीपुर में 75, गोरखपुर में 55, बलिया में 41, वाराणसी में 36, आजमगढ़ में 32, जौनपुर व देवरिया में 29, मऊ में 20, चंदौली में 13, मिर्जापुर और संत रविदार नगर में 11 और सोनभद्र में 1 आवेदन मिले हैं। 

वाराणसी सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि जनरल ड्यूटी (जीडी) में ज्यादा 250 आवेदन मिले हैं, जबकि टेक्निकल, क्लर्क में कम आवेदन आ रहे हैं। युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। वाराणसी सेना भर्ती कार्यालय से वाराणसी समेत चंदौली, मऊ, भदोही, आजमगढ़, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, गोरखपुर, गाजीपुर, जौनपुर, देवरिया, संत रविदास नगर जुड़े हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें