20 कोच से लैस होकर भले ही वंदे भारत चलेगी, लेकिन ट्रायल सबसे छोटी दूरी के लिए होगा। कैंट वाराणसी से शुभारंभ के बाद वंदे भारत पहले ठहराव यानी प्रयागराज में 15 मिनट गुजारने के बाद पुन: कैंट लौट आएगी। उत्तर रेल अधिकारियों ने 15 और 16 सितंबर को वंदे भारत शुभारंभ की तैयारियों की शुक्रवार को समीक्षा की। विभागवार अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां तय की गईं।
बाबा विश्वनाथ से बाबा बैजनाथ के बीच वंदे भारत ट्रेन 15 सितंबर को ट्रैक पर उतर जाएगी। पहले दिन सिर्फ उद्घाटन स्पेशल 02249 बनकर वंदे भारत चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रेन को सुबह 11 बजे वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, 16 सितंबर से ट्रेन नियमित होगी। आठ कोच की 22500 वंदे भारत ट्रेन कैंट स्टेशन से सुबह 6.20 बजे खुलेगी। दोपहर 1.40 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में 22499 देवघर से दोपहर 3.15 बजे चलकर रात 10.30 बजे कैंट पहुंचेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन चलेगी।