वाराणसी शहर में स्वच्छता और नगरीय सेवाओं को सुढृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक नई पहल की है। इसके तहत इंदौर की तर्ज पर नगर निगम ने 6 वार्डों को मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने पहले चरण में नारायनपुर, डिठोरी महाल, चेतगंज, कालभैरव, पियरी कला और पिशाचमोचन का चयन किया है।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि मॉडल वार्डों में नगरीय सुविधाओं से संबंधित सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह प्रयोग सफल रहा तो चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में लागू किया जाएगा। इन मॉडल वार्डों में साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, शौचालय, सड़कें, नाली व्यवस्था जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विशेष रूप में इन वार्डों में घर-घर कूड़े का 100 प्रतिशत उठान, घर-घर कूड़े का पृथ्थक्कीकरण, स्वच्छता जन जागरूकता का विशेष अभियान, पार्कों का रख-रखाव, कमर्शियल क्षेत्रों में दो ट्विन बिन, मलिन बस्तियों की नियमित सफाई, पर्यटन स्थलों, स्मारकों की नियमित सफाई का कार्य किया जाना है।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नरायनपुर वार्ड का नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निरीक्षण किया। मॉडल वार्ड बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।