Varanasi News: स्वतंत्रता दिवस पर वाराणसी नगर निगम के उद्यान विभाग ने प्रतिमाओं का माल्यार्पण करने की योजना बनाई है। इन प्रतिमाओं पर आम दिनों में कोई ध्यान नहीं देता है।
आम दिनों में महापुरुषों की प्रतिमाओं का सम्मान नहीं करने वाले अब 15 अगस्त पर ध्यान देंगे। नगर निगम के उद्यान विभाग ने आगामी स्वतंत्रता दिवस पर सफाई कर प्रतिमाओं पर माला डालने की कार्ययोजना बनाई है। हर साल केवल विशेष अवसरों पर ध्यान दिया जाता है।
विज्ञापन
कचहरी से वीडीए की ओर जाने वाले मोड़ पर बापू की एक लोहे की प्रतिमा लगाई गई है। इसका कोई भी रख रखाव ही नहीं है। प्रतिमा के अगल बगल काफी घास उग आई है। वहीं, हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर खिलाड़ियों की प्रतिमा के चबूतरे पर धूल जमी हुई है। आसपास टूटे हुए शीशे बिखरे पड़े हैं। वहीं, भगवान बुद्ध की प्रतिमा का भी पेंट उखड़ रहा है। उस पर भी धूल जमी हुई है। साल भर इन प्रतिमाओं पर कोई ध्यान नहीं देता। हां, ये जरूर है कि खास मौकों पर इनकी याद जरूर आ जाती है।
इसी तरह पांडेयपुर चौराहे पर मुंशी प्रेमचंद की प्रतिमा की सफाई हुए भी न जाने कितने महीने बीत गए हैं। जंसा चौराहे पर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राज बिहारी सिंह की प्रतिमा की भी सफाई सिर्फ राष्ट्रीय पर्वों पर ही होती है। बाकी दिनों ये धूल से सनी रहती है। आशापुर चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सारनाथ के मुख्य चौराहे पर आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा है। इनका भी हाल यही है।
विज्ञापन
15 अगस्त को सफाई के साथ प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कराया जाएगा। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से सफाई की जाती है। सामान्य विभाग की ओर से मरम्मत होती है। उद्यान विभाग की ओर से माला फूल चढ़ाया जाता है। - वीके सिंह, उद्यान अधीक्षक नगर निगम