पूजा का मायका गाजीपुर जिले के रामपुर सिधौना गांव में है। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। दो वर्ष पूर्व उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। घटना के समय घर में सास और ननद मौजूद थीं। पूजा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव के बाहर शनिवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में एक अधेड़ युवक का शव नाली में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मोलनापुर निवासी जयप्रकाश गौड़ उर्फ खलनायक (40) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, जयप्रकाश नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। बताया गया कि शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे वह घर से निकला था। चर्चा है कि पहले उसने गांव की एक दुकान से सुर्ती खरीदी और इसके बाद देशी शराब की दुकान पर गया। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार सुबह गांव के बाहर नाली में उसका शव पड़ा मिला।
खलनायक गोंड की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा और उप निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
बताया गया कि जयप्रकाश चार भाइयों में से एक था। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा लकी (13) और छोटा अंश (8) है। उसकी पत्नी चंदा देवी बनारस में रहती हैं। पति की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जयप्रकाश शराब के नशे में नाली की पक्की पुलिया में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। उसके पास से शराब की शीशी भी बरामद हुई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।