उत्तर प्रदेश खेल विभाग की ओर से प्रदेश भर में संचालित खेल छात्रावासों के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची बुधवार को जारी कर दी गई है। इसमें शामिल 16 खेलों में से 9 खेल में मंडल के 51 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाकर शहर का नाम रोशन किया है। चयनित खिलाड़ियों में सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले क्रिकेट के सबसे अधिक 14 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
कुश्ती में पांच बालक और एक बालिका का चयन हुआ। तीरंदाजी में 6, फुटबॉल में आठ, हॉकी में 10, कबड्डी में तीन बालिकाओं का और वॉलीबॉल में दो खिलाड़ी शिवम यादव और धर्मवीर यादव का एथलेटिक्स और बास्केटबॉल में दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
इसके अलावा जूडो, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, तैराकी, जिमनास्टिक, बैडमिंटन, मुक्केबाजी में एक भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की मेहन और प्रतिभा के आधार पर इनका चयन प्रदेश अलग अलग जिलों में मौजूद खेल छात्रावासों में हुआ है।
पेनल्टी शूटआउट में स्पोर्ट्स हॉस्टल ने 5 गोल कर विवेक अकादमी को हराया
स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम जिला स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता की विजेता बनी। टीम ने बुधवार को विवेक अकादमी को पेनल्टी शूटआउट में 5-2 से हराकर खिताब जीता। यह मुकाबला डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में हुआ। खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों ने शुरू से ही आक्रामक खेल खेला। तीसरे ही मिनट में विवेक अकादमी के सत्यम ने स्पोर्ट्स हॉस्टल की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदकर एक शानदार गोल किया।
इस गोल के साथ ही विवेक अकादमी ने 1-0 की बढ़त बना ली, जिससे स्पोर्ट्स हॉस्टल पर दबाव बढ़ गया।इसके बाद स्पोर्ट्स हॉस्टल ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और खेल पर पकड़ बनाने की कोशिश की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस दौरान गेंद पर नियंत्रण के लिए कड़ा संघर्ष हुआ। हाफ टाइम तक विवेक अकादमी की बढ़त बरकरार रही।
दूसरे हाफ में स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी लगातार अटैक मोड पर रहे। इससे विवेक अकादमी के गोलकीपर पर दबाव बना रहा। खेल के 40वें मिनट में, स्पोर्ट्स हॉस्टल के किशन ने एक बेहतरीन पास दिया, जिस पर नवीन ने शानदार ढंग से गोलकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 पर बराबर रहने के कारण, मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से करने का निर्णय लिया गया।
पेनल्टी शूटआउट में स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ियों ने शांत रहते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच में से पांच गोल दागे, जबकि विवेक अकादमी के खिलाड़ी केवल दो गोल ही कर पाए।
इसके बाद स्पोर्ट्स हॉस्टल ने पेनल्टी शूटआउट में 5-2 से बाजी मार ली और जिला स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का चैंपियन बन गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि हॉकी वाराणसी के सचिव केबी रावत रहे। इस दौरान आनंद दुबे, उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम महमूद भी मौजूद रहे।
काशीपुर टिकरी की टीम बनी कबड्डी चैंपियन
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर बुधवार को जय गुरुवंदे आश्रम, छितौना में महिला कबड्डी का आयोजन हुआ। इसमें काशीपुर टिकरी की महिला टीम ने खेल का शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने चंदौली की टीम को हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। काशीपुर टिकरी की टीम ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए 40 अंक बनाए। वहीं चंदौली की टीम 35 अंकों पर ही सिमट गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन संत गुरु वंदे महाराज ने किया। विजेता टीम की कप्तान अंजली, उपविजेता चंदौली टीम की कप्तान चंद अली और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली अंबा टीम के कप्तान जेपी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, बीरेंद्र यादव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र मौजूद रहे।
नौ पदक लेकर 34वीं वाहिनी भुल्लनपुर चैंपियन
34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में बुधवार को 8वीं पीएसी पूर्वी जोन अंतरवाहिनी क्लस्टर (पुरुष) प्रतियोगिता का शुरू हुई। पहले दिन तीन खेल जूडो, पेंचक सिलाट और ताइक्वांडो की प्रतियोगिता हुई। पिंचक सिलाट में 34वीं वाहिनी भुल्लनपुर टीम सात स्वर्ण, एक रजत और कांस्य पदक जीतकर चैंपियन बनी। 11 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल आयोजन में पीएसी की 10 वाहिनियों से कुल 199 खिलाड़ी अपनी जूडो कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए हैं। इस अवसर पर सहायक सेनानायक नरेश सिंह यादव, सेनानायक शिविरपाल अतुल सिंह एवं अन्य उपस्थित रहे।
खेल गुरु डॉ. अशोक के सिखाए 53 बच्चे खेल चुके हैं राष्ट्रीय
खेलोगे कूदोगे तो होगे खराब कहावत को गलत साबित करते हुए विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह एक नई क्रांति ला रहे हैं। वह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को खेल के माध्यम से समाज लाने के प्रयास कर रहे हैं। पिछले साल उनकी ओर से प्रशिक्षित 53 बालक-बालिकाओं ने कई खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इनमें 23 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।उन्होंने अपने आधे वेतन से खिलाड़ियों के लिए खेल उपकरण भी जुटाए।
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर परमानंदपुर में सभी खिलाड़ियों ने अपने खेल गुरु डॉ. अशोक का सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, मेरा काम है युवा प्रतिभाओं को प्रतिभाशाली खिलाड़ी बनाना। हैंडबॉल, रग्बी फुटबॉल, टेबल टेनिस, वुशू और हॉकी जैसे खेलों में बच्चों को प्रशिक्षित करने का बीड़ा उठाया। आज परिणाम सबके सामने है।
महिला अंडर-17 वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन
जमीनी स्तर पर बालिकाओं में वेटलिफ्टिंग प्रतिभा की पहचान और उन्हें बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले को पहली बार खेलो इंडिया अस्मिता महिला अंडर-17 वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता 13 जुलाई को दी हेल्थ इंप्रूविंग एसोसिएशन, मिसिर पोखरा लक्सा में होगी। जिला वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव, चंद्र मोहन शुक्ला ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित की जा रही है, मुख्य लक्ष्य महिला एथलीटों को एक मंच प्रदान करना है।
नई खेल नीति के बारे में बताएगा ताइक्वांडो संघ
जिला ताइक्वांडो संघ खिलाड़ियों को केंद्र सरकार की नई खेल नीति के बारे में बताएगा। अगले सप्ताह से संघ, नई नीति और प्रावधानों के प्रति खिलाड़ियों को जागरूक करेगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को इस नई नीति के प्रावधानों से अवगत कराना के साथ ही खेल के क्षेत्र में नए अवसरों के बारे में जानकारी देना है। जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सत्यवर्धन सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान नई खेल नीति की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसे खेलों के विकास में महत्वपूर्ण पहल बताया। जागरूकता अभियान के दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक ताइक्वांडो तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा बीएचयू
बीएचयू वर्ष 2025-26 की अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में तीन खेलों की मेजबानी करेगा। बीएचयू क्रीड़ा परिषद ने तीन खेलों के आयोजन के लिए अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है। बीएचयू क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बी.सी. कापड़ी ने बताया कि जुलाई के अंत में शुरू होने वाले अंतर विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में तीन खेलों की मेजबानी के लिए विश्वविद्यालय ने पूरी तैयारी कर ली है। बताया कि प्रस्तावित खेलों में हॉकी सहित दो अन्य खेल शामिल हैं। जिनके नाम एआईयू की स्वीकृति मिलने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे।
दो हजार मीटर स्टीपल चेज में संध्या और गोलू ने मारी बाजी
जिला स्तरीय एथलेटिक्स और जिमनास्टिक प्रतियोगिता बुधवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। इस प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 250 बालक और 150 बालिका वर्ग की खिलाड़ी शामिल हुईं। इस दौरान दो हजार मीटर स्टीपल चेज के बालिका वर्ग में संध्या यादव वहीं बालक वर्ग में गोलू यादव ने बाजी मारी।
खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में भाला फेंक में शियानी, 400 मीटर हर्डल्स में वंदना सिंह, 100 मीटर हर्डल्स में अंबाली, 1500 मीटर में संध्या यादव, लाॅन्ग जंप में जगतनंदनी, 200 मीटर दौड़ में प्रिया राय, 3000 मीटर में रिशा गोस्वामी, शाॅटपुट में शिवानी यादव, 800 मीटर में अंजली, 400 मीटर में आर्या सिंह, 100 मीटर में प्रिया राय ने बाजी मारी। बालक वर्ग के लंबीकूद में ऋषभ सिंह, 400 मीटर हर्डल्स दौड़ में हृदय नारायण, 2000 मीटर स्टीपल चेज में ने गोलू यादव, 110 मीटर हर्डल्स में रामानुज यादव, 1500 मीटर में दौड़ में विशाल को पहला स्थान मिला। भाला फेंक में आदर्श यादव ने परचम लहराकर नाम रोशन किया।