सुरक्षा के बाबत कर्मचारियों से की गई पूछताछ।
- फोटो : अमर उजाला
वाहन पार्किंग स्थलों और होटलों को खंगाला
हाई अलर्ट के मद्देनजर शहर के सभी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि थानाध्यक्षों ने रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों के आसपास के साथ ही जितने भी वाहन पार्किंग स्थल हैं, उन्हें डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ खंगाला है।
वाहन स्टैंड संचालकों से यह जानकारी ली गई है कि कौन सा वाहन कबसे खड़ा है और वह किसका है। इसी तरह से रात 10 बजे के बाद होटलों, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं का औचक निरीक्षण कर ठहरे हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई है। गंगा घाटों पर भी रात्रिकालीन गश्त के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों पर पुलिस की नजर है।
काशी विश्वनाथ धाम के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
लेजर लाइट, ड्रोन और पटाखे का प्रयोग प्रतिबंधित
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर पुलिस और अंदर सीआईएसएफ चप्पे-चप्पे पर चौकसी बरत रही है। शुक्रवार को टर्मिनल भवन और पार्किंग में खड़े एक-एक वाहन की चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि हवाई अड्डे की चहारदीवारी के आसपास के गांवों में औचक चेकिंग कराई जा रही है।
ग्रामीणों को पुलिस ने समझाया है कि लेजर लाइट, ड्रोन और पटाखे का प्रयोग प्रतिबंधित है। ऐसे करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि हवाई अड्डे के आसपास के होटलों में जाकर उनके संचालकों को नोटिस दें। उन्हें बताएं कि बाहर से आने वाले लोगों के विषय में पूरी जानकारी लेने के बाद ही होटल में ठहराएं। ठहरने वालों की सूचना प्रतिदिन पुलिस को भी दें। ऐसा न करने वाले होटल संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भारत की विजय के लिए धार्मिक अनुष्ठान शुरू कराएंगे। उन्होंने खुद को एक नागरिक की तरह सेना की सेवा करने के लिए तैयार बताया है। शंकराचार्य ने बयान जारी करते हुए कहा कि अगर देश को जरूरत पड़ी तो वह हर तरह से सेवा देने के लिए तैयार हैं।
शंकराचार्य ने देश के हालात को देखते हुए अपने आगामी दो महीने के धार्मिक कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह समय देश के साथ एकजुट होकर खड़े होने का है। देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है।
कहा कि देश के सैनिकों का पराक्रम शत्रुओं का नाश करेगा। उन्होंने देश की जनता से भी अपील की है कि इस समय एकजुट होकर अपनी सरकार और सेना का मनोबल बढ़ाने में सहयोग करें।