वाराणसी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए अब स्वास्थ्यकर्मियों की सेहत को लेकर पहले से ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। इसमें अस्पतालों में पूरी सुरक्षा के साथ काम करते रहने और किसी तरह की समस्या पर तुरंत जानकारी देते रहने को कहा गया है। साथ ही नियमित थर्मल स्क्रीनिंग भी करानी होगी।
कोरोना की जद में अब मरीजों की सेवा में लगे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ जिस तरह आते जा रहे हैं उसको लेकर हाल ही में कोविड और नॉन कोविड हॉस्पिटल में ड्यूटी को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों से संक्रमण से बचाव को लेकर कोविड 19 के नियमों का पालन करते हुए सेहत पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही अस्पतालों में संक्रमण रोकने के लिए पहले से बनी आईपीसी (इंफेक्शन प्रिवेंशन कंट्रोल) टीम की जिम्मेदारी भी बढ़ा दी गई है। टीम की ओर से समय-समय पर मॉनिटरिंग करते रहने के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित भी करना है।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने सीएमओ के साथ ही अस्पतालों के सीएमएस, एसआईसी को भेजे एक पत्र में कोविड 19 प्रोटोकाल का सजगता से पालन कराने को कहा है। साथ ही यह भी कहा है कि प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर स्वास्थ्यकर्मियों के साथ ही मरीजों में भी संक्रमण की आशंका बनी रहती है। इसके लिए पीपीई किट पहनने, मास्क, फेस शील्ड लगाने के साथ ही हर दिन थर्मल स्क्रीनिंग कराते रहने को भी कहा गया है।