प्रदूषण स्तर में सुधार, 426 से 329 पर पहुंचा पीएम 2.5
- फोटो : अमर उजाला
स्मॉग छटने के साथ ही बनारस में प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ है। शनिवार की तुलना में रविवार को स्थिति बेहतर रही और शहर प्रदूषण मानक के डेंजर जोन से बाहर निकल आया। एक-दो दिन के अंदर हालात में और सुधार की उम्मीद विशेषज्ञों ने जताई है।
स्मॉग छंटने के चलते रविवार को सुबह से ही धूप खिलकर निकली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार की शाम सात बजे वाराणसी में पीएम 2.5 का स्तर 426 मापा गया था, जो सूबे में दूसरा सबसे अधिक था।
वहीं, स्मॉग छंटने के बाद रविवार की शाम सात बजे यहां पीएम 2.5 का स्तर 426 से घटकर 329 पर आ गया। जो कानपुर, लखनऊ और आगरा के मुकाबले कम रहा।
एक-दो दिनों में मौसम साफ होने के साथ ही प्रदूषण स्तर में और सुधार होगा। दिल्ली समेत एनसीआर में स्मॉग के बाद वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई अन्य जिलों में पिछले चार दिन से उसका असर बना था।
शुक्रवार और शनिवार को तो वाराणसी में बेहद खतरनाक स्तर पर प्रदूषण पहुंच चुका था। रविवार को आसपास के जिलों में भी मौसम साफ रहा और स्मॉग का असर नहीं रहा।