नमो घाट पर हाईटेक मंच और लाइटिंग की तैयारी
कार्यक्रम के लिए नमो घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाट के खुले परिसर में भव्य मंच, आधुनिक साउंड सिस्टम और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। गंगा की लहरों के किनारे संगीत और भक्ति का अनूठा माहौल तैयार किया जाएगा। युवाओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, बैठने और आवागमन के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की पहल
डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा कि इस बार गंगा महोत्सव में नई पीढ़ी की रुचि को ध्यान में रखा गया है। काशी भजन क्लबिंग के माध्यम से युवाओं को आधुनिक संगीत और बीट्स के साथ पारंपरिक भजनों और सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि गंगा महोत्सव काशी की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपरा और संगीत की विविधता का उत्सव है। मां गंगा, भक्ति और संगीत काशी की पहचान रहे हैं। इसी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस बार पारंपरिक भजनों और आधुनिक संगीत का संगम कराया जा रहा है।