वाराणसी में हुए निर्माणाधीन फ्लाईओवर हादसे के बाद घायलों से मिलने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राजब्बर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों और घायलों के परिवारजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कहा कि मृतकों को पांच लाख रुपए देकर योगी सरकार ने मौत के साथ सौदा किया है। यह सरकार की लापरवाही है। कार्रवाई अधिकारियों पर नहीं विभाग के नेताओं पर होना चाहिए। इस दौरान राज बब्बर ने कहा कि हमें पता चला है कि सरकार लोकसभा चुनाव से पहले सभी काम पूरा कराने की जल्दी में हैं।
इसी कारण काम को काफी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमको तो यह भी पता चला है कि इस फ्लाईओवर को बनाने के कारण तीन मंदिरों को तोड़ा गया है। लोगों का मानना है कि हो सकता है कि इसी कारण से कल इसके दो बीम जमीन पर आ गए।
राज बब्बर ने कहा कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में लापरवाही के चलते इतना बड़ा हादसा हो जाते हैं, दूसरी तरफ वे जश्न मना रहे होते हैं। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि इस हादसे में जितनी जिम्मेदारी अधिकारियों की है, उतनी ही जिम्मेदारी मंत्रियों की भी है, इसलिए दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्रियों को भी सस्पेंड किया जाना चाहिए। राज बब्बर ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख मुआवजे की जगह 50-50 लाख मुआवजे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 लोकसभा चुनाव से पहले इन कामों को पूरा किया जाना था।
वक्त कम होने की वजह से अधिकारी दबाव में काम कर रहे थे, जिसकी वजह से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी की वजह से यह हादसा हुआ है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां काम हो रहे हैं, वहां पहले काम रुकवा कर सुरक्षा सुनिश्चित करवानी चाहिए।