वाराणसी में चांदपुर स्थित कृषि भवन के उप कृषि निदेशक के कार्यालय परिसर में जिलास्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेले का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने डीएम सुरेंद्र सिंह से धान खरीद में हीलाहवाली की की शिकायत की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों से समस्या दूर करने का निर्देश दिया। इसके साथ किसानों से विभिन्न स्टालों से योजनाओं के बारे में जाना। गोष्ठी के दौरान कई किसानों ने कहा कि धान क्रय केंद्र पर कर्मचारी हीलाहवाली करते हैं।
जिस पर डीएम ने फोन कर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। सुल्तानपुर गांव के किसान नवाब सिंह ने प्राथमिक विद्यालय के पास मुर्गी फार्म होने से बदबू उठने की शिकायत की। जिस पर डीएम ने पशुपालन विभाग के अधिकारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने मौजूद अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमबी सिंह, राम सागर त्रिपाठी आदि ने खेतों पर अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान, बीज शोधन आदि विषयों पर प्रकाश डाला। डीएम ने मत्स्य पालन, गन्ना विकास विभाग समेत विभिन्न विभागों के लगे स्टालों का अवलोकन किया।
उधर, कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे डीएम सुरेंद्र सिंह उस समय भडक गये जब भवन के बाहर सरकारी जमीन पर दुकानों और मकान का अवैध अतिक्रमण देखा, उन्होंने तत्काल मौके पर लोहता थानेदार को तलब कर अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने का निर्देश दिया। कहा कि किसी के भी थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देकर थानेदार खुद ही हटवा दें।