नगर निगम के सफाई अभियान के दौरान गंगा किनारे एक अजीब घटना देखने को मिली। बूंदी परकोटा घाट पर साबुन लगाकर नहा रहे एक व्यक्ति ने जुर्माने के डर से गंगा में छलांग लगा दी। इसके बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि पानी से बाहर निकल आओ। उस व्यक्ति ने कहा कि नहीं आप लोग जुर्माना लगाएंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस बार जुर्माना नहीं लगाएंगे। भविष्य में यदि इस प्रकार की गलती हुई तो जुर्माना लगाकर कड़ी कार्रवाई करेंगे।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार नगर निगम की ओर से 75 घंटे का सफाई अभियान दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। शहर के 141 गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीओपी) से कूड़ा उठाने के अलावा गंगा घाटों पर सफाई अभियान भी चलाया गया। अब तक ढाई लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही साथ लोगों को जागरूक किया गया। 15 स्थानों को साफ कर सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।