वाराणसी में कोरोना की तीसरी लहर की आशंकाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसमें छूटे लोगों को टीका लगाने के लिए सोमवार से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। पल्स पोलियो की तर्ज पर डोर टू डोर टीका लगाया जाएगा। अभियान की मानीटरिंग के लिए सीएमओ आफिस में कॉल सेंटर भी बनाया गया है। इधर रविवार को सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने शहर में लल्लापुरा, औरंगाबाद, लहंगपुरा सहित अन्य इलाकों का दौरा कर छूटे हुए लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिले में अब तक करीब 91 फीसदी लोगों को कोरोना का पहला टीका लग चुका है जबकि 51 फीसदी लोगों को दोनों डोज़ लग चुकी हैं। विशेष अभियान के लिए गठित टीम घर-घर जाकर टीका लगाएगी। बताया कि अभियान के लिए 467 टीमें लगाई गई हैं, इसमें शहर में 135 टीमें और ग्रामीण 323 टीमें तैयार की गईं हैं, जो लगातार 10 दिनों तक कार्य करेंगी। इसके साथ ही शहर की 560 व ग्रामीण क्षेत्र की 2083 आशा कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई गयी हैं।