बनारसी वस्त्र उद्योग एसोशिएशन के संरक्षक एवं एमएलसी अशोक धवन की अपील पर समाज सेवी कोरोना काल में आम लोगों की मदद को आगे आए. माता आनंदमयी अस्पताल द्वारा संचालित ऑक्सीजन बैंक सेवा के लिए सहयोग राशि दान किया. वर्तमान समय में वाराणसी में यह सेवा 600 सिलेंडर के साथ सफलतापूर्वक चल रही है. माता आनंदमयी अस्पताल द्वारा संचालित इस ऑक्सीजन बैंक के जरिये ऑक्सीजन सिलेंडर जरूरतमंदों को मुफ्त दिया जा रहा है.
ऑक्सीजन सिलेंडर की इस सेवा को और प्रभावी करने के लिए 400 नए सिलेंडर की आवश्यकता है, जिनकी लागत करीब 10,000 रुपये प्रति सिलेंडर है. आनंदमयी अस्पताल से जुड़े समाज सेवियों की सेवा से प्रभावित होकर सोमवार को जिलाधिकारी, वाराणसी कौशल राज शर्मा ने अपने परिवार की ओर से एक लाख रुपये की सहयोग राशि अस्पताल को प्रदान की.
वाराणसी डीएम के इस जज्बे से प्रभावित होकर प्रमुख साड़ी व्यवसायी राजन खन्ना ने 5 लाख और सर्वेश अग्रवाल ने 2.5 लाख रुपये की सहयोग राशि माता आनंदमयी को ऑक्सीजन बैंक सेवा के लिए दान किया.
बनारसी वस्त्र उद्योग संघ के संरक्षक और एमएलसी अशोक धवन ने वाराणसी के व्यापारी समाज, डॉक्टर, वकील, स्वयं सेवी संस्थाओं,सामाजिक संस्थाओं सभी से अपील करते हुए कहा है कि
इस आपदा में लोगों की जीवन रक्षा हेतु ऑक्सीजन बैंक को यथाशक्ति आर्थिक सहयोग देकर अधिक से अधिक लोगों की प्राणरक्षा करने का पुण्य प्राप्त करें. गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमितों को प्राण वायु की किल्लत के कारण ज्यादा सांसत झेलनी पड़ी.