दूध विक्रेता का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में दल्लीपुर गांव के पास शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किसी ट्रेन से कटने के कारण युवक की मौत हुई थी। आसपास के ग्रामीणों ने उसकी शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान दूध विक्रेता भानु प्रताप के तौर पर हुई। वह शुक्रवार की सुबह 11 बजे से लापता था।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थानाक्षेत्र के बसांव (भोपापुर) गांव निवासी दूध विक्रेता भानु प्रताप शुक्रवार की सुबह 11 बजे अपनी बाइक से दूध बेचने शहर गया था। परिजन इंतजार करते रहे लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे तभी शनिवार सुबह सूचना मिली की भानु प्रताप का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। युवक की बाइक भी रेलवे ट्रैक के पास ही खड़ी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। मृतक मां-बाप का इकलौता बेटा था। भानू प्रताप की मौत के बाद उसकी पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।