फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में अपराध की घटनाएं: इनामी असलहा तस्कर गिरफ्तार, मकान कब्जे को लेकर भिड़े चिकित्सक दंपती

Sun, 29 Nov 2026 03:36 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

एमपी से 25 हजार की देसी पिस्टल लाकर पूर्वांचल में 40 हजार में बेचने वाला बदमाश गिरफ्तार किया गया। उधर, होटल के कैश काउंटर से दो लाख रुपये चोरी हुए, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पढ़ें- अन्य खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एसटीएफ वाराणसी फील्ड इकाई ने शनिवार देर रात जौनपुर के मछलीशहर क्षेत्र से 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के सरगना सुनील दूबे उर्फ रफ्तार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र के हरसाद गांव का निवासी है। वह पिछले तीन महीने से फरार था। एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।

विज्ञापन


एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सुनील दूबे ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी के नेटवर्क की जानकारी दी। उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी तस्कर अब्दुल से फोन पर हथियारों का सौदा तय करता था। अब्दुल हथियारों की खेप लेकर मध्य प्रदेश के रीवा तक आता था। वहां से 25 हजार रुपये में देसी पिस्टल और 5 हजार रुपये में देसी तमंचा खरीदता था। इन हथियारों को पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

अगस्त में पकड़े गए थे गिरोह के गुर्गे
एसटीएफ के अनुसार 25 अगस्त को मछलीशहर पुलिस ने चेकिंग के दौरान इसी गिरोह के तीन सदस्यों शिव प्रकाश मिश्रा, मन कामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 5 देसी पिस्टल और 7 तमंचे बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें सरगना सुनील दूबे वांछित चल रहा था।
विज्ञापन


होटल के कैश काउंटर से दो लाख रुपये चोरी, दो गिरफ्तार
शिवपुर पुलिस ने रिंग रोड अंडरपास के पास से दबोचा, 22 हजार रुपये बरामद
दांदूपुर रिंग रोड चांदमारी स्थित एक रेस्टोरेंट के कैश काउंटर से दो लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने कमलेश कुमार निवासी परमानंदपुर और सुनील पटेल निवासी कठवतिया को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 22 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।

रेस्टोरेंट संचालक धीरज कुमार सिंह निवासी मुर्दहा, चोलापुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 26 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति ने कैश काउंटर से करीब दो लाख रुपये चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार 28 नवंबर की सुबह 3:01 बजे रिंग रोड स्थित कानूनडीह अंडरपास के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। 

पुलिस ने बताया कि कमलेश के खिलाफ वर्ष 2016 में शिवपुर थाने में जुआ अधिनियम के तहत भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की।

Trending Videos

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 9.70 लाख की ठगी, पांच पर प्राथमिकी दर्ज
रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9.70 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने राहुल कुमार गोंड़ की तहरीर पर अरुण चौधरी, चंदन, भारतेंदु मिश्रा, अभिषेक मिश्रा उर्फ करुण निधान मिश्रा और सुनील सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राहुल के मुताबिक, सिगरा में रहने के दौरान उसकी मुलाकात आरोपियों से हुई थी। उन्होंने दावा किया था कि रेलवे में उनके परिचित अधिकारी हैं और उनके माध्यम से कई लोगों की रेलवे व स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवा चुके हैं। उनकी बातों में आकर राहुल ने वर्ष 2021 में रेलवे में नौकरी पाने के लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में कुल 9.70 लाख रुपये भेज दिए। 

आरोप है कि कुछ समय बाद अभिषेक मिश्रा ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए बुलावा पत्र दिया। राहुल बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां भर्ती से संबंधित कोई परीक्षा या मेडिकल परीक्षण केंद्र नहीं मिला। इसके बाद अभिषेक को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। तब उसे ठगी का पता चला।

पीड़ित के अनुसार, 20 मार्च 2025 को आशापुर फ्लाईओवर के नीचे आरोपियों से रुपये वापस करने को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

चोरों ने मकान से सात लाख के आभूषण उड़ाए
लोहता थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। छत का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसे चोरों ने सात लाख रुपये के आभूषण और 17 हजार रुपये नकदी उड़ा दिए। पुलिस ने मौके पर जांच की। मकान मालिक धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि चोर आलमारी को तोड़कर सोने का हार, चार अंगूठी, कंगन और सिकड़ी ले गए। थानाध्यक्ष पीयूष कुमार ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।  

मकान पर कब्जे के लिए भिड़े चिकित्सक दंपती, पूर्व विधायक के साथ पहुंचा चिकित्सक
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित ब्रिज एंक्लेव कॉलोनी के लेन नंबर 2 में एक मकान पर कब्जे को लेकर शनिवार देर शाम चिकित्सक दंपती में विवाद हो गया। सुंदरपुर स्थित निजी अस्पताल में महिला चिकित्सक सुगंधा सिंह ने पति डॉ. रवि रंजन शर्मा के खिलाफ मकान पर कब्जा और मारपीट के मामले में तहरीर दी। दंपती का मामला पहले से कोर्ट में है।

सुंदरपुर निवासी महिला चिकित्सक सुगंधा सिंह ने पुलिस को बताया कि पति रवि रंजन शर्मा अपने भाई और बिहार के एक पूर्व विधायक समेत करीब 50 लोगों के साथ कई गाड़ियों से मकान पर आए। इन लोगों ने मकान के गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड सूरज कुमार दुबे की पिटाई की। इसके बाद सभी जबरन मकान के अंदर घुस गए और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। 

घटना की सूचना मिलते ही पिता डीएस सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंची तो विवाद किया। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही मकान में घुसे अधिकतर लोग वहां से भाग निकले। हालांकि रवि रंजन शर्मा ने खुद को मकान के एक कमरे में बंद कर लिया। शाम 7 बजे के बाद पुलिस उन्हें कमरे से बाहर निकाला। 

पति रवि रंजन शर्मा ने पुलिस को बताया कि मकान उनका है और ससुर, पत्नी ने जबरन कब्जा कर लिया है। ससुर डीएस सिंह सुंदरपुर में अपना अस्पताल चलाते हैं। भेलूपुर थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि तुरंत पुलिस को मौके पर भेजा गया। कमरे के अंदर खुद को बंद करने वाले रवि रंजन शर्मा को बाहर निकाला गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। 

जाम में पिकअप बैक नहीं करने पर चालक की पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल
रोहनिया थाना क्षेत्र में पिकअप चालक के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पिकअप चालक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। पिकअप चालक राजा ने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर मारपीट का आरोप लगाया है।

राजा के मुताबिक, वह मोहनसराय ओवरब्रिज के आगे जाम में फंसा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की चार पहिया गाड़ी सवार व्यक्ति ने पिकअप पीछे करने को कहा। जाम होने के कारण वाहन पीछे करने में असमर्थता जताने पर नाराज होकर व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चाचा को भी पीटा। 

चालक ने बताया कि घटना की सूचना 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को दी गई। उसने वायरल वीडियो मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात भी कही है। वहीं, चर्चा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति पुलिसकर्मी है। एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
भतीजी की विदाई कराने आए व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के कपसेठी बाजार में शनिवार शाम करीब चार बजे सड़क पार कर रहे अधेड़ को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के कादीपुर निवासी डॉ. अनूप गुप्ता (50) अपनी भतीजी की विदाई कराने कपसेठी बाजार आए थे। इसी दौरान वह सड़क पार कर रहे थे। तभी चौरी थाना क्षेत्र के सवरपुर निवासी राहुल पटेल सेवापुरी की ओर तेज रफ्तार से बाइक लेकर जा रहे थे। उनकी बाइक ने अनूप गुप्ता को टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अनिकेत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

लोक अदालत में 1500 का चालान 300 में निस्तारित हुआ
जनपद न्यायालय वाराणसी में शनिवार को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) से संबंधित चालानों का निस्तारण हुआ। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे फरियादियों ने लंबे समय से पड़े चालान का निस्तारण कराया। लोक अदालत में एक हजार रुपये का चालान 300 रुपये में निस्तारित हुआ। देर शाम मामलों का निस्तारण हुआ।

जावेद अख्तर ने बताया कि उनका एक हजार रुपये का चालान था, जिसे 300 रुपये में निस्तारित कराया। गुरुप्रीत का का 500 का चालान था जो 200 में निस्तारित हुआ। सुनील चौरसिया का 1500 का चालान हुआ था जो 300 में निस्तारित हुआ। कुछ मामलों में समन जारी होने के बाद लोग पहुंचे थे। लोक अदालत से मिली राहत को लोगों ने सराहा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन चालान से जुड़े मामलों का त्वरित, सुलभ और किफायती तरीके से निस्तारण करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित वाहन चालानों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने के लिए विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं। 

शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और दवा खिलाकर दो बार गर्भपात कराने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जौनपुर निवासी युवक के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात केराकत, जौनपुर निवासी विपिन यादव (32) से मुंबई के एक अस्पताल में नर्स की नौकरी के दौरान हुई थी। विपिन ने शादी करने का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। दवा खिलाकर दो बार गर्भपात भी कराया। युवती के अनुसार, बीते शुक्रवार रात करीब आठ बजे सारनाथ स्थित एक होटल में बुलाया। उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी मारपीट की। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।  
विज्ञापन

आश्रम कार्यालय की बाउंड्री तोड़ने का आरोप
शिवपुर थाना क्षेत्र के कठवतिया स्थित पंचवटी धाम कॉलोनी में माधव संघ आश्रम कार्यालय की बाउंड्री में तोड़फोड़ के मामले में तीन नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आश्रम कार्यालय के प्रमुख दयाशंकर सिंह निवासी शारदा विहार कॉलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 24 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे बाउंड्री को तोड़ दिया गया। आरोप लगाया गया है कि 26 नवंबर को मरम्मत कार्य के दौरान दोबारा तोड़फोड़ की गई।

इस घटना में भी करण सिंह यादव के शामिल थे। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने का दावा किया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, पुलिस आयुक्त के आदेश पर जय सिंह पटेल, शिवकुमार पटेल, करण सिंह यादव नामजद समेत करीब 15 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें