कुएं से बाहर निकाली गई महिला आैर बच्चों के फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के पिलोरी गांव में बृहस्पतिवार को पति से झगड़े के बाद पत्नी ने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी थी। ग्रामीणों ने महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया, लेकिन उसके बेटे और बेटी की मौत हो गई थी।
मासूम भाई-बहन की मौत से आही (बाबूरामपुरा) और पिलोरी गांव के लोग गम और गुस्से में दिखे। ग्रामीण दोनों मासूमों की असामयिक मौत के लिए उनकी मां को कोस रहे थे। सभी का कहना था कि महिला की जल्दबाजी और गुस्से से उसी की कोख सूनी हो गई और जीवन भर के लिए उस पर कलंक अलग से लगा। उधर, दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिर्जापुर जिले के कछवा बाजार क्षेत्र के आही (बाबूरामपुरा) गांव में मजदूर अजीत पटेल अपने परिवार के साथ झोपड़ी में रहता है। आर्थिक तंगी के कारण अजीत और उसकी पत्नी अनीता में आए दिन विवाद होता था। बृहस्पतिवार की सुबह अनीता अपनी तीन साल की बेटी और पांच साल के बेटे प्रिंस के साथ घर से निकली।
लगभग एक किलोमीटर दूर पड़ोस के गांव पिलोरी स्थित कुएं में उसने दोनों बच्चों के साथ छलांग लगा दी। अनीता को तो बचा लिया गया, लेकिन दोनों बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद घटना को लेकर आही और पिलोरी गांव की चट्टी और चौराहों पर ग्रामीण चर्चा करते रहे कि महिला ने कितना गलत कदम उठाया। उसके गलत कदम की सजा दो मासूम बच्चों को जान देकर चुकानी पड़ी।