महज चार घंटे टीवी में विज्ञापन देखकर पैसा कमाने का सपना दिखाने वाली कैच्टी पिक्सल कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने वाले राजेश कुमार सिंह के खिलाफ शनिवार को भी लोगों ने शिवपुर थाने में तहरीर दी। करोड़ों रुपये हड़पने के आरोपी राजेश का नेटवर्क पुलिस खंगाल रही है। राजेश शिवपुर थाने की पुलिस की गिरफ्त में है। राजेश को निवेशकों ने बुधवार को पकड़ कर पुलिस को सौंपा था।
शिवपुर थाने पहुंचे भुक्तभोगियों ने बताया कि कंपनी में पैसा निवेश करने वाले लोगों को पहले कोरोना वायरस महामारी का हवाला देते हुए दो महीने से प्रतिमाह दिया जाने वाला पांच हजार रुपये देना बंद कर दिया गया। लोग कंपनी के एप से रोजाना चार घंटे टीवी देखते रहे, लेकिन बीते 22 मई से विज्ञापन आना भी बंद हो गया। कंपनी की वेबसाइट भी एक अरसे से अपडेट नहीं की गई है। इसे लेकर पैसा निवेश करने वालों को चिंता होने लगी। जब कोई हल नही निकाला तो सभी पुलिस कार्रवाई के लिए मजबूर हो गए। शनिवार को वाराणसी के अलावा गाजीपुर सहित आसपास के अलग-अलग जिलों के लोग भी शिवपुर थाने पहुंचे और सभी ने अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिवपुर थाने की पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश कुमार सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ कैंट मो. मुश्ताक के निर्देश पर पुलिस ने फ्रेंचाइजी ऑफिस में भी जांच पड़ताल की। सारा कामकाज ऑनलाइन होने के कारण आफिस से कोई महत्वपूर्ण कागजात नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस द्वारा ऑफिस को सील कर दिया गया है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह को बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस जालसाज गिरोह की तह तक पहुंच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।