वाराणसी। कोरोना टीकाकरण को लेकर चल रहे अभियान में आमजन का उत्साह दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को दीनदयाल अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, बीएचयू अस्पताल समेत 56 केंद्रों पर 7400 लोगों में 6610 ने कोरोना का टीका लगवाया। साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 56 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। निर्धारित लक्ष्य 7400 के सापेक्ष टीका लगवाने वालो में 60 साल से अधिक 5699 जबकि 45 से 59 साल वाले 591 लोगो का टीकाकरण हुआ। इसमें 26 केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज लगाई गई।
सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाम को कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर सिगरा में अधिकारियों के साथ बैठक कर शत प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश भी दिया। उधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जिला महिला अस्पताल सहित अन्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए आने वालों का सहयोग किया।
------
राज्यमंत्री ने दीनदयाल अस्पताल में लगवाया टीका
वाराणसी। प्रदेश के स्टांप शुल्क पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में कोरोना का टीका लगवाया। इसके पहले उन्होंने शिवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे आम जन के टीकाकरण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के 60 साल से अधिक उम्र के लोगों से टीका लगवाने के अपील की।