राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार के जन्मदिन पर शनिवार को हुकुलगंज स्थित वरुणापुरम कॉलोनी में ‘पेट भरो दिवस’ मनाया गया। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच और विशाल भारत संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने सोहर गाए।
‘महाविजय की गाथा के खामोश योद्धा इंद्रेश कुमार’ पुस्तक का विमोचन अयोध्या के विद्या मठ के महंत शंभू देवाचार्य ने किया। इस मौके पर गरीब महिलाओं को दो किलो चावल और दो किलो आटा बांटा गया।
पुस्तक लिखने वाले विशाल भारत संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और भूख से निजात दिलाने के अभियान को इंद्रेश कुमार ने आंदोलन बना दिया।
इस कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अशोक सहगल ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर अर्चना भारतवंशी, नाजनीन अंसारी, नजमा परवीन, डॉ. मृदुला जायसवाल, पूनम सिंह, विद्या कुशवाहा, दुलारी देवी, राजकुमारी आदि शामिल रहीं।