बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक विजय शंकर मिश्रा और वाराणसी के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ब्रजभूषण चौधरी को बुधवार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों पर वाराणसी में विद्यालयों को मान्यता देने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप है। वाराणसी के जिलाधिकारी ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
बता दें, डीएम वाराणसी को शिकायत मिली थी कि सहायक निदेशक विजय शंकर मिश्रा और बीएसए ब्रजभूषण चौधरी स्कूलों को मान्यता देने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं। डीएम ने इसकी जांच नगर मजिस्ट्रेट से कराई।
जांच में आरोप सही पाया गया है। यह भी पता चला कि पैसा नहीं मिलने में स्कूल की मान्यता संबंधी पत्रावलियों को लंबित रखा जा रहा है। डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह को यह रिपोर्ट भेजकर दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की।
इसके बाद अपर मुख्य सचिव के आदेश पर सहायक निदेशक मिश्रा व बीएसए चौधरी को सस्पेंड कर दिया। निलंबन अवधि में दोनों अधिकारी बेसिक शिक्षा निदेशालय लखनऊ से अटैच रहेंगे।