निशांत ने तैयार किया नया साफ्टवेयर ‘स्मार्ट ई-पुलिस’
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टार्ट अप इंडिया से प्रभावित होकर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी का एक युवा साफ्टवेयर डेवलपर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को स्मार्ट बनाने की मुहिम में जुटा है। युवा का नाम है निशांत पांडेय। इन्होंने जीआरपी के लिए साफ्टवेयर ‘स्मार्ट ई-पुलिस’ तैयार किया है।
इसके जरिए न सिर्फ ड्यूटी की जानकारी पुलिस कर्मियों को उनके मोबाइल पर मिलेगी बल्कि उनकी मॉनीटरिंग में भी आसानी होगी। किस जीआरपी थाने में कितने पुलिसकर्मी अवकाश पर हैं और कितने ड्यूटी पर हैं, यह सभी जानकारियां भी अधिकारियों की नजर में होंगी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी इसके फीडबैक सेक्शन में जाकर यह बताएंगे कि उन्होंने किस टॉस्क को पूरा किया और कौन सा टॉस्क अधूरा रह गया।
सिगरा निवासी निशांत पांडेय के मुताबिक इस साफ्टवेयर के जरिए जीआरपी थानों की कार्यप्रणाली में भी सुधार आएगा। कागजात और समय दोनों की बचत होगी। पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता का आकलन भी किया जा सकेगा।