गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे मंत्री
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरी दुनिया के भाईचारे के लिए पवित्र और महत्वपूर्ण अवसर है। वह इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने और गुरु महाराज की पवित्र धरती को नमन करने के लिए वाराणसी पहुंचे हैं। उन्होंने संगत से समारोहों में पूरे उत्साह के साथ शामिल होने और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
वहीं, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। हर पंजाबी को इन कार्यक्रमों में श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु जी की शिक्षाओं और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कानपुर से होते हुए मोहाली पहुंचेगी यात्रा
शोभायात्रा का पहला पड़ाव वाराणसी से कानपुर तक होगा। पहले दिन करीब 350 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। दूसरे दिन कानपुर से आगरा होते हुए ग्रेटर नोएडा पहुंचने का कार्यक्रम है। इस चरण में करीब 500 किलोमीटर की यात्रा होगी।
तीसरे दिन ग्रेटर नोएडा से एसएएस नगर (मोहाली) तक करीब 281 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस दौरान यात्रा सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला से होकर गुजरेगी।
चौथे दिन मोहाली से खरड़, रूपनगर और श्री आनंदपुर साहिब होते हुए करीब 101 किलोमीटर की दूरी तय कर तीन दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में यात्रा का समापन होगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम
यात्रा के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में पड़ने वाले जिलों के प्रशासन को यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। पंजाब सरकार और धार्मिक नेताओं ने देशभर के श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होने की अपील की है। यात्रा के माध्यम से गुरु रविदास जी महाराज के समानता, दया, भाईचारे और मानव सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।