डीजीपी बोले, प्रदेश में पहला जिला जहां ऐसे स्क्वॉड का हुआ गठन
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में शोहदों से निबटने के लिए लेडी एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। रविवार को पुलिस लाइन से 30 सदस्यीय महिला कांस्टेबल के 15 मोटरसाइकिल दस्ते को डीजीपी ओपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शहर के लिए रवाना किया।
डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह पहला मौका है जब किसी जिले में लेडी एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया है। गुलाबी रंग का हेलमेट पहन कर बाइक चलाती हुई यह महिला कांस्टेबल शहर के प्रमुख बाजारों, कॉलेज, मॉल और पार्कों के आसपास चक्रमण कर शोहदों की गतिविधियों पर निगाह रखेंगी और इलाकाई थाने की पुलिस की मदद से कार्रवाई कराएंगी। जल्द ही इस दस्ते में महिला कांस्टेबल की संख्या बढ़ाई जाएगी।
डीजीपी ने इस दौरान पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में ओपेन जिम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही स्थानांतरित होकर गैर जनपद जाने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई में दिक्कत न आने के उद्देश्य से बनाए गए आठ कमरे के ट्रांजिट हॉस्टल और चिल्ड्रेन पार्क का भी उद्घाटन किया।
डीजीपी ने कहा पुलिसकर्मियों की आवास सहित अन्य समस्याओं का सिलसिलेवार समाधान कराया जा रहा है और इस संबंध में लगातार प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सुबह ग्राउंड में आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए ओपेन जिम और उनके बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क का बनाया जाना अच्छा कार्य है।