वाराणसी के मुर्दहां स्थित जन विकास समिति केंद्र में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दिव्यांगों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव सुधा सिंह ने दिव्यांग जन कल्याण विभाग के सहयोग से तीन दिव्यांगों को व्हीलचेयर और छह को बैसाखी दी।
साथ ही दिव्यांगों को दिव्यांग जन अधिकार अधिनियम 2016 और दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दी जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता और अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वार आप सबकी विधिक सहायता के लिए सदैव खुले हुए हैं। इस दौरान सुधा सिंह ने दिव्यांगों से अपील की कि वह घर से बाहर निकलें तो मास्क जरूर लगाएं और साफ-सफाई पर ध्यान देने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन अवश्य करें। इस अवसर पर संस्था के केंद्र संचालक चंद्रन रेमंड्स व मैनेजर रंजीत सिंह और अन्य लोग मौजूद रहे।