सार
24 नवंबर को देव दीपावली के लिए वाराणसी के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के 95 फीसदी होटल बुक हो चुके हैं। कमरों की कमी के बीच होम स्टे का किराया 3500 रुपये और होटल के बरामदे में बैठने का शुल्क 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। बजड़े का किराया भी 15 हजार रुपये तक हो गया है। आयोजन से 500 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
वाराणसी में देव दीपावली पर काशी में पर्यटकों की भारी भीड़ का असर अब होटल से लेकर नाव और बजड़ों के किराये पर दिखने लगा है। 24 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव के लिए शहर के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के करीब 95 फीसदी होटल फुल हो चुके हैं। स्थिति यह है कि पर्यटकों को ठहराने के लिए होटल संचालक अब गैलरी और बरामदों तक की बुकिंग कर रहे हैं। गंगा किनारे स्थित होटलों में दीपोत्सव देखने के लिए बरामदे में बैठने का किराया पांच से 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, बजड़े का किराया बढ़कर 10 से 15 हजार रुपये हो गया है। होम स्टे के लिए भी पर्यटकों को 2500 से 3500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
6700 से अधिक होटल-गेस्ट हाउस, फिर भी जगह की किल्लत
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वाराणसी जिले में 2200 से अधिक गेस्ट हाउस और 4500 से अधिक टू-स्टार से लेकर फाइव-स्टार होटल और होम स्टे संचालित हैं। इसके बावजूद देव दीपावली पर पर्यटकों की बढ़ती आमद के सामने ठहरने की व्यवस्था कम पड़ रही है। गोदौलिया, मैदागिन, दशाश्वमेध, जंगमबाड़ी, लक्सा और बुलानाला समेत शहर के 10 प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के 95 फीसदी होटल पहले ही बुक हो चुके हैं।
कमरे नहीं मिले तो बरामदे में बैठकर देखेंगे दीपोत्सव
होटलों में कमरे उपलब्ध नहीं होने के कारण पर्यटक दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। इसका फायदा उठाकर होम स्टे संचालकों ने भी किराया बढ़ा दिया है। आम दिनों में 1000 से 1500 रुपये में मिलने वाले कमरे अब 2500 से 3500 रुपये में बुक हो रहे हैं।