Varanasi News: हिमाचल प्रदेश के पीर पंजाल पर्वत पर भारी बर्फबारी से माउंट फ्रेंडशिप पीक को फतह किए बिना ही 14 पर्वतारोही वापस लौट आए। बीएचयू का ये दल 25 जून की रात 11 बजे शिखर पर झंडारोहण करने के लिए रवाना हुआ था।
हिमाचल प्रदेश के पीर पंजाल पर्वत पर भारी बर्फबारी से माउंट फ्रेंडशिप पीक को फतह किए बिना ही बीएचयू के 14 पर्वतारोहियों को लौटना पड़ा। बीएचयू के पर्वतारोहण केंद्र का दावा है कि 17,352 फीट लक्ष्य था लेकिन 16,400 फीट तक पहुंचकर ही वापसी हो गई। 17,352 फीट ऊंचे माउंट फ्रेंडशिप पीक के शिखर से यह दूरी 300 मीटर और ऊंचाई 952 फीट कम थी।
विज्ञापन
बीएचयू के पर्वतारोहण केंद्र के छात्र-छात्राओं का 14 सदस्यीय पर्वतारोहण दल 25 जून की रात 11 बजे शिखर पर झंडारोहण करने के लिए रवाना हुआ था। 15,500 फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद शिखर की अंतिम चढ़ाई होनी थी।
स्नो और आइस पर क्रैंपॉनिंग करते हुए दल लगभग 16,400 फीट तक पहुंच गया, लेकिन अचानक भारी हिमपात और बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के चलते दल को सुरक्षा की दृष्टि से लौटने का निर्णय लेना पड़ा।
विज्ञापन
पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान दल प्रशिक्षक बलराम यादव और शिवनारायण यादव के नेतृत्व में हिमाचल के माउंट फ्रेंडशिप पीक पर आरोहण के लिए रवाना हुआ था जो हिमालय के पीर पंजाल पर्वतमाला, हिमाचल प्रदेश में स्थित है।