दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के नदेसर स्थित वरुणा अपार्टमेंट कालोनी में गुरुवार की शाम राजेश गुप्ता के प्लाट में खड़ी मारुती वैन में एलपीजी की अवैध रिफलिंग के दौरान आग लग गई। वैन के बगल में खड़ी सूमो भी उसकी चपेट में आकर जलने लगी।
इसके बाद एक-एक कर कई तेज धमाके हुए तो इलाके के लोग घबरा कर अपने घरों से बाहर भागे। सूचना पाकर मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची लेकिन तब तक वैन और सूमो धू-धू कर जल चुकी थी।
कैंट पुलिस ने मौके से दो घरेलू गैस सिलेंडर और रिफलिंग संबंधी उपकरण बरामद किए हैं। बताया जाता है कि दोनों वाहन से स्कूली बच्चे आते-जाते थे।
नदेसर स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पीछे वरुणा अपार्टमेंट कॉलोनी है।
यहां पटेल नगर निवासी राजेश गुप्ता का प्लाट है। इलाकाई लोगों के अनुसार प्लाट में रोजाना दर्जनों गाड़ियां खड़ी रहती हैं और उनमें अवैध तरीके से एलपीजी की रिफलिंग का काम होता है। इसकी शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से की गई लेकिन कार्रवाई नहीं होती।
गुरुवार की शाम छह बजे के लगभग दो लोग मारूती वैन में अवैध तरीके से एलपीजी की रिफलिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई तो दोनों मौके से भाग निकले। वैन में लगी आग की चपेट में आकर सूमो भी धू-धू कर जलने लगी।
रिहायशी इलाके में दो गाड़ियों को धू-धू कर जलते देख लोगों में अफरातफरी मच गई। शोर मचाते हुए लोग आग बुझाने को दौड़े लेकिन लपटों का विकराल रूप देख किसी की पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।
दमकल की गाड़ियों ने जब आग पर काबू पाया तो इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि आरोपियों की तस्दीक कर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।