सावन के अंतिम बुधवार यानी 26 अगस्त को सर्व वैश्य समाज के पदाधिकारी और सदस्य बाबा काशी विश्वनाथ का सामूहिक जलाभिषेक करेंगे। इसकी तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी की अध्यक्षता में विनायक प्लाजा में बैठक हुई। मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि समाज के सभी बंधुजन, माताएं और बहनें शाम 4 बजे लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन से यात्रा शुरू करेंगे। इस यात्रा में श्रद्धालु गंगा, यमुना, सरस्वती, सरयू, ऋषिकेश और प्रयागराज संगम सहित देश की कई पवित्र नदियों के जल के साथ-साथ गाय के दूध, पंचामृत और गन्ने के रस से भरे कलश लेकर चलेंगे।
यात्रा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न होगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन में मारवाड़ी, माहेश्वरी, जैन, जायसवाल, साहू, अग्रहरि, तेली, कान्यकुब्ज, मधेसिया और मोदनवाल सहित सभी वैश्य समुदायों के लोग शामिल होंगे।
इसे भी पढ़ें; सावन में व्रत-त्योहारों की बहार: 23 साल बाद सावन के सोमवार पर नागपंचमी का दुर्लभ योग, यहां देखें- पूरा कैलेंडर
समिति के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने बताया कि जलाभिषेक के बाद श्री शंकराचार्य चौक में बने पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन गायक शेखर जायसवाल की प्रस्तुति होगी। भक्तों के लिए पारंपरिक बनारसी व्यंजन कचौड़ी, सब्जी और जलेबी के भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में गोविंद केजरीवाल, प्रदीप तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, संतोष जायसवाल, प्रदीप चौरसिया, संतोष अग्रवाल, सत्यनारायण आदि शामिल रहे।