लागत में 20-30% बढ़ोतरी की आशंका
भदोही के कालीन कारोबारी दीनानाथ बरनवाल के अनुसार, खाड़ी देशों में कालीन, स्कार्फ और हस्तशिल्प की भारी मांग रहती है, लेकिन शिपिंग रूट (खासकर लाल सागर और होर्मुज जलडमरूमध्य) में बढ़ते खतरे से लागत में 20-30% तक की वृद्धि होने की आशंका है। हालांकि अभी निर्यात किन रास्तों से होगा, इस पर अभी संशय है।
एक सप्ताह बाद ही कोई निर्णायक स्थिति बन सकती है। लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव राजेश सिंह का कहना है कि मध्य एशिया में युद्ध के कारण कृषि यंत्रों की बड़ी खेप पोर्ट पर फंसी हुई है। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे से निर्यात होने वाली ताजी सब्जियां, मिर्च और आम के निर्यात पर भी संकट के बादल हैं। बनारस के प्रसिद्ध ग्लास बीड्स और लकड़ी के खिलौनों के विदेशी ऑर्डर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।