राज्य के कई जिलों में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन हो रहा है। 15 अक्तूबर को पहले दिन की परीक्षा संपन्न हुई वहीं आज यानि 16 अक्तूबर को दूसरे दिन की परीक्षा का आयोजन हो रहा है। पहली पाली की परीक्षा खत्म हो गई है। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी।
परीक्षा के लिए रविवार को सुबह से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे लगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के घड़ी, पर्स, बेल्ट और पायल तक को जमा करा लिया गया। इसके बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया।
बता दें कि इस साल पीईटी परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 37.34 लाख आवेदन आए हैं। आज सभी रूटों पर अतिरिक्त बसें चलेंगी। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न भी पूछे जाएंगे जो 100 अंकों का होंगे। हर सवाल पर एक अंक मिलेगा। एग्जाम 2 घंटे का होगा और सभी सवालों के मल्टीपल च्वॉइस होंगे।
वाराणसी में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शनिवार को दो पालियों में हुई। जहां परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने में वाराणसी प्रशासन पूरी तरह फेल रहा। शहर में अभ्यर्थियों की उमड़ी भीड़ से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। शहर के विभिन्न क्षेत्र जाम की चपेट में रहे। शाम के समय तकरीबन पूरे शहर में लगे जाम से लोग कराह उठे। इधर, रेलवे स्टेशनों और रोडवेज बस स्टेशन पर व्यवस्थाएं बेपटरी हो गईं। अभ्यर्थियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए बसों के अलावा रेलवे ने भी विशेष ट्रेनें चलाईं जो नाकाफी रही।
देर रात तक परीक्षार्थी बस स्टैंड पर परेशान दिखे। वे बस खड़ी होने के पहले ही सीट के लिए दौड़ पड़ रहे थे। सीट पर बैठने को लेकर मारामारी की स्थिति बनी थी। मलदहिया में शाम के समय सत्संग से छूटी भीड़ के चलते भी सामनेघाट, लंका और रामनगर जाम की चपेट में रहे।