पेपर देकर केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) की प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा 2025 की परीक्षा रविवार को 36 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 16129 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों पालियों में 65 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक्स से नेटवर्क थ्योरी, रैक्टिफायर, सर्किट से जुड़े सवालों ने परीक्षार्थियों को फंसाया।
डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच और बायोमीट्रिक मैच होने के बाद प्रवेश दिया गया। इस परीक्षा में दो पालियों में कुल 16129 को परीक्षा देनी थी। इसमें पहली पाली में 5324 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। 10805 ने परीक्षा छोड़ दी। ऐसे ही दूसरी पाली में 5271 ने परीक्षा दी और 10858 ने छोड़ दी।
दोनों पालियों में अनुपस्थिति दर 65 प्रतिशत से अधिक रहा। डीआईओएस ने बताया कि बीते जून में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद इस परीक्षा में इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में कोई भी नकल करता नहीं पकड़ा गया।
बोले परीक्षार्थी...
- हिंदी और इलेक्ट्रॉनिक्स विषय से सवाल पूछे गए थे। पेपर मध्यम दर्जे का था। इलेक्ट्रॉनिक्स विषय से सवाल थोड़े कठिन लगे। - धर्मेंद्र कुमार, अलीगढ़
- पेपर मध्यम दर्जे का था। इलेक्ट्रॉनिक्स 2 विषय से जुड़े सवाल कठिन थे। तैयारी अच्छी थी इसलिए पेपर करने में ज्यादा समय नहीं लगा। -धर्मेंद्र सिंह, सीतापुर
- हिंदी का पेपर आसान था। इलेक्ट्रॉनिक्स का मध्यम दर्जे का लगा। पेपर थोड़ा लंबा था। फिर भी सभी सवाल हल किए। - धीरज, झांसी