जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के बजरंगनगर बाजार में शनिवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने युवा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने अपना चेहरा ढक रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह आजमगढ़ की ओर फरार हो गए। घटना के काफी देर बाद भी पुलिस के न पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
मृतक के छोटे भाई सूरज की भी दो वर्ष पहले सोनभद्र में हत्या कर दी गई थी। एसपी, एएसपी सहित अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से वार्ता कर बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। क्षेत्र विशुनपुर गांव निवासी पंकज सिंह 30 बजरंग नगर बाजार में सेफ्टी टैंक की बिक्री करते हैं।
शनिवार की शाम करीब चार बजे दुकान पर पहुंचे कुछ युवकों ने कर्मचारी रोहित के माध्यम से फोन कर जरूरी काम का हवाला देते हुए पंकज को दुकान पर बुलाया। पंकज जैसे ही दुकान पर पहुंचे, बाइक से आए तीन नकाबपोश बदमाश पहुंच गए। एक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दो बाइक से उतरकर पंकज के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। आनन-फानन में लहूलुहान पंकज को सीएचसी डोभी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद लोगों ने स्थानीय थाने की सीयूजी व 112 नंबर डायल किया, लेकिन फोन रिसीव न होने से लोग भड़क गए। बाजार में मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। शाम करीब साढ़े छह बजे एसपी अशोक कुमार सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।