मौसम के तापमान में रोज हो रहे उतार-चढ़ाव से काशीवासियों को कभी उमस और लू का सामना करना पड़ रहा था गुरुवार को सुहाने मौसम के कारण राहत मिल रही है। गुरुवार की सुबह आंधी और हल्की बौछार के साथ हुई। दोपहर 2:30 बजे तक आसमान में काले बादल छाए हुए थे। मौसम खुशनुमा होने के कारण लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए गंगा घाटों की ओर निकल पड़े।
करीब चार दिनों से उमस और लू का प्रकोप झेल रहे काशीवासियों को गुरुवार को राहत मिली। मच्छोदरी निवासी सूरज जायसवाल, विकास राय, गोविंदा साहनी, मैदागिन के पंकज शाह, रोहित यादव, माला यादव, राजघाट के कृष्णा ने बताया कि मौसम परिवर्ति होने के कारण लू की लपटों और गर्मी से राहत मिली है। कई दिनों से वह घर से जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे थे।
गुरुवार को तापमान 35.1 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि बीते सप्ताह के मुकाबले सबसे कम है। जिले में भोर से ही तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल रही थी। वाराणसी के साथ ही पूर्वांचल के कई जिलों में आंधी और बारिश के बाद मौसम बदल गया है।